13–16 minutes
1. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोबाइल फोन विनिर्माण योजना का शुभारंभ किया

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोबाइल फोन विनिर्माण योजना (एमपीएमएस) का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने 62,500 करोड़ रुपये के बजट आवंटन के साथ इस योजना को मंजूरी दी थी। यह योजना पहली अप्रैल, 2026 से प्रभावी हो गई है। योजना की अवधि 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्ष की होगी। इस योजना का उद्देश्य मोबाइल विनिर्माण आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने और घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा को बढ़ाना है। यह योजना भारतीय मोबाइल ब्रांडों को बढ़ावा देगी और रोजगार सृजित करेगी। एमपीएमएस के दो लक्षित क्षेत्र हैं: मोबाइल फोन विनिर्माण को प्रोत्साहन देना और भारतीय मोबाइल फोन ब्रांडों का समर्थन करना। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कम से कम 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार करने वाले भारत में पंजीकृत मोबाइल फोन निर्माता इस योजना के अंतर्गत पात्र होंगे।
2. ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों ने पर्यटन, एआई और सुविधाजनक यात्रा पर केंद्रित जयपुर घोषणापत्र को स्वीकृति दी

भारत की अध्यक्षता में जयपुर में हुई ब्रिक्स पर्यटन मंत्रियों की बैठक जयपुर घोषणापत्र को सर्वसम्मति से मंजूरी देने के साथ संपन्न हुई। जयपुर घोषणापत्र में ब्रिक्स देशों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन, कौशल विकास और सुविधाजनक यात्रा जैसे क्षेत्रों पर जोर दिया गया है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पर्यटन से शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों, गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में भी रोजगार और विकास के अवसर बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में होटल, होमस्टे, टैक्सी चालक, गाइड, कारीगर, बुनकर, किसान और उद्यमियों सहित लाखों लोगों की आजीविका जुड़ी है। श्री शेखावत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत आने वाले पर्यटकों की संख्या तीन गुना बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जयपुर घोषणापत्र से ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग बढ़ेगा और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर सृजित होंगे। बैठक के दौरान भारत ने ब्राजील, ईरान, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के साथ पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर द्विपक्षीय चर्चा भी की।
3. भारतीय सेना ने पंजाब में अत्याधुनिक ड्रोन से लैस अपनी पहली बाज़ बटालियन का गठन किया

भारतीय सेना ने हवाई निगरानी, त्वरित प्रतिक्रिया और युद्धक्षेत्र तक पहुंच बढ़ाने के लिए सीमावर्ती राज्य पंजाब में अत्याधुनिक ड्रोन से लैस अपनी पहली बाज़ बटालियन का गठन किया है। यह बटालियन आकाश में निगरानी तंत्र और युद्धक्षेत्र में दुश्मन पर बढ़त के रूप में काम करेगी। पंजाब के रक्षक कहे जाने वाले सेना के 11वें कोर जिसे वज्र कोर भी कहा जाता है, यह कोर बाज़ बटालियन को परिचालन में लाने वाला पहला कोर है। ‘बाज़’ नाम एक शिकारी पक्षी से लिया गया है।
4. मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने ढाका के बंगभवन में बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उन्हें संसद के उपाध्यक्ष कैसर कमाल ने पद की शपथ दिलाई। आलमगीर गुरुवार को राष्ट्रपति चुनाव में 255 वोट हासिल कर निर्वाचित हुए। उन्होंने विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार ओली अहमद को हराया, जिन्हें 88 वोट मिले। यह चुनाव खास रहा, क्योंकि 35 साल में पहली बार बांग्लादेश के राष्ट्रपति चुनाव में एक से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में थे। यह चुनाव पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद हुआ। उन्होंने पिछले महीने गंभीर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ दिया था।
5. प्रादेशिक सेना ने शुरू किया ‘टेरियर साइबर क्वेस्ट 2026’

