13–17 minutes
1. भारत अगले वर्ष तटरक्षक बल के 5वें वैश्विक शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा

भारत अगले वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में तटरक्षक बल के पांचवें वैश्विक शिखर सम्मेलन (सीजीजीएस) की मेजबानी करेगा। ये आयोजन भारतीय तटरक्षक बल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर होगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि यह शिखर सम्मेलन भारत के महासागर दृष्टिकोण और सहयोगात्मक तथा प्रगतिशील समुद्री व्यवस्था के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय समुद्री सहयोग को मजबूत करने और सुरक्षित, स्वच्छ तथा अधिक सुरक्षित समुद्रों की दिशा में सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि करता है। इस ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत, भारतीय तटरक्षक बल ने हाइब्रिड मोड में पांचवें सीजीजीएस की कार्यकारी स्तरीय बैठक की मेजबानी की।
2. ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन और ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक गांधीनगर में शुरू हुई

ब्रिक्स युवा शिखर सम्मेलन और ब्रिक्स युवा परिषद की बैठक गांधीनगर में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में शुरू हुई। शिखर सम्मेलन में प्रमुख प्राथमिकताओं, शिक्षा और भविष्य की तैयारी, समावेशी विकास, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और युवा सहभागिता जैसे विषयों पर चर्चा हुई। शिखर सम्मेलन के साथ ब्रिक्स युवा परिषद ने दीर्घकालिक संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के लिए संयुक्त घोषणापत्र के मसौदे और ब्रिक्स युवा सहयोग ढांचे पर विचार-विमर्श किया। इस कार्यक्रम के दौरान ‘फ्रेंड्स ऑफ माय भारत’ पोर्टल का शुभारंभ और ‘स्वयंसेवा प्रथाओं का डिजिटल संकलन’ का अनावरण किया गया। इस शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और विरासत को जानने के लिए केवडिया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा करेंगे।
3. जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो भारत आए

20 अगस्त को जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमीनई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मिलेंगे। इस मुलाकात में भारत और जापान रक्षा सहयोग की समीक्षा करेंगे और डिफेंस टेक्नोलॉजी, इंडस्ट्री और समैरीटाइम सिक्योरिटी में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में दोनों देश साल के आखिर में होने वाली 2+2 बातचीत से जुड़े मुद्दों पर भी बात कर सकते हैं। भारत और जापान के बीच ये बैठक UNICORN नेवल रेडियो एंटीना सिस्टम के संयुक्त विकास के लिए पहला समझौता होने के बाद हो रही है। शिंजिरो कोइज़ुमीनई तीन दिन की यात्रा पर आए हैं और कोइज़ुमी 19 अगस्त को मुंबई पहुंचें हैं। इस दौरान जापान के UNICORN स्टील्थ कम्युनिकेशन सिस्टम के प्रस्तावित निर्यात पर भी बात हो सकती है। UNICORN का पूरा नाम यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना या NORA-50) है। UNICORN युद्धपोतों के रडार सिग्नेचर को छिपाकर उनकी स्टील्थ क्षमताओं को बढ़ाने के लिए डिजाइन किया जाता है। इससे पहले हुई भारत-जापान रक्षा नीति वार्ता की सह-अध्यक्षता रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और जापान के रक्षा उप-मंत्री कानो कोजी ने की थी। इस वार्ता में साइबर सिक्योरिटी, स्पेस, डिफेंस टेक्नोलॉजी और डिफेंस इंडस्ट्री सहयोग जैसे उभरते क्षेत्रों पर बात की थी।
4. भदोही में 4-7 अक्टूबर तक होगा इंडिया कारपेट एक्सपो

उत्तर प्रदेश के भदोही में ‘इंडिया कारपेट एक्सपो 2026’ की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एशिया के सबसे बड़े कालीन मेलों में शामिल इस आयोजन में 56 देशों के करीब 400 कालीन निर्यातकों को आमंत्रित किया गया है। इसका उद्देश्य भारतीय कालीन उद्योग को वैश्विक बाजार से जोड़ना और अंतरराष्ट्रीय कारोबार को बढ़ावा देना है। कारपेट एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (CEPC) के अनुसार, इंडिया कारपेट एक्सपो 2026 का आयोजन 4 से 7 अक्टूबर तक भदोही में किया जाएगा। परिषद केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अधीन काम करती है। CEPC के चेयरमैन मुकेश कुमार गोम्बर ने बताया कि मेले के लिए 56 देशों के करीब 400 कालीन निर्यातकों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा विभिन्न कालीन निर्माण कंपनियों के करीब 350 प्रतिनिधियों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।
5. राजस्थान सरकार की RGHS में सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों के लिए CAR-T Cell Therapy शामिल

