10–12 minutes
1. ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन को उनके उपन्यास ‘द एंड ऑफ एवरीथिंग’ के लिए मिला बुकर पुरस्कार
ब्रिटेन के लेखक एम जॉन हैरिसन को उनके व्यंग्यात्मक उपन्यास द एंड ऑफ एवरीथिंग के लिए इस वर्ष का बुकर पुरस्कार विजेता घोषित किया गया है। 81 वर्षीय हैरिसन इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को जीतने वाले सबसे उम्रदराज लेखक हैं। 198 पृष्ठों की रचना द एंड ऑफ एवरीथिंग इस वर्ष की लघु उपन्यास सूची में सबसे छोटा उपन्यास भी था। जूरी के अनुसार यह उपन्यास पाठकों के मन में दुनिया के प्रति आशावाद की एक झलक छोड़ता है।
2. भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए कॉप-31 में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई
भारत ने जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए वैश्विक सहयोग और समानता के सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा सम्मेलन – यू.एन.एफ.सी.सी.सी.के 31वें सम्मेलन कॉप-31 में निष्पक्ष, समान और महत्वाकांक्षी परिणाम की अपील की है। यह सम्मेलन तुर्किए के अंताल्या में आयोजित हो रहा है। सम्मेलन में भारत का प्रारंभिक वक्तव्य देते हुए पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव नरेंद्र भूषण ने बहुपक्षीय सहयोग के महत्व पर जोर दिया। भारत सहित लगभग 200 देशों के नेता, वैज्ञानिक, नागरिक समाज के प्रतिनिधि, कार्यकर्ता और अन्य लोग, संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (कॉप 31) के लिए तुर्की के भूमध्यसागरीय रिसॉर्ट शहर अंताल्या में दो सप्ताह के लिए जुट रहे हैं। ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ द पार्टीज’ (कॉप) संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क कन्वेंशन के तहत हर साल आयोजित होने वाला सबसे उच्च-स्तरीय वैश्विक जलवायु शिखर सम्मेलन है। ये दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों, मंत्रियों, वैज्ञानिकों, व्यापारिक अग्रणियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों को एक मंच प्रदान करता है।
3. सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की लॉन्चिंग
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की बहुचर्चित किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव‘ का विमोचन होने जा रहा है, ये उनकी आत्मकथा है। हालांकि, इसके लिए कोई लॉन्च इवेंट नहीं रखा गया है, ये किताब सीधे मार्केट में मिलने लगेगी। सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पर खुद बताया है कि ये कोई राजनीतिक किताब नहीं है। बल्कि ये उनकी जिंदगी, परिवार, प्यार और भारत में बिताए छह दशकों के निजी अनुभवों का एक ब्यौरा है। इस किताब में गांधी परिवार के साथ घटी बड़ी त्रासदियों और 2004 के राजनीतिक घटनाक्रम का भी जिक्र है। ये किताब 544 पन्नों की है।
4. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ‘अर्थ सिस्टम साइंसेज काउंसिल’ की दूसरी आम बैठक की अध्यक्षता की
विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को ‘अर्थ सिस्टम साइंसेज काउंसिल’ (ईएसएससी) की दूसरी आम बैठक की अध्यक्षता की। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत का मानवयुक्त गहरे समुद्र अन्वेषण कार्यक्रम आगे बढ़ रहा है। इसके तहत फ्रांस के सहयोग से ‘मत्स्य-6000’ विकसित किया जा रहा है। यह एक स्वदेशी मानवयुक्त सबमर्सिबल (पनडुब्बी) है, जिसे 6,000 मीटर की गहराई तक काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। भारत-फ्रांसीसी अभियान के दौरान भारतीय एक्वानाट्स (समुद्री खोजकर्ता) ने फ्रांसीसी सबमर्सिबल ‘नॉटिल’ में सवार होकर क्रमशः 4,025 मीटर और 5,002 मीटर की गहराई तक गोता लगाया। यह उपलब्धि देश की गहरे समुद्र में अन्वेषण क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। बयान में स्वदेशी समुद्री तकनीकों में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया गया है। इनमें लक्षद्वीप के लिए खारे पानी को मीठे पानी में बदलने के समाधान, समुद्र में मछली पालन के लिए केज तकनीक, समुद्र विज्ञान से जुड़े उपकरण, गहरे समुद्र में खनिजों की खोज और ‘ओशन थर्मल एनर्जी कन्वर्जन’ (महासागरीय तापीय ऊर्जा रूपांतरण) जैसी पहल शामिल हैं। ये प्रयास समुद्र अन्वेषण, समुद्री अनुसंधान और समुद्री संसाधनों के टिकाऊ उपयोग में भारत की क्षमताओं को मजबूत करते हैं।
5. केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा श्रीलंका पहुंचे, ‘बिम्स्टेक’ स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक में होंगे शामिल
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा मंगलवार को ‘बिम्स्टेक स्वास्थ्य मंत्रियों की पहली बैठक’ में भाग लेने के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो पहुंचे। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने कोलंबो में उनका स्वागत किया। ‘बिम्स्टेक’ देशों के बीच यह पहल स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने, भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करने और पूरे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बिम्सटेक (BIMSTEC – Bay of Bengal Initiative for Multi-Sectoral Technical and Economic Cooperation) दक्षिण एशिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों का एक क्षेत्रीय अंतर-सरकारी संगठन है। इसके 7 सदस्यों में से 5 दक्षिण एशिया से हैं, जिनमें बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल और श्रीलंका शामिल हैं तथा दो- म्याँमार और थाईलैंड दक्षिण-पूर्व एशिया से हैं। यह उप-क्षेत्रीय संगठन वर्ष 1997 में बैंकॉक घोषणा के माध्यम से अस्तित्व में आया। बिम्सटेक (BIMSTEC) का मुख्यालय ढाका, बांग्लादेश में स्थित है।
6. अरुणाचल प्रदेश के दिरांग में भूतापीय ऊर्जा से संचालित ड्राइंग यूनिट का उद्घाटन किया गया
अरुणाचल प्रदेश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री दासंगलू पुल और भारत में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने पश्चिम कामेंग जिले के दिरांग में भूतापीय ऊर्जा से संचालित एक ड्राइंग यूनिट का उद्घाटन किया। यह प्रायोगिक परियोजना पूर्वोत्तर हिमालय में भूतापीय ऊर्जा की संभावनाओं का पता लगाने और उसके उपयोग के लिए भारत, नॉर्वे और आइसलैंड के बीच त्रिपक्षीय सहयोग का हिस्सा है। इस परियोजना को भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने वित्तपोषित किया है, जबकि अरुणाचल प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त वित्तीय सहायता दी है। परियोजना से स्थानीय समुदायों को सस्ती, स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने के नए अवसर सृजित होंगे।
7. मानसून की सटीक जानकारी के लिए आईआईटी ने खोजा नया तरीका, 84 साल के आंकड़ों का अध्ययन
IIT मद्रास के शोधकर्ताओं ने मानसून की वास्तविक शुरुआत और स्थानीय बारिश के बीच अंतर पहचानने के लिए एक नई तकनीक विकसित की है। इस तकनीक को विकसित करने के लिए पिछले 84 वर्षों के वर्षा आंकड़ों का अध्ययन किया गया। शोध के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में बड़े स्तर पर मानसून की शुरुआत औसतन 15 मई के आसपास होती है, जबकि प्रायद्वीपीय भारत में यह लगभग 9 जून को होती है। इस तकनीक में जलवायु नेटवर्क (Climate Network) और जटिल तंत्रों (Complex Systems) के सिद्धांत का उपयोग किया गया है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में होने वाली बारिश के आपसी संबंधों का अध्ययन किया जाता है। जब अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश के छोटे समूह मिलकर एक बड़ा और निरंतर सक्रिय समूह बनाते हैं, तब वास्तविक मानसून की शुरुआत मानी जाती है। यह तकनीक स्थानीय स्तर पर होने वाली छिटपुट बारिश को मानसून की वास्तविक शुरुआत मानने की गलती से बचाएगी।
तकनीक के प्रमुख लाभ:
– किसानों को बुवाई का सही समय निर्धारित करने में मदद।
– जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन में सहायता।
– बाढ़ की पूर्व तैयारी और जोखिम प्रबंधन में उपयोगी।
– खाद्य सुरक्षा एवं कृषि संबंधी नीतियों के निर्माण में सहायता।
