11–13 minutes
1. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बस्तर, छत्तीसगढ़ के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाई
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बस्तर, छत्तीसगढ़ के करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस का दौरा किया, जो बस्तर और अबूझमाड़ में नक्सल-विरोधी अभियानों के लिए प्रशिक्षण केंद्र और लॉन्च पैड के रूप में कार्य करता है। यहाँ प्रधानमंत्री ने सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाई। प्रधानमंत्री ने 2026 की दिवाली को बेहद खास बताते हुए कहा कि यह माओवादी आतंक के खिलाफ भारत की दशकों पुरानी लड़ाई जीतने के बाद रोशनी का पहला त्योहार है। इस जीत ने हर जिले को नक्सल-मुक्त बना दिया है और करोड़ों नागरिकों को डर से मुक्त कर दिया है।
2. भारत-म्यांमार प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेना एचएडीआर अभ्यास ‘राहत मित्र’ चेन्नई में संपन्न
भारत और म्यांमार के रक्षा बलों के बीच 5 और 6 नवंबर, 2026 को आयोजित प्रथम द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ का चेन्नई में सफलतापूर्वक समापन हुआ। दो दिवसीय इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना के कर्मियों के साथ म्यांमार रक्षा बलों के एक दल ने भाग लिया। इस अभ्यास का उद्देश्य परिचालनात्मक अंतर-संचालन क्षमता को बढ़ाना, समन्वय में सुधार करना तथा आपदा प्रतिक्रिया अभियानों में बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना था।
3. गृह मंत्री अमित शाह ने 30 परियोजनाओं का लोकार्पण किया
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद, गुजरात में लगभग 1,400 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं उनके लोकसभा क्षेत्र में शहरी बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और आवास व्यवस्था को बेहतर बनाने से संबंधित हैं। शाह ने 464 करोड़ की लागत से बने 4 किलोमीटर लंबे और 6 लेन वाले इस्कॉन-साणंद एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया। यह कॉरिडोर इस्कॉन जंक्शन को साणंद फ्लाईओवर से जोड़ता है। रहवासियों को रामापीर नो टेक्रो क्षेत्र में लगभग 1,000 घर सौंपे गए। उत्तराखण्ड राज्योत्सव के मंच पर केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया। अपने साहस का परिचय देने वाले छह बच्चों को प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हर बच्चे को 51 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
4. आईएनएस सूरत समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बहर’ में भाग लेने के लिए ओमान पहुंचा
भारतीय नौसेना का जहाज आईएनएस सूरत द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बहर’ के 15वें संस्करण में भाग लेने के लिए मस्कट, ओमान पहुंच गया है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास के बाद भारतीय नौसेना और ओमान की रॉयल नेवी के बीच एक समन्वित गश्त की जाएगी। इस अभ्यास के तहत बंदरगाह और समुद्री चरणों के दौरान पेशेवर गतिविधियां शामिल होंगी, जिनमें क्रॉस-डेक दौरे, परिचालन संबंधी बातचीत और खेल आयोजन शामिल हैं।
5. बाल विवाह के खिलाफ मोदी सरकार की मुहिम, 2030 तक भारत को इस कुप्रथा से मुक्त करने का लक्ष्य
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने 27 नवंबर 2024 को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश को बाल विवाह की कुप्रथा से मुक्त करना है। यह अभियान केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जागरूकता, सामाजिक भागीदारी और संस्थागत व्यवस्था को मजबूत बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशने पर केंद्रित है। इसके तहत बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, गरिमा और आर्थिक स्वतंत्रता को बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की यह पहल वर्ष 2015 में शुरू किए गए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के उद्देश्यों को भी आगे बढ़ाती है। इस अभियान के माध्यम से बालिकाओं के संरक्षण, अस्तित्व और शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में बेटियों के प्रति भेदभावपूर्ण सोच बदलने का प्रयास किया गया है।
6. दुनिया भर में गुजराती समुदाय अपना नया साल ‘बेस्तु वर्ष’ मना रहा
