14–17 minutes
1. विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने FIPIC के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से इतर भारत-प्रशांत द्वीप सहयोग मंच-एफ.आई.पी.आई.सी. के विदेश मंत्रियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में एफ.आई.पी.आई.सी. साझेदारी और क्षेत्रीय तथा बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। एफ.आई.पी.आई.सी. के अंतर्गत यह विदेश मंत्रियों की दूसरी बैठक थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2023 में घोषित 12 सूत्रीय कार्ययोजना के तहत हुई प्रगति भी शामिल है। नेताओं ने नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु कार्रवाई, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की।
2. भारत-नीदरलैंड्स ने कल्पसर परियोजना को सुगम बनाने के लिए दो समझौता ज्ञापनों पर किए हस्ताक्षर

भारत और नीदरलैंड्स ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 9वें भारत अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 के दौरान जल क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग को और अधिक मजबूत किया है। जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा नीदरलैंड्स के अवसंरचना और जल प्रबंधन उप मंत्री जाप स्लोटमेकर ने इस बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जल क्षेत्र में भारत-नीदरलैंड्स सहयोग की समीक्षा की गई और गुजरात की कल्पसर परियोजना के लिए तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस परियोजना में साबरमती, माही, धाधर और नर्मदा सहित अन्य नदियों के जल का उपयोग एक मीठे पानी जलाशय बनाने के लिए किया जाएगा। द्विपक्षीय सहयोग के अंतर्गत कल्पसर परियोजना को सुगम बनाने के लिए केंद्रीय जल आयोग, कल्पसर विभाग, गुजरात सरकार और डच ज्ञान संस्थानों डेल्टारेस और टीयू डेल्फ़्ट के बीच दो त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए।
3. IANS त्रिशूल द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण के लिए फ्रांस के टूलॉन पहुंचा

भारतीय नौसेना और फ्रांसीसी नौसेना के बीच द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘वरुण’ के 24वें संस्करण में भाग लेने के लिए आईएनएस त्रिशूल (INS Trishul) फ्रांस के टूलॉन पहुंचा। आईएनएस त्रिशूल 22 सितंबर 2026 को टूलॉन पहुंचा। ‘वरुण’ अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्र में पेशेवर कार्यकलाप होंगे, जिनमें क्रॉस-डेक विज़िट, ऑपरेशनल बातचीत और खेल-कूद से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं।
4. अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने राजस्थान में भारत-अमरीका संयुक्त सैन्य अभ्यास का किया अवलोकन

भारत में अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर ने राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारत-अमरीका संयुक्त सैन्य अभ्यास का अवलोकन किया। श्री गोर ने कहा कि अमरीकी और भारतीय सेनाओं को एक साथ प्रशिक्षण करते देखना प्रभावशाली था। इस युद्धाभ्यास में दोनों सेनाओं के लगभग छह-छह सौ कर्मी भाग ले रहे हैं। यह उत्तराखंड के औली और राजस्थान के महाजन में एक साथ आयोजित किया जा रहा है।
5. दक्षिण मध्य रेलवे पर ‘कवच 4.0 कमीशन हुआ

23 सितंबर को भारतीय रेलवे ने दक्षिण मध्य रेलवे पर ‘कवच 4.0‘ को कमीशन किया। कवच सिस्टम लोको पायलट को एक तय स्पीड में ट्रेन चलाने में मदद करता है। साथ ही जरूरत पड़ने पर अपने आप ब्रेक लगा सकता है। ये सिस्टम हैदराबाद डिवीजन के मलकाजगिरी-कामारेड्डी 108 किमी के रूट पर लगाया गया है। कवच भारत में विकसित किया गया ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) सिस्टम है। इसका उद्देश्य सिग्नल पासिंग एट डेंजर (SPAD), अत्यधिक स्पीड और टक्कर के जोखिम को कम करना है। कवच 4.0 में ट्रेन की लोकेशन की ज्यादा सटीक जानकारी और बड़े यार्ड में सिग्नल की बेहतर जानकारी जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। स्टेशन-टू-स्टेशन कवच संचार के लिए ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) इंटरफेस और मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटर लॉकिंग सिस्टम के साथ सीधा इंटरफेस भी शामिल है।
6. कामिकेज ड्रोन ‘KAL’ की सफल टेस्टिंग हुई

