12–15 minutes
1. उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में भारत के उच्चायुक्त के रूप में कार्यभार संभाला

बांग्लादेश में भारत के नवनियुक्त उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ढाका में अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन को अपने परिचय-पत्र सौंपे। वीजा केंद्र में बड़ी संख्या में आवेदकों को देखकर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने बांग्लादेशी नागरिकों के लिए सामान्य वीजा सेवाएं फिर से शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 28 जून से पर्यटक वीजा के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
2. नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने वाराणसी से पहली ईज़ी कनेक्ट उड़ान का उद्घाटन किया

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पहली ईज़ी कनेक्ट उड़ान का उद्घाटन किया। दिल्ली के रास्ते वाराणसी को दुनिया से जोड़ने वाली यह पहली हब एंड स्पोक उड़ान भारत के कोने-कोने को दुनिया से निर्बाध रूप से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है। नागर विमानन मंत्री ने कहा कि भारत में आप चाहे जिस शहर में रहते हों, आप अपने शहर से ही अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्रा शुरू कर सकते हैं। एयर इंडिया द्वारा संचालित पहली ईज़ी कनेक्ट सेवा है। यह सेवा वाराणसी से रवाना होगी। ईज़ी कनेक्ट मॉडल के तहत, यात्री अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के लिए चेक-इन अपने शुरुआती हवाई अड्डे पर ही पूरा कर सकते हैं। आव्रजन संबंधी औपचारिकताएं भी प्रस्थान बिंदु पर ही पूरी हो जाएंगी, जिससे दिल्ली जैसे हब हवाई अड्डों से निर्बाध ट्रांजिट संभव हो सकेगा और उन्हें सामान की दोबारा जांच कराने या बार-बार प्रक्रियाओं से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी।
3. वायु सेना प्रमुख ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की पुस्तक ‘द सेकंड ऑर्बिट’ का विमोचन किया

वायु सेना प्रमुख मार्शल अमर प्रीत सिंह ने नई दिल्ली में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की आत्मकथा ‘द सेकंड ऑर्बिट- बिलीफ ऑफ अ मैन… ड्रीम्स ऑफ 1.4 बिलियन हार्ट्स’ का विमोचन किया। यह पुस्तक लड़ाकू पायलट से अंतरिक्ष यात्री बनने तक ग्रुप कैप्टन शुक्ला के सफर और एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर उनके ऐतिहासिक मिशन का वर्णन करती है। इसमें अंतरिक्ष यात्री चयन, गहन प्रशिक्षण, मिशन की तैयारी और अंतरिक्ष में जीवन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। इस कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन शुक्ला के ऐतिहासिक एक्सिओम-4 मिशन की पहली वर्षगांठ भी मनाई गई, जिसका प्रक्षेपण पिछले वर्ष 25 जून को किया गया था।
4. डीआरडीओ के स्वदेशी नेत्रा निगरानी सिस्टम को अंतिम मंजूरी मिली

भारतीय वायुसेना को एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल प्रणाली ‘नेत्र’ के लिए फुल ऑपरेशनल क्लियरेंस- एफओसी प्रदान कर दी गई है। इससे भारतीय वायुसेना की हवाई निगरानी, युद्धक्षेत्र प्रबंधन और दुश्मन की गतिविधियों पर नजर रखने की क्षमता और मजबूत होगी। गौरतलब है कि एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (एईडब्ल्यू एंड सी) को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा स्वदेशी स्तर पर विकसित किया गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बेंगलुरु में 25 जून को आयोजित एक समारोह में वायुसेना के उप प्रमुख एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती की मौजूदगी में यह प्रमाणपत्र सौंपा गया। इससे पहले वर्ष 2017 में इस प्रणाली को प्रारंभिक परिचालन स्वीकृति (आईओसी) मिली थी।
–‘नेत्र’ की बात करें तो यह एक अत्याधुनिक हवाई निगरानी प्रणाली है।
–इसे विशेष विमान पर स्थापित किया जाता है।
–यह उड़ान के दौरान सैकड़ों किलोमीटर दूर तक हवाई, समुद्री और जमीनी गतिविधियों पर नजर रख सकती है।
–इसके जरिए दुश्मन के लड़ाकू विमान, ड्रोन और अन्य खतरों का समय रहते पता लगाया जा सकता है।
5. पश्चिम बंगाल की ब्रेनवेयर विश्वविद्यालय में ‘वंदे मातरम’ कैंप की शुरुआत

