11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

12–15 minutes


1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंचे न्यूज़ीलैंड, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने किया स्वागत

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्यूज़ीलैंड पहुंचे, न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने किया पीएम मोदी का स्वागत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूज़ीलैंड यात्रा के अवसर पर प्रतिष्ठित स्काई टावर को भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया, जो दोनों देशों की मित्रता का प्रतीक है। 4 दशक बाद किसी भारतीय पीएम की यह पहली न्यूज़ीलैंड यात्रा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा भारत-न्यूज़ीलैंड संबंधों को नई गति देगी। व्यापार, रक्षा, खेल, संस्कृति, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा होगी।

2. विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, न्यूयॉर्क और ब्रुसेल्स की 11 दिन की यात्रा पर

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर कुवैत की यात्रा पूरी करने के बाद ओमान पहुंच गए हैं। उनके आगमन पर ओमान के विदेश मंत्रालय के महानिदेशक शेख अहमद अल मस्कारी ने उनका स्वागत किया। डॉ. जयशंकर कतर, बहरीन, कुवैत, ओमान, न्यूयॉर्क और ब्रुसेल्स की 11 दिन की यात्रा पर हैं। ओमान यात्रा पूरी करने के बाद, वे न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के 2028-29 कार्यकाल के लिए भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद विदेश मंत्री 14 और 15 जुलाई को ब्रुसेल्स में तीसरे भारत-यूरोपीय संघ व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक में शामिल होंगे। डॉ. जयशंकर यूरोपीय संघ और बेल्जियम के विदेश मंत्री के साथ बातचीत भी करेंगे।

3. केंद्रीय पर्यावरण मंत्री ने कोयंबटूर स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान-सालिम अली पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कोयंबटूर में मानव-वन्यजीव संघर्ष उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। इस उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना भारत सरकार की जैव विविधता संरक्षण और मानव जीवन एवं आजीविका की सुरक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके लिए विज्ञान आधारित, प्रौद्योगिकी-सक्षम और समुदाय-उन्मुख दृष्टिकोणों का उपयोग किया जाता है। इस अवसर पर भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय मानव-वन्यजीव संघर्ष पोर्टल भी लॉन्च किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म देशभर में मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े आंकड़ों के प्रबंधन, जानकारी साझा करने और निर्णय लेने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद करेगा। साथ ही ‘भारत में मानव-वन्यजीव संघर्ष की वर्तमान स्थिति: एक अवलोकन’ शीर्षक से प्रकाशनों की श्रृंखला का पहला संस्करण भी जारी किया गया। इसमें देश में मानव-वन्यजीव संघर्ष की मौजूदा स्थिति, रुझानों और उभरती चुनौतियों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय प्रतिपूरक वनीकरण निधि प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (National CAMPA) की संचालन समिति की सातवीं बैठक की भी अध्यक्षता की।

4. नीति आयोग और टाटा मोटर्स फाउंडेशन ने ग्रामीण विकास के लिए समझौता किया

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

नीति आयोग ने टाटा मोटर्स फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य आकांक्षी ब्लॉकों में एकीकृत ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना है। नीति आयोग ने बताया है कि यह सहयोग ग्राम संस्थाओं को मजबूत करने, सरकारी योजनाओं तक पहुंच में सुधार करने, शिक्षा और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को उन्नत करने पर केंद्रित होगा। इसके अतिरक्त इसमें कृषि, आजीविका, स्वास्थ्य और पोषण को बढ़ावा देना शामिल है। यह पहल महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के चयनित आकांक्षी ब्लॉकों में एकीकृत ग्राम विकास परियोजना के दूसरे चरण के अंतर्गत लागू की जाएगी। आयोग के अनुसार यह साझेदारी जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और सामुदायिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम करते हुए, आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में प्रगति को गति देने में मदद करेगी।

5. भारतीय मूल के नासा अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन 14 जुलाई को अंतरिक्ष मिशन पर होंगे रवाना

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

भारतीय मूल के नासा अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन 14 जुलाई को कजाकिस्तान के बैकोनूर अंतरिक्ष प्रशिक्षण केंद्र से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए आठ महीने के मिशन पर रवाना होने वाले हैं। वे अंतरिक्ष यात्रियों प्योत्र दुब्रोव और अन्ना किकिना के साथ रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के सोयुज एमएस-29 अंतरिक्ष यान में सवार होकर अंतरिक्ष यात्रा करेंगे। अंतरिक्ष स्टेशन में रहते हुए, श्री मेनन लंबी अवधि की अंतरिक्ष यात्रा के शारीरिक प्रभावों और सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण के अंतरिक्ष यात्रियों में रक्त प्रवाह, शिरा संरचना और रक्त संरचना पर प्रभाव का अध्ययन करेंगे। वे अंतरिक्ष स्टेशन की पेय जल प्रणाली का उपयोग करके अंतःशिरा द्रव तैयार करने की तकनीकों का परीक्षण करने में भी मदद करेंगे। वे अल्ट्रासाउंड जांच भी करेंगे जिससे भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों में पृथ्वी से चिकित्सा सहायता की आवश्यकता समाप्त हो सकती है। मिनियापोलिस में जन्मे अनिल मेनन आपातकालीन चिकित्सा चिकित्सक और अमरीकी अंतरिक्ष बल में कर्नल हैं। 49 वर्षीय मेनन ने 2014 में नासा में फ्लाइट सर्जन के रूप में अपना करियर शुरू किया और अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष सेवा केंद्र पर रहने और काम करने वाले अंतरिक्ष यात्रियों के साथ काम किया। मेनन 2018 में स्पेसएक्स में शामिल हुए। दिसंबर 2021 में उनका चयन नासा के अंतरिक्ष यात्री के रूप में हुआ और उन्होंने दो साल का प्रशिक्षण शुरू किया।

