11–14 minutes
1. हिंद महासागर में नौवहन की सुरक्षा पर भारत का फोकस, सेशेल्स को सौंपा ‘हाईस्पीड पेट्रोल वेसल’

हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा और सहयोग को मजबूत करते हुए भारत ने सेशेल्स को एक ‘मेड इन इंडिया’ फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) ‘पीएस लेस्पवार’ सौंपा। सेशेल्स कोस्ट गार्ड बेस पर कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी को ‘फास्ट पेट्रोल वेसल’ सौंपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सेशेल्स की यात्रा के दौरान सहयोग की दृष्टि से भारत की ओर से यह पोत सेशेल्स कोस्ट गार्ड को दिया। यह हाईस्पीड पोत समुद्री निगरानी, तस्करी और समुद्री डकैती रोकने में अहम भूमिका निभाएगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “एक खास पहल के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेड इन इंडिया’ फास्ट पेट्रोल वेसल (एफपीवी) ‘पीएस लेस्पवार’ राष्ट्रपति डॉ पैट्रिक हर्मिनी को सौंपा। यह एफपीवी सेशेल्स की समुद्री निगरानी और ईईजेड पेट्रोलिंग क्षमताओं को मजबूत करने में मदद करेगा।” प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स को छह एंबुलेंस, दस यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल बोट्स भी सौंपे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की राजकीय यात्रा की शुरुआत में राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ विक्टोरिया स्थित ‘सेशेल्स नेशनल बोटैनिकल गार्डन’ का दौरा किया। बोटैनिकल गार्डन में प्रधानमंत्री मोदी ने बड़े उत्साह से विशाल कछुओं को खाना खिलाया। इनमें 194 साल के जोनाथन भी शामिल था, जिसे दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित स्थलीय जानवर माना जाता है।
2. प्रधानमंत्री ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनावों में जीत पर एबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला को बधाई दी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कोलंबियाई राष्ट्रपति चुनाव में अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला की जीत पर उन्हें बधाई दी। अपने समर्थकों के बीच “द टाइगर” के नाम से मशहूर मिस्टर डे ला एस्प्रिएला ने खुद को एक ऐसे नेता के तौर पर पेश किया जो मौजूदा व्यवस्था के खिलाफ है और कोलंबिया की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने और गैर-कानूनी हथियारबंद समूहों व ड्रग तस्करी से परेशान देश में व्यवस्था बहाल करने में सक्षम है।
3. अमित शाह ने नेशनल एंटी-नारकोटिक्स रोडमैप लॉन्च किया

26 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय एंटी-नारकोटिक्स रोडमैप लॉन्च किया। शाह ने नई दिल्ली में नारको-कोऑर्डिनेशन सेंटर की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए ‘विजन डॉक्यूमेंट 2026-2029‘ जारी किया। विजन डॉक्यूमेंट के तहत केंद्रीय और राज्य एजेंसियों द्वारा जब्त 2,09,500 किलो नशीले पदार्थों को नष्ट किया जाएगा, जिसकी कीमत लगभग 6,000 करोड़ रुपए है। विजन डॉक्यूमेंट (2026–2029) जारी किया गया, जिसमें अगले तीन वर्षों के लिए राष्ट्रीय एंटी-नारकोटिक्स रणनीति तय की गई। रोडमैप की 3 प्रमुख बातें- नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी कार्रवाई, नशा-मुक्ति एवं पुनर्वास और जन-जागरूकता एवं रोकथाम है। रोडमैप का उद्देश्य भारत को 2047 तक नशा-मुक्त बनाना है। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया है। सरकार ड्रग्स से होने वाली अवैध कमाई पर लगाम लगाने के लिए वित्तीय जांच को भी तेज करेगी। NCORD बैठक में अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों और मंत्रालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
4. बांग्लादेश इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) का 27वां सदस्य बना

24 जून 2026 को बांग्लादेश इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) का 27वां सदस्य देश बन गया। नई दिल्ली मुख्यालय वाला यह संगठन अप्रैल 2023 में शुरू किया गया था और विश्वभर में बड़ी बिल्ली प्रजातियों (Big Cats) के संरक्षण के लिए कार्य करता है। बांग्लादेश के मंत्रिमंडल ने 22 मई 2026 को इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) में शामिल होने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह प्रस्ताव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा प्रस्तुत किया गया था। इससे पहले 8 और 9 अप्रैल 2026 को बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त प्रणय वर्मा ने बांग्लादेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री अब्दुल अव्वल मिंटू के साथ इस विषय पर चर्चा की थी। इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस (IBCA) की शुरुआत अप्रैल 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोजेक्ट टाइगर की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर की थी। 23 जनवरी 2025 को इसे संधि-आधारित अंतर-सरकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन तथा एक कानूनी इकाई का दर्जा प्राप्त हुआ। इसका मुख्यालय नई दिल्ली, भारत में स्थित है। यह संगठन विश्वभर में सात बड़ी बिल्ली प्रजातियों के संरक्षण एवं सुरक्षा के लिए कार्य करता है जिनमें बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा शामिल हैं।
5. उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने ‘संस्कृति रत्न भंडार: भौवैयार इतिब्रिटो’ पुस्तक का विमोचन किया

