18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

10–12 minutes


1. अनुराग जैन ने संभाला नीति आयोग के नए सीईओ का कार्यभार

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

नीति आयोग ने सोमवार को अनुराग जैन का नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में स्वागत किया। उनकी नियुक्ति देश के प्रमुख नीति-निर्माण थिंक टैंक नीति आयोग में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखी जा रही है। मध्य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को प्रशासन, सुशासन और नीति-निर्माण के क्षेत्र में करीब चार दशक का व्यापक अनुभव है। अनुराग जैन इससे पहले मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव के पद पर कार्य कर चुके हैं। इस वर्ष की शुरुआत में मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी थी। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, उनका कार्यकाल दो वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, रहेगा। गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में केंद्र सरकार ने प्रसिद्ध अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) नियुक्त किया था। उन्होंने सुमन के. बेरी का स्थान लिया था।

2. भारत-नेपाल सैन्य संबंधों को नई मजबूती, नेपाल ने जनरल धीरज सेठ को दी नेपाली सेना के जनरल की मानद रैंक

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

नेपाल के राष्‍ट्रपति रामचन्‍द्र पाउडेल ने काठमांडू के शीतल निवास में आयोजित अलंकरण समारोह में भारत के सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाली सेना के अवैतनिक जनरल रैंक प्रदान किया। जनरल सेठ नेपाल की सेना के प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के निमंत्रण पर नेपाल की सरकारी यात्रा पर पहुंचे थे। अवैतनिक रैंक प्रदान किए जाने की परम्‍परा 1950 में शुरू हुई थी और अब भी जारी है तथा इसके अंतर्गत भारत और नेपाल एक दूसरे के सेना प्रमुखों को अवैतनिक जनरल रैंक प्रदान करते हैं। जनरल सेठ ने भारतीय दूतावास में राजदूत नवीन श्रीवास्‍तव से भी मुलाकात की और भारत तथा नेपाल के बीच संबंध मजूबत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा की। जनरल सेठ ने आज नेपाली सेना को कुछ सैन्‍य और चिकित्‍सा उपकरण सुपुर्द किए।

3. संयुक्‍त मैत्री सैन्‍य अभ्‍यास में भाग लेने के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी थाइलैंड रवाना

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय सेना की टुकड़ी संयुक्‍त मैत्री-XV (MAITREE-XV) सैन्‍य अभ्‍यास में भाग लेने के लिए थाइलैंड रवाना हो गई। सैन्‍य अभ्‍यास इस महीने की 31 तारीख तक थाईलैंड के सूरत थानी स्थित विभावदी रंगसित कैंप में चलेगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मैत्री अभ्‍यास का उद्देश्‍य भारत और थाइलैंड के बीच सैन्‍य सहयोग बढ़ाना है। इससे संयुक्‍त राष्‍ट्र चार्टर के तहत जंगलों और अर्ध शहरी क्षेत्रों में उग्रवाद और आतंकवाद का सामना करने की संयुक्‍त क्षमता बढ़ेगी। दोनों देशों की सैन्‍य टुकड़ियां संचालन और प्रौद्योगिकी गत अनुभव भी साझा करेंगी। दोनों देशों के बीच पिछला अभ्‍यास सितम्‍बर 2025 मेघालय में हुआ था।

4. रक्षा मंत्रालय ने दो MQ-9B C गार्जियन विमान 30 महीने की लीज पर लेने संबंधी एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

रक्षा मंत्रालय ने नई दिल्ली में अमेरिकी रक्षा कंपनी जनरल एटॉमिक्स एयरोनॉटिकल सिस्टम्स-जीए-एएसआई के साथ भारतीय नौसेना के लिए अत्यधिक ऊंचाई पर लंबी अवधि तक लगातार उड़ान भरने और खुफिया जानकारी तथा निगरानी करने वाले दो एमक्‍यू-9बी सी गार्जियन विमान 30 महीने की लीज पर लेने संबंधी एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। मंत्रालय के अनुसार इस अनुबंध की लागत लगभग एक हजार नौ सौ 43 करोड़ रुपये है। ये विमान हिंद महासागर क्षेत्र में बड़े समुद्री इलाकों की लगातार खुफिया, निगरानी और टोही करने में सक्षम होंगे। इससे समुद्री क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी घटनाक्रम पर तेजी से जवाबी कार्रवाई करने की भारत की क्षमता और मजबूत होगी।