दुनियाभर में गुजराती समुदाय नववर्ष मना रहा है। इसे बेस्तु वर्ष के नाम से जाना जाता है। यह विक्रम संवत कैलेंडर के कार्तिक महीने का पहला दिन होता है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृहमंत्री अमित शाह ने लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
7. अंतरिक्ष यात्रियों की नई भर्ती के लिए आवेदन मांगे, आर्टेमिस मिशन का होगा विस्तार
चांद पर जाने और वहां स्थायी मानव बस्ती बनाने के अभियान का हिस्सा बनने की इच्छा रखने वालों के लिए अच्छी खबर है कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने अंतरिक्ष यात्रियों की नई टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नासा ने अपने आर्टेमिस कार्यक्रम का विस्तार करने के उद्देश्य से अंतरिक्ष यात्रियों के नए दल के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। नासा के अधिकारियों ने कैनेडी स्पेस सेंटर में शनिवार को आयोजित एक एयर शो के दौरान इसकी घोषणा की। इस आयोजन के जरिए चंद्र अन्वेषण के साथ ही विमानन और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया। नासा ने दो साल पहले नए अंतरिक्ष यात्रियों की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। उस समय 8,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से सितंबर 2025 में 10 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया था। अंतरिक्ष एजेंसी के पास फिलहाल केवल 32 सक्रिय अंतरिक्ष यात्री हैं। ऐसे में पृथ्वी की निचली कक्षा से आगे अंतरिक्ष में मानव मौजूदगी का तेजी से विस्तार करने की योजना के तहत नासा को और अंतरिक्ष यात्रियों की जरूरत है। इस साल अप्रैल में आर्टेमिस-द्वितीय मिशन के चालक दल की चंद्रमा के चारों ओर उड़ान ने इस अभियान की शुरुआत की थी। आर्टेमिस-तृतीय मिशन के कमांडर रैंडी ब्रेस्निक ने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) से कहा, ”हमारे पास काम कहीं ज्यादा है और अंतरिक्ष यात्रियों की संख्या कम है।” अंतरिक्ष यात्री बनने के इच्छुक उम्मीदवार तीन दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
8. महिला टी20 सुपर लीग में महाराष्ट्र की कप्तानी करेंगी स्मृति मंधाना
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में मौजूदा चैंपियन महाराष्ट्र की कमान संभालेंगी। वहीं, 16 सदस्यीय टीम में तेजल हसबनीस को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र की टीम पिछले सीजन में जीते खिताब का बचाव करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। पिछले महीने घरेलू मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ वाइट-बॉल सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी करने के कारण स्मृति मंधाना टूर्नामेंट के लीग चरण में उपलब्ध नहीं थीं। सीरीज समाप्त होने के बाद छोटा ब्रेक लेकर अब वह अपनी राज्य टीम में लौट आई हैं। उनकी वापसी से महाराष्ट्र की टीम को मजबूती मिलेगी।
9. मध्य प्रदेश के श्रीवत्री शतरंज में भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बने
मध्य प्रदेश के इंटरनेशनल मास्टर अनुज श्रीवत्री ने फिलीपींस में सातवीं आसियान प्लस अंतर्राष्ट्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता जीतकर भारत के 100वें ग्रैंडमास्टर बनने का गौरव हासिल किया है। वे मध्य प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने यह खिताब अपने नाम किया है। अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष नितिन नारंग ने अनुज श्रीवत्री को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने इसे भारतीय शतरंज के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि और गर्व का क्षण बताया। साथ ही उम्मीद जताई कि भारत जल्द ही 200 ग्रैंडमास्टर का आंकड़ा भी पार करेगा।
10. मर्सिडीज ने 2026 फॉर्मूला-1 कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप जीती
यह खिताब मर्सिडीज को साओ पाउलो ग्रां प्री, ब्राजील में मिला। मर्सिडीज ने अपने इतिहास में नौवीं बार कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप जीती। टीम ने 2021 के बाद पहली बार यह खिताब हासिल किया। इसमें मुख्य ड्राइवर जॉर्ज रसेल और किमी एंटोनेली थे। 19 वर्षीय सनसनी किमी एंटोनेली ने इससे पिछले वीकेंड ही मैक्सिको सिटी जीपी में सबसे युवा एफ1 ड्राइवर्स खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के साथ मर्सिडीज की 2026 सीजन की डबल चैंपियनशिप पूरी हो गई। मर्सिडीज ने 652 अंक हासिल किए। इसके बाद फेरारी 510 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही। साओ पाउलो ग्रां प्री की मुख्य रेस मैकलारेन के लैंडो नॉरिस (Lando Norris) ने जीती।