राजस्थान सरकार ने उन्नत कैंसर उपचार तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए CAR-T Cell Therapy को राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत स्वीकृत चिकित्सा पैकेज में शामिल किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से राज्य सरकार के कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके पात्र आश्रित परिवार के सदस्यों को लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य गंभीर और जानलेवा रक्त कैंसर के कुछ प्रकारों से जूझ रहे पात्र लाभार्थियों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य एवं सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि RGHS पैकेज में CAR-T Cell Therapy को शामिल करने से उन्नत कैंसर उपचार की जरूरत वाले लाभार्थियों की स्वास्थ्य सुरक्षा मजबूत होगी। CAR-T Cell Therapy कैंसर के इलाज की एक अत्याधुनिक इम्यूनोथेरेपी है, जिसमें मरीज की अपनी प्रतिरक्षा प्रणाली का इस्तेमाल कैंसर से लड़ने के लिए किया जाता है। इस उपचार में मरीज के रक्त से T-Cells निकाले जाते हैं और प्रयोगशाला में आनुवंशिक रूप से इस तरह संशोधित किए जाते हैं कि वे कैंसर कोशिकाओं पर मौजूद विशेष प्रोटीन को पहचान सकें। इसके बाद इन संशोधित कोशिकाओं की संख्या बढ़ाकर उन्हें मरीज के शरीर में वापस डाला जाता है। ये कोशिकाएं कैंसर कोशिकाओं को पहचानकर उन्हें नष्ट करने में मदद करती हैं। यह उपचार मुख्य रूप से कुछ प्रकार के ब्लड कैंसर के मामलों में इस्तेमाल किया जाता है, खासकर तब जब बीमारी दोबारा लौट आई हो या पारंपरिक उपचार का पर्याप्त असर नहीं हुआ हो। राजस्थान में CAR-T Cell Therapy की उन्नत सुविधाएं सवाई मानसिंह अस्पताल, जयपुर में भी उपलब्ध हैं।
6. तमिलनाडु में तीसरे बच्चे के जन्म पर 1 साल की मैटरनिटी लीव

18 अगस्त को तमिलनाडु सरकार ने तीसरे बच्चे के जन्म पर सरकारी महिला कर्मचारियों को 365 दिनों यानी, 1 साल की मैटरनिटी लीव देने का ऐलान किया। तमिलनाडु विधानसभा में मानव संसाधन प्रबंधन मंत्री डी. सरथकुमार ने मैटरनिटी लीव की घोषणा की। इससे पहले तक तमिलनाडु में तीसरे बच्चे के जन्म पर 12 सप्ताह यानी 84 दिन की छुट्टी दी जाती थी। तमिलनाडु में सरकार के नियम में 2 बच्चों के जन्म पर पहले से ही 365 दिनों तक की मैटरनिटी लीव का प्रावधान है। तमिलनाडु में घटती प्रजनन दर और बढ़ती बुजुर्ग आबादी को लेकर भी हाल में चर्चा तेज हुई है। राज्य की कुल प्रजनन दर 1.4 से नीचे बताई जा रही है, जबकि रिप्लेसमेंट लेवल लगभग 2.1 है।
7. विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने RK-251 नामक दवा की दी जानकारी

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक नई स्मार्ट दवा के बारे में जानकारी दी जो पारंपरिक कीमोथेरेपी का विकल्प बन सकती है। आरके-251 नामक यह दवा स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाए बिना कैंसर कोशिकाओं को लक्षित करने के लिए बनाई गई है। जब आरके-251 कैंसर कोशिका में प्रवेश करता है, तो उच्च आरओएस स्तर दवा के सक्रियण को ट्रिगर करते हैं, जिससे “NBDHEX” नामक एक शक्तिशाली कैंसर-रोधी यौगिक मुक्त होता है। यह यौगिक उन लक्षित प्रोटीनों को अवरुद्ध करता है जिनका उपयोग कई कैंसर कोशिकाएँ जीवित रहने और उपचार के प्रति प्रतिरोध करने के लिए करती हैं। मंत्रालय ने इस विचार को साकार करने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएएसएसटी) के शोधकर्ताओं और आईआईटी, गुवाहाटी के विशेषज्ञों के संयुक्त कार्य की सराहना की। मंत्रालय ने यह भी बताया कि प्रीक्लिनिकल अध्ययनों में, आरके-251 ने आक्रामक ट्रिपल-नेगेटिव स्तन कैंसर कोशिकाओं के खिलाफ मजबूत प्रभाव दिखाया, जबकि स्वस्थ कोशिकाओं पर इसका प्रभाव बहुत कम रहा।
8. पंजाब में राष्ट्रीय महिला आयोग-एन.सी.डब्ल्यू ने जालंधर में ‘यशोदा एआई’ पहल शुरू की

