9–10 minutes
1. उपराष्ट्रपति ने आंध्र प्रदेश में देश का पहला गैर-जीएमओ उच्च गुणवत्ता पॉपकॉर्न मक्का हाईब्रिड बीज जारी किया

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोमवार को आयात पर निर्भरता कम करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रौद्योगिकी, नवाचार तथा स्वदेशी बीज विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के एलुरु जिले के मुसुनुरु में Gourmet Popcornica द्वारा विकसित भारत के पहले नॉन-जीएमओ, हाई-एक्सपेंशन पॉपकॉर्न मक्का हाइब्रिड बीज का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत अब पॉपकॉर्न का आयात करने के बजाय उसका निर्यात करेगा। उन्होंने प्रौद्योगिकी और नवाचार को अपनाने के बढ़ते दौर पर प्रसन्नता व्यक्त की।
2. विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस की दो दिवसीय यात्रा पर मॉस्को पहुंचे

विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस की दो दिवसीय यात्रा के लिए मॉस्को पहुंच चुके हैं। वे रूस के उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव के साथ व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और सांस्कृतिक सहयोग पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग के 27वें सत्र की सह-अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान, डॉ. जयशंकर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी मुलाकात करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
3. UPI ने पूरे किए 10 साल, 24,162 करोड़ सालाना लेनदेन के साथ 11 देशों तक पहुंचा नेटवर्क

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने भारत में डिजिटल भुगतान को बदलने के 10 वर्ष पूरे कर लिए हैं। भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियामकीय पर्यवेक्षण में 25 अगस्त 2016 को यूपीआई की शुरुआत की थी। एक दशक में यूपीआई भारत के डिजिटल भुगतान तंत्र की रीढ़ बन गया है और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पिछले एक दशक में यूपीआई ने असाधारण विस्तार और वृद्धि दर्ज की है। वित्त वर्ष 2016-17 में 1.78 करोड़ वार्षिक लेनदेन से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में 24,162 करोड़ से अधिक लेनदेन हो गए। यह लेनदेन की मात्रा में लगभग 13,000 गुना वृद्धि है। इसी अवधि में यूपीआई के माध्यम से होने वाले लेनदेन का मूल्य भी तेजी से बढ़ा। वित्त वर्ष 2016-17 में जहां लेनदेन का कुल मूल्य 0.07 लाख करोड़ रुपये था, वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर करीब 314 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह लेनदेन मूल्य में 4,000 गुना से अधिक वृद्धि को दर्शाता है। वर्ष 2025 में दुनिया के रियल-टाइम भुगतान लेनदेन की मात्रा में यूपीआई की हिस्सेदारी करीब 49 प्रतिशत रही। इसके साथ भारत तत्काल, सुरक्षित और समावेशी डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व की स्थिति में पहुंच गया है। यूपीआई अब 11 देशों में संचालित है। इनमें संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, भूटान, श्रीलंका, नेपाल, सिंगापुर, मॉरीशस, कतर, कंबोडिया, ग्रीस और मालदीव शामिल हैं। इससे यूपीआई भारत के लिए सीमा-पार डिजिटल भुगतान का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है।
4. पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगोलिया में संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण रोकथाम सम्मेलन को किया संबोधित

भारत ने भूमि पुनरुद्धार और सूखे से निपटने के लिए पर्याप्त, भरोसेमंद और निरंतर अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता की जरूरत पर बल दिया है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगोलिया के उलानबटार में संयुक्त राष्ट्र मरुस्थलीकरण रोकथाम सम्मेलन (सीओपी-17) के दौरान आयोजित मंत्रीस्तरीय संवाद को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री यादव ने कहा कि भूमि पुनरुद्धार कोई खर्च नहीं, बल्कि खाद्य, जल, जैव विविधता, आजीविका और दीर्घकालिक क्षमता में निवेश है।
5. ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ योजना का ऐलान, 1.30 करोड़ परिवारों को मिलेंगे मुफ्त LPG सिलेंडर

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को घोषणा की कि राज्य में परिवारों की महिला मुखियाओं को नई ‘अन्नपूर्णी सुपर 6’ योजना के तहत हर साल तीन मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे। यह योजना आगामी जनवरी में पोंगल पर्व से शुरू की जाएगी। करीब 4,000 करोड़ रुपये के वार्षिक बजटीय खर्च वाली इस कल्याणकारी योजना से राज्य के 1.30 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, छोटे और सीमांत किसानों तथा दिव्यांग व्यक्तियों के परिवारों को भी इसके दायरे में शामिल किया जाएगा।
6. यूक्रेन और नॉर्वे के बीच ऐतिहासिक रक्षा समझौता: राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ‘एलिजाबेथ’ समझौते पर किए हस्ताक्षर