11. मेसी ने लगातार दूसरी बार MLS गोल्डन बूट जीता
लियोनेल मेसी ने इंटर मियामी सीएफ की ओर से खेलते हुए मेजर लीग सॉकर (MLS) 2026 सीजन में 31 मैचों में 26 गोल और 17 असिस्ट करके लगातार दूसरी बार MLS गोल्डन बूट का खिताब जीता। वे लगातार दो बार यह गोल्डन बूट जीतने वाले MLS इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। MLS इतिहास में एक सीजन में उनसे ज्यादा नॉन-पेनल्टी गोल किसी ने नहीं किए हैं। उन्होंने 2025 में 28 नॉन-पेनल्टी गोल किए थे। मेसी ने इसी साल पिता के निधन के बाद 31 अगस्त को इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया था। 2005 में अर्जेंटीना के लिए डेब्यू करने वाले मेसी ने छह वर्ल्ड कप खेले। वे अर्जेंटीना के सबसे ज्यादा गोल करने वाले और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। उनके सफर में सबसे बड़ा टर्न 2022 में आया। जब उन्होंने कतर में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताया। अर्जेंटीना ने तीसरी बार यह ट्रॉफी जीती और 36 साल का इंतजार खत्म किया।
12. राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस
कानूनी प्रक्रियाओं की जटिलता और वकीलों की महंगी फीस के कारण गरीब और वंचित लोग न्याय पाने से वंचित रह जाते थे। इस असमानता को दूर करने और न्याय को अधिक लोकतांत्रिक बनाने के लिए संसद ने विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 (Legal Services Authorities Act, 1987) पारित किया, जो 9 नवंबर 1995 से देशभर में प्रभावी हुआ। इस कानून का संवैधानिक आधार अनुच्छेद 39A है, जो राज्य को यह सुनिश्चित करने का निर्देश देता है कि आर्थिक या अन्य असमर्थता के कारण कोई नागरिक न्याय से वंचित न रहे। इसी संवैधानिक संकल्प को लागू करने के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम बनाया गया। इसके ऐतिहासिक क्रियान्वयन की याद में वर्ष 1995 से हर साल 9 नवंबर को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस मनाया जाता है, ताकि न्याय व्यवस्था गरीबों, वंचितों और शोषितों तक पहुंच सके।
13. विश्व विज्ञान दिवस
स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, संचार, अंतरिक्ष अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास से लेकर आपदा प्रबंधन तक जीवन का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र हो, जहां विज्ञान की भूमिका न हो। विज्ञान केवल नई तकनीकों और आविष्कारों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देशों के बीच सहयोग बढ़ाने, वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने और दुनिया में शांति स्थापित करने का भी प्रभावी माध्यम है। इसी महत्व को रेखांकित करने और वैज्ञानिक उपलब्धियों को समाज से जोड़ने के उद्देश्य से हर साल 10 नवंबर को शांति और विकास के लिए विश्व विज्ञान दिवस (World Science Day for Peace and Development) मनाया जाता है। वर्ष 2026 में इस दिवस की थीम ‘विज्ञान कूटनीति के माध्यम से साझा आधार’ (Common Ground Through Science Diplomacy) है।
14. विख्यात चित्रकार अर्पिता सिंह का 89 वर्ष की आयु में निधन
महिलाओं के जीवन, सामाजिक परिस्थितियों, हिंसा और मानवीय संवेदनाओं को चित्रों में प्रस्तुत करने से अर्पिता सिंह को खास पहचान मिली। उन्हें 1991 में कालिदास सम्मान, 2011 में पद्म भूषण और 2014 में ललित कला अकादमी फेलोशिप से सम्मानित किया गया। उनके पति का नाम परमजीत सिंह है जो प्रसिद्ध कलाकार के रूप में जाने जाते हैं। अर्पिता सिंह का जन्म 1937 में पश्चिम बंगाल के बारानगर में हुआ था। देश के विभाजन से ठीक पहले 1946 में उनका परिवार दिल्ली आ गया। उन्होंने 1954 से 1959 के दौरान दिल्ली पॉलिटेक्निक के स्कूल ऑफ आर्ट से ललित कला में डिप्लोमा किया। यहीं उनकी मुलाकात परमजीत सिंह से हुई, जिनसे बाद में उन्होंने शादी की। उनकी बेटी अंजुम सिंह भी एक बेहतरीन कलाकार थीं, जिनका 2020 में कैंसर के कारण निधन हो गया था। साल 2025 में लंदन की सर्पेन्टाइन गैलरी में लगी उनकी एकल प्रदर्शनी ‘रिमेम्बरिंग‘ बेहद चर्चित रही थी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/10-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
