12–15 minutes
1. प्रधानमंत्री ने मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लिया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति श्री फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला में 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने राष्ट्रपति मार्कोस को ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर, टुगेदर‘ विषय के तहत आसियान की सफल अध्यक्षता और कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में भारत का समर्थन के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 भारत-आसियान संबंधों के लिए एक विशेष वर्ष होगा, जब दोनों पक्ष अपने 35 वर्षों के संबंधों और 5 वर्षों की व्यापक रणनीतिक साझेदारी का जश्न मनाएंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति का धन्यवाद किया और आसियान के आगामी अध्यक्ष के रूप में सिंगापुर के प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। आसियान देशों और भारत ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके अंतर्गत आपदा की पूर्व चेतावनी, आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य, आपदा से निपटने की तैयारी तथा आपदा के बाद पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मनीला में 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों पक्षों ने आपदा प्रबंधन में सहयोग से संबंधित संयुक्त वक्तव्य अपनाया। बाद में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति भारत के दृष्टिकोण को दोहराया और क्षेत्रीय व्यवस्था में आसियान की केंद्रीय भूमिका का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान का भी दौरा किया और इसके पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया।
2. 49वां आसियान शिखर सम्मेलन मनीला में संपन्न हुए
49वां आसियान शिखर सम्मेलन और इससे जुड़े अन्य सम्मेलन मनीला में संपन्न हुए। इस अवसर पर फिलीपींस ने वर्ष 2027 के लिए आसियान की अध्यक्षता औपचारिक रूप से सिंगापुर को सौंप दी। समापन समारोह में फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को आसियान का प्रतीक सौंपा। इसके साथ ही फिलीपींस की वर्ष 2026 की अध्यक्षता समाप्त हो गई। शिखर सम्मेलन में आसियान देशों के नेताओं और भारत सहित संवाद साझेदार देशों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा, आर्थिक सहयोग, संपर्क व्यवस्था तथा क्षेत्र की साझा चुनौतियों पर चर्चा हुई। फिलीपींस ने साथ मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना विषय के अंतर्गत आसियान की अध्यक्षता की। सिंगापुर एक जनवरी 2027 से आसियान की अध्यक्षता संभालेगा। इसके लिए उसने ‘गहरा एकीकरण, व्यापक साझेदारी’ विषय चुना है।
3. भारत और स्वीडन ने निम्न-कार्बन औद्योगिक रूपांतरण को गति देने के लिए जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में लीडआईटी 3.0 का शुभारंभ किया
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने तुर्किये के अंताल्या में आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (कॉप-31) के दौरान उद्योग जगत के नेताओं की गोलमेज बैठक में लीडरशिप ग्रुप फॉर इंडस्ट्री ट्रांजीशन (लीडआईटी) के तीसरे चरण के शुभारंभ की घोषणा की। इस गोलमेज बैठक की सह-अध्यक्षता श्री भूपेंद्र यादव और स्वीडन के जलवायु एवं उद्यम मंत्रालय की राज्य मंत्री श्रीमती हेलेना डायरसन ने की। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि लीडआईटी की सदस्यता बढ़कर 20 देशों और 33 कंपनियों तक पहुंच गई है। उन्होंने नए सदस्य देश के रूप में ब्राज़ील का स्वागत किया और कहा कि इससे विकासशील देशों की आवाज मजबूत होगी तथा दक्षिण-दक्षिण सहयोग के अवसर बढ़ेंगे। 2027–2030 की अवधि को कवर करने वाला लीडआईटी 3.0 साझेदारी स्थापित करने से आगे बढ़कर औद्योगिक परियोजनाओं का विस्तार करने, पूंजी जुटाने और ठोस परिणाम देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसकी तीन प्राथमिकताएं होंगी- प्रौद्योगिकी विकास और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से उसका प्रसार, परियोजनाओं के लिए वित्तपोषण सुनिश्चित करने हेतु पूंजी जुटाना और जोखिम कम करना, तथा क्षमता निर्माण और नीतिगत समर्थन, जिसमें कार्बन बाजार और कार्यबल रुपांतरण शामिल हैं। इस्पात, सीमेंट और परिवहन इसके प्रमुख क्षेत्र बने रहेंगे, जबकि यह मंच नए क्षेत्रों और प्रौद्योगिकियों के लिए भी खुला रहेगा।
4. भारतीय रक्षा बलों ने बहुराष्ट्रीय संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु’ शुरू किया
