12–14 minutes
1. पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 अक्टूबर से भारत दौरे पर

पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान दोनों देश अपनी रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे और व्यापार, निवेश, रक्षा तथा उभरती प्रौद्योगिकियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री टस्क 22 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस दौरान दोनों नेता भारत-पोलैंड संबंधों के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा करने के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी की पोलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।
2. डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने ली उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ

डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने देहरादून के लोक भवन में उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
3. विजयादशमी पर भारत-न्यूज़ीलैंड FTA की नई शुरुआत

भारत और न्यूज़ीलैंड के आर्थिक संबंधों में मंगलवार, 20 अक्टूबर से एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। विजयादशमी के अवसर पर दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू होगा। इसके तहत न्यूज़ीलैंड भारतीय निर्यात की सभी टैरिफ श्रेणियों पर सीमा शुल्क समाप्त करेगा, जिससे भारतीय उत्पादों को उसके बाजार में 100% शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी। समझौते का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापार और निवेश बढ़ाने के साथ रोजगार सृजन, उद्यमिता और आर्थिक विकास को गति देना है। इससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME), किसानों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और युवाओं के लिए नए अवसर खुलने की उम्मीद है। भारत और न्यूज़ीलैंड ने वर्ष 2030 तक वस्तुओं और सेवाओं के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 7 अरब न्यूज़ीलैंड डॉलर, यानी करीब 35 हजार करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
4. भारत पहली बार करेगा अंतरराष्ट्रीय लीगल मेट्रोलॉजी बैठक की मेजबानी

भारत पहली बार 26 से 28 अक्टूबर तक नई दिल्ली में इंटरनेशनल कमेटी ऑफ लीगल मेट्रोलॉजी (सीआईएमएल) की 61वीं बैठक की मेजबानी करेगा। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। उपभोक्ता मामले विभाग और इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ लीगल मेट्रोलॉजी (ओआईएमएल) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस बैठक में दुनिया भर से 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और लीगल मेट्रोलॉजी विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें ओआईएमएल सदस्य देशों, संवाददाता सदस्य देशों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सीआईएमएल सदस्य अंतरराष्ट्रीय सिफारिशों के विकास और संशोधन, ओआईएमएल की तकनीकी गतिविधियों, ओआईएमएल प्रमाणन प्रणाली (ओआईएमएल-सीएस), डिजिटल परिवर्तन, क्षमता निर्माण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार करेंगे।
5. सातवां एग्रीवोल्टाइक्स विश्व सम्मेलन बुधवार से नई दिल्ली में शुरू होगा

खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सातवां एग्रीवोल्टाइक्स विश्व सम्मेलन बुधवार से नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में कृषि और सौर ऊर्जा उत्पादन के संयुक्त मॉडल को बढ़ावा देने पर बल दिया जाएगा। इस मॉडल को व्यावसायिक रूप से लाभकारी और किसान-केंद्रित बनाने पर जोर दिया जाएगा। तीन दिन के इस सम्मेलन में 40 से अधिक देशों के लगभग एक हजार पांच सौ प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें करीब चार सौ किसान भी होंगे। सम्मेलन में कृषि उत्पादन के साथ नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन को जोड़ने के तरीकों पर विचार किया जाएगा, ताकि भारत की खाद्य और ऊर्जा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
6. भारत की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता 300 गीगावाट के पार

भारत ने गैर-जीवाश्म ईंधन से संचालित बिजली उत्पादन की क्षमता 300 गीगावाट का आंकड़ा पार कर लिया है। इसमें 2025-26 के दौरान 55 गीगावाट से अधिक की वृद्धि शामिल है। केंद्र सरकार ने 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है। सरकार ने स्वच्छ ऊर्जा पर निर्भरता के अपने दृष्टिकोण को और सौर तथा पवन ऊर्जा को प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में रेखांकित किया है। सरकार ने नवीकरणीय ऊर्जा के भंडारण के लिए कुछ आंकड़े भी साझा किए। सरकार ने बताया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण – सीईए ने 2031-32 तक लगभग 74 गीगावाट भंडारण क्षमता का अनुमान लगाया है। इसमें पंप स्टोरेज परियोजनाओं – पीएसपी से लगभग 27 गीगावाट और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणालियों – बीईएसएस से 47 गीगावाट से अधिक शामिल है।
7. संगीत नाटक अकादमी ने 106 युवा कलाकारों को उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार प्रदान किए