भारत के उपराष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में संसद सदस्य (लोकसभा) डॉ. जयंत कुमार रॉय और सुश्री संगीता रॉय द्वारा लिखित पुस्तक “संस्कृति रत्न भंडार: भौवैयार इतिब्रिटो” (भवाइया: ए कल्चरल ट्रेजर एंड इट्स हिस्टोरिकल जर्नी) का विमोचन किया। यह पुस्तक उत्तर बंगाल, असम और आसपास के क्षेत्रों की पारंपरिक भवाइया लोक संगीत परंपरा के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विकास पर आधारित है। भवाइया उत्तरी बंगाल, असम और आसपास के क्षेत्रों की एक पारंपरिक लोक संगीत शैली है। यह संगीत परंपरा इस क्षेत्र के सामाजिक, सांस्कृतिक और कृषि परिदृश्य में गहराई से समाई हुई है और इसकी सामूहिक विरासत की एक महत्वपूर्ण अभिव्यक्ति बनी हुई है।
6. वरिष्ठ IPS अधिकारी महेश दीक्षित इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक होंगे

25 जून को केंद्र सरकार ने IPS अधिकारी महेश दीक्षित को इंटेलिजेंस ब्यूरो का निदेशक तय किया। महेश 30 जून को कार्यकाल पूरा कर रहे तपन कुमार डेका की जगह लेंगे। महेश दीक्षित 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं। वे पेशे से डॉक्टर रहे, बाद में IPS सेवा में शामिल हुए। केंद्र सरकार ने महेश को दो साल के लिए IB डायरेक्टर नियुक्त किया है। महेश अनुच्छेद 370 हटाए जाने के समय IB की श्रीनगर यूनिट के प्रमुख थे। इंटेलिजेंस ब्यूरो भारत की आंतरिक खुफिया एजेंसी है, जो गृह मंत्रालय के अधीन काम करती है। IB के प्रमुख के रूप में महेश दीक्षित पर आतंकवाद विरोधी अभियानों और आंतरिक सुरक्षा का जिम्मा होगा। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनके नाम पर मुहर लगाई है।
7. जगत प्रकाश नड्डा करेंगे ई-सुश्रुत@क्लीनिक का शुभारंभ

देश में छोटे क्लीनिकों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के डिजिटलीकरण को नई गति मिलने जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा 29 जून को ‘ई-सुश्रुत@क्लीनिक’ का शुभारंभ करेंगे। यह सी-डैक द्वारा विकसित एक हल्का, किफायती और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) सक्षम हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम है, जिसे विशेष रूप से छोटे आउट पेशेंट क्लीनिकों के लिए तैयार किया गया है। देश के अनेक छोटे क्लीनिक अब भी मरीजों के पंजीकरण, बिलिंग और रिकॉर्ड प्रबंधन जैसे कार्य मैनुअल तरीके से करते हैं। बड़े हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम उनके लिए महंगे और जटिल साबित होते हैं। इसी चुनौती को देखते हुए सी-डैक ने ‘ई-सुश्रुत@क्लीनिक’ विकसित किया है, जो सरल, क्लाउड आधारित और कम लागत वाला डिजिटल समाधान उपलब्ध कराएगा। इसे सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों, उप-केंद्रों और निजी क्लीनिकों में उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रणाली मरीजों के पंजीकरण, बिलिंग, एमआईएस रिपोर्टिंग, स्पीच-टू-टेक्स्ट, क्लीनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम, एबीएचए खोज, स्कैन एंड शेयर जैसी एबीडीएम सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगी। डॉक्टरों की प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री (एचपीआर) आधारित ऑनबोर्डिंग अनिवार्य होगी।
8. रीवा सुंदरजा आम की पहली व्यावसायिक खेप यूएई भेजी गई

मध्य प्रदेश का प्रसिद्ध जीआई टैग प्राप्त रीवा सुंदरजा आम पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंच गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण ने इसकी पहली व्यावसायिक खेप संयुक्त अरब अमीरात भेजी है। 26 जून को एक मीट्रिक टन आम की पहली खेप निर्यात की गई। इसके लिए रीवा के किसानों को 150 रुपये प्रति किलोग्राम का मूल्य मिला, जो स्थानीय बाजार भाव से अधिक है।
9. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हैदराबाद में ‘डॉनल्ड ट्रंप एवेन्यू’ के नामकरण पर भारत का आभार जताया