पश्चिम बंगाल और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह द्वारा आयोजित पहला सात दिवसीय ‘वंदे मातरम कैंप’ बुधवार को कोलकाता के बारासात स्थित ब्रेनवेयर विश्वविद्यालय में शुरू हुआ। एक हफ्ते तक चलने वाले इस कैंप में, प्रतिभागी संवैधानिक और नागरिक मूल्यों, ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक महत्व, युवाओं में नेतृत्व क्षमता के विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान की गतिविधियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा जैसे सत्रों में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जागरूक, जिम्मेदार और समर्पित राष्ट्र-निर्माताओं को तैयार करना है, साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के बंधन को मजबूत करना है। यह कैंप 30 जून 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ मनाना है। कैम्प भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करते हुए गुजरात, मेघालय, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के 150 युवा प्रतिभागियों को एक साथ लाया है।
6. पतरातू परियोजना ने बदली तस्वीर, झारखंड बना सरप्लस बिजली वाला राज्य

झारखंड ने ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रामगढ़ जिले स्थित पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) की 800 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई का वाणिज्यिक संचालन बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात से शुरू हो गया। इसके साथ ही झारखंड बिजली उत्पादन और उपलब्धता के मामले में न केवल आत्मनिर्भर बना है, बल्कि अधिशेष (सरप्लस) बिजली वाले राज्यों की श्रेणी में भी शामिल हो गया है। पीवीयूएनएल की नई 800 मेगावाट क्षमता वाली इकाई से उत्पादित बिजली का 85% हिस्सा, यानी 680 मेगावाट बिजली झारखंड को प्राप्त होगी। इससे पहले नवंबर 2025 में शुरू हुई पहली 800 मेगावाट इकाई से भी राज्य को 680 मेगावाट बिजली मिल रही है। दोनों इकाइयों के संचालन में आने के बाद केवल पतरातू परियोजना से ही झारखंड को 1,360 मेगावाट बिजली उपलब्ध होगी।
7. इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों के लिए ‘एयर सुविधा 2.0’ लॉन्च

नागर विमानन मंत्रालय ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) के सहयोग से गुरुवार को ‘एयर सुविधा 2.0’ लॉन्च किया। यह पूरी तरह से कॉन्टैक्टलेस (बिना संपर्क वाला) और उन्नत पैसेंजर हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन पोर्टल है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी को और मजबूत बनाना है। यह कदम इबोला बीमारी के मौजूदा प्रकोप को देखते हुए उठाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, यह नया प्लेटफॉर्म विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) और युगांडा में इबोला/बुंडिबुग्यो वायरस बीमारी के प्रकोप को 17 मई को अंतरराष्ट्रीय चिंता की सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति (पीएचईआईसी) घोषित किए जाने के बाद शुरू किया गया है।
8. वेनेजुएला में भूकंप के चलते आपातकाल घोषित

24 जून को दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 39 सेकेंड के अंदर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए। भूकंप के केंद्र राजधानी काराकास के पश्चिम में याराकुय और कार्बोबो में थे। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में काराकास, ला गुआइरा, मिरांडा, अरागुआ, काराबोबो और फाल्कोन राज्य शामिल हैं। वेनेजुएला में यह पिछले 126 साल का सबसे बड़ा भूकंप है। इससे पहले 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप से अब तक 32 मौतें हो चुकी है, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया। काराकास और पड़ोसी मिरांडा राज्य में मेट्रो और ट्रेन सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं। मुख्य हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा और उसे अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
9. भारत की अध्यक्षता में 11वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत 11वीं ब्रिक्स ऊर्जा मंत्रियों की बैठक गुरुवार से गुरुग्राम में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी ऊर्जा सुरक्षा, स्थिरता और नवाचार से जुड़े मुद्दों पर सहयोग को मजबूत करने के लिए एक मंच पर जुटेंगे। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 की थीम ‘बिल्डिंग फॉर रेजिलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी (ब्रिक्स)’ है। ऊर्जा क्षेत्र के लिए भारत ने ‘सभी के लिए ऊर्जा’ विषय को अपनाया है, जो वैश्विक स्तर पर ऊर्जा तक समान पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति ब्रिक्स देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वर्तमान में ब्रिक्स समूह में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं। ये देश मिलकर दुनिया की लगभग आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं और वैश्विक जीडीपी में लगभग 40% योगदान देते हैं।
10. फीफा ने अखिल नेपाल फुटबॉल संघ को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया

फीफा ने अखिल नेपाल फुटबॉल संघ (एएनएफए) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निलंबन फीफा के नियमों के उल्लंघन और उसके संचालन में तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से संबंधित मामलों में लगाया गया है। 24 जून से प्रभावी इस निलंबन का अर्थ है कि नेपाल की राष्ट्रीय टीमें और क्लब अगले आदेश तक फीफा और एएफसी की सभी प्रतियोगिताओं में भाग नहीं ले सकेंगे। एएनएफए, उसके अधिकारी और सदस्य निकाय फीफा और एएफसी से मिलने वाली धनराशि, विकास कार्यक्रमों और प्रशिक्षण अवसरों से भी वंचित रहेंगे। फीफा ने कहा कि निलंबन तब तक लागू रहेगा जब तक मामले सुलझ नहीं जाते और यदि शर्तें पूरी होती हैं तो अगली फीफा कांग्रेस से पहले इसे हटाया जा सकता है।
11. सीएबी ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को विजन 2028 का प्रमुख और तेज गेंदबाजी का कोच नियुक्त किया