भारतीय रक्षा बलों ने गुजरात के जामनगर वायुसेना स्टेशन पर बहुराष्ट्रीय संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास ‘सहायता सेतु’ का पहला दिन शुरू किया। यह अभ्यास 17 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय और दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान मुख्यालय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न राष्ट्रीय एजेंसियां और मित्र देशों की सेनाएं भाग ले रही हैं। इसमें ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, कोमोरोस, इंडोनेशिया, जापान, अमरीका, म्यांमार और नेपाल सहित कई देश हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विभिन्न देशों के बीच सहयोग, क्षेत्रीय साझेदारी और सामूहिक तैयारी को मजबूत करना है। इससे आपदा राहत अभियानों के अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान भी होगा।
5. सीओपी31: समुद्र आधारित जलवायु कार्रवाई तेज करने के लिए फ्रांस-ब्राजील ने बनाया कार्यबल
संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन (सीओपी31) में फ्रांस और ब्राजील ने समुद्र आधारित जलवायु कार्रवाई को तेज करने के लिए ‘इम्प्लीमेंटेशन टास्कफोर्स’ की शुरुआत की है। यह कार्यबल 25 देशों के वैश्विक गठबंधन ‘ब्लू एनडीसी चैलेंज’ के तहत काम करेगा और सदस्य देशों को समुद्र की क्षमता का उपयोग करके उत्सर्जन घटाने, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने तथा समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र की रक्षा करने में मदद करेगा। फ्रांस और ब्राजील के सह-नेतृत्व में गठित यह कार्यबल 2025 में आयोजित तीसरे संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन के बाद से चल रहे प्रयासों को आगे बढ़ाएगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों को जमीन पर लागू करने के लिए सरकारों, विशेषज्ञों, विकास बैंकों और संस्थागत निवेशकों को एक मंच पर लाना है।
6. गोवा में सजेगा विश्व सिनेमा का महाकुंभ: 20 नवंबर से शुरू होगा 57वां IFFI, ‘फादरलैंड’ से होगा आगाज और ‘धुरंधर’ बनेगी इंडियन पैनोरमा की ओपनिंग फिल्म
विश्व सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक, 57वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 20 से 28 नवंबर 2026 तक गोवा में आयोजित किया जाएगा। फेस्टिवल की शुरुआत से पहले पिछले सप्ताह इस भव्य आयोजन की रूपरेखा पेश की गई थी। इस वर्ष फेस्टिवल की थीम ‘स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स’ (सीमाओं के पार कहानियां) रखी गई है, जो सिनेमा की भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक दीवारों को तोड़कर लोगों को जोड़ने की शक्ति का जश्न मनाती है। इस बार फेस्टिवल में लगभग 1,400 प्रविष्टियों में से चुनी गई 86 देशों की 150 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। फेस्टिवल का आगाज पोलिश फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ से होगा। अकादमी पुरस्कार विजेता और ‘इडा’ व ‘कोल्ड वॉर’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक पावलिकोव्स्की को 79वें कान फिल्म फेस्टिवल में ‘बेस्ट डायरेक्टर’ के सम्मान से भी नवाजा जा चुका है। दूसरी ओर, समकालीन भारतीय सिनेमा पर केंद्रित ‘इंडियन पैनोरमा’ सेगमेंट में रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म ‘धुरंधर’ ओपनिंग फीचर फिल्म होगी।
7. भारत और जापान की नौसेनाओं ने समुद्री अभ्यास ‘जाइमेक्स 2026’ में लिया हिस्सा
भारतीय नौसेना के स्वदेशी निर्देशित मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्रि और जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) के युद्धपोत जेएस इसे ने भारत-जापान द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘जाइमेक्स 2026’ में हिस्सा लिया। यह अभ्यास 13 और 14 नवंबर को आयोजित किया गया। अभ्यास के दौरान समुद्र में समन्वित गतिविधियां, संचार अभ्यास और दोनों जहाजों के बीच क्रॉस-डेक लैंडिंग जैसी गतिविधियां की गईं। जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स ने कहा कि इस अभ्यास से उसकी सामरिक क्षमताओं और भारतीय नौसेना के साथ सहयोग को मजबूती मिली। इससे पहले 12 नवंबर को आईएनएस सह्याद्रि ने जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे से प्रस्थान किया था। इससे पहले उसने मालाबार 2026 अभ्यास सफलतापूर्वक पूरा किया था। इस बहुपक्षीय अभ्यास में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाओं ने हिस्सा लिया था।
8. IOC को पानीपत रिफाइनरी से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) की व्यावसायिक आपूर्ति के लिए सरकार से मंजूरी मिल गई
देश की दिग्गज ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) को सरकार से पानीपत स्थित अपनी रिफाइनरी से व्यावसायिक बिक्री के लिए सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) की आपूर्ति करने की मंजूरी मिल गई है। IOC के चेयरमैन ए. एस. साहनी ने कहा कि पानीपत की सुविधा से इतना SAF (सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल) बनने की उम्मीद है, जिससे 2027 में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भारत के 1% ब्लेंडिंग लक्ष्य को पूरा किया जा सके। इसका मतलब यह है कि भारत से जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन का 1% हिस्सा SAF होना चाहिए। सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक जेट ईंधन का एक स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है। खास बात है कि SAF को नवीकरणीय स्रोतों और कचरे से तैयार किया जाता है। इस्तेमाल किया हुआ खाने का तेल, पराली या खेत का कचरा, नगर निगम का ठोस कचरा, जानवरों की चर्बी और पौधों के तेल से इसे बनाया जाता है।