5. सात्विक सोलर और ओडिशा सरकार के बीच समझौता, गोपालपुर में बनेगा 3.6 GW प्लांट

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

सात्विक सोलर इंडस्ट्रीज ने ओडिशा के गोपालपुर में 3.6 गीगावाट क्षमता का सौर सेल विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ ओडिशा लिमिटेड (आईपीआईसीओएल) के साथ प्रारंभिक समझौता किया है। नई इकाई गोपालपुर में कंपनी की व्यापक विनिर्माण योजना का हिस्सा होगी। कंपनी यहां पहले से ही 2.4 गीगावाट सौर सेल और 4 गीगावाट सौर मॉड्यूल की एकीकृत विनिर्माण इकाई के पहले चरण पर काम कर रही है।

6. बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा शुरू

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित प्राचीन बाबा बूढ़ा अमरनाथ मंदिर की वार्षिक यात्रा सोमवार को धार्मिक उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। 12 दिन चलने वाली यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी और रक्षाबंधन के दिन इसका समापन होगा। समुद्र तल से करीब 4,600 फीट की ऊंचाई पर स्थित बूढ़ा अमरनाथ मंदिर में स्वयं प्रकट सफेद पत्थर के शिवलिंग के होने की मान्यता है। श्रद्धालु मंदिर में पूजा-अर्चना से पहले पास की पुलस्त्य नदी में पवित्र स्नान करते हैं। यह नदी ऋषि पुलस्त्य के नाम पर मानी जाती है।

7. पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की जीवनी पर आधारित हिंदी में लिखित पुस्तक का विमोचन किया

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नई दिल्ली में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू की जीवनी पर आधारित हिंदी में लिखित पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक पूर्व राज्यसभा सांसद वाई. लक्ष्मी प्रसाद हैं। यह पुस्तक पूर्व उपराष्ट्रपति और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायक यात्रा के साथ उनके विचारों, संघर्षों और योगदान से पाठकों को परिचित कराती है।

8. केंद्रीय सूचना आयोग के मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल ने ऐपकॉम्स का किया शुभारंभ

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केंद्रीय सूचना आयोग-सीआईसी के मुख्य सूचना आयुक्त राज कुमार गोयल ने दूसरे चरण के उन्नत अपील और शिकायत प्रबंधन प्रणाली-ऐपकॉम्स का शुभारंभ किया। यह ऑनलाइन वेब पोर्टल सितंबर 2016 में शुरू किया गया था जिसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन दूसरी अपील और शिकायतें दर्ज कर सकते हैं। साथ ही पंजीकरण, सुनवाई की तिथि निर्धारण, निर्णय जारी करने और अपलोड करने तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाओं सहित मामलों की संपूर्ण डिजिटल प्रक्रिया को सुगम बनाया गया है।

9. ईसीआई ने लॉन्च किया ईएलसी 2.0

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित ‘इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब्स एंड ईसीआईनेट’ सम्मेलन के दौरान इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब्स 2.0 (ईएलसी 2.0) का शुभारंभ किया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान चुनावी प्रक्रियाओं में विश्वास मजबूत करने, चुनावी साक्षरता बढ़ाने और युवाओं की सूचित लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के तहत इलेक्ट्रॉल लिटरेसी क्लब की शुरुआत की थी।

10. संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत तैनात 200 से अधिक भारतीय शांति सैनिकों को यूएन मेडल से किया गया सम्मानित