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने तेलंगाना के हैदराबाद में अपने नाम पर सड़क का नामकरण करने के लिए भारत का आभार व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में डॉनल्ड ट्रंप एवेन्यू के नामकरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वे अमरीका के पहले ऐसे राष्ट्रपति बन गए हैं जिनके सम्मान में भारत में सडक का नाम रखा गया है। इससे पहले, बुधवार को तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लु ने हैदराबाद में अमरीकी वाणिज्य दूतावास के निकट सड़क का नाम बदलकर आधिकारिक तौर पर डॉनल्ड ट्रंप एवेन्यू करने वाली पट्टिका का अनावरण किया। यह सड़क अमरीका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नामित की गई है।
10. आईसीजीएस अक्षय को भारतीय तटरक्षक बेड़े में शामिल किया गया

भारतीय तटरक्षक बल ने 27 जून, 2026 को गोवा स्थित गोवा शिपयार्ड लिमिटेड में नई पीढ़ी के त्वरित गश्ती जहाज (एफपीवी) आईसीजीएस अक्षय को अपने बेड़े में शामिल कर आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा डिजाइन एवं निर्मित आईसीजीएस अक्षय स्वदेशी जहाज निर्माण क्षमता का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण है। इस पोत को वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में अपर सचिव (कार्मिक) श्रीमती परमा सेन ने भारतीय तटरक्षक बल में कमीशन किया।
11. सरकार ने कमर्शियल LPG की आपूर्ति पर लगी पाबंदियां हटाईं

25 जून को केंद्र सरकार ने कमर्शियल और इंडस्ट्रियल LPG की आपूर्ति पर लगी पाबंदियां हटा दी हैं। अब होटल, रेस्तरां, उद्योग और अन्य व्यावसायिक खरीदारों को पहले की तरह LPG उपलब्ध कराई जाएगी। पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म होने के बाद ये फैसला लिया गया है। संकट के दौरान बंद की गई बल्क LPG आपूर्ति भी फिर शुरू की गई है। फिलहाल इसे संकट-पूर्व खपत के 50% तक बहाल किया गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने तेल कंपनियों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। युद्ध के दौरान ग्लोबल क्रूड ऑयल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, जो अब 73.75 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। सरकार ने घरेलू LPG की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखते हुए C3-C4 हाइड्रोकार्बन स्ट्रीम का कुछ हिस्सा फिर से पेट्रोकेमिकल उद्योगों के लिए उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया है। साथ ही घरेलू LPG उत्पादन को कम से कम 40 हजार मीट्रिक टन प्रतिदिन बनाए रखने का लक्ष्य रखा है।
12. राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव और सदस्य का इस्तीफा

26 जून को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया। दोनों के इस्तीफे ऐसे समय आए हैं जब राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े आरोपों की जांच चल रही है। दोनों ने जारी विवाद के चलते नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पदों को छोड़ दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में दर्ज पहली FIR के आधार पर 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन की शिकायत पर श्री राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ था।
13. तमिल फिल्म निर्देशक के. भाग्यराज का 73 वर्ष की आयु में निधन

प्रसिद्ध तमिल अभिनेता, निर्देशक और पटकथा लेखक के. भाग्यराज का चेन्नई में हृदयाघात से निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे। भाग्यराज तमिल सिनेमा में अपनी प्रभावशाली पटकथाओं और संवाद लेखन के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 25 से अधिक फिल्मों का निर्देशन किया और लगभग 75 फिल्मों में अभिनय किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में मौना गीतंगल, अंधा 7 नाटकल और मुंधानई मुदिचू शामिल हैं। उन्होंने हिंदी फिल्म आखिरी रास्ता का भी निर्देशन किया था।
14. ISSF जूनियर विश्व चैंपियनशिप में भारत टॉप पर रहा

26 जून को समाप्त हुई ISSF जूनियर वर्ल्ड शूटिंग चैंपियनशिप में भारत मेडल टेबल पर टॉप पर रहा। यह प्रतियोगिता जर्मनी में आयोजित हुई। भारत ने 7 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीते। भारत 24 मेडल के साथ टॉप पर रहा। भारत की ओर से सेजल काम्बले ने 2, जबकी समीर, रोहत कन्यान, वंशिका चौधरी, नव्या बिश्नोई और प्रीतम केंद्रे ने एक – एक गोल्ड मेडल जीता। ISSF यानी इंटरनेशनल शूटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन निशानेबाजी खेलों की वैश्विक नियामक संस्था है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
