12 November 2026 Current Affairs -GurugGkwala

14–17 minutes


1. केंद्र सरकार ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को 31 मार्च 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देना है। अगले पांच वर्षों में इसके तहत कम से कम 2.5 लाख नए उद्यमियों को वित्तीय सहायता देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने योजना के लिए 4,111 करोड़ रुपये के क्रेडिट गारंटी कोष को भी मंजूरी दी है। अप्रैल 2016 में शुरू हुई इस योजना के माध्यम से अब तक 2.75 लाख से अधिक महिला, एससी और एसटी उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिली है। योजना के तहत महिलाएं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के उद्यमी नए यानी ग्रीनफील्ड उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण ले सकेंगे। इसके अंतर्गत 10 लाख रुपये से अधिक और एक करोड़ रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। यह ऋण टर्म लोन या वर्किंग कैपिटल और टर्म लोन के संयुक्त रूप में दिया जा सकता है। ऋण की राशि परियोजना लागत के 85 प्रतिशत तक हो सकती है। योजना में विनिर्माण, सेवा, व्यापार और कृषि से जुड़ी गतिविधियों को शामिल किया गया है।

2. कैबिनेट ने क्रेडिट गारंटी फंड फॉर माइक्रो यूनिट्स योजना को 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सूक्ष्म इकाइयों के लिए क्रेडिट गारंटी फंड (CGFMU) योजना को 31 मार्च 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। योजना के तहत प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के अंतर्गत दिए जाने वाले ऋणों पर ऋण देने वाली संस्थाओं को क्रेडिट गारंटी उपलब्ध कराई जाती है। सरकार ने इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये के कोष को मंजूरी दी है। इस योजना के विस्तार से अगले पांच वर्षों में 12.6 लाख करोड़ रुपये के मुद्रा ऋण उपलब्ध कराने में मदद मिलने का अनुमान है। क्रेडिट गारंटी फंड फॉर माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) के तहत राष्ट्रीय क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (NCGTC) के माध्यम से ऋण देने वाली संस्थाओं को डिफॉल्ट के जोखिम के खिलाफ गारंटी कवरेज दिया जाता है। योजना के तहत प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के पात्र सूक्ष्म उद्यमों को 20 लाख रुपये तक दिए जाने वाले ऋण शामिल होंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY) खातों के तहत बैंकों की ओर से दिए जाने वाले 10,000 रुपये तक के ओवरड्राफ्ट और 10 लाख से 20 लाख रुपये के पोर्टफोलियो वाले स्वयं सहायता समूहों (SHG) को दिए गए ऋण भी इसके दायरे में आएंगे।

3. रबी सीजन 2026-27 के लिए उर्वरक सब्सिडी दरों को कैबिनेट की मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी सीजन 2026-27 (1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027) के लिए फॉस्फेटिक और पोटाशिक (पीएंडके) उर्वरकों पर पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) की दरों को मंजूरी दे दी है। इस सीजन के लिए लगभग 62,370.02 करोड़ रुपये की बजटीय आवश्यकता का अनुमान लगाया गया है, जो रबी सीजन 2025-26 के 37,952.29 करोड़ रुपये के बजट से करीब 24,417.73 करोड़ रुपये अधिक है। स्वीकृत दरों के आधार पर रबी सीजन 2026-27 के दौरान डीएपी और एनपीकेएस सहित पीएंडके उर्वरकों पर सब्सिडी दी जाएगी। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लागू रहेगी। सरकार के अनुसार, उर्वरक कंपनियों को अधिसूचित दरों के मुताबिक सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसानों को इन उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति उचित कीमतों पर हो सके।

4. नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी का होगा विस्तार, कैबिनेट ने दी मंजूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नोएडा मेट्रो रेल परियोजना के तहत एक्वा लाइन कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है। इसके तहत नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक 8.449 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क की कुल लंबाई 71.878 किलोमीटर हो जाएगी। इस परियोजना से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होगी। नए कॉरिडोर के माध्यम से शहर के उन इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जहां फिलहाल सार्वजनिक परिवहन की सीधी कनेक्टिविटी सीमित है। इसके अलावा, नोएडा सेक्टर-61 में ब्लू लाइन मेट्रो के साथ इंटरचेंज की सुविधा भी मिलेगी, जिससे यात्रियों को दिल्ली और एनसीआर के अन्य हिस्सों तक पहुंचने में आसानी होगी।