पंजाब में राष्ट्रीय महिला आयोग-एन.सी.डब्ल्यू ने जालंधर में ‘यशोदा एआई’ पहल शुरू की है। इसका उद्देश्य महिलाओं को एआई की जानकारी देकर डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और नई तकनीकों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। आयोग पिछले वर्ष से यह एआई साक्षरता कार्यक्रम चला रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने जालंधर दौरे के दौरान इस पहल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं को एआई के साथ-साथ साइबर सुरक्षा, डिजिटल गोपनीयता और सुरक्षित ऑनलाइन गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। बाद में उन्होंने एक महिला महाविद्यालय में ‘शी सर्व्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसका उद्देश्य युवा महिलाओं को सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
9. IISc बेंगलुरु AI की मदद से सांप के काटने के इलाज के लिए विकसित कर रहा व्यापक प्रभावी एंटीवेनम

भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से ऐसे व्यापक रूप से प्रभावी एंटीवेनम विकसित करने पर काम कर रहा है, जो कई प्रजातियों के सांपों के काटने के इलाज में कारगर हो सके। इससे भारत में हर साल हजारों लोगों की जान लेने वाली सर्पदंश की समस्या से निपटने में मदद मिल सकती है। IISc के अनुसार, भारत में हर साल अनुमानित 58,000 लोगों की मौत सांप के काटने से होती है। अलग-अलग सांपों और क्षेत्रों में पाए जाने वाले जहर की संरचना में काफी विविधता होने के कारण प्रभावी एंटीवेनम विकसित करना एक बड़ी वैज्ञानिक चुनौती है। संस्थान के मुताबिक, AI इस जटिल डेटा का पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी और बड़े पैमाने पर विश्लेषण करने में मदद कर सकता है। IISc के Centre for Ecological Sciences (CES) की Evolutionary Venomics Lab (EVL), Anthropic के AI for Science programme के माध्यम से Claude AI का इस्तेमाल कर रही है। शोधकर्ता जटिल जहर संबंधी डेटा को व्यवस्थित करने और ऐसे साझा विषैले लक्ष्यों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं, जिन्हें अलग-अलग सांपों के जहर के खिलाफ व्यापक रूप से प्रभावी एंटीवेनम विकसित करने में इस्तेमाल किया जा सके।
10. किशोरों के लिए OpenAI ने लॉन्च किया खास ChatGPT, सुरक्षा के लिए बढ़ाए सुरक्षा उपाय

OpenAI ने किशोरों के लिए ChatGPT का एक विशेष संस्करण लॉन्च किया है, जिसमें माता-पिता के नियंत्रण और अतिरिक्त सुरक्षा सुविधाएं शामिल हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब AI चैटबॉट्स से जुड़े संभावित जोखिमों को लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दुनियाभर में जांच बढ़ रही है। OpenAI के अनुसार, नए ‘ChatGPT for Teens’ मोड में आत्महत्या या खुद को नुकसान पहुंचाने, हिंसा और ईटिंग डिसऑर्डर जैसे उच्च जोखिम वाले विषयों से जुड़ी बातचीत पर अतिरिक्त सुरक्षा सीमाएं लागू होंगी। इसके अलावा, छात्रों को सीधे उत्तर देने के बजाय सीखने में मदद करने के लिए शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यह मोड उन यूजर्स के लिए अपने आप सक्रिय हो जाएगा, जिनकी उम्र 18 वर्ष से कम होने का अनुमान लगाया जाएगा या जो खुद को 13 से 17 वर्ष की उम्र का बताते हैं। OpenAI ने बताया कि माता-पिता ‘Quiet Hours’ निर्धारित कर सकेंगे, कुछ सेटिंग्स को नियंत्रित कर सकेंगे और किशोरों द्वारा संवेदनशील विषयों पर बातचीत किए जाने की स्थिति में अलर्ट भी प्राप्त कर सकेंगे।
11. उबर ने इक्सिगो के साथ MoU किया

