12–15 minutes
1. ओडिशा का प्रसिद्ध व्यापार मेला बाली जात्रा कटक में शुरू
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 24 नवंबर 2026 को कटक, ओडिशा में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं। ओडिशा की गौरवशाली प्राचीन समुद्री विरासत का स्मरण कराने वाला एशिया का सबसे बड़ा वार्षिक व्यापार मेला बाली जात्रा कटक में प्रारंभ हुआ। उत्सव के इतिहास में पहली बार, भारत की राष्ट्रपति उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुईं। इस वर्ष, यह उत्सव कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर 1 दिसंबर तक चलेगा। ओडिशा और अन्य राज्यों के सांस्कृतिक दल शाम को मेले के मैदान में ओडिसी, छऊ, बिहू, महारी, गोतिपुआ, संबलपुरी, संताली लोक नृत्य और अन्य नृत्य प्रस्तुत करेंगे। कटक में चल रहे कार्यक्रमों के साथ-साथ, राज्य सरकार साझा प्राचीन समुद्री विरासत का जश्न मनाने के लिए इंडोनेशिया के बाली में ओडिशा परब का आयोजन भी कर रही है।
2. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 14 वर्षीय लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के एक करोड़ से अधिक टीके लगाने पर भारत को बधाई दी
विश्व स्वास्थ्य संगठन-डब्ल्यूएचओ ने 14 वर्ष की आयु की लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन के एक करोड़ से अधिक टीका लगाने के लिए भारत को बधाई दी है। फरवरी 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से शुरू किया गया ‘राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान‘, 14 वर्ष की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मुफ्त, सुरक्षित और स्वैच्छिक सिंगल-डोज़ (एक खुराक वाला) एचपीवी टीकाकरण प्रदान करता है। इसके लिए माता-पिता की सहमति आवश्यक है। नौ महीने से भी कम समय में, 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। इस तरह, लगभग 1.2 करोड़ बालिकाओं के वार्षिक लक्ष्य का लगभग 87 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया गया है। छह राज्यों, गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार ने अपनी लक्षित आबादी का 100 प्रतिशत कवरेज हासिल कर लिया है। बारह राज्यों ने 80 प्रतिशत से अधिक कवरेज प्राप्त कर लिया है। असम में 95.63 प्रतिशत, तेलंगाना में 95.28 प्रतिशत, कर्नाटक में 93.16 प्रतिशत, उत्तराखंड में 90.17 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 86.21 प्रतिशत और राजस्थान में 85.23 प्रतिशत कवरेज प्राप्त किया गया है। केरल में 77.02 प्रतिशत, तमिलनाडु में 76.12 प्रतिशत और उडीसा में 74.90 प्रतिशत कवरेज रहा है। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमण और दीव में 72.99 प्रतिशत कवरेज प्राप्त कर लिया गया है।
3. यूरोपीय संघ और आईओआरए ने नई दिल्ली में समुद्री सुरक्षा पर पहली उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित की
यूरोपीय संघ और हिंद महासागर रिम संघ-आई.ओ.आर.ए ने नई दिल्ली में समुद्री सुरक्षा पर पहली उच्चस्तरीय गोलमेज बैठक आयोजित की। इसमें हिंद महासागर क्षेत्र के विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने समुद्री गतिविधियों के विषय में चर्चा हुई। चर्चा में समुद्री निगरानी मजबूत करने, समुद्री डकैती और तस्करी से निपटने तथा महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए सहयोग बढ़ाने के उपायों जैसे विषय शामिल थे। यह बैठक यूरोपीय संघ और भारत में यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के समन्वय से हुई। बैठक में भारत में यूरोपीय संघ के राजदूत जीन-एरिक पैके ने कहा कि यूरोपीय संघ हिंद महासागर में समुद्री अपराधों से निपटने के लिए क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर काम करेगा। बैठक में भारत, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, केन्या, मॉरीशस, मोजाम्बिक, सेशेल्स और सऊदी अरब शामिल थे।
4. वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरण कुमार लिम्बाले सौवें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष निर्वाचित
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शरण कुमार लिम्बाले को सौवें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। यह सम्मेलन पुणे में अगले वर्ष 27 जनवरी से होगा। श्री लिम्बाले ने उपन्यास, लघुकथा, कविता और आलोचना के क्षेत्र में बहुत काम किया है। टुअर्ड्स एन एस्थेटिक ऑफ दलित लिटरेचर और आत्मकथा आक्करमाशी उनकी बहुचर्चित रचनाएं हैं।
5. माइक्रो-मिसाइल सिस्टम ‘ज्वाला MK-1’ की सफल टेस्टिंग
