9–11 minutes
1. गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के अलवर में 6,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया

16 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के अलवर में 6,400 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया और नई परियोजनाओं की शुरुआत की। अमित शाह का ये कार्यक्रम केंद्र सरकार के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन का हिस्सा है। ये सहकारिता क्षेत्र और डेयरी विकास को बढ़ावा देने के लिए है। इन परियोजनाओं में अमित शाह ने अलवर सरस डेयरी कॉम्प्लेक्स में नए डेयरी प्लांट की आधारशिला भी रखी। साथ ही दुग्ध संघों के डेयरी प्रोसेसिंग प्लांट और पशु आहार संयंत्रों का ई-उद्घाटन किया गया। ये विकास कार्य राजस्थान के 17 जिलों से जुड़े हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को मजबूत करना और किसानों की आय एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के दौरान, शाह नए सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंकों के गठन की घोषणा की और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को फंड ट्रांसफर किया।
2. अमृत उद्यान आम लोगों के लिए खुला

16 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में स्थित ‘अमृत उद्यान‘ (पूर्व में मुगल गार्डन) आम लोगों के लिए एक बार फिर से खोल दिया गया है। अमृत उद्यान अपनी अनूठी और दुर्लभ फूलों की प्रजातियों और शानदार मुगल शैली की बागवानी कला के लिए प्रसिद्ध है। 14 अगस्त को उद्यान का उद्घाटन किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस उद्घाटन में हिस्सा लिया था। ग्रीष्मकालीन वार्षिकोत्सव-2026 के तहत ये उद्यान पूरे एक महीने यानी 15 सितंबर 2026 तक खुला रहेगा। इस गार्डन में फ्लोरल क्लॉक यानी, फूलों से सजी एक भव्य और कलात्मक घड़ी भी इस बार लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। इस गार्डन में बाल वाटिका भी है, जिसमें 225 साल पुराना शीशम का पेड़ है और बच्चों के मनोरंजन और ज्ञानवर्धन के लिए विशेष रूप से इसे तैयार किया गया है। बाल वाटिका में एक ट्री-हाउस, नेचर्स क्लासरूम और राष्ट्रपति भवन परिसर का ऐतिहासिक 225 साल पुराना शीशम का पेड़ मौजूद है। ये गार्डन मुख्य इमारत के पास स्थित तीन प्रमुख हिस्सों रेक्टेंगुलर गार्डन (आयताकार उद्यान), लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन (गोलाकार उद्यान) में फैला हुआ है। मुगल गार्डन (अमृत उद्यान’) 1917 में ब्रिटिश वास्तुकार सर एडविन लुटियंस ने डिजाइन किया था। मुगल गार्डन का काम 1928 से 1929 तक पूरा हुआ था। 28 जनवरी 2023 को मुगल गार्डन का नाम बदलकर अमृत उद्यान’ रखा गया।
3. एनआईईएलआईटी ने साइबर कुश्ती-2026 हैकाथॉन का शुभारंभ किया

राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने साइबर कुश्ती-2026 नामक एक राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता हैकाथॉन का शुभारंभ किया है। इसका उद्देश्य साइबर सुरक्षा आकलन में मानवीय निर्णय क्षमता का परीक्षण और उसे मान्यता प्रदान करना है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने बताया कि इसमें भागीदारी निःशुल्क है और तीन सदस्यीय टीमों में छात्र और स्वतंत्र शोधकर्ता भाग ले सकते हैं। विजेता टीम को ‘साइबर केसरी 2026’ की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा और उन्हें पारंपरिक गदा भेंट की जाएगी। उप-विजेताओं को ‘रुस्तम’ और ‘पहलवान’ की उपाधि से नवाजा जाएगा।
4. जम्मू-कश्मीर में बहुप्रतीक्षित सुंगल सुरंग आम लोगों के आवागमन के लिए खोली गई

जम्मू-कश्मीर में, जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहुप्रतीक्षित सुंगल सुरंग को आम लोगों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। इससे राजौरी, पुंछ और नौशेरा के साथ संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। कालीधर रेंज से होकर बनाई गई यह सुरंग लगभग 3 किलोमीटर लंबी है। इसका निर्माण सीमा सड़क संगठन ने किया है। इस सुरंग की मदद से यात्रा की दूरी लगभग 13 किलोमीटर कम हो जाएगी और यात्रा का समय भी काफी कम हो जाएगा। लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह सुरंग अभी सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक सिर्फ हल्के वाहनों के लिए खुली रहेगी। भारी वाहनों, बसों और माल वाहक वाहनों को आवागमन की अनुमति निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दी जाएगी। सुंगल सुरंग के खुलने और पहले से चालू कंडी सुरंग के साथ, पीर पंजाल क्षेत्र से होकर यात्रा करना सुरक्षित, तेज़ और ज़्यादा सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
5. SpaceX ने कम समय में दो फाल्कन लॉन्च कर रिकॉर्ड बनाया