6. भारत और ऑस्ट्रिलया के बीच सीएसआईआर के पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय तक पहुंच के लिए समझौता

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) और आईपी ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में आयोजित तीसरे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान सीएसआईआर के पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय (सीएसआईआर-टीकेडीएल) तक पहुंच के संबंध में एक समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज एमपी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। भारत ने गलत पेटेंट आवंटन की वजह से अपने समृद्ध पारंपरिक ज्ञान के दुरुपयोग को रोकने के लिए अपनी तरह का पहला पूर्व-कला डेटाबेस, पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय (टीकेडीएल) विकसित किया है। इस समझौते के तहत, आईपी ऑस्ट्रेलिया को टीकेडीएल डेटाबेस तक पहुंच प्राप्त होगी ताकि ऑस्ट्रेलिया के पेटेंट कानूनों और जांच प्रक्रियाओं के अनुसार पेटेंट आवेदनों की जांच करते समय प्रासंगिक पूर्व-कला की पहचान की जा सके। यह समझौता अधिक जानकारीपूर्ण और कुशल पेटेंट जांच को सुगम बनाएगा तथा भारत की प्रलेखित पारंपरिक विरासत का हिस्सा बन चुके ज्ञान पर पेटेंट के आवंटन को रोकने में मदद करेगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, भारत सरकार ने पारंपरिक ज्ञान डिजिटल पुस्तकालय (सीएसआईआर-टीकेडीएल) की स्थापना वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) और आयुष मंत्रालय की संयुक्त पहल के माध्यम से वर्ष 2001 में की थी। भारतीय पारंपरिक ज्ञान पर आधारित पेटेंटों के गलत अनुदान को रोकने के उद्देश्य से विकसित सीएसआईआर-टीकेडीएल में अभी आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध, सोवा रिग्पा और योग से संबंधित 5.2 लाख से अधिक सूत्रों और प्रथाओं की जानकारी शामिल है।

7. बागवानी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गुजरात को मिला राष्ट्रीय कृषि नेतृत्व पुरस्कार

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

बागवानी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन और नई पहलों के लिए गुजरात को ‘एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित 17वें एग्रीकल्चर लीडरशिप कॉन्क्लेव में राज्य को यह राष्ट्रीय सम्मान दिया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े की मौजूदगी में यह पुरस्कार प्रदान किया। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वाघाणी ने राज्य सरकार की ओर से पुरस्कार स्वीकार किया। एग्रीकल्चर लीडरशिप अवॉर्ड की शुरुआत वर्ष 2008 में कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन के सुझाव पर एग्रीकल्चर टुडे ग्रुप द्वारा की गई थी। पुरस्कारों का मूल्यांकन पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस पी. सदाशिवम की अध्यक्षता वाली जूरी द्वारा किया जाता है।

8. बिग बैश लीग 2026-27 का आगाज भारत से, चेन्नई में खेला जाएगा पहला मुकाबला

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी20 लीग बिग बैश लीग (बीबीएल) 2026-27 की शुरुआत भारत से होगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। बिग बैश लीग का पहला मुकाबला मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच 12 दिसंबर को खेला जाएगा। यह पहला मौका होगा जब बीबीएल का कोई मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से बाहर खेला जाएगा। चेन्नई में होने वाले इस मैच में रेनेगेड्स मेजबान टीम की भूमिका निभाएगी। इस मैच की लाइव कमेंट्री और टेलीकास्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया के दो चैनल अपनी ब्रॉडकास्टिंग टीम को भारत भेजेंगे। ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ इस मैच का लाइव प्रसारण भारत में ‘जियोस्टार’ करेगा। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में द्विपक्षीय वार्ता के दौरान इस ऐतिहासिक मुकाबले का ऐलान किया। यह पहला मौका होगा जब भारत में किसी विदेशी क्रिकेट लीग का कोई मुकाबला खेला जाएगा।