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने संगीत नाटक अकादमी द्वारा वर्ष 2024 और 2025 के लिए देश भर के 106 युवा कलाकारों को प्रदर्शन कला के क्षेत्र में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार प्रदान किए। राजस्थान के अकरम खान बहरूपिया को लोक नृत्य के लिए, बिहार की मनीषा श्रीवास्तव को लोक संगीत के लिए, जबकि नागालैंड के हितो किहो को गायन के लिए सम्मानित किया गया। सुभाषश्री स्वैन को छऊ नृत्य के लिए और घनश्याम साहू को नाटक लेखन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया।
8. शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च किया एग्री वेलफेयर पोर्टल

किसानों को सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और खेती-किसानी से जुड़ी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नवरात्रि की नवमी पर संशोधित ‘एग्री वेलफेयर पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इस पोर्टल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और कृषि संबंधी प्रमाणिक जानकारियों को सीधे किसानों के मोबाइल फोन तक पहुंचाना है, ताकि उन्हें जानकारी हासिल करने और आवेदन करने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह डिजिटल मंच केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स), कृषि वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप को भी एक साथ जोड़ने में मदद करेगा। इससे कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक ही मंच पर जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराने का रास्ता खुलेगा।
9. नौसैनिक अभ्यास ‘इंद्र 2026’ पूरा हुआ

18 अक्टूबर को भारत और रूस की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय नौसैनिक अभ्यास ‘इंद्र 2026’ पूरा हुआ। इंद्र 2026 में भारतीय नौसेना का युद्धपोत INS सह्याद्रि शामिल हुआ। ये रूस के व्लादिवोस्तोक में व्लादिवोस्तोक के जापान सागर में 13 अक्टूबर को शुरू हुआ था। इस सैन्य अभ्यास में कई तरह की प्रोफेशनल बातचीत और समुद्री गतिविधियां शामिल की गईं। इस सैन्य अभ्यास का उद्देश्य नौसेनाओं के बीच आपसी समझ, को-ऑपरेशनल एक्टिविटी अंतर-संचालनीयता (interoperability) को बढ़ाना है। भारत-रूस संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘इंद्र’ की शुरुआत 2003 में हुई थी।
10. कुल्लू दशहरा: जहां नहीं होता रावण दहन

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 21 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में होने वाले इस सात दिवसीय उत्सव में भगवान रघुनाथ की पारंपरिक रथयात्रा, 250 से अधिक पहाड़ी देवी-देवताओं का समागम, लोकनृत्य और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। यह उत्सव हिमाचल प्रदेश की धार्मिक विरासत, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं को करीब से देखने का अवसर प्रदान करता है। कुल्लू का दशहरा देश के अन्य हिस्सों में मनाए जाने वाले दशहरे से अलग है। जहां अधिकांश स्थानों पर विजयादशमी के दिन दशहरा उत्सव समाप्त हो जाता है, वहीं कुल्लू में इसी दिन से उत्सव की रौनक बढ़ने लगती है। यहां इस पर्व को दशमी भी कहा जाता है और इसकी शुरुआत अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की दशमी से जुड़ी है।
11. HDFC बैंक के डिप्टी मैनेजर कैजाद भरूचापद छोड़ेंगे

18 अक्टूबर को HDFC बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा अपने पद से हट जाएंगे। 31 दिसंबर, 2026 को कैजाद ये पद छोड़ देंगे। वे दो बार बैंक बड़े पदों के दावेदार रह चुके हैं। अक्टूबर 1995 में कैजाद HDFC बैंक से जुड़े और 2014 में वे HDFC बैंक के बोर्ड में शामिल हुए। कैजाद ने एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर कई व्यावसायिक विभागों की जिम्मेदारी संभाली और अप्रैल 2023 में HDFC बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर बने। हाल ही में अनूप बागची को भी HDFC बैंक का MD और CEO अपॉइंट किया गया है। वे इसी महीने के आखिर में शशिधर जगदीशन की जगह लेंगे।
12. एशियाई पैरा खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

