12–14 minutes
1. भारत और नेपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए
22 नवंबर को नेपाल के पीएम बालेन शाह पहली बार भारत के दौरे पर नई दिल्ली पहुंचे। भारत और नेपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, उपग्रह संचार नेटवर्क की स्थापना, क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम, सतत शहरी विकास, शिक्षा और अनुसंधान तथा पशुधन और मत्स्य विकास से जुड़े समझौते शामिल हैं। समझौतों पर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच हुई वार्ता के बाद हस्ताक्षर किए गए। दोनों नेताओं ने भारत में धारचूला और नेपाल में दार्चुला को जोड़ने वाले मोटर वाहन योग्य सड़क पुल का उद्घाटन किया। उन्होंने मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को भी राष्ट्र को समर्पित किया। श्री मोदी और श्री शाह ने बनबसा में एकीकृत जांच चौकी, नेपाल के झापा में ग्रीनफील्ड तेल भंडारण टर्मिनल और नेपाल के कोशी प्रांत में 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला भी रखी। दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को संयुक्त रूप से रवाना किया। भारत और नेपाल ने दक्षिण एशिया उपग्रह (साउथ एशिया सैटेलाइट) के उपयोग के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन (SETCOM) नेटवर्क स्थापित करने संबंधी एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। सैटकॉम नेटवर्क से जुड़ा यह समझौता इसरो यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (आईएसआरओ) और नेपाल सरकार के बीच हुआ है, जिसका उद्देश्य दक्षिण एशिया उपग्रह की संचार क्षमताओं का उपयोग कर दोनों देशों के बीच संपर्क और सूचना आदान-प्रदान को मजबूत बनाना है। भारत ने क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दक्षिण एशिया उपग्रह (जीसैट-9) का प्रक्षेपण किया था। इस परियोजना का पूरा वित्तपोषण भारत ने किया और इसका निर्माण इसरो ने किया। यह उपग्रह डायरेक्ट-टू-होम (डीटीएच) सेवाओं, मौसम संबंधी सूचनाओं, आपदा प्रबंधन और क्षेत्रीय संचार नेटवर्क को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 15,000 करोड़ रुपए (24,000 करोड़ नेपाली रुपए) के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा भी की गई।
2. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने वेलिस्लावा पेत्रोवा के साथ वार्ता की
22 नवंबर को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेत्रोवा-चमोवा के साथ बातचीत की। दोनों प्रमुखों ने भारत-बुल्गारिया संबंधों को मजबूत करने के लिए 2027–2031 का संयुक्त सहयोग रोडमैप तैयार करने पर चर्चा की। भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लागू करने से व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग बढ़ने की उम्मीद जताई। इस वार्ता में बिजनेस, डिफेंस, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्पेस एंड एजुकेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा हुई। इसके अलावा भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC), ब्लैक सी क्षेत्र की स्थिति और रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भी दोनों ने बातचीत की। ये बुल्गारिया के किसी विदेश मंत्री की 17 सालों में पहली भारत यात्रा थी। दोनों देशों के बीच भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (FTA) जल्द ही लागू करने पर बात हुई।
3. सचिन तेंदुलकर को ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026’ मिला
21 नवंबर को मुंबई में आयोजित भारत के महान पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को ‘ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026‘ से सम्मानित किया गया। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। ये सम्मान तेंदुलकर को उनके सामाजिक और परोपकारी कार्यों के लिए दिया गया। सचिन तेंडुलकर फाउण्डेशन (STF) के जरिए जरिए बच्चों की स्कूली शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों पर काम करती है। सचिन का फाउंडेशन फुटबॉल, बास्केटबॉल, कुश्ती, मुक्केबाजी और एथलेटिक्स जैसे खेलों को बढ़ावा देता है। इसमें लड़कियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सचिन को ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 महाराष्ट्र के दिव्यज फाउंडेशन ने दिया। इसकी स्थापना सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता ने की है।
4. 25 नवंबर से शुरू होगा ‘नई चेतना 5.0’ अभियान