23 सितंबर को कामिकेज ड्रोन ‘KAL’ की सफल टेस्टिंग की जानकारी मिली। KAL 1,000 किमी रेंज तक वार कर सकता है और ये लंबी दूरी का वन-वे अटैक ड्रोन फ्लाइट सिस्टम है। KAL एक प्रकार का मानवरहित विमान (UAV) है, जिसे सुसाइड ड्रोन या लॉइटरिंग म्यूनिशन भी कहा जाता है। KAL की टेस्टिंग राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में की गई है। इसे नोएडा की प्राइवेट डिफेंस टेक्नॉलजी कंपनी IG डिफेंस से बनाया है। KAL की उड़ान भरने की क्षमता लगभग 7-8 घंटे है और इसके पेलोड की क्षमता अधिकतम 50 किलोग्राम तक। KAL लगभग 5,000 मीटर तक की ऊंचाई तक ऑपरेशनल काम कर सकता है। ये मल्टी-बैंड GNSS और इंटरनेशनल नेविगेशन सिस्टम (INS) पर बेस्ड है। इसे लंबी दूरी के वन-वे स्ट्राइक मिशन के लिए डिजाइन किया गया है। KAL का परीक्षण भारत की स्वदेशी लंबी दूरी की मानवरहित स्ट्राइक तकनीक के विकास से जुड़ा है। ये भारतीय सशस्त्र बलों सेना, वायु सेना और नौसेना की दीर्घकालिक मारक क्षमता को बढ़ाएगी।
7. ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 :12 से 14 अक्टूबर को नई दिल्ली में

संस्कृति मंत्रालय साल 2026 की भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में ब्रिक्स थिएटर फेस्टिवल 2026 का आयोजन करेगा। इस तीन दिवसीय महोत्सव की थीम “शेयर्ड स्टोरीज, शेयर्ड फ्यूचर्स” (साझी कहानियां, साझा भविष्य) है, जिसमें ब्रिक्स के नौ सदस्य देशों और साझेदार देशों के 100 से अधिक रंगमंच कर्मी, विद्वान, विद्यार्थी और सांस्कृतिक प्रतिनिधि एक साथ आएंगे। भारत दो रंगमंच प्रस्तुतियां पेश करेगा, जबकि भाग लेने वाले देश अपनी विविध भाषाओं, नाट्य परंपराओं और समकालीन सृजनात्मक अभिव्यक्तियों को दर्शाने वाली प्रस्तुतियां पेश करेंगे। रूस का प्रतिनिधित्व दो रंगमंच समूह करेंगे। महोत्सव का उद्घाटन 12 अक्टूबर को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में किया जाएगा। नई दिल्ली के प्रमुख रंगमंच स्थलों पर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के अभिमंच सभागार और सम्मुख सभागार के साथ-साथ कमानी सभागार, एलटीजी सभागार और मेघदूत थिएटर शामिल हैं।
8. DRDO ने क्वांटम अनुप्रयोगों के लिए 20 एमके तनुकरण रेफ्रिजरेटर के स्वदेशी विकास के लिए समझौता किया

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने क्वांटम अनुप्रयोगों के लिए 20 एमके तनुकरण रेफ्रिजरेटर के स्वदेशी विकास के लिए जीरो एमके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नामक एक स्टार्टअप के साथ पहला उच्च मूल्य वाला गहन प्रौद्योगिकी परियोजना समझौता किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा पहले से स्वीकृत पांच सौ करोड़ रुपये के कोष के अंतर्गत यह पहला अधिक मूल्य वाला समझौता है। यह समझौता गहन प्रौद्योगिकी और अत्याधुनिक परियोजनाओं के लिए है। समझौते पर हस्ताक्षर नई दिल्ली में प्रौद्योगिकी विकास कोष के निदेशक और जीरो एमके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुए।
9. दिल्ली में ‘दुर्गा योजना’ को मंजूरी, महिलाओं और ट्रांसजेंडर को 1300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो देने का प्रावधान

दिल्ली सरकार ने राजधानी में महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को सुरक्षित, साफ़-सुथरा और सम्मानजनक रोज़गार के अवसर देने के मकसद से ‘दुर्गा योजना’ को मंज़ूरी दी है। यह फ़ैसला नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। इस योजना के अंतर्गत पहले चरण में 1300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो दिए जाएंगे। इनमें से 1170 महिलाओं के लिए और 130 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए आरक्षित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं और ट्रांसजेंडर को इलेक्ट्रिक ऑटो का मालिक और ड्राइवर बनने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि हर ज़िले में महिलाओं के लिए ज़्यादा से ज़्यादा 90 और ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए 10 तक इलेक्ट्रिक ऑटो दिए जाएंगे।
10. महिला 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत जीतने पर नाओरेम रोशिबिना देवी को प्रधानमंत्री ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिला 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर नाओरेम रोशिबिना देवी को बधाई दी। वह महिलाओं के सांडा 60kg इवेंट के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू से 2-0 के स्कोर से हार गईं। नाओरेम रोशिबिना देवी ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरा रजत पदक जीता है। इतना ही नहीं उन्होंने मेडल की हैट्रिक भी लगाई। नाओरेम रोशिबिना देवी एशियाई खेलों में वुशु में लगातार तीन मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। इससे पहले उन्होंने 17 साल की उम्र में 2018 जकार्ता-पालेमबांग गेम्स में ब्रॉन्ज और हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 में रजत पदक जीता था।
11. भारत को 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी, पुणे में होगा आयोजन

