19 November 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–13 minutes


1. पीएम नरेंद्र मोदी मनीला में चल रही क्वाड देशों की बैठक में शामिल हुए

17 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी मनीला में चल रही क्वाड देशों की बैठक में शामिल हुए। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की पीएम साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। इसका मकसद हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा और सहयोग बढ़ाना है। चारों देशों के नेता इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में मिले थे। उस समय अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बैठक की अध्यक्षता की थी। प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को मनीला पहुंचे। जहां उन्‍होंने 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया।

2. एआई के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने ‘मानव’ को वर्ष 2026 का शब्द घोषित

कैम्ब्रिज डिक्शनरी ने 2026 के लिए ‘ह्यूमन’ को ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ चुना है। डिक्शनरी का तर्क है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण लोगों ने मानवीय रचनात्मकता, जुड़ाव और प्रामाणिकता को नए सिरे से महत्व देना शुरू कर दिया है। कैम्ब्रिज डिक्शनरी के ब्लॉग में कहा गया है कि ‘ह्यूमन’ के अलावा एनालॉग, एजेंट, होलसम और चिक शब्द भी 2026 की सूची में शामिल हैं।

3. टोक्यो में भारत-जापान रक्षा और विदेश मंत्रियों की बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर टोक्यो में भारत-जापान विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसे टू प्लस टू संवाद के नाम से भी जाना जाता है। बैठक में जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी भी शामिल होंगे। इससे पहले, डॉ. जयशंकर ने रायसीना टोक्यो 2026 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-जापान सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। डॉ. जयशंकर ने कल नई दिल्ली में आयोजित नौवें भारत-जापान हिंद-प्रशांत मंच को वीडियो संदेश के माध्यम से भी संबोधित किया।

4. रक्षा मंत्रालय ने नौसेना की बराक रक्षा मिसाइल प्रणाली के उन्नयन के लिए इस्राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ अनुबंध किया

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए बराक प्वाइंट रक्षा मिसाइल प्रणाली के उन्नयन और अप्रचलन प्रबंधन के लिए इस्राइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज के साथ 1,900 करोड़ रुपये से अधिक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि अनुबंध के अंतर्गत मिसाइल प्रणाली के हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर का व्यापक उन्नयन किया जाएगा। इससे भारतीय नौसेना के प्लेटफार्मों की उन्नत विशेषताओं और शक्तिशाली वायु-रोधी रक्षा क्षमता बढ़ेगी।

5. पुणे में आयोजित किया जाएगा भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का 12वां संस्करण

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में इंडिया इंटरनेशनल साइंस फेस्टिवल (आईआईएसएफ) 2026 के 12वें संस्करण के कर्टेन रेजर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ थीम पर आधारित यह चार दिवसीय महोत्सव 19 से 22 दिसंबर तक पुणे के पांच प्रमुख अनुसंधान एवं शैक्षणिक परिसरों में आयोजित होगा। इस अवसर पर मंत्री ने महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट और ब्रोशर का भी अनावरण किया।

6. रेजांग ला का महासंग्राम: मेजर शैतान सिंह और उनके रणबांकुरों की अमर शौर्यगाथा

इतिहास के पन्नों में कुछ युद्ध जीत-हार से परे अपनी अदम्य वीरता और सर्वोच्च बलिदान से अमर हो जाते हैं। 18 नवंबर 1962 को पूर्वी लद्दाख की बर्फीली पहाड़ियों पर समुद्र तल से लगभग 16,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित ‘रेजांग ला’ का युद्ध ऐसी ही स्वर्णिम गाथा है। कड़ाके की ठंड, कम ऑक्सीजन और दुर्गम परिस्थितियों के बीच मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में 13 कुमाऊं रेजिमेंट की ‘चार्ली कंपनी’ के 120 भारतीय जवानों ने दुश्मन की विशाल सैन्य टुकड़ी का मुकाबला किया। सीमित हथियारों और गोला-बारूद के बावजूद इन रणबांकुरों ने पीछे हटने के बजाय आखिरी सांस और आखिरी गोली तक अपनी चौकी की रक्षा की। इस भीषण संघर्ष में 114 वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। रेजांग ला की यह रणभूमि इस बात की जीवंत गवाही है कि जब भारतीय सैनिक राष्ट्र रक्षा का संकल्प लेते हैं, तब दुश्मन की विशाल सैन्य शक्ति भी उनके अदम्य साहस और सैन्य अनुशासन के सामने बौनी पड़ जाती है। यह दुनिया के सैन्य इतिहास में कर्तव्यनिष्ठा की अद्वितीय मिसाल है।

7. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवम्‍बर को भारत की पहली स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन राष्‍ट्र को करेंगे समर्पित

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर, 2026 को भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) में मुर्गियों के लिए निष्क्रिय एच5एन1 (क्लेड 2.3.2.1ए) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे। आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित यह वैक्सीन भारत में एच5एन1 एचपीएआई वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध विकसित अपनी तरह की पहली वैक्सीन है। कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है, मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों में लगभग 100 प्रतिशत तक मृत्यु हो सकती है।

8. एल.आर.एम.आर. अभियानों के 50 वर्ष पूरे होने की स्वर्ण जयंती मना रही है भारतीय नौसेना