ग्रामीण विकास मंत्रालय 25 नवंबर को अपने राष्ट्रीय लैंगिक अभियान ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण ‘नई चेतना 5.0’ की शुरुआत करेगा। अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस के अवसर पर शुरू होने वाला यह महीने भर का अभियान 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा। इसका संचालन दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ करेंगे। ‘नई चेतना 5.0’ की थीम ‘पहुंच से अधिकार और निर्णय की क्षमता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका एवं समान अवसरों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण’ रखी गई है। इसका उद्देश्य महिलाओं की पहुंच और स्वतंत्र आवाजाही को आर्थिक सशक्तीकरण, आजीविका में भागीदारी और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता से जोड़ना है। अभियान में चार प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में पहचान देना, संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण मजबूत करना, सुरक्षित आवाजाही को बढ़ावा देना तथा अवैतनिक देखभाल कार्यों की जिम्मेदारी का समान बंटवारा शामिल है।
5. IFFI 2026 में NFDC और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के बीच MoU, नए कंटेंट आइडिया की होगी तलाश
राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (NFDC) और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) के दौरान एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत ‘वेव्स बाजार × एसपीएनआई कंटेंट क्रिएटर सबमिशन पहल’ की शुरुआत की गई है। इस पहल के जरिए देशभर के लेखकों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रोडक्शन हाउस को अपने मौलिक फिक्शन और नॉन-फिक्शन आइडिया सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया के सामने पेश करने का अवसर मिलेगा। इस पहल के तहत हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु और बांग्ला भाषाओं में कंटेंट आइडिया आमंत्रित किए गए हैं। इसमें फिक्शन सीरीज, प्रीमियम टीवी+ कंटेंट, रियलिटी शो, गेम और प्रतियोगिता आधारित कार्यक्रम, टैलेंट शो तथा अन्य अनस्क्रिप्टेड कॉन्सेप्ट शामिल हैं।
6. पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने को मंजूरी, 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश होगा प्रस्ताव
पश्चिम बंगाल मंत्रिमंडल ने सोमवार को राज्य का नाम ‘पश्चिम बंगाल’ से बदलकर ‘पश्चिम बंग’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसी प्रस्ताव को 9 दिसंबर को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा में पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद, इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा। पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की कोशिश सबसे पहले 1999 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय ज्योति बसु के नेतृत्व वाली वाम मोर्चे (लेफ्ट फ्रंट) की सरकार ने शुरू की थी। उस समय राज्य का नाम बदलकर ‘बंगला’ करने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, राजनीतिक सहमति न बन पाने के कारण उस समय यह प्रयास सफल नहीं हो सका। 2011 में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद, राज्य का नाम बदलने का मुद्दा फिर से सामने आया। तृणमूल कांग्रेस ने प्रस्ताव दिया था कि राज्य का नाम बंगाली में ‘बंगला’, हिंदी और अंग्रेजी में ‘बंगाल’ रखा जाए। इसके बाद, 2018 में पश्चिम बंगाल विधानसभा में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें सभी भाषाओं के लिए ‘बंगला’ नाम को स्वीकार किया गया था। हालांकि, उस समय केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी थी।
7. भारतीय नौसेना को मिला स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘आशंक’
भारतीय नौसेना की समुद्री ताकत में एक और स्वदेशी युद्धपोत जुड़ने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड (जीआरएसई) ने सोमवार को पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘आशंक’ नौसेना को सौंप दिया। यह जीआरएसई का बनाया 120वां युद्धपोत है। खास बात यह है कि जीआरएसई ने महज 18 दिन के भीतर अपना दूसरा युद्धपोत नौसेना को सौंपा है। इससे पहले 5 नवंबर को ‘अमिनी’ युद्धपोत की आपूर्ति की गई थी। ‘आशंक’ को पूर्वी नौसेना कमान के मुख्यालय में मुख्य स्टाफ अधिकारी (तकनीकी) रियर एडमिरल गौतम मरवाहा की मौजूदगी में नौसेना को सुपुर्द किया गया। आशंक नाम का अर्थ है निडरता और निर्भीकता।
8. देश की आर्थिक वृद्धि दर 2026-27 में सात प्रतिशत रहने का अनुमान: एसएंडपी