5. दिल्ली के नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’, कैबिनेट ने 3,230 करोड़ रुपये मंजूर किए

केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) ने दिल्ली के ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ (YYBM) विकसित करने की मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में इस परियोजना के लिए 3,230 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को स्वीकृति दी गई। यह संग्रहालय भारत की सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक विविधता और ऐतिहासिक निरंतरता को प्रदर्शित करेगा। इसे नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की ऐतिहासिक इमारतों के मौजूदा स्वरूप का संरक्षण करते हुए विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत इन इमारतों को एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान के रूप में नया रूप दिया जाएगा। युगे युगीन भारत संग्रहालय लगभग 1,78,509 वर्ग मीटर के प्रस्तावित निर्मित क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें आधुनिक संग्रहालय तकनीक, इमर्सिव अनुभव और दर्शकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर सुविधाएं तैयार की जाएंगी। सरकार के अनुसार, इसे दुनिया का सबसे बड़ा डिस्प्ले एरिया वाला संग्रहालय बनाने की योजना है। इस परियोजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 के बीच चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। नॉर्थ ब्लॉक में ‘अलंकरण’ (Adornment) विषय पर आधारित पहली गैलरी 2027 के उत्तरार्ध में आम जनता के लिए खोलने की उम्मीद है। इसके बाद मॉड्यूलर तरीके से अन्य गैलरी भी विकसित की जाएंगी।

6. आईएनएस बेतवा की मरम्मत और आधुनिकीकरण के लिए 498 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के पोत आईएनएस बेतवा की मरम्मत और इंजन प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498 करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ब्रह्मपुत्र श्रेणी के युद्धपोत आईएनएस बेतवा की प्रणोदन प्रणाली में बड़ा बदलाव किया जाएगा। इसके अंतर्गत मौजूदा भाप आधारित इंजन को डीजल इंजन प्रणाली में बदला जाएगा। इसके अलावा पोत की युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक हथियार प्रणाली भी लगाई जाएगी। इससे पोत की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी।

7. भारतीय नौसेना और रॉलय नेवी ऑफ ओमान ने किया द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ का समापन

भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी ऑफ ओमान ने अपने द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘नसीम अल बह्र’ के 15वें संस्करण का मस्कट, ओमान में सफलतापूर्वक समापन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच परिचालन समन्वय को बढ़ाना, पेशेवर सहयोग को मजबूत करना तथा आपसी समझ को प्रोत्साहित करना था। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि अभ्यास के बंदरगाह चरण के दौरान दोनों नौसेनाओं की विशेषज्ञ टीमों के बीच विषय विशेषज्ञों का आदान-प्रदान किया गया। अभ्यास के समुद्री चरण में भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सूरत और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के पोत अल-मुअज्जर के बीच संयुक्त परिचालन गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

8. महाराष्ट्र: लाडघर, गुहागर और श्रीवर्धन समुद्र तटों को मिला अंतरराष्ट्रीय ‘ब्लू फ्लैग’ पुरस्कार

महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के लाडघर और गुहागर समुद्र तटों तथा रायगढ़ जिले के श्रीवर्धन समुद्र तट को वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘ब्लू फ्लैग’ पुरस्कार मिला है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत महाराष्ट्र को पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान प्राप्त हुआ है। इन समुद्र तटों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल की गुणवत्ता, जैव विविधता की सुरक्षा, पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और टिकाऊ पर्यटन प्रबंधन के अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा किया है। तीनों समुद्र तटों पर ब्लू फ्लैग का नया सत्र 15 नवंबर से शुरू होगा।