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोर के साथ रक्षा सहयोग और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा और पुनर्निर्माण के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने पर सहमति जताई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गाहर स्टोर के साथ मिलकर हमने ड्रोन डील प्रारूप में रक्षा सहयोग समझौते और रणनीतिक साझेदारी घोषणा पत्र, यानी ‘एलिजाबेथ’ समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का नाम प्रिंस यारोस्लाव द वाइज की बेटी एलिजाबेथ के नाम पर रखा गया है, जो नॉर्वे की रानी थीं।”
7. चीन के ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर दौड़ में उसैन बोल्ट का विश्व रिकॉर्ड पीछे छोड़ा

चीन के एक ह्यूमनॉइड रोबोट ने शनिवार को बीजिंग में आयोजित विश्व ह्यूमनॉइड रोबोट गेम्स की 100 मीटर दौड़ में 9.39 सेकंड का समय दर्ज किया। यह प्रदर्शन इंसानों के 100 मीटर दौड़ के विश्व रिकॉर्ड से तेज है, जो जमैका के महान धावक उसैन बोल्ट के नाम है। Tiangong Ultra नामक इस ह्यूमनॉइड रोबोट को बीजिंग ह्यूमनॉइड रोबोट इनोवेशन सेंटर ने विकसित किया है। आयोजकों के अनुसार, उसने प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में अपनी हीट जीतकर अगले चरण के लिए जगह बनाई। दौड़ के दौरान Tiangong Ultra शुरुआत में पीछे था, लेकिन अंतिम चरण में उसने स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Honor के रोबोट Lightning को पीछे छोड़ दिया। Lightning ने 9.47 सेकंड का समय दर्ज किया, जो बोल्ट के 9.58 सेकंड के मानव विश्व रिकॉर्ड से भी तेज था। बोल्ट ने यह रिकॉर्ड 2009 में बर्लिन में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बनाया था।
8. ‘ऑपरेशन ब्लैक हॉक’ में बड़ी कार्रवाई

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों ने ‘ऑपरेशन ब्लैक हॉक’ के तहत लखनऊ के पास लगातार अभियान चलाकर 18.64 किलोग्राम कच्ची हेरोइन जब्त की है। कार्रवाई में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। प्रतिबंधित मादक पदार्थ पूर्वोत्तर राज्य से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने के लिए तस्करी किया जा रहा था।
9. कनिज़ा ओपन 2026 शतरंज प्रतियोगिता में भारत के प्रणेश एम ने ग्रुप ए के खिताब पर किया कब्जा

भारत के 19 वर्षीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम ने प्रतिष्ठित कनिज़ा ओपन 2026 शतरंज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप ए का खिताब अपने नाम किया। हंगरी के नागीकनिज़ा में आयोजित टूर्नामेंट के नौवें और अंतिम दौर में प्रणेश ने सफेद मोहरों से खेलते हुए जर्मनी के वादिम पेट्रोव्स्की को हराया। प्रणेश की रेटिंग 2673 है और अगस्त 2026 की नवीनतम फिडे रैंकिंग में वे 44वें स्थान पर हैं। तमिलनाडु के कराईकुडी के प्रणेश एम ने नौ राउंड में सात अंक हासिल किए और तीन अन्य खिलाड़ियों के साथ शीर्ष स्थान साझा किया। उन्होंने इज़रायल के ओर ब्रोंस्टीन, यूक्रेन के आंद्रेई वोलोकितिन और भारत के कार्तिक वेंकटरमन के साथ बेहतर टाईब्रेक के आधार पर खिताब जीता।
10. भारतीय रेसलर मुकुल दहिया पर अस्थायी निलंबन

22 अगस्त को भारतीय रेसलर मुकुल दहिया डोप टेस्ट में फेल हुए। NADA ने उन पर अस्थायी रूप से सस्पेन्ड कर दिया है। दहिया 86 किलोग्राम वेट कैटेगरी में खेलते हैं। दहिया मेफेंटरमाइन स्टिमुलेंट टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए। दहिया इस समय आर्मेनिया के येरेवान में हैं, जहां भारत के एशियन गेम्स के लिए चुने गए फ्रीस्टाइल पहलवान एक्सपोजर कैंप में शामिल हैं। दहिया ने 2026 में 86 किग्रा कैटेगरी में एशियन चैंपियनशिप में सिल्वर जीता था और जून 2026 में उलानबटार ओपन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
11. फुटबॉलर क्यूविन कास्त्रो का निधन

22 अगस्त को पुर्तगाल के 25 वर्षीय फुटबॉलर क्यूविन कास्त्रो की मैच के दौरान मैदान पर गिरने के बाद मौत हो गई। वे लिस्बन में थर्ड-टियर क्लब रियल स्पोर्ट क्लब और टॉप-फ्लाइट टीम एस्ट्रेला दा अमाडोरा के बीच प्री-सीजन फ्रेंडली मैच खेल रहे थे। कास्त्रो के मैदान पर गिरने के बाद मैच स्थगित कर दिया गया। लिस्बन फुटबॉल एसोसिएशन ने उनके निधन की पुष्टि की। क्यूविन कास्त्रो 2021 में वेस्ट ब्रोम की अकादमी से जुड़े थे। उन्होंने उसी साल आर्सेनल के खिलाफ लीग कप मैच में क्लब की सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
