15–18 minutes
1. भारत ने BioE3 पहल के तहत बायो-बेस्ड बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक के कमर्शियल लॉन्च को औपचारिक रूप दिया

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 24 सितंबर, 2026 को पॉलीलैक्टिक एसिड (PLA) से बने बायो-बेस्ड बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक के कमर्शियल इस्तेमाल की औपचारिक शुरुआत की। यह कदम भारत के सस्टेनेबल मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में एक नई पहल है। इस पहल का नेतृत्व सरकार के BioE3 फ्रेमवर्क के तहत बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड (BCML) कर रही है। बायोटेक्नोलॉजी विभाग के तहत काम करने वाली बायोटेक्नोलॉजी इंडस्ट्री रिसर्च असिस्टेंस काउंसिल (BIRAC) ने PLA और को-पॉलिमर के लिए 100 TPA पायलट-स्केल रिसर्च फैसिलिटी को सपोर्ट करने के लिए 75 करोड़ रुपये की ग्रांट मंज़ूर की है। यह फैसिलिटी उत्तर प्रदेश के कुंभी में BCML के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में बनाई जाएगी। इसका फोकस एडवांस्ड बायो-बेस्ड मटीरियल विकसित करने और उन्हें कमर्शियल-स्केल प्रोडक्शन की ओर ले जाने में मदद करने पर होगा। यह प्रोजेक्ट रिन्यूएबल गन्ने से मिलने वाले रॉ मटीरियल को PLA और बायोप्लास्टिक में बदलने पर आधारित है, जिससे खेती और सस्टेनेबल मटीरियल मैन्युफैक्चरिंग के बीच सीधा संबंध बनेगा।
2. मेक इन इंडिया पहल के 12 वर्ष पूरे

बारह वर्ष पूर्व, 25 सितंबर 2014 को, विनिर्माण, डिजाइन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनने की आकांक्षा के साथ ‘मेक इन इंडिया‘ का शुभारंभ किया गया था। इस पहल ने निवेश की व्यवस्था करने, नवाचार सुदृढ़ करने और वैश्विक स्तर का इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण करने पर ध्यान केंद्रित किया। ‘न्यूनतम सरकार, अधिकतम प्रशासन‘ को आधार बनाकर, इसने प्रक्रियाओं और नीतियों को आधुनिक बनाने का भी प्रयास किया है। बीते वर्षों में, मेक इन इंडिया ने भारत की विनिर्माण यात्रा में प्रतिभाग करने हेतु व्यवसायों और निवेशकों के लिए नए अवसर खोले हैं। इस पहल को मेक इन इंडिया 2.0 के अंतर्गत विस्तारित किया गया। इस पहल का ध्यान अब 27 सेक्टर पर केंद्रित है, जिसमें 15 विनिर्माण और 12 सेवाओं के अंतर्गत आते हैं।
3. तिरुवनंतपुरम में खाद्य पोषण पर शोध के लिए CSIR-NIIST बनाएगा उत्कृष्टता केंद्र

वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय अंतर्विषयक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CSIR-NIIST) तिरुवनंतपुरम के थोन्नक्कल स्थित अपने नवाचार, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता केंद्र (ITE Hub) में खाद्य पोषण संवर्धन के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगा। इसका उद्देश्य खाद्य पोषण के क्षेत्र में अनुसंधान, तकनीक विकास और प्रशिक्षण को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल फरवरी में ITE Hub का उद्घाटन किया था। इस केंद्र का उद्देश्य अनुसंधान को उपयोगी तकनीकों में बदलने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और उद्योग तथा अनुसंधान संस्थानों के बीच साझेदारी मजबूत करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। इस पहल को शुक्रवार को CSIR-NIIST और Tata Consumer Products Ltd (TCPL) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) के जरिए औपचारिक रूप दिया गया। यह समझौता गुरुवार को नई दिल्ली में CSIR के 85वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान किया गया।
4. भारत ने क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन के शुभारंभ का किया स्वागत

भारत ने क्वाड-एट-सी शिप ऑब्जर्वर मिशन के प्रारंभ का स्वागत किया है, जिसकी घोषणा इस वर्ष 26 मई को नई दिल्ली में आयोजित 11वीं क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में की गई थी। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि भारतीय तटरक्षक बल का जहाज शौनक चारों क्वाड देशों के समुद्री पर्यवेक्षकों के साथ चेन्नई से रवाना हो गया है। मंत्रालय ने कहा कि यह मिशन समुद्री सहयोग और देशों के बीच संचालन व्यवस्था को मजबूत करता है, जो एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति क्वाड की साझा प्रतिबद्धता का परिचायक है। यह भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और संयुक्त राज्य अमरीका सहित क्वाड देशों के बीच समुद्री सहयोग और एक दूसरे देश के बीच संचालन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छह सी राइडर्स – भारत और जापान से दो-दो अधिकारी और ऑस्ट्रेलिया और संयुक्त राज्य अमरीका से एक-एक अधिकारी – शौनक जहाज पर सवार हुए और उन्होंने जहाज पर होने वाली पेशेवर गतिविधियों में भाग लिया।
5. मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा शुरू