9. FIFA World Cup 2026: एम्बाप्पे ने रचा इतिहास, 20 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे ने मोरक्को के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इतिहास रच दिया है। एम्बाप्पे फीफा वर्ल्ड कप में 20 मैच खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इसके साथ ही वह इस मेगा इवेंट में सबसे तेज 20 गोल करने वाले खिलाड़ी भी बने हैं। 27 साल के एम्बाप्पे ने बोस्टन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ फ्रांस की 2-0 की जीत में अहम भूमिका निभाई। पहले हाफ में पेनल्टी चूकने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 60वें मिनट में शानदार गोल किया। इसके बाद उन्होंने अपने साथी ओस्मान डेम्बेले के लिए दूसरा गोल करने का मौका बनाया। इस जीत के साथ फ्रांस ने वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली। एम्बाप्पे अब फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप मैच खेलने वाले खिलाड़ियों में भी शामिल हो गए हैं। उन्होंने 20 मैचों के साथ ह्यूगो लोरिस की बराबरी कर ली है, जबकि एंटोनी ग्रीजमैन, ओलिवियर गिरौद और राफेल वरान जैसे खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड अभी अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के नाम है, जिन्होंने 30 मुकाबले खेले हैं।

10. मार्सेलो अरेवालो और जेलेना ओस्टापेंको की जोडी ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट का मिक्स्ड डबल्स खिताब जीता

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

मार्सेलो अरेवालो और जेलेना ओस्टापेंको की जोडी ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट का मिक्स्ड डबल्स खिताब जीत लिया है। एक घंटे 56 मिनट के रोमांचक मैच में इस ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने स्टॉर्म हंटर और मार्क पोलमैन्स की जो़ड़ी को 4-6, 7-5, 6-2 से हराया। इसके साथ ही दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने अपना पहला मिक्स्ड डबल्स का मेजर और पहला विंबलडन खिताब अपने नाम किया।

11. विश्व जनसंख्या दिवस

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

विश्व जनसंख्या दिवस की शुरुआत वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की गवर्निंग काउंसिल की पहल पर की गई थी। इसके पीछे प्रेरणा 11 जुलाई 1987 का वह दिन था, जब दुनिया की आबादी पांच अरब के आंकड़े तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया था। इसके बाद से हर वर्ष 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या को विकास, स्वास्थ्य और मानवाधिकारों से जोड़कर देखता है और इसी दिशा में विभिन्न देशों के साथ मिलकर कार्य करता है।

12. वैश्विक ऊर्जा स्वतंत्रता दिवस

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

मानव सभ्यता का इतिहास ऊर्जा के नए स्रोतों की खोज, उनके विकास और कुशल उपयोग की सतत यात्रा का इतिहास है। आग की खोज से आरंभ होकर कोयला, पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, परमाणु ऊर्जा और अब नवीकरणीय (Renewable) ऊर्जा तक, प्रत्येक ऊर्जा स्रोत ने मानव जीवन, वैश्विक अर्थव्यवस्था और भू-राजनीतिक परिदृश्य को नई दिशा दी है। ऊर्जा केवल विकास का आधार नहीं, बल्कि किसी भी राष्ट्र की आर्थिक समृद्धि, सामरिक शक्ति और रणनीतिक स्वायत्तता का महत्वपूर्ण स्तंभ भी है। इसी महत्व को रेखांकित करने के लिए प्रत्येक वर्ष 10 जुलाई को ‘वैश्विक ऊर्जा स्वतंत्रता दिवस’ (Global Energy Independence Day) मनाया जाता है।

13. विश्व नेत्रदान दिवस

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

नेत्रदान ऐसा मानवीय कार्य है, जो किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में दोबारा उजाला ला सकता है। हर साल 10 जुलाई को विश्व नेत्रदान दिवस (World Eye Donation Day) मनाया जाता है। विश्व नेत्रदान दिवस का उद्देश्य लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक करना और मृत्यु के बाद अपनी आंखें दान करने के लिए प्रेरित करना है। नेत्रदान का अर्थ है किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी आंखों के कॉर्निया (नेत्रगोलक की पारदर्शी बाहरी परत) को जरूरतमंद मरीज के प्रत्यारोपण के लिए दान करना। कॉर्निया क्षतिग्रस्त होने के कारण कई लोग दृष्टि खो देते हैं। ऐसे मरीजों की रोशनी कॉर्निया प्रत्यारोपण के जरिए वापस लाई जा सकती है। एक व्यक्ति के नेत्रदान से दो लोगों को दृष्टि मिल सकती है, जिससे उनका जीवन, शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता का रास्ता फिर से खुल सकता है।

14. मशहूर वेल्श गायिका और गीतकार बोनी टायलर का निधन

11 July 2026 Current Affairs -GurugGkwala

मशहूर वेल्श गायिका और गीतकार बोनी टायलर का कल पुर्तगाल के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 75 वर्ष की थीं। बोनी टायलर का मूल नाम गेनर सुलिवन था। उन्होंने संगीत जगत को कई सुपरहिट गाने दिए, जिनमें इट्स अ हार्टेक और होल्डिंग आउट फॉर अ हीरो काफी लोकप्रिय हुए। 80 के दशक में आया उनका लोकप्रिय गीत टोटल एक्लिप्स ऑफ द हार्ट ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था। उनके करियर के तीन ग्रैमी नॉमिनेशन में से एक बार वह इसी गाने के लिए चुनी गई थीं। संगीत में योगदान के लिए टायलर को वर्ष 2022 में ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर के सदस्य के रूप में भी सम्मानित किया गया था।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top