9. देशव्यापी तटीय सुरक्षा अभ्यास ‘सी विजिल-26’ का पांचवां संस्करण शुरू

अखिल भारतीय तटीय सुरक्षा अभ्यास सी विजिल-26 का पांचवां संस्करण मुंबई में शुरू हुआ। इस अभ्यास में छह मंत्रालयों की 21 एजेंसियां हिस्सा ले रही हैं। भारतीय नौसेना इसकी मुख्य समन्वय एजेंसी है। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह अभ्यास दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 11 से 17 नवंबर तक तटीय सुरक्षा तैयारियों के आकलन का है। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को समुद्री चरण आयोजित किया जाएगा। सी विजिल-26 देश के पूरे समुद्री तट और विशेष आर्थिक क्षेत्र में आयोजित होगा। इसमें सभी तटीय राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हिस्सा ले रहे हैं। मछुआरा समुदाय और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों सहित समुद्री क्षेत्र से जुड़े अन्य पक्ष भी इसमें शामिल हैं। इस अभ्यास में भारतीय नौसेना, भारतीय तटरक्षक बल, तटीय सुरक्षा पुलिस, सीमा शुल्क विभाग और अन्य समुद्री एजेंसियों के संसाधन शामिल होंगे।

10. नई दिल्ली: प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट का शुभारंभ

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नई दिल्ली में प्रवासी भारतीय दिवस की वेबसाइट का शुभारंभ किया। 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन अगले वर्ष 7 से 9 जनवरी तक कोलकाता में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन का विषय है – जड़ों की ओर वापसी : प्रवासी भारतीयों का भारत से जुड़ाव फिर मजबूत करना सम्मेलन का आयोजन विदेश मंत्रालय, पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से करेगा। तीन दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत युवा प्रवासी भारतीय दिवस से होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु समापन सत्र की अध्यक्षता करेंगी और प्रतिष्ठित प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार प्रदान करेंगी। प्रवासी भारतीय दिवस हर वर्ष 9 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1915 में महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे थे।

11. IMNEX-26: ‘आईएनएस राणा’ और ‘आईएनएस सुमेधा’ के साथ म्यांमार के युद्धपोत ने शुरू किया संयुक्त अभ्यास

म्यांमार का युद्धपोत ‘यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन’ भारत के ‘आईएनएस राणा’ और ‘आईएनएस सुमेधा’ के साथ संयुक्त सैन्‍य अभ्यास में ह‍िस्‍सा लेगा। भारत और म्यांमार के बीच नौसेना अभ्यास ‘आईएमनेक्स-26’ का आठवां संस्करण 10 से 14 नवंबर तक विशाखापत्तनम में आयोजित हो रहा है। अभ्यास की शुरुआत के मौके पर 10 नवंबर को ‘आईएनएस राणा’ पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसके साथ ही इस द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

12. तीन प्राचीन भारतीय कलाकृतियां और मूर्तियां ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय मिशन को सौंपी

नेशनल गैलरी ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने तीन प्राचीन भारतीय कलाकृतियां कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग को सौंप दी हैं। यह हस्तांतरण जुलाई 2026 में तीसरे वार्षिक लीडर्स समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के बीच हुए वादे के तहत किया गया है। इन कलाकृतियों में देवी भद्रकाली के कांसे का त्रिशूल, नंदी की ग्रेनाइट प्रतिमा और छह सिर वाले कार्तिकेय की बेसाल्ट पत्थर मूर्ति शामिल है। भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत को वापस लाने के जो प्रयास कर रहा है, उसमें यह एक बड़ा कदम है। जुलाई में, प्रधानमंत्री अल्बनीज ने घोषणा की थी कि भारत के लिए सांस्कृतिक महत्व रखने वाली वे वस्तुएं, जो अभी ऑस्ट्रेलिया के विभिन्न संग्रहालयों में रखी गई हैं, उन्हें वापस लौटा दिया जाएगा। उन्होंने चेन्नई के सरकारी संग्रहालय से ऑस्ट्रेलिया के ‘फर्स्ट नेशंस’ (मूल निवासी) के एक पूर्वज के अवशेषों को वापस भेजने की दिशा में हुई प्रगति को भी सराहा था।

13. मूडीज ने बढ़ाया भारत की GDP ग्रोथ का अनुमान, वित्त वर्ष 2026-27 में 6.5% से बढ़ाकर 7% विकास दर की उम्मीद