15 अगस्त को SpaceX ने दो अलग-अलग महत्वपूर्ण मिशनों के लिए अपने दो फाल्कन 9 (Falcon 9) रॉकेट लॉन्च किए। इस ऐतिहासिक मिशन के तहत दोनों रॉकेटों को मात्र 38 मिनट के अंतर से लॉन्च किया गया। SpaceX ने इतने कम समय के अंतर में दो बड़े लॉन्च कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। पहला लॉन्च फ्लोरिडा के कैप कैनावर्ल स्पेस फोर्स स्टेशन से हुआ, जिसमें ग्लोबल स्टार 2-R मिशन के तहत 8 उपग्रह भेजे गए। इस लॉन्च के जरिए ‘ग्लोबलस्टार’ सैटेलाइट को उसकी कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। दूसरा लॉन्च कैलिफोर्निया के स्पेस फोर्स बेस से हुआ, जो यूएस स्पेस फोर्स USSF-36 मिशन के लिए था। यह SpaceX के लिए दो ऑर्बिटल मिशन के बीच सबसे कम अंतराल का नया रिकॉर्ड है। 31 अगस्त 2024 में SpaceX ने दो Falcon 9 लॉन्च के बीच लगभग 65 मिनट का अंतर रखा था। नया रिकॉर्ड पुराने रिकॉर्ड से करीब 27 मिनट कम है।
6. सूर्यपथ तिरंगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर फिजी से सैन फ्रांसिस्को तक तिरंगे की वैश्विक यात्रा पूरी

देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी तरह का पहला अभियान ‘सूर्यपथ तिरंगा’ शनिवार को आयोजित किया गया जिसमें पूर्व से पश्चिम तक 50 से अधिक भारतीय दूतावासों ने हिस्सा लिया। इसके तहत तिरंगे की तस्वीरों को अलग-अलग टाइम जोन में “डिजिटल रूप से प्रसारित” किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस अनूठी वैश्विक यात्रा की शुरुआत फिजी की राजधानी सुवा स्थित भारतीय उच्चायोग से हुई और अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर इसका समापन हुआ। इस अभियान में विभिन्न देशों और महाद्वीपों के 54 भारतीय दूतावास और केंद्र जुड़े। इस तरह सूर्य की गति को दुनिया भर में तिरंगे की प्रतीकात्मक यात्रा से जोड़ा गया। ‘सूर्यपथ तिरंगा’ के तहत 19 घंटे से अधिक समय तक लगातार ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम ने प्रशांत क्षेत्र, एशिया, अफ्रीका, यूरोप और अमेरिका को एक सूत्र से जोड़ दिया।
7. दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने ई-स्पोर्ट्स विश्व कप शतरंज का खिताब बरकरार रखा

शतरंज में विश्व नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन ने लगातार दूसरी बार ई-स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। फ्रांस के पेरिस में खेले गए फाइनल में कार्लसन ने बेलारूस के ग्रैंडमास्टर डेनिस लाजाविक को 2-0 से हराया। टीम लिक्विड का प्रतिनिधित्व कर रहे 35 वर्षीय नॉर्वे के कार्लसन पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहे। वहीं, अमरीका के ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा ने कांस्य पदक मुकाबले में अलीरेजा फिरोज़जा को 4-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। कार्लसन को खिताब जीतने पर 2.5 लाख अमेरिकी डॉलर ($250,000) यानी, 2 करोड़ 40 लाख की प्राइज मनी मिली।
8. विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप नई दिल्ली में शुरू

बी डब्ल्यू एफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में शुरू होने जा रही है। पूर्व चैंपियन पीवी सिंधु और भारत की शीर्ष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी इस प्रतियोगिता में भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। 2009 के बाद यह दूसरा मौका है जब भारत इस विश्व प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। 23 अगस्त तक खेली जाने वाली 30वीं बी डब्ल्यू एफ विश्व चैंपियनशिप में दुनिया के शीर्ष खिलाडी भारतीय सरजमीं पर दमखम भरते नजर आएंगे। पीवी सिंधु पांच बार वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट रही हैं – जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा भारत की दूसरी प्रतिनिधि हैं। वहीं, पुरूष सिंगल्स में 2021 में इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाले लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी भारतीय चुनौती रखेंगे।
9. पुद्दुचेरी में डी ज्यूरे ट्रांसफर डे मनाया गया

पुद्दुचेरी में डी ज्यूरे ट्रांसफर डे मनाया गया। यह दिन पुद्दुचेरी के भारत में विलय के स्मरण में मनाया जाता है। इस अवसर पर पुद्दुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवायम ने कीझूर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यहां 1954 में भारत में विलय को लेकर ऐतिहासिक जनमत-संग्रह हुआ था। इस जनमत संग्रह में 170 प्रतिनिधियों ने भारत में शामिल होने के पक्ष में मतदान किया, जबकि आठ ने इसके खिलाफ वोट दिया। पुद्दुचेरी के भारत में विलय को 16 अगस्त 1962 को कानूनी मान्यता मिली थी।
10. पश्चिम बंगाल के पूर्व डिप्टी सीएम आशीष बनर्जी का निधन

16 अगस्त को पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी का निधन हो गया। वे 74 साल के थे। आशीष 5 रामपुरहाट सीट से 2001, 2006, 2011, 2016 और 2021 में सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए। पिछली ममता सरकार में वे विधानसभा के डिप्टी स्पीकर भी रहे। आशीष का निधन संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ। वे बीरभूम जिले के टीएमसी ऑफिस में उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की सुबह कार्यालय से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें लिखा कि उन्होंने भ्रष्टाचार नहीं किया, उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई। आशीष बनर्जी ममता बनर्जी के करीबी और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार बनने के बाद वे कई विभागों के मंत्री रहे। वे स्कूल शिक्षा और कृषि मंत्री भी रह चुके थे। हालांकि, 2026 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार ध्रुबा साहा से हार गए।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