जापान एशियाई पैरा खेलों में भारत ने अब तक 11 पदक जीत लिए हैं। इनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। भाला फेंक में रिंकू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि अजीत सिंह ने रजत पदक जीता। लम्बी कूद में निषाद कुमार ने स्वर्ण पदक हासिल किया। सौम्या ने 15 सौ मीटर दौड स्पर्धा में स्वर्ण और राधा वेंकटेश ने रजत पदक अपने नाम किया। रावन्नी वल्सानेनी ने इसी वर्ग के टी-11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने स्वर्ण और अवनी लेखरा ने रजत पदक हासिल किया। जूडो में कोकिला ने 52 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक, जबकि पुरुष 70 किलोग्राम भारवर्ग में कपिल परमार ने कांस्य पदक जीता। तैराकी में रवि कार्तिक बुदिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खिलाडियों को बधाई दी है।
13. IRS अधिकारी एकता विश्नोई ने अमरीका में तीन स्वर्ण पदक जीते

एकता विश्नोई ने अमरीका में वर्ल्ड मास्टर्स क्लासिक और इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीते। उन्होंने 57 किलोग्राम वर्ग में 362.5 किलोग्राम के संयुक्त भार के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने स्क्वाट में 130 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 72.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 160 किलोग्राम भार उठाकर कनाडा और जापान की प्रतियोगियों को पीछे छोड़ दिया। विश्नोई ने तीनों वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी सुश्री विश्नोई ने इससे पहले फिट इंडिया मिशन का नेतृत्व किया है और भारतीय खेल प्राधिकरण की उप महानिदेशक के रूप में भी कार्य किया है।
14. रमेश पवार भारतीय क्रिकेट टीम की वरिष्ठ चयन समिति के सदस्य नियुक्त

पूर्व भारतीय स्पिनर रमेश पवार को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की वरिष्ठ चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। रमेश पवार की नियुक्ति का निर्णय क्रिकेट सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया। समिति के सदस्यों में वरिष्ठता के आधार पर प्रज्ञान ओझा समिति के अध्यक्ष होंगे। वरिष्ठ पुरुष चयन समिति में अब प्रज्ञान ओझा, शिव सुंदर दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और रमेश पवार शामिल हैं।
15. स्पीड स्केटिंग रेस में अनिरुधन विनोद ने गोल्ड जीता

17 अक्टूबर को जूनियर पुरुषों की 1-लैप रोड स्पीड स्केटिंग रेस में भारत के 16 वर्षीय स्केटर अनिरुधन विनोद ने गोल्ड मेडल जीता। अनिरुधन 30.394 सेकंड में ये मेडल जीता है। इसी स्पर्धा में भारत के लोहनाथ अरुणप्रसाद ने 30.419 सेकंड के साथ सिल्वर मेडल जीता। ये गेम्स असुनसियोन, पैराग्वे में चल रहे हैं। ये जूनियर पुरुषों की वन-लैप रोड रेस है। इस चैंपियनशिप में दुनियाभर के 50 से ज्यादा देशों के टॉप स्केटर्स ने हिस्सा लिया। विश्व स्केट गेम्स में स्केटबोर्डिंग, स्पीड स्केटिंग और रोलर हॉकी जैसे व्हील-आधारित खेल शामिल हैं। भारतीय स्केटिंग महासंघ (RSFI) ने भी विनर को सम्मानित करने का ऐलान किया।
16. शीतल देवी और तोमन कुमार ने तोड़ा पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारतीय स्टार तीरंदाज शीतल देवी और तोमन कुमार ने सोमवार को ओकाजाकी के ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीरंदाजी इवेंट में पैरा कंपाउंड मिक्स्ड टीम वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। भारतीय तीरंदाजों ने रैंकिंग राउंड में कुल 1402 पॉइंट्स बनाकर शीतल और राकेश कुमार के 1400 पॉइंट्स के पिछले वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ दिया। शीतल और राकेश दोनों ने पिछला रिकॉर्ड इस साल की शुरुआत में अहमदाबाद में वर्ल्ड पैरा आर्चरी सीरीज में बनाया था। यह कुछ अंतर से एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड भी था। गेम्स में पिछला रिकॉर्ड चीन ने 2023 हांगझोऊ गेम्स में बनाया था, जहां उन्होंने 1382 पॉइंट्स बनाए थे। तोमन ने पुरुषों के कंपाउंड रैंकिंग राउंड में संभावित 720 पॉइंट्स में से 698 पॉइंट्स बनाए, जबकि शीतल ने महिलाओं के रैंकिंग राउंड में 704 पॉइंट्स बनाए। रैंकिंग राउंड के दौरान, शीतल का 704 स्कोर एक नया एशियन रिकॉर्ड और संयुक्त वर्ल्ड रिकॉर्ड भी था, जो उनके शानदार करियर में और इजाफा करता है। यह जोड़ी फाइनल में गोल्ड जीतने के लिए फेवरेट में से एक होगी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