रेटिंग एजेंसी मूडीज रेटिंग्स ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी (GDP) वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया है। इससे पहले एजेंसी ने आर्थिक विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था। मूडीज ने घरेलू खपत में मजबूती, निवेश में सुधार और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को इसका प्रमुख कारण बताया है। मूडीज ने अपनी जारी ग्लोबल मैक्रो आउटलुक 2027-28 रिपोर्ट में कहा है कि मध्यम अवधि में भारत की आर्थिक वृद्धि दर करीब 7 प्रतिशत बनी रह सकती है। एजेंसी के मुताबिक, निजी निवेश में लगातार बढ़ोतरी से विकास दर मौजूदा अनुमान से भी ऊपर जा सकती है।

14. नशा मुक्त भारत अभियान के छह साल पूरे

देश में नशे की समस्या से निपटने और लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के छह साल पूरे हो गए हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार, 10 नवंबर 2026 तक यह अभियान 35.84 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच चुका है। इनमें 14.33 करोड़ से अधिक युवा और 11.32 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। अभियान के तहत नशामुक्ति मित्र के रूप में दो लाख से अधिक नागरिक भी जुड़ चुके हैं। यह अभियान 15 अगस्त 2020 को देश के 272 संवेदनशील जिलों में शुरू किया गया था। बाद में अगस्त 2022 में इसका विस्तार 372 जिलों तक किया गया और 15 अगस्त 2023 से इसे देश के सभी जिलों में लागू कर दिया गया। मंत्रालय के अनुसार, छह वर्षों में यह अभियान एक सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़कर जनभागीदारी वाले जनआंदोलन का रूप ले चुका है। भारत के संविधान के अनुच्छेद 47 में राज्य को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मादक पेय और नशीले पदार्थों के सेवन पर रोक लगाने का प्रयास करने का निर्देश दिया गया है।

15. पुरी में भारत की पहली ‘रोड-प्लस-सैंड’ मैराथन की तारीख घोषित

इस मैराथन का आयोजन 13 दिसंबर को पुरी, ओडिशा में किया जाएगा। इससे पहले 22 अप्रैल 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू हुए थे। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 14 नवंबर तय की गई है। पुरस्कार की कुल राशि 1 करोड़ है। इस मैराथन में सड़क के साथ समुद्र तट की रेत पर भी दौड़ने का अनुभव मिलेगा। रनर चार रेस कैटेगरी – 42K, 21K, 10K और 5K में से चुन सकते हैं। यह मैराथनर्स, कॉम्पिटिटिव एथलीट्स, फिटनेस के शौकीनों और पहली बार दौड़ने वालों के लिए है। इस मैराथन को कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी और खिलाड़ियों के अलावा फिटनेस एंबेसडर और रनिंग के शौकीन मिलिंद सोमन व अंकिता कोंवर एक्टिवली प्रमोट कर रहे हैं। इसके तहत 5 किलोमीटर की विशेष बीच रन और नुआनाई नदी के आसपास दौड़ने का मौका दिया जाएगा।

16. राष्ट्रीय शिक्षा दिवस

शिक्षा राष्ट्र की प्रगति, सामाजिक बदलाव और भविष्य का आधार है। यह पढ़ने-लिखने या डिग्री हासिल करने का माध्यम भर नहीं, बल्कि व्यक्ति में विवेक, निर्णय क्षमता और अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूकता विकसित करती है। इससे वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी को बल मिलता है। इसी महत्व के कारण हर वर्ष 11 नवंबर को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया जाता है। यह दिन स्वतंत्रता सेनानी, पत्रकार और विद्वान मौलाना आजाद की जयंती को समर्पित है। वर्ष 2008 में केंद्र सरकार ने उनकी जयंती को राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। मौलाना अबुल कलाम आजाद का जन्म 11 नवंबर 1888 को मक्का में हुआ था। उनका परिवार बाद में भारत आकर कोलकाता में बस गया। उनका वास्तविक नाम अबुल कलाम गुलाम मुहियुद्दीन था।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top