प्रादेशिक सेना ने ‘साइबरपीस’ के साथ मिलकर राष्ट्रीय स्तर के हैकाथॉन ‘टेरियर साइबर क्वेस्ट 2026’ (टीसीक्यू 3.0) की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य रक्षा, साइबर सुरक्षा और सूचना संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी और अभिनव तकनीकी समाधान विकसित करना है। प्रतियोगिता के तीसरे संस्करण में शिक्षा क्षेत्र, उद्योग, अनुसंधान संस्थानों, सरकारी संगठनों और सशस्त्र बलों की तकनीकी प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। टीसीक्यू 3.0 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सुरक्षा, खतरा प्रबंधन और डिजिटल जागरूकता जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहल के जरिए राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के लिए स्वदेशी तकनीकी समाधान विकसित करने और युवाओं तथा तकनीकी विशेषज्ञों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जा रहा है।
6. चेन्नई के अवसंरचनात्मक विकास के लिए सरकार ने एडीबी के साथ 230 मिलियन डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए

सरकार ने चेन्नई की जल आपूर्ति और स्वच्छता अवसंरचना के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए एशियाई विकास बैंक – एडीबी के साथ 23 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए। वित्त मंत्रालय ने कहा कि चेन्नई जलवायु-लचीली जल सुरक्षा और सीवरेज परियोजना से चेन्नई में सुरक्षित और विश्वसनीय जल आपूर्ति और बेहतर स्वच्छता सेवाओं तक पहुंच में सुधार होगा। इस परियोजना के अंतर्गत 170 किलोमीटर से अधिक जल आपूर्ति और सीवर पाइप का निर्माण किया जाएगा। सात जल पंपिंग स्टेशनों और 38 सीवर पंपिंग स्टेशनों का भी उन्नयन किया जाएगा।
7. भारत-मॉरिशस ने तेल और गैस सहयोग पर ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए

भारत-मॉरिशस ने तेल और गैस सेक्टर में सहयोग बढ़ाया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOC) ने मॉरिशस की पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की आयात जरूरत को पूरा करने के लिए पांच साल का समझौता किया है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की मॉरिशस की दो दिन की यात्रा के दौरान गुरुवार को ये समझौते किए गए। इस कार्यक्रम में मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भी मौजूद थे। मॉरिशस की स्टेट ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन के साथ हुए इस लंबे समय के खरीद-बिक्री समझौते से मॉरिशस को ईंधन की पक्की सप्लाई मिलेगी। कीमतों में उतार-चढ़ाव से बचाव में मदद होगी। इसमें पेट्रोलियम उत्पादों की सप्लाई के साथ मॉरिशस के अधिकारियों के लिए ट्रेनिंग और क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग) और बायोफ्यूल सेक्टर में सहयोग भी शामिल है।
8. भारत-ब्राजील के बीच दूरसंचार और आईसीटी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर

भारत और ब्राजील ने दूरसंचार और सूचना तथा संचार प्रौद्योगिकी-आईसीटी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। दूरसंचार विभाग ने बताया कि यह समझौता ब्रिक्स आईसीटी बैठक से इतर हुआ। दूरसंचार विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह समझौता डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देगा, डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाएगा। पुणे में आयोजित 12वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक से इतर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया और ब्राजील के संचार मंत्री फ्रेडेरिको डी सिक्वेरा फिल्हो के बीच यह समझौता हुआ। भारत की वर्ष 2026 की ब्रिक्स अध्यक्षता के संदर्भ में यह समझौता महत्वपूर्ण है। डिजिटल परिवर्तन, विश्वसनीय प्रौद्योगिकी और समावेशी कनेक्टिविटी ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग के महत्वपूर्ण क्षेत्र बनकर उभर रहे हैं।
9. सरकार ने 4 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलएफ्रिन हाइड्रोक्लोराइड वाले कॉम्बिनेशन पर प्रतिबंध लगाया