9. राजस्थान: विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेले का पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ शुभारंभ
विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला राजस्थान में पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हो गया है। धार्मिक, सांस्कृतिक और पशु मेले के रूप में तीन चरणों में आयोजित यह मेला 24 नवंबर तक चलेगा। सप्ताह भर चलने वाले इस उत्सव के दौरान, पवित्र पुष्कर झील के घाटों पर धार्मिक समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
10. दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा को मंजूरी दी
दिल्ली सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय और उनके परिवारों को शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस फैसले से दिल्ली में पात्र ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस कवरेज में केंद्र सरकार द्वारा 5 लाख रुपये और दिल्ली सरकार द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपये का योगदान शामिल है।
11. 75वां कार्बी आंगलोंग दिवस: 15,000 कलाकारों ने किया निम्सो केरुंग लोक नृत्य, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज
असम के कार्बी आंगलोंग जिले के इतिहास में उस समय एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हो गया, जब 15,000 से ज्यादा डांसर एक साथ आए। उन्होंने 75वें कार्बी आंगलोंग दिवस के अवसर पर दीफू के कासा स्टेडियम में पारंपरिक कार्बी लोक नृत्य निम्सो केरुंग का प्रदर्शन किया और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बनाई। रिकॉर्ड तोड़ने वाले प्रदर्शन में विभिन्न जनजातियों और समुदायों के हजारों लोगों की भागीदारी देखी गई, जिन्होंने क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविधता और एकता की भावना को प्रदर्शित करते हुए एक साथ पारंपरिक नृत्य किया।
12. मानगढ़ नरसंहार: आदिवासी स्वाभिमान और शहादत की अनकही दास्तान
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में जब भी ब्रिटिश क्रूरता की बात होती है, तो सबसे पहले 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड का नाम आता है। लेकिन इतिहास के गर्भ में इससे भी बड़ा और भयावह एक ऐसा नरसंहार दफन है, जो जलियांवाला बाग से छह साल पहले 17 नवंबर 1913 को मानगढ़ की पहाड़ी पर हुआ था। इस एकतरफा सैन्य कार्रवाई में अंग्रेजों की तोपों और मशीनगनों ने डेढ़ हजार से अधिक निर्दोष आदिवासी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को मौत की नींद सुला दिया था। विडंबना देखिए कि इस महात्रासदी को लंबे समय तक इतिहास के हाशिए पर रखा गया। प्रस्तुत आलेख में ‘भारत के पहले जलियांवाला बाग’ कहे जाने वाले मानगढ़ नरसंहार, गोविंद गुरु के ‘भगत आंदोलन’ और आदिवासी अस्मिता के इस ऐतिहासिक संघर्ष की पूरी पड़ताल की जा रही है। मानगढ़ का संघर्ष गोविंद गुरु के नेतृत्व, भगत आंदोलन, आदिवासी जागरूकता और एकता तथा जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की लड़ाई से जुड़ा था। यह घटना स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासियों के योगदान और बलिदान को विशेष स्थान देने की जरूरत बताती है।
13. विकासशील देशों में कृषि सहयोग बढ़ाएगा आईसीएआर-आरआईएस, एमओयू पर हस्ताक्षर
विकासशील देशों के बीच कृषि सहयोग, तकनीकी ज्ञान और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को मजबूत करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस) ने 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। ‘दक्षिण-ग्लोबल साउथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के माध्यम से संचालित होने वाली इस साझेदारी का उद्देश्य कृषि प्रौद्योगिकियों को साझा करना, क्षमता विकास को बढ़ावा देना और विकासशील देशों के बीच आपसी सीख एवं सहयोग के नए अवसर तैयार करना है।
14. CSK के लिए धोनी का नया सफर, 2027 से CSK के मेंटर की संभालेंगे जिम्मेदारी
चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही वह लीग के 2027 सत्र से फ्रेंचाइजी के साथ एक नई भूमिका में नजर आएंगे और टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। 45 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले लिया है। धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए पांच आईपीएल खिताब जिताए और 200 से अधिक मैचों में टीम की कप्तानी की। पूर्व भारतीय कप्तान आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने किसी एक टीम की 212 मैचों में कप्तानी की। उनकी कप्तानी में सीएसके ने 128 मैच जीते। उनके नेतृत्व में चेन्नई ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