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज अशोक डिंडा को विजन 2028 का प्रमुख और तेज गेंदबाजी का कोच नियुक्त किया है। सीएबी ने अगले महीने से शुरू होने वाले विजन 2028 कार्यक्रम के तहत उत्पल चटर्जी को स्पिन गेंदबाजी का कोच नियुक्त किया है। डिंडा और चटर्जी दोनों ही भारत के लिए खेल चुके हैं। विजन 2028 पश्चिम बंगाल क्रिकेट के लिए राज्य के खिलाड़ियों के प्रोत्साहन और विकास के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है। अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर बंगाल जैसी विभिन्न पुरुष और महिला टीमों के मुख्य कोचों के साथ-साथ सहायक कोच भी इस विजन में शामिल होंगे।
12. उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन सीमा व्यापार 6 वर्ष बाद फिर होगा शुरू

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में स्थित लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन सीमा व्यापार छह वर्ष बाद फिर शुरू होने जा रहा है। 26 भारतीय व्यापारियों का पहला दल तिब्बत क्षेत्र में प्रवेश करेगा। इस दल में 17 व्यापारी और 9 सहायक शामिल हैं। भारत-चीन सीमा व्यापार वर्ष 1991 में पुनः शुरू हुआ था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण वर्ष 2020 में इसे स्थगित कर दिया गया था। छह वर्ष बाद व्यापार बहाल होने से सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
13. अंतर्राष्ट्रीय नाविक दिवस 2026

दुनिया की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले समुद्री परिवहन क्षेत्र में कार्यरत लाखों नाविकों के सम्मान में हर वर्ष 25 जून को अंतर्राष्ट्रीय नाविक दिवस (International Day of the Seafarer) मनाया जाता है। यह दिवस उन समुद्री कर्मियों के योगदान को रेखांकित करता है, जो महासागरों और समुद्री मार्गों के जरिए वैश्विक व्यापार को निर्बाध बनाए रखते हैं। दुनिया में उपयोग होने वाले अधिकांश सामान, ईंधन, खाद्यान्न और औद्योगिक उत्पाद समुद्री जहाजों के माध्यम से एक देश से दूसरे देश तक पहुंचते हैं। अंतर्राष्ट्रीय नाविक दिवस की शुरुआत वर्ष 2010 में हुई थी। उस वर्ष फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के सदस्य देशों के सम्मेलन में इसे मनाने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन में समुद्री प्रशिक्षण, प्रमाणन और नाविकों की कार्य परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण संशोधनों को अपनाया गया था, जिन्हें “मनीला संशोधन” के नाम से जाना जाता है। इसी अवसर पर यह तय किया गया कि हर वर्ष 25 जून को दुनिया भर के नाविकों के योगदान को सम्मान देने के लिए एक विशेष दिवस मनाया जाएगा।
14. संविधान हत्या दिवस

भारत सरकार द्वारा 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में घोषित किया गया है। यह दिवस 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल की याद दिलाता है, जब देश में संवैधानिक अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्य गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे। यह दिन उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने का अवसर भी है, जिन्होंने आपातकाल के दौरान दमन, उत्पीड़न और कठिन परिस्थितियों का सामना किया।
15. अंतरराष्ट्रीय नशारोधी दिवस

हर साल 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस मनाया जाता है। इसे सबसे पहली बार 1987 में मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नशा और इससे होने वाले कुप्रभाव के प्रति जागरूक करना है। संयुक्त राष्ट्र ने 1987 में एक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें समाज को नशा मुक्त करने की बात थी। इसे सभी देशों की सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इसके बाद 26 जून, 1987 को पहली बार अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस मनाया गया और फिर हर साल 26 जून को मनाया जाने लगा।
16. देश में 14वां पासपोर्ट सेवा दिवस मनाया गया

24 जून को देश में 14वां पासपोर्ट सेवा दिवस मनाया गया। यह दिवस पासपोर्ट अधिनियम, 1967 के 24 जून 1967 को लागू होने के चलते हर साल मनाया जाता है। इस साल की थीम- पासपोर्ट टू ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी, एंड ट्रांसफॉर्मेशन थी। इस मौके पर सरकार ने ई-पासपोर्ट तकनीक को जल्द लागू करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। विदेश मंत्रालय ने विजन ‘सुरक्षित पासपोर्ट, सुगम सेवा, सशक्त नागरिक’ के तहत नागरिकों के लिए सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने पर जोर दिया। विदेश मंत्रालय ने ‘पासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप’ के माध्यम से भी सेवाओं का विस्तार किया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