8. भारत और सऊदी अरब ने 2027 की हज यात्रा के लिए समझौता ज्ञापन पर किए हस्ताक्षर
भारत और सऊदी अरब ने वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अंतर्गत एक लाख 75 हजार 25 भारतीय हज यात्रा कर सकेंगे। सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा पर गए अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जेद्दा में सऊदी अरब के हज और उमरा मंत्री तौफीक बिन फौज़ान अल-रबिया के साथ बैठक के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किए।
9. दिल्ली में नमो यमुना रिवर सफारी क्रूज़ सेवा शुरू
पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नई दिल्ली में यमुना नदी पर मनोरंजन के लिए क्रूज़ सेवा की शुरुआत की। नमो यमुना रिवर सफारी नाम की यह क्रूज़ सेवा सोनिया विहार से जगतपुर के बीच यमुना नदी में छह किलोमीटर के दायरे में चलेगी। क्रूज़ सेवा का टिकट शुल्क प्रति व्यक्ति पांच सौ रुपये है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए प्रवेश टिकट पचास रुपये प्रति व्यक्ति होगा।
10. भारत ने स्वास्थ्य सहयोग मजबूत करने के लिए सेशेल्स को चार उन्नत एम्बुलेंस सौंपीं
भारत ने स्वास्थ्य क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए सेशेल्स को चार उन्नत एम्बुलेंस सौंपी हैं। भारतीय उच्चायोग ने कहा कि यह उपहार द्विपक्षीय संबंधों की जन-केंद्रित और स्वास्थ्य सेवा में दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सहयोग को दर्शाता है। इससे पहले, प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल जून में सेशेल्स को छह उन्नत एम्बुलेंस सौंपी थीं।
11. Asian Champions Trophy: हॉकी इंडिया ने सलीमा टेटे की कप्तानी में टीम घोषित की
हॉकी इंडिया ने मंगलवार को सलीमा टेटे की कप्तानी में विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा की। टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नए बने इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा। मिडफील्डर सलीमा टेटे पिछले महीने जापान में एशियन गेम्स में ऐतिहासिक गोल्ड मेडल जीतने के बाद अपना पहला इंटरनेशनल टूर्नामेंट खेलने वाली भारतीय टीम की कप्तान होंगी। वरिष्ठ गोलकीपर सविता पुनिया, जिन्होंने 2026 एशियन गेम्स में भारत की कप्तानी की थी और भारत को ऐतिहासिक गोल्ड मेडल दिलाया था, टीम का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह बंसरी सोलंकी और बिचू देवी खारिबाम गोलकीपिंग करेंगी।
12. विश्व टीकाकरण दिवस
हर साल 10 नवंबर को मनाया जाने वाला ‘विश्व टीकाकरण दिवस’ महज एक तारीख नहीं, बल्कि उस महान वैज्ञानिक संकल्प का उत्सव है जिसने अरबों जिंदगियों को सुरक्षित किया है। पोलियो, खसरा, टिटनेस, डिप्थीरिया और काली खांसी जैसी जानलेवा बीमारियों से बचाव के कारण आज करोड़ों लोगों का जीवन सुरक्षित हो सका है। टीकाकरण केवल व्यक्तिगत बचाव का उपाय नहीं, बल्कि स्वस्थ परिवार, सुरक्षित समाज और मजबूत राष्ट्र के निर्माण का आधार भी है। टीकाकरण का आधुनिक इतिहास वर्ष 1796 से जुड़ा है, जब ब्रिटिश चिकित्सक एडवर्ड जेनर ने चेचक के खिलाफ पहला सफल टीका विकसित किया। उन्होंने पाया कि काउपॉक्स से संक्रमित होने वाले लोगों में चेचक का खतरा कम होता है। उनके प्रयोग ने आधुनिक टीकाकरण की नींव रखी। इसके बाद फ्रांसीसी वैज्ञानिक लुई पाश्चर ने वर्ष 1885 में रेबीज का टीका विकसित किया और एंथ्रेक्स के खिलाफ भी महत्वपूर्ण अनुसंधान किया। इन वैज्ञानिक उपलब्धियों ने चिकित्सा विज्ञान को नई दिशा दी। वर्ष 1980 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेचक के वैश्विक उन्मूलन की घोषणा की।भारत में संगठित टीकाकरण की शुरुआत 1978 में विस्तारित टीकाकरण कार्यक्रम से हुई, जिसे 1985 में ‘सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम (UIP)’ बनाया गया। ‘दो बूंद जिंदगी की’ अभियान के बूते भारत ने पोलियो पर ऐतिहासिक विजय हासिल की, जिसके बाद 27 मार्च 2014 को WHO ने भारत सहित इस क्षेत्र को पोलियो मुक्त घोषित किया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/10-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