देश की अर्थव्यवस्था चालू और अगले वित्त वर्ष में सात प्रतिशत की दर से बढ़ सकती है। इसके साथ ही भारत 2027 में एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में बना रहेगा। एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने सोमवार को यह अनुमान जताया। एसएंडपी ने कहा कि अल नीनो के कारण एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) दिसंबर में नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की एक और बढ़ोतरी कर सकता है। एसएंडपी की एशिया-प्रशांत क्षेत्र के आर्थिक परिदृश्य पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, ऊर्जा की ऊंची कीमतें क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी रहेंगी, जबकि कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर बढ़ता निवेश सबसे बड़ा सकारात्मक कारक होगा। हालांकि, 2027 में इन दोनों कारकों का प्रभाव कुछ कम होने की उम्मीद है।
9. जम्मू-कश्मीर के झिरी गांव में शुरू 10 दिवसीय वार्षिक झिरी मेला
जम्मू-कश्मीर में, जम्मू शहर के बाहरी इलाके में स्थित मारह खंड के झिरी गांव में 10 दिवसीय झिरी मेला शुरू हो रहा है। बाबा जित्तो और बुआ कोडी के सम्मान में यह मेला प्रतिवर्ष आयोजित होता है। जिसमें जम्मू क्षेत्र और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश सहित पड़ोसी राज्यों से तीर्थयात्रियों और आगंतुक शामिल होते हैं। यह मेला 16वीं शताब्दी के डोगरा नायक, क्रांतिकारी और ईमानदार किसान बाबा जित्तो के सर्वोच्च बलिदान से जुड़ा है। वह माता वैष्णो देवी के परम भक्त थे। यह आयोजन स्थानीय शिल्पकारों को बढ़ावा देने और जम्मू-कश्मीर के बाहर से आने वाले आगंतुकों के लिए पारंपरिक कलाओं को प्रदर्शित करने का एक मंच है।
10. आसियान- भारत समुद्री सम्मेलन आज से विशाखापत्तनम में शुरू हुआ
आसियान- भारत समुद्री सम्मेलन विशाखापत्तनम में शुरू हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, राजनयिकों और नौसेना अधिकारियों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र के व्यापारिक मार्गों की सुरक्षा, भू-राजनीतिक चुनौतियों से निपटने को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने का आह्वान किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि भारत के हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण और एक्ट ईस्ट नीति में आसियान के साथ सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
11. केएल राहुल SENA देशों में सेंचुरी बनाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने
21 नवंबर को केएल राहुक सभी SENA देशों यानी साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाने वाले पहले भारतीय ओपनर बने। इसके साथ ही वो ऐसा करने वाले दूसरे एशियाई खिलाड़ी हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सईद अनवर ने SENA देशों में शतक लगाया है। राहुल ऐसा करने वाले पहले ओपनर हैं, हालांकि किसी भी नंबर पर बैटिंग करते हुए अब तक 8 बैट्समैन SENA देशों में शतक लगा चुके हैं। भारत 1932 से टेस्ट क्रिकेट खेल रहा है। 94 सालों में पहली बार ऐसा हुआ है कि टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में भारत के टॉप-5 बल्लेबाजों ने विदेश में 50+ स्कोर बनाया है। वेलिंगटन टेस्ट में अब तक यशस्वी जायसवाल, राहुल, पडिक्कल, गिल और पंत ने 50 या उससे ज्यादा रन बनाए।
12. साउथ अफ्रीका की पहली महिला उपराष्ट्रपति का निधन
21 नवंबर को साउथ अफ्रीका की पहली महिला उपराष्ट्रपति फुमजिले म्लाम्बो-न्गुका का निधन हो गया। फुमजिले 71 साल की थीं और फुमजिले यूनाइटेड नेशन वुमन (UN Women) की पूर्व एग्जीक्युटिव डायरेक्टर भी रह चुकी थीं। फुमजिले 2005 से 2008 तक उपराष्ट्रपति के पद पर रही थीं और UN वुमन में वे 2013 से 2021 तक रहीं। फुमजिले महिलाओं और लड़कियों के अधिकार, जेंडर इक्वालिटी और महिला सशक्तीकरण के लिए काम करती थीं।
13. कार्लोस अल्काराज ने पहली बार जीता एटीपी फाइनल्स का खिताब
कार्लोस अल्काराज ने तूरिन, इटली में एटीपी फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-2, 7-6(6) से हराकर अपने सीजन का शानदार समापन किया। इसके साथ ही उन्होंने अपने करियर में पहली बार साल के अंत में होने वाली इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। स्पेन के इस खिलाड़ी ने जर्मन खिलाड़ी के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने आक्रामक बेसलाइन प्ले और रणनीतिक बदलावों का शानदार तालमेल बिठाते हुए अपने करियर का 30वां और इस सीजन का छठा खिताब जीता। इस जीत के साथ वह मैनुअल ओरेंट्स (1976) और एलेक्स कोरेटजा (1998) के बाद एटीपी फाइनल्स की ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे स्पेनिश खिलाड़ी बन गए हैं। इस जीत के साथ, अल्काराज उन चुनिंदा खिलाड़ियों के खास समूह में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने चारों ग्रैंड स्लैम खिताब और एटीपी फाइनल्स जीते हैं। इस सूची में आंद्रे अगासी, रोजर फेडरर और नोवाक जोकोविच जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/10-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