मध्य प्रदेश में 21 साल बाद एक बार फिर सरकारी बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 सितंबर को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत की गई। भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रिमोट के जरिए सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान 351 बसों को रवाना किया गया।राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत वर्ष 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पहले वर्ष में 1,500 बसों के संचालन की योजना है। इसके बाद हर साल लगभग 2,500 से 3,000 बसें बेड़े में शामिल की जाएंगी। योजना के तहत पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
6. एमी अवार्ड्स नॉमिनेशन में भारत को 2 नॉमिनेशन मिले

23 सितंबर को इंटरनेशनल एमी अवार्ड्स के नॉमिनेशन का ऐलान हुआ। भारत को इस बार 2 नामांकन मिले हैं। इसमें वीर दास की फूल वॉल्यूम को कॉमेडी कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है, जो नेटफ्लिक्स का स्टैंड-अप स्पेशल है। कॉमेडियन वीर दास का ये तीसरा इंटरनेशनल नॉमिनेशन है। इससे पहले 2021 में फॉर इंडिया के लिए भी नॉमिनेशन मिला था। वीर दास ने 2023 में इंटरनेशनल कैटेगरी में नॉमिनेशन भी जीता था। इसके साथ ही सोनी लिव की सीरीज ‘रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब’ को ड्रामा सीरीज कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। इसमें मानव कौल और मोहम्मद जीशान अयूब ने मुख्य किरदार निभाए हैं। सीरीज की कहानी जम्मू-कश्मीर के असली फुटबॉल क्लब की पृष्ठभूमि पर आधारित है। 2026 इंटरनेशनल एमी अवार्ड्स में कुल 64 नॉमिनेशन हुए हैं। इसमें 16 कैटेगरी और 22 देशों के लोग शामिल हैं। एमी अवार्ड सेरेमनी 23 नवंबर 2026 को न्यूयॉर्क में आयोजित की जाएगी।
7. अहमदाबाद में अंबेडकर म्यूजियम और ई-लाइब्रेरी शुरू हुई

24 सितंबर को अहमदाबाद में डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर नेशनल फाउंडेशन, म्यूजियम और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। इस परियोजना की लागत लगभग ₹11.01 करोड़ है। इस सुविधा का निर्माण गुजरात सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने किया है। इस म्यूजियम में डॉ. बी.आर. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष, भाषणों और सामाजिक न्याय में योगदान को प्रदर्शित किया गया है। इस म्यूजियम में डिजिटल, 3D और हाइपर-रियलिटी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इस म्यूजियम में अंबेडकर के भाषणों के वर्चुअल अनुभव, म्यूरल्स, प्रदर्शनी और लाइट एंड साउंड शो भी शामिल हैं। इसी परिसर में ई-लाइब्रेरी और ऑडिटोरियम भी विकसित किए गए हैं।
8. अरावली में अश्वगंधा रोपण और शोध की पहल, AIIA और ECO टास्क फोर्स साथ आए

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA), नई दिल्ली और 132 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) ECO RAJPUT ने दक्षिण दिल्ली के भट्टी माइंस स्थित टेरियर्स हर्बल गार्डन में अश्वगंधा रोपण और शोध पहल शुरू की है। इस पहल के तहत आयुर्वेद, औषधीय पौधों पर शोध, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण बहाली को एक साथ जोड़ा जाएगा। 24 सितंबर 2026 को शुरू की गई इस पहल का नेतृत्व AIIA के निदेशक प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति और 132 इन्फैंट्री बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल मोहन सिंह ने किया। सहयोगी पहल के तहत अश्वगंधा (Withania somnifera) के 10,000 पौधे लगाए जाएंगे और उनकी वैज्ञानिक निगरानी की जाएगी। इसमें AIIA की आयुर्वेद, औषधीय पौधों और वैज्ञानिक शोध की विशेषज्ञता को पारिस्थितिकी बटालियन के पौधरोपण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण बहाली के अनुभव से जोड़ा गया है।
9. TRAI ने डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग प्लेटफॉर्म किया लॉन्च, प्रॉपर्टी की कनेक्टिविटी जांच सकेंगे उपभोक्ता

