7–9 minutes
1. पीएम मोदी सेशेल्स की यात्रा पर रवाना होंगे, राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सेशेल्स की यात्रा पर रहेंगे। वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोहों में आमंत्रित अतिथि होंगे। प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले वर्ष-2015 में सेशेल्स गए थे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोहों में दो नौसेनिक पोत सहित भारतीय रक्षा बल की टुकड़ी भाग लेगी। यात्रा के दौरान श्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी के साथ वार्ता करेंगे और दोनों देशो के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे। परस्पर हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्य की राष्ट्रीय सभा को संबोधित करेंगे। वे वहां भारतवंशियों से भी मिलेंगे।
2. भूकंप प्रभावित वेनेजुएला की मदद के लिए भारत ने शुरु किया ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’

भारत ने वेनेजुएला में भीषण भूकंप के बाद ऑपरेशन अमिस्ताद शुरू किया है। ऑपरेशन अमिस्ताद वेनेजुएला के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए मानवीय सहायता और आपदा राहत मिशन है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि इसके तहत कल भारतीय वायुसेना के दो विमानों से राहत सामग्री और 41 सदस्यों का बचाव दल भेजा गया है। राहत सामग्री में चिकित्सा कर्मी, भारतीय सेना की फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, चिकित्सा उपकरण, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान भेजे गये हैं। 41 सदस्यीय बचाव दल में मेडिकल पेशेवरों के साथ अनुभवी बचावकर्मी शामिल हैं।
3. भारत ने परमाणु रिएक्टर से उत्पन्न ऊष्मा का उपयोग करने वाला विश्व का पहला हाइड्रोजन उत्पादन केंद्र विकसित किया

परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव अजीत कुमार मोहंती ने तमिलनाडु के कल्पक्कम स्थित इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केन्द्र में विश्व के पहले हाइड्रोजन उत्पादन केंद्र का उद्घाटन किया। यह संयंत्र फास्ट ब्रीडर टेस्ट रिएक्टर से प्राप्त परमाणु उष्मा से कॉपर क्लोरीन ताप-रसायनिक प्रक्रिया से संचालित है। डॉ. मोहंती ने कहा कि हाइड्रोजन जैसी उभरती स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों के साथ परमाणु ऊर्जा का एकीकरण सतत ऊर्जा भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा कार्बन मुक्त और विश्वसनीय विद्युत उपलब्ध कराने की क्षमता रखती है। यह बड़े पैमाने पर हाइड्रोजन उत्पादन के लिए उपयुक्त है। यह उपलब्धि उन्नत परमाणु प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों में भारत की बढ़ती क्षमता दर्शाती है। यह हाइड्रोजन उत्पादन केंद्र भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है।
4. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिए ‘प्रोजेक्ट हॉक आई’ शुरू किया

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली प्रोजेक्ट हॉक आई शुरू की है। इसके तहत यात्रा मार्ग पर 24 घंटे निगरानी रखी जायेगी। प्रोजेक्ट हॉक आई के अंतर्गत यात्रा मार्ग पर हवाई निगरानी के लिए पांच ड्रोन यूनिट तैनात की गई है। वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी। यात्रा से पहले सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल किया। जम्मू जिले के आर.एस. पुरा सीमा क्षेत्र में पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया।
5. भारत ने एआई प्रौद्योगिकियों को सशक्त बनाने की अमरीकी पहल पर हस्ताक्षर किए

अमरीका में आयोजित दूसरे पैक्स सिलिका शिखर सम्मेलन में भारत ने 34 अन्य देशों के साथ मिलकर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस प्रौद्योगिकियों को सशक्त बनाने के लिए अमरीका के नेतृत्व वाली एक पहल पर हस्ताक्षर किए। अमरीका के आर्थिक मामलों के उप–विदेश मंत्री जैकब हेलबर्ग ने कहा कि एआई अवसर पर शामिल होने वाले देशों ने एआई युग के लिए विकास-समर्थक और नवाचार-समर्थक नियामक दृष्टिकोण का समर्थन किया है। श्री हेलबर्ग ने कहा कि अमरीका भारत के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करने के लिए उत्साहित है। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को 21वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण संबंधों में से एक बताया। श्री हेलबर्ग ने कहा कि भारत के साथ द्विपक्षीय आदान–प्रदान के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। इनमें क्वाड और ट्रस्ट पहल शामिल हैं।
6. लंदन में आयोजित वार्षिक यूके-इंडिया पुरस्कार में सम्मानित हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को लंदन में आयोजित वार्षिक यूके-इंडिया पुरस्कार में भारत और ब्रिटेन के संबंधों को उन्नत बनाने में असाधारण नेतृत्व के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। श्री गोयल ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान सरकारों, व्यवसायों, शिक्षाविदों, संस्कृति और जीवंत प्रवासी समुदाय के उन सभी सेतु निर्माताओं का है, जो दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। श्री गोयल ने इस बहुमूल्य साझेदारी को समृद्ध बनाने में अपने सभी साथी पुरस्कार विजेताओं के उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से प्रभावी होने वाला भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता ब्रिटिश संसदीय इतिहास में सबसे तेजी से लागू होने वाला व्यापार समझौता बन जाएगा।
7. आई. आर. सी. टी. सी. ने किया नए पर्यटन सर्किट डिवाइन ईस्ट टेम्पल टूर आरंभ

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आई. आर. सी. टी. सी.) ने नया पर्यटन सर्किट डिवाइन ईस्ट टेम्पल टूर आरंभ किया है। इसके लिए भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट ट्रेन का प्रयोग होगा। इस 11 दिन के रेल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटको को उत्तर प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर जाने का मौका मिलेगा। यह यात्रा दिल्ली में सफदरजंग रेलवे स्टेशन से आरंभ होगी और यह रेलगाड़ी वाराणसी, पुरी, कोणार्क, चिलिका, भुवनेश्वर, कोलकाता, गंगासागर और बैद्यनाथधाम जाएगी। इस रेलगाड़ी में थर्ड एसी, सैकेंड एसी और फर्स्ट एसी में टिकट लिए जा सकते हैं। इस विशेष रेलगाड़ी में यात्रियों को प्रति व्यक्ति फर्स्ट एसी के लिए एक लाख 13,530 रुपए, सैकेंड एसी के लिए एक लाख 6145 रुपए और थर्ड एसी के लिए 91370 रुपए चुकाने होंगे।
8. अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस

इस वैश्विक संकट के प्रति दुनिया भर के देशों को जागरूक करने, एकजुट करने और इस खतरे से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने के उद्देश्य से हर साल 26 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ और अवैध तस्करी विरोधी दिवस’ (International Day Against Drug Abuse and Illicit Trafficking) मनाया जाता है। वर्ष 2026 में भी यह दिवस दुनिया भर में एक नए संकल्प, नई ऊर्जा और नई रणनीतियों के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष का मूल मंत्र और हमारा परम लक्ष्य है “स्वस्थ जीवन और सुरक्षित भविष्य का संकल्प”।
9. एमएसएमई दिवस

हर वर्ष 27 जून को मनाया जाने वाला ‘अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दिवस’ केवल एक औपचारिक दिवस नहीं है। यह उन करोड़ों छोटे उद्यमियों, कारीगरों और नवप्रवर्तकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने साहस, मेहनत और संकल्प के बल पर न केवल अपनी आजीविका बना रहे हैं, बल्कि देश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