सरकार ने चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलएफ्रिन हाइड्रोक्लोराइड वाले सभी फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन के निर्माण, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक अधिसूचना जारी कर इन दवाओं पर स्पष्ट चेतावनी देना अनिवार्य किया है कि चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ये दवाएं नहीं दी जानी चाहिए। यह कदम छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। सरकार ने निर्माताओं को निर्देश दिया है कि इन दवाओं के लेबल, पैकेज में दिए गए निर्देशों और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट रूप से चेतावनी लिखी जाए। सरकार ने कहा है कि ऐसे दवाओं के इस्तेमाल से चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों को जोखिम हो सकता है और इनके सुरक्षित विकल्प उपलब्ध हैं। इस वर्ष जून में भी स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने देशभर में लोगों के इस्तेमाल के लिए 16 फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर रोक लगाई थी। यह निर्णय विशेषज्ञ समिति और औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड की सिफारिशों के बाद लिया गया है।
10. डॉ. मनसुख मांडविया ने ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधियों के साथ थोटलकोंडा बौद्ध विरासत स्थल का दौरा किया

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने ब्रिक्स देशों के मंत्रियों और वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ आंध्र प्रदेश में विशाखापत्तनम के निकट ऐतिहासिक थोटलकोंडा बौद्ध विरासत स्थल का दौरा किया। प्रतिनिधियों ने महास्तूप, ध्यान केंद्रों, कुओं और रसोई क्षेत्रों सहित प्राचीन बौद्ध अवशेषों को देखा। उन्हें स्थल के ऐतिहासिक महत्व और सदियों पहले यहां रहने वाले बौद्ध भिक्षुओं के जीवन के बारे में जानकारी दी गई। डॉ. मांडविया ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत थोटलकोंडा में पौधारोपण भी किया। ब्रिक्स देशों के युवा मंत्रियों की बैठक आज शाम विशाखापत्तनम में होगी।
11. कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने भारतीय नौसेना को सौंपा तीसरा पनडुब्बी रोधी जलयान ‘मैंग्रोल’

कोच्चि स्थित कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने भारतीय नौसेना को तीसरा पनडुब्बी रोधी जलयान मैंग्रोल सौंप दिया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस जहाज को बनाने में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है। यह जहाज पानी के भीतर निगरानी, तटीय जलक्षेत्र में पनडुब्बी रोधी युद्ध अभियानों, निम्न-तीव्रता वाले समुद्री अभियानों और साथ ही बारूदी सुरंगों को नष्ट करने की क्षमता रखता है। मंत्रालय ने बताया कि यह जहाज जल जेट से संचालित है और अत्याधुनिक टॉरपीडो, पनडुब्बी रोधी रॉकेट, उन्नत रडार और सोनार से सुसज्जित है। मंत्रालय ने कहा कि यह जहाज स्वदेशी रक्षा विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र की बढ़ती शक्ति का प्रमाण है।
12. भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लुज़ान डायमंड लीग में जीता रजत पदक

भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने लुज़ान डायमंड लीग में रजत पदक जीत लिया है। उन्होंने 88.05 मीटर तक भाला फेंक कर दूसरा स्थान हासिल किया। नीरज श्रीलंका के रमेश थरंगा पथिराज से सिर्फ नौ सेंटीमीटर पीछे रहे। रमेश ने 88.14 मीटर तक भाला फेंक कर पहला स्थान प्राप्त किया। एंडर्सन पीटर्स 86.69 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। केशॉर्न वालकॉट को 83.71 मीटर के साथ चौथा स्थान मिला।
13. जेवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह पर 10 साल का बैन