19 अगस्त को उबर (Uber) ने भारत के प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल एवं टिकटिंग प्लेटफॉर्म इक्सिगो (ixigo) के साथ एक समझौता किया। इस नए समझौते के तहत, अब उबर ऐप का उपयोग करने वाले ग्राहक सीधे उसी ऐप के भीतर भारतीय रेलवे की ट्रेन टिकट बुक कर सकेंगे। इस साझेदारी के तहत , इक्सिगो अपनी ट्रेन टिकटिंग तकनीक और बुकिंग के बाद की सेवाएं प्रदान कर रहा है, जबकि Uber रेल यात्राओं को अपने फर्स्ट-माइल और लास्ट-माइल मोबिलिटी नेटवर्क से जोड़ रहा है। उबर ऐप पर ट्रेन टिकट बुकिंग की सुविधा के साथ, यात्री अब एक ही ऐप के माध्यम से अपने ट्रेन टिकट बुक कर सकते हैं। अपने पीएनआर स्टेटस की जांच कर सकते हैं और रेलवे स्टेशन से आने-जाने के लिए बगैर किसी रुकावट के कनेक्ट हो सकते हैं। इसके तहत कोई भी यात्री अपनी यात्रा के दौरान उबर की मोबिलिटी सर्विस का आसानी से उपयोग कर सकेगा। ये समझौता इंटरमॉडल ट्रैवल से जुड़ा है यानी ट्रेन, बस, फ्लाइट से ट्रेवल करने में लोकल कैब सर्विस को जोड़ा जाएगा।
12. अंबेडकर स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ 18 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के डॉ. बी. आर. अंबेडकर स्टेडियम में हुआ। उद्घाटन दिवस पर जूनियर बालिका (अंडर-17) वर्ग में एक रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें मुख्य मुकाबले में मेघालय ने चंडीगढ़ पर जीत दर्ज की। तीन वर्गों—जूनियर बालिका (अंडर-17), जूनियर बालक (अंडर-17) और सब-जूनियर बालक (अंडर-15)—में कुल 108 टीमें टूर्नामेंट में भाग ले रही हैं। प्रत्येक वर्ग में टूर्नामेंट को आठ समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह की विजेता टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी, जिसका समापन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबलों के साथ होगा। 65वां सुब्रतो कप जमीनी स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को इस खेल में प्रतिस्पर्धा करने, अपनी प्रतिभा विकसित करने तथा ऊंचे लक्ष्यों को हासिल करने की आकांक्षा रखने के लिए मंच प्रदान करने की अपनी निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।
13. एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड में भारत के 11 मेडल हुए

19 अगस्त को देहरादून में चल रही एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी में भारतीय खिलाड़ियों ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज समेत कुल 11 मेडल जीते। इसके साथ ही भारत के कुल मेडल की संख्या 19 हो गई है। भारत ने दोनों ही रेस में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज तीनों मेडल अपने नाम किए। जूनियर F गर्ल्स में जीएस ब्रधिशा ने गोल्ड, समायरा त्यागी ने सिल्वर और अमायरा शाह ने ब्रॉन्ज जीता। वहीं जूनियर F बॉयज में इवान अरोड़ा ने गोल्ड, युवराज मेहता ने सिल्वर और शिवांश अहेर ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया। भारत के लिए अब तक सबसे ज्यादा 2-2 मेडल जीतने वाले 5 खिलाड़ी हैं। आर्यन सुजीत बाविस्कर ने 17 अगस्त को जूनियर E बॉयज 500 मीटर और 18 अगस्त को 333 मीटर में गोल्ड अपने नाम किया। वहीं इवान अरोड़ा ने पहले दिन जूनियर F बॉयज 333 मीटर में सिल्वर और दूसरे दिन 222 मीटर में गोल्ड जीता। युवराज मेहता ने पहले दिन 333 मीटर में गोल्ड और दूसरे दिन 222 मीटर में सिल्वर हासिल किया। वहीं समायरा त्यागी ने दोनों दिन सिल्वर जीते, पहले दिन जूनियर F गर्ल्स 333 मीटर और दूसरे दिन 222 मीटर में।
14. कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी.सी. नागेश का निधन

18 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी के नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री बी.सी. नागेश का निधन हो गया। वे 65 साल के थे। नागेश टिपटूर से दो बार विधायक थे और बसवराज बोम्मई की कैबिनेट में 2021 से 2023 के बीच स्कूल शिक्षा और साक्षरता मंत्री रहे। नागेश का कार्यकाल काफी विवादों भरा रहा। उनके समय में पाठ्यपुस्तकों में बदलाव को लेकर ‘भगवाकरण’ के आरोप लगे और यह मामला विवादित भी हुआ। इसके साथ ही उनके कार्यकाल में छात्राओं को क्लासरूम के अंदर हिजाब पहनने की अनुमति न देने को लेकर भी विवाद हुआ था। पेशे से इंजीनियर रहे नागेश छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) में सक्रिय थे और बाद में BJP में शामिल हो गए।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