भारत ने 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी की बोली जीत ली है। यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनेल (यूसीआई) का यह प्रतिष्ठित वैश्विक साइकिलिंग आयोजन पहली बार भारत में होगा और पुणे इसकी मेजबानी करेगा। महाराष्ट्र सरकार और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) के संयुक्त प्रयास से पेश की गई इस उम्मीदवारी को भारत सरकार का भी समर्थन मिला। पुणे की अंतिम उम्मीदवारी की प्रस्तुति के बाद कनाडा के मॉन्ट्रियल में आयोजित यूसीआई कांग्रेस के दौरान 2032 रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी का फैसला हुआ। यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप दुनिया के प्रमुख साइक्लिंग आयोजनों में शामिल है। 2025 में किगाली में आयोजित चैंपियनशिप में 113 देशों के 734 राइडर्स ने हिस्सा लिया था। आयोजन को करीब 20 लाख दर्शकों ने देखा, जबकि दुनियाभर में लगभग 30 करोड़ लोगों ने इसका टेलीविजन प्रसारण देखा।
12. Asian Games: भारत का 16 साल लंबा इंतजार खत्म, सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में जीता ‘ब्रॉन्ज’

भारतीय एथलीट सीमा कुमारी ने ‘एशियन गेम्स 2026’ में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता है। गुरुवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल में सीमा (32:50.05 सेकंड) ने तीसरा स्थान हासिल करते हुए भारत का 16 साल का इंतजार भी खत्म किया। इस दौड़ में बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32:39.18 सेकंड का समय लेकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि जापान की नोजोमी तनाका (32:41.54 सेकंड) ने सिल्वर मेडल जीता। सीमा एशियन गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गईं। इससे पहले, साल 2010 में प्रीजा श्रीधरन ने गोल्ड मेडल जीता था, जबकि उसी इवेंट में कविता राउत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
13. Asian Games: भारत ने मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में जीता सिल्वर मेडल

भारतीय मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम ने गुरुवार को 3:14.46 सेकंड का समय लेकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नागोया सिटी मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में मचेत्तिरा पूवम्मा, विशाल थेन्नारासु, रामराज विथ्या और थेक्किनालिल मनु की भारतीय चौकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वियतनाम को पीछे छोड़ा। बहरीन ने 3:12.87 सेकंड के गेम्स-रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। वियतनाम (3:14.54 सेकंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जापान 3:15.52 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहा।
14. एशियन गेम्स: शूटिंग में भारत को एक और पदक, परिनाज-अनंतजीत ने स्कीट मिक्स्ड टीम में जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटिंग टीम ने देश को एक और मेडल दिलाया है। परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह की जोड़ी ने स्कीट मिक्स्ड टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल को अपने नाम किया है। हालांकि, भारत की इस जोड़ी से गोल्ड मेडल की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन उन्हें ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा। उन्होंने फाइनल में 44 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया। चीन ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि साउथ कोरिया ने सिल्वर मेडल जीता। अनंत और परिनाज का यह इस एशियन गेम्स का दूसरा मेडल है। इससे पहले अनंत ने पुरुष स्कीट टीम और परिनाज ने महिला टीम को ब्रॉन्ज दिलाने में अहम भूमिका निभाई। यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का 15वां मेडल है।
15. एशियन गेम्स: सतनाम सिंह और सलमान खान ने रोइंग में जीता ब्रॉन्ज मेडल

भारतीय रोवर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों की डबल स्कल्स में 6:13.25 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि बलराज पंवार गुरुवार को नागरागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स में पुरुषों की एकल स्कल्स के फाइनल में मेडल से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। सतनाम और सलमान ने 6:13.25 सेकंड का समय लेकर चीन के जुडी यी और यिदे नी के बाद तीसरा स्थान हासिल किया। चीन के जुडी यी और यिदे नी ने 6:09.77 सेकंड के साथ गोल्ड जीता, जबकि उज्बेकिस्तान के पावेल सोरिन और मेखरोजबेक ममातकुलोव ने 6:10.49 सेकंड में सिल्वर मेडल जीता।
16. गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया