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत तैनात 200 से अधिक भारतीय शांति सैनिकों को उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रतिष्ठित यूएन मेडल से सम्मानित किया गया है। यूएन मिशन इन साउथ सूडान ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जुबा में 210 भारतीय शांति सैनिकों, जिनमें 6 महिलाएं और 7 स्टाफ अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए यूएन मेडल प्रदान किए गए। मिशन ने इसे भारत के ब्लू हेलमेट्स के लिए गर्व का क्षण बताया। भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में वर्दीधारी कर्मियों का दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता है। वर्तमान में भारत विभिन्न देशों में चल रहे संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में 4 हजार 2 सौ से अधिक सैन्य और पुलिस कर्मी, जिनमें 155 महिलाएं शामिल हैं। इन अभियानों में अबेई, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, साइप्रस, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, लेबनान, मध्य पूर्व, सोमालिया, दक्षिण सूडान और पश्चिमी सहारा शामिल हैं।

11. 12वीं ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

18 अगस्त को भारत नई दिल्ली में 12वीं ब्रिक्स (BRICS) पर्यावरण मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। इस बैठक में पर्यावरण वर्किंग ग्रुप और जलवायु परिवर्तन व सतत विकास पर संपर्क समूह शामिल होंगे। ये कार्यक्रम भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 की मुख्य थीम- ‘मजबूती, इनोवेशन, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ के तहत आयोजित किया जाएगा। ब्रिक्स पर्यावरण मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव करेंगे। इस बैठक में प्राथमिकता वाले क्षेत्र जैसे टिकाऊ जीवन शैली को बढ़ावा देना, वनीकरण, जंगल की आग का प्रबंधन और किसी आपदा के समय किये जाने वाले काम शामिल होंगे।

12. नामांकन से अवसंरचना तक, यूडीआईएसईप्लस ने बताई स्कूली शिक्षा की प्रगति

18 August 2026 Current Affairs -GurugGkwala

यूडीआईएसईप्लस 2025-26 रिपोर्ट भारत की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में पहुंच, समानता, शिक्षक उपलब्धता, प्रतिधारण और बुनियादी सुविधाओं के स्तर पर हो रही प्रगति की तस्वीर पेश करती है। रिपोर्ट में देशभर के करीब 14.67 लाख स्कूलों, 1.03 करोड़ शिक्षकों और 24.72 करोड़ छात्रों से जुड़े आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इसमें सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में सुधार, छात्र-शिक्षक अनुपात में मजबूती, ड्रॉपआउट दर में कमी, महिला शिक्षकों की बढ़ती भागीदारी, सामाजिक समावेशन तथा डिजिटल और भौतिक अवसंरचना के विस्तार को रेखांकित किया गया है। ये आंकड़े नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत साक्ष्य आधारित योजना और नीति निर्माण को मजबूत आधार प्रदान करते हैं। शिक्षा के लिए एकीकृत जिला सूचना प्रणाली प्लस (यूडीआईएसईप्लस) स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसे 2018-19 में शुरू किया गया था। यूडीआईएसईप्लस 2025-26 के आंकड़े करीब 14.67 लाख स्कूलों, 1.03 करोड़ शिक्षकों और 24.72 करोड़ से अधिक छात्रों वाले भारतीय स्कूली शिक्षा तंत्र की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। शिक्षकों और छात्रों की उपलब्धता में सुधार के साथ प्रति स्कूल औसतन 7 शिक्षक और 169 छात्र हैं। देश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में छात्र-शिक्षक अनुपात 24:1 बना हुआ है, जो एनईपी की 30:1 की अनुशंसित सीमा के भीतर है। स्कूली शिक्षा में पहुंच के आकलन का प्रमुख संकेतक सकल नामांकन अनुपात है। रिपोर्ट के अनुसार सेकंडरी स्तर पर जीईआर सुधरकर 71.7% हो गया है, जबकि मिडिल स्तर पर यह 89.6% के ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। यूडीआईएसईप्लस 2025-26 के आंकड़े छात्रों को स्कूल में बनाए रखने की दिशा में सुधार को भी रेखांकित करते हैं। प्रेपरेटरी स्तर पर ड्रॉपआउट दर घटकर 1.8% और सेकंडरी स्तर पर 7.0% रह गई है। मिडिल स्तर पर ड्रॉपआउट दर 3.6% दर्ज की गई। तीनों स्तरों पर दरें 2022-23 की तुलना में कम बनी हुई हैं।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top