23 नवंबर को देश की पहली ऑटोनॉमस माइक्रो-मिसाइल सिस्टम ‘ज्वाला MK-1‘ (JWALA MK-1) की सफल टेस्टिंग हुई। ये टेस्टिंग राजस्थान के पोखरण (Pokhran) स्थित सेना के फील्ड फायरिंग रेंज से की गई। ये मिसाइल पूरी तरह से ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजी पर काम करती है, जो बिना किसी ह्यूमन हेल्प के दुश्मन के लक्ष्यों को सटीक रूप से नष्ट करने में सक्षम है। इसकी ऑपरेशनल रेंज 2 से 5 किलोमीटर तक है और यह 50 मीटर से 5,000 मीटर की ऊंचाई तक के लक्ष्यों को निशाना बना सकता है। यह कंपनी के AI-आधारित GRID सिस्टम से ऑपरेट होता है, जो टारगेट की पहचान, क्लासिफिकेशन और ट्रैकिंग में मदद करता है। इसमें डुअल-पल्स सॉलिड रॉकेट मोटर, उन्नत फिन कंट्रोल, प्रॉक्सिमिटी फ्यूज के साथ 0.5 से 1.5 किलोग्राम का प्री-फ्रैगमेंटेड हाई एक्सप्लोसिव (HE) वॉरहेड और मैक्सिमम रेंज पर 2 मीटर से कम का CEP शामिल है।
6. लोवी एशिया पावर इंडेक्स में भारत तीसरे नंबर पर
23 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 में भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, भारत एशिया में सबसे ज्यादा प्रभाव रखने वाले देशों में तीसरे नंबर पर है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 में भारत का रीजनल प्रभाव बढ़ा है। इसमें कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार का योगदान रहा। लिस्ट में अमेरिका पहले और चीन दूसरे नंबर पर है। हालांकि भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक हुआ। लोवी इंस्टीट्यूट ने भारत की आर्थिक क्षमता में गिरावट की वजह कमजोर रुपए और अर्थव्यवस्थाओं को मापने की इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड की बदली पद्धति को बताया। रिपोर्ट में कहा गया कि 2026 में भारत की अर्थव्यवस्था और कूटनीति के नतीजे मिले-जुले रहे, लेकिन एशिया में उसका प्रभाव बढ़ा।
7. रेलवे 2027 में बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू करेगा
23 नवंबर को रेलवे ने मई 2027 तक सूरत-बिलिमोरा के 50 किलोमीटर के हिस्से पर बुलेट ट्रेन का ट्रायल रन शुरू करने की जानकारी दी। रेल मंत्रालय के मुताबिक इसमें स्वदेशी ट्रेनसेट का इस्तेमाल होगा और यह 280 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। साथ ही बताया गया कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन रूट का पहला हिस्सा, यानी सूरत से वापी तक का रूट, 2027 के आखिर तक चालू हो जाएगा। इस सेक्शन के ओवरहेड बिजली सिस्टम को 20 नवंबर 2026 को चालू किया जा चुका है। मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। अहमदाबाद-वापी सेक्शन को 2027 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बुलेट ट्रेन सेवाओं को 2029 तक ठाणे तक विस्तार देने की योजना है। शुरुआती ट्रायल बी-28 स्वदेशी ट्रेनसेट के साथ किए जाएंगे, जिसे 280 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से चलने के लिए डिजाइन किया गया है।
8. भारत में अत्यधिक गरीबी दर घटकर 2.6 प्रतिशत हुई: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में अत्यधिक गरीबी की दर 2011 के 27.1 प्रतिशत से घटकर 2023 में 2.6 प्रतिशत रह गई। इस दौरान देश में अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट ‘इंडिया पॉवर्टी एंड इक्विटी ब्रीफ‘ का हवाला देते हुए श्री चौहान ने कहा कि सरकार का अगला लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जो लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुके हैं, वे फिर से गरीबी के नीचे न जाए, साथ ही उन लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना है जो अभी भी गरीबी रेखा के नीचे हैं। डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित कार्यशाला में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, भूमि संसाधन विभाग और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
9. फिक्की 2026: प्रसार भारती के स्क्रिप्ट पिचिंग लैब, ‘पेज से पिच तक’ के उद्घाटन संस्करण में अविषेश झा ने जीता स्वर्ण
57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 के अंतर्गत गोवा स्थित कला अकादमी के ब्लैक बॉक्स में आयोजित प्रसार भारती के स्क्रिप्ट पिचिंग लैब, ‘पेज से पिच तक’ के उद्घाटन संस्करण में अविषेश झा ने स्वर्ण के साथ प्रथम पुरस्कार जीता है। सत्यव्यास ने रजत पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि जितेश ठाकुर ने कांस्य पुरस्कार जीता। स्वर्ण पुरस्कार में 5 लाख रुपये, रजत पुरस्कार में 3 लाख रुपये और कांस्य पुरस्कार में 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार शामिल है। इसके अलावा 50 हजार रुपये के तीन विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस पहल के लिए लगभग एक हजार सोलह आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 30 फाइनलिस्टों को तीन दिनों तक एक प्रतिष्ठित ज्यूरी के समक्ष अपनी पटकथा प्रस्तुत करने के लिए चुना गया। ‘पेज से पिच तक’ के माध्यम से, प्रसार भारती का उद्देश्य मौलिक कहानी को बढ़ावा देना और विविध भारतीय कहानियों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाना है।
10. इफ्फी 2026: ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ का छठा संस्करण संपन्न; फिल्म ‘वन लास्ट स्टॉप’ ने बेस्ट फिल्म का पुरस्कार जीता
गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमारो-सीएमओटी का छठा संस्करण भव्य तरीके से संपन्न हो गया। सूचना और प्रसारण मंत्रालय की इस प्रमुख पहल के अंतर्गत इस वर्ष 100 उभरते फिल्म निर्माताओं को एक साथ लाकर 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती आयोजित की गई। यह चुनौती जड़ें और पंख: अपनी जड़ों का सम्मान, अपने भविष्य को अपनाना—विषय पर आधारित थी। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात ने समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल युवा प्रतिभाओं और फिल्म उद्योग के बीच सेतु का काम करती है। उन्होंने 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती पूरी करने के लिए प्रतिभागियों को बधाई देते हुए इस बात पर बल दिया कि एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी का उभरता हुआ क्षेत्र युवा रचनात्मक पेशेवरों के लिए महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है।
11. शिकागो के महापौर ने दिवाली के सम्मान में जारी किया घोषणा पत्र
शिकागो के महापौर ब्रैंडन जॉनसन और कुक काउंटी ने दिवाली 2026 के सम्मान में एक घोषणा और एक संबंधित प्रस्ताव जारी किया है। इसमें इस पर्व के महत्त्व और दक्षिण एशियाई समुदाय के योगदान का उल्लेख किया गया है। घोषणा में लोगों से दिवाली की परंपराओं में शामिल होने का आह्वान किया गया है। साथ ही, व्यापार, सार्वजनिक जीवन, कला और धार्मिक समुदायों में दक्षिण एशियाई लोगों के नेतृत्व और योगदान को सराहा गया है। कुक काउंटी के इस प्रस्ताव को प्रथम जिले की आयुक्त तारा एस. स्टैम्प्स ने प्रायोजित किया। इसे 19 नवंबर को अपनाया गया। इसमें इस पर्व के सम्मान में उनके कार्यालय और शिकागो महापौर कार्यालय के बीच सहयोग का उल्लेख किया गया है। घोषणा में इस पर्व से जुड़ी विभिन्न परंपराओं का भी उल्लेख है। इसमें हिंदू और जैन समुदायों के लिए दिवाली के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्त्व को उल्लेख किया गया है। साथ ही, सिख समुदाय के बंदी छोड़ दिवस के आयोजन का भी उल्लेख किया गया है, जो स्वतंत्रता और मुक्ति का प्रतीक है।
12. वैभव सूर्यवंशी का ऐतिहासिक धमाका, 52 गेंदों में जड़ा दोहरा शतक
15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के तूफानी दोहरे शतक की बदौलत भारत-ए ने मंगलवार को यूएई को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक, सबसे तेज 150 रन और सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यूएई के खिलाफ महज 28 गेंदों में शतक पूरा करके वैभव सूर्यवंशी लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। मंगलवार को यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने 53 गेंदों में 204 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 28 छक्के लगाए। वैभव ने दक्षिण अफ्रीका के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में तस्मानिया के खिलाफ 29 गेंदों में शतक पूरा किया था। इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक जड़ा था। वैभव ने महज 40 गेंदों में 150 रन का आंकड़ा छूकर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस दौरान उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले उन्होंने 2025 में बिहार की ओर से खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 59 गेंदों में 150 रन पूरे किए थे। वैभव ने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा करके लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 200 रन बनाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के चैड बोवेस के नाम था। उन्होंने 2024 में कैंटरबरी की ओर से खेलते हुए ओटागो के खिलाफ 103 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था। वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने डार्सी शॉर्ट के 23 और बेवन जैकब्स के 21 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वैभव पेशेवर क्रिकेट में भी एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस सूची में तन्मय अग्रवाल 26 छक्कों के साथ दूसरे, जबकि कॉलिन मुनरो और डार्सी शॉर्ट 23-23 छक्कों के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
13. प्रो रेसलिंग लीग के छठे सीजन का दिल्ली में होगा आयोजन
प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के छठे सीजन का आयोजन 3 से 19 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली के केडी जाधव रेसलिंग एरिना में होगा। इस सीजन में छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। वहीं, खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में 86 शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं। लीग के छठे सीजन में मुंबई दंगल, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स की टीमें हिस्सा लेंगी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/10-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