22 सितंबर को इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 36 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वुड ने 11 साल के करियर में 146 मैचों में 253 विकेट लिए। वुड ने इंग्लैंड के 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2022 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। वुड का इंटरनेशनल करियर उपलब्धियों के साथ-साथ चोटों से जूझने के लिए भी जाना जाता है। घुटने की चोट के बाद उन्होंने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में दर्द के बावजूद गेंदबाजी की थी फिर उनकी सर्जरी हुई थी।
17. विश्व फार्मासिस्ट दिवस

डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा मरीज तक सही रूप में पहुंचे और उसका सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग हो, यह सुनिश्चित करने में फार्मासिस्ट अहम कड़ी की भूमिका निभाता है। हर वर्ष 25 सितंबर को मनाया जाने वाला विश्व फार्मासिस्ट दिवस इस पेशे के योगदान और बदलती जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देता है।
18. विश्व गोरिल्ला दिवस

गोरिल्लाओं का अस्तित्व आज जंगलों के संरक्षण और जैव विविधता की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी चुनौतियों की ओर ध्यान खींचता है। दुनिया के प्रभावशाली और बुद्धिमान प्राइमेट्स में शामिल इन जीवों के संरक्षण, प्राकृतिक आवास की रक्षा और उनके सामने मौजूद खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 24 सितंबर को विश्व गोरिल्ला दिवस मनाया जाता है। इस दिवस की शुरुआत 2017 में हुई थी। 24 सितंबर की तारीख संरक्षण के इतिहास में भी महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि 1967 में इसी दिन संरक्षणवादी डायन फॉसी ने रवांडा के जंगलों में करिसोके रिसर्च सेंटर की स्थापना की थी। 24 सितंबर 1967 को डायन फॉसी ने रवांडा के विरुंगा पर्वतीय क्षेत्र में दो छोटे टेंट लगाकर पर्वतीय गोरिल्लाओं का अध्ययन शुरू किया था। उन्होंने इस केंद्र का नाम करिसोके रखा, जो माउंट करिसिम्बी और माउंट बिसोके के नामों से मिलकर बना था।
19. विश्व समुद्री दिवस

समुद्र ने महाद्वीपों को जोड़ा, व्यापार के मार्ग खोले, सभ्यताओं के बीच संवाद बढ़ाया और करोड़ों लोगों को आजीविका प्रदान की। आज भी वैश्विक अर्थव्यवस्था में समुद्री परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। भोजन, ऊर्जा, कच्चे माल और तैयार उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय आवाजाही में समुद्री मार्गों का व्यापक योगदान है। किसी बड़े समुद्री संकट का असर वैश्विक बाजारों और आम उपभोक्ताओं तक पहुंच सकता है। समुद्री जलवायु, जैव विविधता, अर्थव्यवस्था और मानव संस्कृति के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी व्यापक महत्व तथा समुद्री परिवहन की सुरक्षा, दक्षता और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर वर्ष सितंबर के अंतिम गुरुवार को विश्व समुद्री दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में यह 24 सितंबर को मनाया गया है। वर्ष 2026 और 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) ने “From Policy to Practice: Powering Maritime Excellence” को विषय बनाया है।
20. विश्व बॉलीवुड दिवस

हिंदी फिल्मों के गीत, संवाद, नृत्य और कहानियां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपनी जगह बना चुके हैं। इसी वैश्विक प्रभाव को रेखांकित करने के लिए 24 सितंबर को विश्व बॉलीवुड दिवस मनाए जाने की बात कही जाती है। दशकों के सफर में बॉलीवुड ने मनोरंजन के साथ भारतीय संगीत, फैशन, जीवनशैली और संस्कृति को भी अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया है। हालांकि, ‘विश्व बॉलीवुड दिवस’ की आधिकारिक अंतर्राष्ट्रीय मान्यता और इसकी शुरुआत के इतिहास से जुड़ी प्रमाणित जानकारी सीमित है, लेकिन बॉलीवुड की वैश्विक लोकप्रियता और सांस्कृतिक प्रभाव के लिहाज से यह दिन चर्चा का अवसर जरूर बनता है।
21. लावणी नृत्यांगना शकुंतला नगरकर का निधन

22 सितंबर को महाराष्ट्र की प्रसिद्ध लावणी नृत्यांगना शकुंतला नगरकर का निधन हो गया। शकुंतला 66 वर्ष की थीं। उन्हें ‘लावणी क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है। शकुंतला ने 12 साल की उम्र से महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी और संगीत बारी कला नृत्य शुरू किया था। शकुंतला को 2008 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
