10–12 minutes
1. One Nation, One Election: 2029 में ‘एक देश, एक चुनाव’ संभव: समिति प्रमुख

अगर संविधान में संशोधन किया जाए और राज्य सरकारें समर्थन करें, तो ‘एक देश, एक चुनाव’ पहल के तहत 2029 में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के लिए एक साथ चुनाव कराना संभव है। संबंधित विधेयकों पर विचार करने वाली संयुक्त संसदीय समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने सोमवार को यह बात कही। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने के मकसद से पेश किए गए ‘संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024’ और ‘केंद्र-शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024’ को व्यापक विचार की विपक्ष की मांग के बाद संसद की 31-सदस्यीय संयुक्त समिति के पास भेजा गया था। इस समिति की अध्यक्षता राजस्थान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद चौधरी कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर क्या 2029 के लोकसभा चुनावों के साथ ही राज्य विधानसभाओं के चुनाव भी कराए जा सकते हैं, चौधरी ने कहा कि अगर 2028 तक संसद में संविधान संशोधन को मंजूरी मिल जाती है, तो ‘एक देश, एक चुनाव’ को लागू करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। ये विधेयक पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के बाद तैयार किए गए थे। समिति ने लोकसभा, राज्य विधानसभाओं और स्थानीय निकायों के चुनाव एक साथ चरणबद्ध तरीके से कराने की सिफारिश की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कोविंद की अध्यक्षता वाली इस उच्चस्तरीय समिति के सदस्य थे। संविधान को अपनाए जाने के बाद 1951-52, 1957, 1962 और 1967 में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए गए। हालांकि, कुछ राज्यों की विधानसभाओं के समय से पहले भंग होने के कारण 1968-69 में एक साथ चुनाव कराने का सिलसिला टूट गया। चौथी लोकसभा को भी 1970 में समय से पहले भंग कर दिया गया था और 1971 में नये चुनाव हुए थे। पहली, दूसरी और तीसरी लोकसभा ने अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा किया था, लेकिन इसके उलट आपातकाल लागू होने के कारण पांचवीं लोकसभा का कार्यकाल अनुच्छेद 352 के तहत 1977 तक बढ़ा दिया गया था।
2. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कनाडा और अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन कनाडा और अमरीका की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वित्त मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय साझेदारियों को मजबूत करना, निवेश संबंधों को गहरा करना और साझा वैश्विक आर्थिक प्राथमिकताओं पर सहयोग को आगे बढ़ाना होगा। टोरंटो में अपनी यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारामन कनाडा के वित्त और राष्ट्रीय राजस्व मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन के साथ आर्थिक और वित्तीय संवाद में भाग लेंगी। यह संवाद दोनों पक्षों को व्यापक आर्थिक विकास, वित्तीय क्षेत्र में सहयोग, द्विपक्षीय निवेश के अवसरों और साझा अंतरराष्ट्रीय प्राथमिकताओं पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। श्रीमती सीतारामन प्रमुख मुख्य कार्यकारी अधिकारियों, अध्यक्षों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ एक निवेश गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगी। इस वार्ता का उद्देश्य व्यापार-से-व्यापार संबंधों को मजबूत करना, निवेश के अवसरों की पहचान करना और भारत और कनाडा के बीच दीर्घकालिक वाणिज्यिक साझेदारियों को बढ़ावा देना है। इसमें गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी-अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र में अवसर भी शामिल हैं।
3. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोलकाता में 5 नए प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया

23 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोलकाता में लगभग ₹3,500 करोड़ की 5 विस्तार परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। ये परियोजनाएं गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) और यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) से जुड़ी हैं। शिलान्यास किए गए 5 ब्राउनफील्ड प्रोजेक्ट्स में GRSE के 3 और यंत्र इंडिया के 2 प्रोजेक्ट शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत GRSE ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट कोलकाता के साथ 2 छोटे शिप्यार्ड और रायचक में 32 एकड़ की नदी किनारे की जमीन की लीज का समझौता किया। इस परियोजना में हुगली नदी के किनारे रायचक में 32 एकड़ जमीन पर बड़े शिपयार्ड परिसर बनाए जाएंगे, जिससे बड़े व्यावसायिक पोतों और युद्धपोतों के निर्माण क्षमता का विस्तार होगा। यंत्र इंडिया लिमिटेड के तहत फोर्जिंग प्रेस और रेडियल फोर्जिंग प्लांट स्थापित किये जाएंगे, जो तोपों की बैरल, आयुध और एयरोस्पेस में काम आएगा। GRSE की ये परियोजनाएं किडरपोर (कोलकाता), शालीमार (हावड़ा) और रायचक (दक्षिण 24 परगना) में हैं।
4. 27 अगस्त को ‘खेलो इंडिया डायलॉग’

राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में बड़े स्तर पर युवा सहभागिता कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया डायलॉग–खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ का आयोजन 27 अगस्त को किया जाएगा। इस पहल के तहत देशभर के 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साथ जुड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवा उभरते खिलाड़ियों को खेल, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के विषय पर संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम युवाओं को भारत के खेल और युवा पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य को लेकर अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने के लिए सीधा मंच उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, प्रमुख मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालयों सहित 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी होगी।
5. चिराग पासवान ने पीएमएफएमई (PMFME) बाजार का उद्घाटन किया

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय (MoFPI) 24–25 अगस्त 2026 को भारत पर्यावास केंद्र (इंडिया हैबिटैट सेंटर), नई दिल्ली में पीएमएफएमई (PMFME) सम्मेलन 2026 का आयोजन कर रहा है, जिसमें सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करने तथा वित्त, प्रौद्योगिकी और बाजारों तक पहुँच बढ़ाने पर विचार-विमर्श होगा। इसमें 500 से अधिक हितधारक शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन माननीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री श्री चिराग पासवान ने किया, जिन्होंने PMFME बाजार का भी उद्घाटन किया, जो इस दो-दिवसीय कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण है। इस बाजार में 25 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रदर्शक शामिल हैं, जो भारत के समृद्ध पाक तथा सांस्कृतिक विविधता का प्रतिनिधित्व करते हुए अनोखे, पारंपरिक और क्षेत्रीय खाद्य उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित कर रहे हैं।
6. जेनेसिस नेक्स्टजेन स्टार्टअप समिट – कोयंबटूर संस्करण में जेनेसिस एंटरप्रेन्योर-इन-रेजिडेंस (ईआईआर) कोहोर्ट-3 का शुभारंभ

इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) ने एमईआईटीवाई स्टार्टअप हब (एमएसएच) के माध्यम से जेनेसिस एंटरप्रेन्योर-इन-रेजिडेंस (ईआईआर) कोहोर्ट 3 का शुभारंभ किया है। यह एक राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम है जो महत्वाकांक्षी उद्यमियों, नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं, छात्रों और प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप संस्थापकों को नवीन विचारों को प्रौद्योगिकी-आधारित उद्यमों में बदलने में सहायता प्रदान करता है। जेनेसिस ईआईआर 3.0 का शुभारंभ 4 अगस्त, 2026 को कोयंबटूर के रथिनम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में आयोजित जेनेसिस नेक्स्टजेन स्टार्टअप समिट, कोयंबटूर संस्करण में किया गया। आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं और स्टार्टअप और नवाचार जगत के सभी हितधारकों के लिए खुले हैं। जेनेसिस ईआईआर 3.0, जेनेसिस (जेन-नेक्स्ट सपोर्ट फॉर इनोवेटिव स्टार्टअप्स) योजना का एक घटक है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से द्वितीय और तृतीय स्तर के शहरों में स्टार्टअप्स की खोज, सहायता और विकास को गति देना है।
7. एआईआईए ने आयुर्वेद-आधारित मातृ स्वास्थ्य एवं कल्याण सहायता को मजबूत करने के लिए “गर्भिनी मित्र” पाठ्यक्रम शुरू किया

नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान-ए.आई.आई.ए. ने 2026-2027 के शैक्षणिक सत्र में आयुर्वेद पर आधारित प्रसूति देखभाल को बेहतर बनाने के लिए ‘गर्भिणी मित्र’ नाम से एक नया पाठ्यक्रम शुरू किया है। आयुष मंत्रालय के अनुसार छह महीने का यह पाठ्यक्रम गर्भावस्था और प्रसवोत्तर अवधि के दौरान महिलाओं को उचित स्वास्थ्य शिक्षा, जीवनशैली मार्गदर्शन और सामुदायिक स्तर पर सहायता प्रदान करते हुए प्रशिक्षित कर्मियों को तैयार करने के लिए बनाया गया है। मंत्रालय ने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के वे उम्मीदवार, जिन्होंने किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण की है, 31 अगस्त तक आवेदन करने के पात्र हैं। पाठ्यक्रम पूरा होने पर, उम्मीदवार विभिन्न आयुष केंद्रों, प्रसूति क्लीनिकों और स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भिणी मित्र सहायक, प्रसवपूर्व या प्रसवोत्तर देखभाल सहायक, प्रसवपूर्व स्वास्थ्य मार्गदर्शक और मातृ स्वास्थ्य सहायता कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर सकते हैं। इस पाठ्यक्रम में गर्भिणी परिचर्या, सूतिका परिचर्या और गर्भाधान विधि की पारंपरिक आयुर्वेदिक अवधारणाएं शामिल हैं।
8. बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप में फ्रांस की जोड़ी ने गोल्ड जीता

24 अगस्त को फ्रांस के थॉम गिकेल और डेलफिन डेलरू ने बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप मिक्स्ड डबल्स में गोल्ड जीता। गिकेल-डेलफिन की जोड़ी इस चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली फ्रांस की पहली जोड़ी है। गिकेल-डेलफिन की जोड़ी ने फाइनल में टॉप सीड फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की जोड़ी को 22-20, 19-21, 21-15 से हराया। इसके साथ ही फ्रांस नेमेंस सिंगल्स में भी इतिहास रचा है। एलेक्स लानियर मेंस सिंगल्स का वर्ल्ड टाइटल जीतने वाले पहले फ्रांसीसी खिलाड़ी बने। एलेक्स ने फाइनल में जापान के कोडाई नाराओका को 21-11, 21-11 से 50 मिनट में हराया।
9. इथियोपिया के योमिफ केजेलचा ने हाफ मैराथन का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा

इथियोपिया के योमिफ़ केजेलचा ने रविवार को ब्यूनस आयर्स में ‘वर्ल्ड एथलेटिक्स लेबल‘ रोड रेस जीती। उन्होंने 56 मिनट 51 सेकंड की ज़बरदस्त दौड़ के साथ हाफ मैराथन का वर्ल्ड रिकॉर्ड फिर से अपने नाम किया। इथियोपिया के धावक ने मार्च में लिस्बन में युगांडा के जैकब किप्लिमो द्वारा बनाए गए 57:20 के पिछले रिकॉर्ड से 29 सेकंड कम समय लिया। इस तरह उन्होंने वह रिकॉर्ड वापस हासिल कर लिया जो किप्लिमो द्वारा अक्टूबर 2024 में वालेंसिया में उनके 57:30 के समय को बेहतर करने के बाद उनसे छिन गया था। किप्लिमो ने पिछले साल बार्सिलोना में 56:42 का समय भी निकाला था, लेकिन उनका प्रदर्शन रिकॉर्ड के लिए मान्य नहीं था क्योंकि रेस की स्थितियां वर्ल्ड एथलेटिक्स के नियमों के मुताबिक नहीं थीं। महिलाओं की रेस में, इथियोपिया की फोटयेन टेसफे ने 1:03:57 का समय लेकर शानदार जीत हासिल की।
10. पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट आशा का निधन

22 अगस्त को दिग्गज अभिनेत्री और भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट आशा सिंह जायसवाल का 70 साल की उम्र में निधन हो गया। आशा हिंदी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस मीना कुमारी की आवाज की नकल करने के लिए पहचानी जाती थीं। आशा बीआर चोपड़ा की महाभारत में द्रोणाचार्य की पत्नी कृपी के किरदार में नजर आई थीं। आशा सिंह जायसवाल एक एंटरप्रेन्योर भी थीं। उन्होंने ‘आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स‘ नाम की कंपनी बनाई थी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