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग (DCR) प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। यह एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए उपभोक्ता किसी प्रॉपर्टी की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग देख सकेंगे। प्लेटफॉर्म के साथ एक मोबाइल ऐप भी शुरू किया गया है, जिससे प्रॉपर्टी के अंदर डिजिटल कनेक्टिविटी की जांच की जा सकेगी। यह प्लेटफॉर्म TRAI के ‘डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए प्रॉपर्टीज की रेटिंग’ से जुड़े 2024 के नियमों और 13 मई 2026 को अधिसूचित संशोधित नियमों के तहत रेटिंग प्रक्रिया को लागू करने में मदद करेगा। TRAI ने 9 जून 2026 को रेटिंग मैनुअल 2026 भी जारी किया था। DCR प्लेटफॉर्म पर उपभोक्ताओं के लिए सार्वजनिक सुविधा उपलब्ध होगी, जहां वे डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए रेट की गई प्रॉपर्टीज की जानकारी देख सकेंगे। प्रॉपर्टी मैनेजर, पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी (DCRA) और उपभोक्ता एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े होंगे।
10. सीएसआईआर के 85 साल पूरे

दुनिया के सबसे बड़े और सार्वजनिक रूप से वित्तपोषित वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान संगठनों में से एक, वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की स्थापना 26 सितंबर 1942 को हुई थी। संस्थान इस वर्ष शनिवार को अपना 85वां स्थापना दिवस मनाने वाला है। इस दिन को संगठन के जन्मदिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन देश में विज्ञान, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सीएसआईआर के वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं के महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने के लिए मनाया जाता है। सीएसआईआर देश का सबसे बड़ा अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) संगठन है। प्रधानमंत्री इसके अध्यक्ष होते हैं। वहीं, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इसके उपाध्यक्ष हैं। इसका मुख्य उद्देश्य देश में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना और सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देना है। सीएसआईआर विज्ञान और टेक्नोलॉजी (एसएंडटी) के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी बेहतरीन अनुसंधान और विकास जानकारी के लिए जानी जाती है। सीएसआईआर का देशभर में फैला एक मजबूत नेटवर्क है, जिसमें 37 नेशनल लैबोरेटरी (जिनमें 11 जैविक विज्ञान, 9 रासायनिक विज्ञान, 10 इंजीनियरिंग विज्ञान, 2 सूचना विज्ञान और 5 भौतिक विज्ञान की प्रयोगशालाएं शामिल हैं), 39 आउटरीच सेंटर, एक इनोवेशन कॉम्प्लेक्स और तीन यूनिट शामिल हैं।
11. IISc बेंगलुरु में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ की शुरुआत

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु में दक्षिण क्षेत्र के लिए ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ (SFIC) का उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल की वेबसाइट और पंजीकरण पोर्टल भी लॉन्च किया। IISc बेंगलुरु को दक्षिण क्षेत्र का नोडल संस्थान बनाया गया है। यह कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में तकनीकी मूल्यांकन और मार्गदर्शन में सहयोग करेगा। SFIC के तहत स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कॉलेज और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी तथा युवा नवाचारकर्ता पांच राष्ट्रीय विषयों पर समाधान पेश कर सकेंगे। इनमें स्वच्छ और टिकाऊ भारत, समृद्ध किसान-समृद्ध भारत, स्वस्थ और समावेशी भारत, शिक्षित और कुशल भारत तथा सुरक्षित भारत शामिल हैं। चैलेंज में दो समाधान श्रेणियां भी रखी गई हैं। पहली श्रेणी में उत्पाद या तकनीकी समाधान और दूसरी में कारोबारी मॉडल या शासन से जुड़ा समाधान शामिल है। इसका उद्देश्य अच्छे विचारों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखकर मार्गदर्शन, नए उद्यमों को बढ़ावा देने और वास्तविक जीवन में उनके उपयोग के रास्ते उपलब्ध कराना है।
12. एशियाई खेलों में कमलजीत और सुरुचि सिंह ने मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता स्वर्ण

एशियाई खेलों में भारत के कमलजीत और सुरुचि सिंह ने जापान के नागोया में मिश्रित टीम 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में 484.6 अंक हासिल किए और दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी से 6.6 अंक आगे रही। दक्षिण कोरिया को रजत और ईरान को कांस्य पदक मिला। कमलजीत और सुरुचि ने क्वालिफिकेशन में 587 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था, जिसमें 29 इनर-10 शामिल थे। वहीं, पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में रुद्रांक्ष पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप तोमर और नीरज कुमार की भारतीय टीम ने रजत पदक जीता। भारत ने 1762 अंक और 94 एक्स हासिल किए। चीन ने 1766 अंक और 95 एक्स के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया को कांस्य मिला।
13. Asian Games 2026 : मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस इवेंट में मनुष-दिया की जोड़ी ने जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पैडलर मनुष शाह और दिया चितले ने मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। शुक्रवार को नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल में भारतीय जोड़ी को दो बार के मौजूदा चैंपियन सुन यिंगशा और वांग चुकिन से 0-4 से हार का सामना करना पड़ा।
14. Asian Games 2026: मनप्रीत कौर ने शॉट पुट में जीता ब्रॉन्ज