भारतीय नौसेना ने बुधवार को लंबी दूरी की समुद्री निगरानी (एलआरएमआर) अभियानों के 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती मनाई। यह उपलब्धि भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन आईएनएएस 312 ‘अल्बाट्रॉस’ की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के साथ जुड़ी है। यह अवसर भारत की समुद्री सुरक्षा के लिए पांच दशकों से जारी हवाई निगरानी और सतर्कता को समर्पित है। वर्ष 1971 के युद्ध के बाद नौसेना को ऐसे समुद्री गश्ती विमानों की जरूरत महसूस हुई, जो जहाजों और हेलीकॉप्टरों के साथ मिलकर काम कर सकें। इसके बाद लंबी दूरी की समुद्री निगरानी की जिम्मेदारी नौसेना ने संभाली। 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई थी। इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों के साथ शुरू किया गया था। वर्ष 1977 में इल्यूशिन आईएल-38 विमानों को शामिल किए जाने से नौसेना की समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता मजबूत हुई। इसके बाद 1988 में आईएनएएस 312 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों को शामिल किया गया, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में नौसेना की निगरानी क्षमता और दूरी तक विस्तारित हुई। वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8आई विमानों को शामिल करना इस दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि रही।

9. 57th IFFI में पहली बार ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ नामक विशेष खंड की शुरुआत

कैमरे के पीछे की दुनिया, कहानियों, कहानीकारों और फिल्म को जीवंत बनाने वाली रचनात्मक यात्राओं को सामने लाते हुए, 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एक ऐसे विशेष खंड की शुरुआत कर रहा है, जहां सिनेमा स्वयं कहानीकार भी है और कहानी भी। महोत्सव के इतिहास में पहली बार शुरू किया जा रहा ‘फिल्म्स अबाउट फिल्म्स’ खंड दर्शकों को फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को करीब से समझने का अवसर प्रदान करेगा। 20 से 28 नवंबर, 2026 तक गोवा में आयोजित होने वाले 57वें इफ्फी में इस खंड के माध्यम से फिल्म निर्माण की बारीकियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा। दरअसल, फिल्म निर्माण की कला और शिल्प को प्रमुखता से सामने लाने के उद्देश्य से प्रख्यात फिल्मकारों के सुझावों पर इस नए खंड को शामिल किया गया है।

10. सैफ चैंपियनशिप: रोमांचक मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया

भारत ने ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए फुटबॉल के रोमांचक फाइनल मैच में पाकिस्तान को 2-1 से हराया। इसके साथ ही 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। भारत ने लगातार तीसरी बार टूर्नामेंट जीतकर इतिहास भी रच दिया। भारत की और से सुहैल अहमद भट ने 60वें मिनट में और संदीप मंडी ने 88वें मिनट में गोल दागे। भारत ने शनिवार को सेमीफाइनल में भूटान को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

11. खेल मंत्रालय ने भारत में सतत खेल लीग पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण के लिए 14 सदस्यीय समिति का गठन किया

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय ने भारत में सतत खेल लीग व्‍यवस्‍था विकसित करने के लिए 14 सदस्यीय समिति का गठन किया है। मंत्रालय ने कहा कि इस पहल का लक्ष्‍य मजबूत लीग ढांचा तैयार करना है, ताकि प्रतिभाओं की पहचान करने और खिलाड़ियों के विकास के लिए नियमित और उच्च गुणवत्ता वाले प्रतिस्पर्धी अवसर मिल सकें। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और खेल प्रबंधन, प्रसारण, तकनीक, इवेंट्स तथा इससे जुड़ी अन्य सेवाओं के क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्‍ध होंगे। मंत्रालय में शासन संबंधी संयुक्त सचिव कुणाल इस समिति के संयोजक होंगे, जबकि अन्य सदस्यों में ‘खेलो इंडिया’ के संयुक्त सचिव विनील कृष्णा और भारतीय ओलिम्पिक संघ के सीईओ रघुराम अय्यर शामिल हैं। यह समिति प्रत्यक्ष, ऑनलाइन या हाइब्रिड तरीके से विचार-विमर्श करेगी और आठ सप्ताह के भीतर मंत्रालय को अंतिम सिफारिशें सौंप देगी।

12. देवेश चतुर्वेदी नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड के चेयरमैन बने

16 नवंबर को रिटायर्ड IAS देवेश चतुर्वेदी ने नेशनल स्पोर्ट्स बोर्ड (NSB) के चेयरमैन बनने की जानकारी मिली। देवेश 1989 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड IAS ऑफिसर हैं। साथ ही कमोडोर (सेवानिवृत्त) पुष्पेंद्र कुमार गर्ग ने बोर्ड के सदस्य के तौर पर कार्यभार संभाला। उत्तर प्रदेश सरकार में प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के पद पर काम किया।

13. युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने

भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वह इस प्रारूप में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। चहल ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके। चहल के इस प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला। युजवेंद्र चहल अब तक 346 टी20 मुकाबलों में 402 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस सूची में भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह 354 विकेट लेकर तीसरे पायदान पर हैं। पीयूष चावला 329 और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेट के साथ शीर्ष पांच भारतीय गेंदबाजों में शामिल हैं।

14. राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस

राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस हर वर्ष 18 नवंबर को मनाया जाता है, जिसकी शुरुआत 2018 में हुई। वर्ष 2026 में इसका नौवां आयोजन हो रहा है। इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ है। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस का ऐतिहासिक संबंध राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से है। वे प्राकृतिक चिकित्सा के प्रबल समर्थक थे और मानते थे कि स्वस्थ रहने के लिए खान पान, रहन-सहन, स्वच्छता और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उनके लिए प्राकृतिक चिकित्सा केवल उपचार नहीं, बल्कि संयमित और आत्मनिर्भर जीवन जीने का माध्यम थी।18 नवंबर 1945 को गांधीजी पुणे में स्थापित ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट के आजीवन अध्यक्ष बने और इसके दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। इस पर डॉ. दीनशॉ मेहता और जहांगीर पटेल ने भी हस्ताक्षर किए थे, जबकि सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. सुशीला नैय्यर गवाह बने थे।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/10-september-2026-current-affairs-guruggkwala/

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top