9–11 minutes
1. पश्चिम बंगाल के जुनपुट में DRDO के नए टेस्टिंग सेंटर को मंजूरी

12 सितंबर को पश्चिम बंगाल सरकार ने पूर्वी मेदिनीपुर जिले के जुनपुट में DRDO के नए टेस्टिंग सेंटर को मंजूरी दी। ये सेंटर ओडिशा के चांदीपुर स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (ITR) के एडिशनल टेस्टिंग सेंटर के तौर पर विकसित किया जाएगा। इस नए टेस्टिंग सेंटर का उद्देशय चांदीपुर में लगातार बढ़ती हथियार टेस्टिंग के दवाब को कम करना है। अब जुनपुट में छोटी दूरी की मिसाइलों, हथियार प्रणालियों और रडार उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा।
2. पोखरण में पहले भारतीय वायु सेना ड्रोनाथॉन-2026 का शुभारंभ

वायु सेना के उप प्रमुख एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने सोमवार को जैसलमेर स्थित पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में पहले भारतीय वायु सेना ड्रोनाथॉन-2026 का शुभारंभ किया। 14 से 16 सितंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 20 से अधिक प्रमुख रक्षा कंपनियां, स्टार्ट-अप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और नवोन्मेषक हिस्सा ले रहे हैं। इसका उद्देश्य भारतीय उद्योग से सीधे जुड़ना और वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में मानवरहित हवाई प्रणालियों तथा उभरती तकनीकों की क्षमताओं का परीक्षण करना है। भारतीय वायु सेना मानवरहित प्रणालियों को मानव-संचालित विमानन के लिए महत्वपूर्ण पूरक मानती है। इन प्रणालियों के जरिए हवाई अभियानों की पहुंच, निरंतरता, कार्रवाई क्षमता और परिचालन लचीलेपन को बढ़ाने के लिए कमांडरों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होंगे। ड्रोनाथॉन में भाग लेने वाली कंपनियां पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में अपनी मानवरहित विमान प्रणालियों और उनसे जुड़ी तकनीकों का प्रदर्शन कर रही हैं।
3. राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए रक्षा मंत्रालय को प्रथम ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’

राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए रक्षा मंत्रालय को वर्ष 2025-26 का ‘राजभाषा कीर्ति पुरस्कार’ प्रदान किया गया है। 300 से अधिक कार्मिक वाले मंत्रालयों और विभागों की श्रेणी में रक्षा मंत्रालय ने प्रथम स्थान हासिल किया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार 14 सितंबर 2026 को हिंदी दिवस के अवसर पर नवी मुंबई स्थित सिडको एक्जीबिशन सेंटर में आयोजित हिंदी दिवस समारोह एवं छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रक्षा मंत्रालय के अपर सचिव मनीष त्रिपाठी को यह सम्मान प्रदान किया। राजभाषा के क्षेत्र में वर्ष 2025-26 के दौरान उत्कृष्ट कार्यान्वयन एवं नवोन्मेषी उपलब्धियों के लिए वित्तीय सेवाएं विभाग को ‘राजभाषा कीर्ति’ के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार (300 से कम कार्मिकों वाले मंत्रालय/विभाग की श्रेणी में) प्रदान किया गया।
4. क्वाड ने टोक्यो में हिंद-प्रशांत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क पर टेबलटॉप अभ्यास पूरा किया