21 अगस्त को भारत के जेवलिन थ्रोअर शिवपाल सिंह पर 10 साल का बैन लगा। शिवपाल टोक्यो ओलिंपियन रहे हैं और दूसरी बार डोपिंग के दोषी पाए गए हैं। शिवपाल नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी के डिसिप्लिनरी पैनल ने प्रतिबंधित पदार्थ मेथेंडिएनोन के लिए पॉजिटिव पाए गए हैं। 31 वर्षीय शिवपाल 2019 एशियन चैंपियनशिप में 86.23 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। इससे पहले शिवपाल का सैंपल 2021 में हुए आउट-ऑफ-कंपटीशन टेस्ट में स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव आया था। अगस्त 2022 में NADA के डिसिप्लिनरी पैनल ने उन्हें दोषी मानते हुए 4 साल का बैन लगाया था। शिवपाल ने अपील में कहा था कि जिस सप्लीमेंट का उन्होंने इस्तेमाल किया था, उसमें प्रतिबंधित पदार्थ मिला हुआ था। जनवरी 2023 में NADA के अपील पैनल ने उनका पक्ष स्वीकार करते हुए बैन को 4 साल से घटाकर 1 साल कर दिया। इसके बाद उन्होंने अप्रैल 2023 में वापसी की थी। शिवपाल ने वापसी के बाद जून 2023 में भुवनेश्वर में नेशनल इंटर-स्टेट चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। स्प्रिंटर एमवी जिल्ना को भी दूसरे डोपिंग मामले में प्रोविजनली सस्पेंड किया गया है। उनका सैंपल प्रतिबंधित पदार्थ मेफेन्टरमाइन के लिए पॉजिटिव पाया गया है।
14. 21 अगस्त: एक तारीख, तीन संदेश—उद्यमिता को प्रोत्साहन, बुजुर्गों का सम्मान और आतंकवाद के खिलाफ संकल्प

21 अगस्त का दिन समाज और दुनिया के सामने तीन अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण संदेश लेकर आता है। इस दिन विश्व उद्यमी दिवस, विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस और आतंकवाद के पीड़ितों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्मृति और श्रद्धांजलि दिवस मनाया जाता है। तीनों दिवसों का उद्देश्य अलग है, लेकिन इनके केंद्र में मानव क्षमता, सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य के निर्माण की साझा भावना दिखाई देती है। जहां विश्व उद्यमी दिवस नवाचार, जोखिम उठाने और रोजगार एवं आर्थिक अवसर पैदा करने वाले उद्यमियों के योगदान को रेखांकित करता है, वहीं विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस उम्रदराज लोगों के अनुभव, गरिमा और समाज में उनकी भूमिका की याद दिलाता है। दूसरी ओर, आतंकवाद के पीड़ितों के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्मृति दिवस आतंकवाद से प्रभावित लोगों को याद करने, उनके प्रति एकजुटता व्यक्त करने और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर देता है।
15. महान अभिनेत्री सौकार जानकी का चेन्नई में निधन

महान अभिनेत्री सौकार जानकी का चेन्नई में निधन हो गया। सौकार जानकी ने दक्षिण भारतीय सिनेमा जगत में लगभग 400 फिल्मों में अभिनय किया। उन्हें पद्म श्री, फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, दो नंदी अवार्ड और एक कलाइमामणि अवार्ड से भी सम्मानित किया गया था। उन्होंने 1950 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। सौकार ने 1949-50 में एल.वी. प्रसाद की तेलुगु फिल्म ‘शवुकारु’ से फिल्मी करियर की शुरुआत। इसी फिल्म के कारण उन्हें ‘सौकार जानकी’ नाम से पहचान मिली। सौकार ने 1952 में फिल्म ‘वाल्यापथ’ से तमिल सिनेमा में शुरुआत की थी और 1954 कन्नड़ फिल्म ‘देवकनिका’ से कन्नड़ सिनेमा में शुरुआत की। सौकार तेलुगु और तमिल सिनेमा की प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल थीं। उन्होंने अपने करियर में लगभग 400 फिल्मों में एक्टिंग की। सौकार को ‘इरु कॉडगल’ के लिए तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला था। 2022 में भारतीय सिनेमा और कला में योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार ने पद्म श्री से सम्मानित किया था।
16. ओड़िया भाषा के दिग्गज पार्श्व गायक प्रणब पटनायक का निधन

ओडिशा के भुवनेश्वर में ओड़िया भाषा के दिग्गज पार्श्व गायक प्रणब पटनायक का 88 वर्ष में निधन हो गया। पांच दशकों से अधिक के करियर में, पटनायक ने 200 से अधिक फिल्मों में गाने गाये और कई प्रसिद्ध राष्ट्रीय स्तर के गायकों के साथ काम किया। सात बार ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कार विजेता और प्रतिष्ठित जयदेव पुरस्कार से सम्मानित पटनायक के निधन से ओडिशा की संगीत और सिनेमाई विरासत में एक युग का अंत हो गया है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