एशियन गेम्स 2026 में भारत की अनुभवी एथलीट मनप्रीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में ब्रॉन्ज मेडल जीता। शुक्रवार को नागोया सिटी मिज़ुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हुए मुकाबले में मनप्रीत ने 17.17 मीटर दूर गोला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया और भारत की झोली में एक और मेडल डाला। मनप्रीत ने अपने चौथे थ्रो में यह दूरी हासिल की और चीन की सोंग जियायुआन (गोल्ड) और झांग लिनरू (सिल्वर) के बाद तीसरा स्थान प्राप्त किया।
15. Asian Games 2026: गुलवीर सिंह ने सिल्वर जीतकर रचा इतिहास, 10 हजार मीटर रेस में 2 मेडल जीतने वाले बने पहले भारतीय

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय धावक गुलवीर सिंह ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने शुक्रवार को नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में 10 हजार मीटर की रेस में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गुलवीर पुरुषों की 10 हजार मीटर की रेस में दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। गुलवीर ने 25 लैप की मुश्किल रेस 28:29.38 में पूरी की और दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने हांग्जो में हुए एशियन गेम्स 2023 में इसी इवेंट में जीते ब्रॉन्ज मेडल के साथ अब सिल्वर मेडल भी अपने नाम कर लिया है। वह पुरुषों की 10,000 मीटर रेस में दो बार एशियन गेम्स के पोडियम पर खड़े होने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। बहरीन के बिरहानु बालेव ने 28:27.51 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता, जो गुलवीर से सिर्फ 1.87 सेकंड आगे रहे, जबकि उनके साथी अल्बर्ट किप्टू ने 28:34.38 के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
16. Asian Games 2026: बारानिका इलांगोवन ने पोल वॉल्ट में जीता ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल

एशियन गेम्स 2026 में बारानिका इलांगोवन ने इतिहास रच दिया है। बारानिका ने शुक्रवार को 4.15 मीटर की ऊंचाई पार करके पोल वॉल्ट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। बारानिका पोल वॉल्ट में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। तमिलनाडु की 29 वर्षीय एथलीट ने कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ ब्रॉन्ज मेडल साझा किया। इवानोवा ने भी 4.15 मीटर की ऊंचाई पार की थी और उनका काउंटबैक रिकॉर्ड भी एक जैसा था। दोनों एथलीटों का बेस्ट मार्क और सफल प्रयासों की संख्या एक जैसी होने के कारण उनके बीच कोई अंतर नहीं किया जा सका।
17. एशियन गेम्स: सावन बरवाल ने 44 साल बाद पुरुष मैराथन में भारत को दिलाया रजत पदक

भारत के सावन बरवाल ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष मैराथन में रजत पदक जीता। उनके इस पदक के साथ एशियन गेम्स में पुरुष मैराथन में भारत का 44 साल का पदक इंतजार समाप्त हो गया। नेशनल रिकॉर्ड धारक बरवाल ने नागोया में आयोजित 42.195 किलोमीटर की मैराथन में कड़े मुकाबले के बीच लगातार पदक की दौड़ में बने रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उनका रजत पदक 1982 के एशियन गेम्स के बाद इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक है। साथ ही, यह विदेशी धरती पर एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में किसी भारतीय एथलीट का पहला पदक भी है। बरवाल की इस कामयाबी से भारत के ऐतिहासिक एशियन गेम्स मैराथन मेडल की गिनती में चौथा मेडल जुड़ गया है। छोटा सिंह ने पहले 1951 एशियन गेम्स में गोल्ड जीता था, जबकि सूरत सिंह माथुर ने उसी एडिशन में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। होसुर कुक्कप्पा सीतारण ने 1982 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता।
18. विश्व पर्यटन दिवस

विश्व पर्यटन दिवस प्रत्येक वर्ष 27 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिन वैश्विक पर्यटन के महत्व और दुनिया भर के समाजों पर इसके प्रभाव को समझने का अवसर देता है। 27 सितंबर का चयन भी प्रतीकात्मक है, क्योंकि इसी अवधि में संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन के पूर्ववर्ती संगठन के संविधान को अपनाए जाने की वर्षगांठ जुड़ी है। 1980 से विश्व पर्यटन दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से पर्यटन को केवल आर्थिक गतिविधि के रूप में नहीं, बल्कि विभिन्न समाजों और संस्कृतियों के बीच संवाद स्थापित करने वाले क्षेत्र के रूप में भी देखा गया है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