3 और 4 सितंबर 2026 को क्वाड साझेदारों (ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका) ने क्षेत्र में नागरिक आपदा प्रतिक्रिया प्रयासों को बेहतर बनाने के लिए क्वाड हिंद-प्रशांत लॉजिस्टिक्स नेटवर्क (आईपीएलएन) को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जापान के टोक्यो में टेबलटॉप एक्सरसाइज (TTX) आयोजित किया। जापान के रक्षा मंत्रालय ने इस टीटीएक्स की मेजबानी की, जैसा कि मई 2026 में हुई क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में सहमति बनी थी। अप्रैल 2025 में हवाई में आयोजित आईपीएलएन के पहले TTX और दिसंबर 2025 में गुआम में हुए फील्ड ट्रेनिंग एक्सरसाइज (FTX) के परिणामों के आधार पर इस टीटीएक्स में प्राकृतिक आपदा प्रतिक्रिया परिदृश्यों पर ध्यान केंद्रित किया गया। IPLN एक ऐसी पहल है, जिसके तहत क्वाड साझेदार साझा लॉजिस्टिक्स क्षमताओं का उपयोग कर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आने वाली प्राकृतिक आपदाओं के दौरान नागरिक प्रतिक्रिया को अधिक तेजी और प्रभावी तरीके से समर्थन दे सकते हैं। इसका उद्देश्य लोगों की जान बचाना, राहत एवं पुनर्बहाली के प्रयासों को गति देना और क्षेत्रीय साझेदारों को सहायता उपलब्ध कराना है।
5. नेपाल को 31 दिसंबर तक रोजाना 18 घंटे बिजली देगा भारत

भारत ने नेपाल को इस साल 31 दिसंबर तक रोजाना 18 घंटे बिजली की आपूर्ति करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नेपाल में हाल में आई भीषण बाढ़ से कई हाइड्रोपावर परियोजनाओं और बिजली ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण देश की घरेलू बिजली उत्पादन क्षमता प्रभावित हुई है। विद्युत मंत्रालय ने नेपाल Electricity Authority को 31 दिसंबर 2026 तक रोजाना 18 घंटे बिजली निर्यात करने की मंजूरी दी है। भारत Muzaffarpur-Dhalkebar 400 kV D/c लाइन के जरिए अधिकतम 600 MW और Tanakpur-Mahendranagar 132 kV S/c लाइन के जरिए अधिकतम 54 MW बिजली नेपाल को निर्यात कर सकेगा। इस तरह कुल 654 MW तक बिजली की आपूर्ति की जा सकती है। जनवरी 2027 से नेपाल को कितनी बिजली निर्यात की जाएगी, इसकी समीक्षा दिसंबर 2026 में की जाएगी।
6. भारत और मर्कोसुर ने इलेक्ट्रॉनिक मूल प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए प्रथम अतिरिक्त प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए

भारत और मर्कोसुर ने इलेक्ट्रॉनिक मूल प्रमाणपत्रों की स्वीकार्यता को सुविधाजनक बनाने के लिए भारत-मर्कोसुर तरजीही व्यापार समझौते (पीटीए) के प्रथम अतिरिक्त प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर किए, जो भारत और मर्कोसुर देशों के बीच कागज रहित व्यापार को सुगम बनाने और सीमा शुल्क प्रक्रियाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रोटोकॉल पर भारत सरकार के वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल, भारत में उरुग्वे के राजदूत श्री अल्बर्टो गुआनी और भारत में पैराग्वे के राजदूत श्री फ्लेमिंग राउल डुआर्टे रामोस ने मर्कोसुर की कार्यवाहक अध्यक्षता कर रहे उरुग्वे गणराज्य के विदेश मंत्री श्री मारियो लुबेटकिन और अर्जेंटीना और ब्राजील के दूतावासों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए। भारत-मर्कोसुर पीटीए पर 25 जनवरी, 2004 को हस्ताक्षर किए गए थे और यह 1 जून, 2009 से लागू हुआ। यह समझौता भारत द्वारा 450 टैरिफ लाइनों और मर्कोसुर पक्ष द्वारा 452 टैरिफ लाइनों पर तरजीही टैरिफ रियायतें प्रदान करता है। प्रथम अतिरिक्त प्रोटोकॉल पीटीए के परिशिष्ट III (मूल नियमावली) के अनुच्छेद 16 में संशोधन करता है, जिसमें यह प्रावधान किया गया है कि इलेक्ट्रॉनिक प्रारूप में जारी किए गए उत्पत्ति प्रमाण पत्रों की कानूनी वैधता और मूल्य कागजी प्रारूप में जारी किए गए मूल प्रमाणपत्रों के समान ही होगा। ऐसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पत्ति प्रमाण पत्र संबंधित पक्षों के घरेलू कानूनों के अनुसार विधिवत अधिकृत संस्थाओं और अधिकारियों द्वारा जारी किए जाने और इलेक्ट्रॉनिक रूप से हस्ताक्षरित किए जाने आवश्यक होंगे।
7. धीरज बोम्मादेवरा ने रचा इतिहास, तीरंदाजी विश्व कप फाइनल का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष

जयंत तालुकदार के विश्व कप में पदक जीतने के 16 साल बाद भारत को पुरुष रिकर्व वर्ग में फिर से बड़ी सफलता मिली है। धीरज बोम्मादेवरा ने बेहद दबाव भरे शूट-ऑफ में शानदार संयम दिखाते हुए जीत हासिल की। इसके साथ ही वह तीरंदाजी विश्व कप फाइनल का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तीरंदाज बन गए हैं। दुनिया के नंबर 10 तीरंदाज और सेना के 25 वर्षीय खिलाड़ी धीरज ने साल्टिलो में हुए रोमांचक फाइनल में जापान के नाकानिशी जुन्या को 6-5 से हराया। पांच सेट के बाद मुकाबला 5-5 से बराबरी पर था, जिसके बाद शूट-ऑफ में धीरज ने 10 का स्कोर किया, जबकि नाकानिशी ने 9 का स्कोर किया और धीरज ने गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल रहे। भारत की एकमात्र अन्य व्यक्तिगत विश्व कप फाइनल चैंपियन डोला बनर्जी हैं, जिन्होंने 2007 में दुबई में महिलाओं का खिताब जीता था। जयंता तालुकदार रिकर्व तीरंदाजी में पदक जीतने वाले अंतिम पुरुष तीरंदाज थे – उन्होंने 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य पदक जीता था।
8. अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने बेन शेल्टन को हराकर अमरीकी ओपन पुरुष सिंगल्स का खिताब जीता

जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने न्यूयॉर्क में अमरीका के बेन शेल्टन को हराकर अमरीकी ओपन पुरुष सिंगल्स खिताब जीत लिया है। यह 2026 में ज्वेरेव का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने जून में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था।
9. जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में अरुणाचल प्रदेश के बिरी टाकर ने कांस्य पदक जीता

अरुणाचल प्रदेश के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी बिरी टाकर ने जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल में कांस्य पदक जीत लिया है। तोक्यो में 8 से 13 सितंबर, तक आयोजित इस प्रतियोगिता में, उन्होंने ये खिताब अपने नाम किया।
10. राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस 2026

भारत हर साल 15 सितंबर को ‘राष्ट्रीय इंजीनियर दिवस‘ मनाता है। यह दिन सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है, जो एक जाने-माने इंजीनियर, अर्थशास्त्री, राजनेता और लेखक थे और जिनके योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करते रहते हैं। सर का जन्म 15 सितंबर 1861 को कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर जिले में हुआ था। साथ ही, मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया यानी सर एमवी को आधुनिक मैसूर का निर्माता भी कहा जाता है। कर्नाटक में कावेरी नदी पर बना कृष्णराज सागर बांध उनके उत्कृष्ट इंजीनियरिंग कौशल का प्रमाण है। सर विश्वेश्वरैया ने नदियों के जल के लेवल को नियंत्रित करने के लिए ‘ब्लॉक सिस्टम’ और ऑटोमैटिक फ्लडगेट का आविष्कार किया था। इसे पहली बार 1903 में पुणे के खड़कवासला जलाशय में लगाया गया था, जिसे बाद में ग्वालियर के तिघरा बांध में भी इस्तेमाल किया गया। 1908 में हैदराबाद में जब मूसी नदी में भीषण बाढ़ आई थी, तब उन्होंने शहर के लिए एक आधुनिक ड्रेनेज और बाढ़ नियंत्रण ढांचा तैयार किया था, जिसने हैदराबाद को हमेशा के लिए तबाही से बचा लिया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
