12–15 minutes
1. सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्य अतिथि के रूप में लिया हिस्सा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेशेल्स की स्वतंत्रता के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। इस सम्मान को पाने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। समारोह की परेड में भारतीय नौसेना और थलसेना की टुकड़ियों ने भाग लिया। भारतीय नौसेना के बैंड ने भी प्रस्तुति दी। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक राजधानी विक्टोरिया में तैनात रहे। जिसने भारत और सेशेल्स की मजबूत मित्रता को दर्शाया।
2. सेशेल्स ने पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सेशेल्स का सर्वोच्च सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ दिया गया है। सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी ने उन्हें यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने के लिए प्रदान किया। यह सम्मान हिंद महासागर क्षेत्र में क्षमता विकास, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास की पहलों और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में भारत की बढ़ती भूमिका को सेशेल्स द्वारा दिए जाने वाले महत्व को दर्शाता है। प्रधानमंत्री मोदी को इससे पहले भी सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इनमें संयुक्त राष्ट्र का ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ पुरस्कार, सियोल शांति पुरस्कार और संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन का ‘एग्रीकोला मेडल’ शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी को 30 से अधिक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें विभिन्न देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा प्रदान किए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मान, शैक्षणिक सम्मान तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सम्मान शामिल हैं।
3. सेशेल्स में पीएम मोदी ने कई अहम एमओयू पर किए हस्ताक्षर, यूपीआई लागू करने पर बनी सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। भारत और सेशेल्स ने कृषि, एक्जिम बैंक, बाहरी अंतरिक्ष में खोज और नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल पर चर्चा के लिए ज्ञापन समझौता (एमओयू) एक्सचेंज किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के बीच विक्टोरिया स्थित स्टेट हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, अवैध मछली पकड़ने, मादक पदार्थों की तस्करी और समुद्री डकैती जैसी क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान सेशेल्स की विकास प्राथमिकताओं के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भारत दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भरोसे और साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दोनों नेताओं ने भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संयुक्त स्मृति-लोगो का भी अनावरण किया। इसके बाद क्षमता निर्माण, यूपीआई, स्वास्थ्य, कृषि, शिपिंग, अंतरिक्ष, प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) और लाइन ऑफ क्रेडिट से जुड़े कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत ने सेशेल्स को 1,250 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, व्यावसायिक प्रशिक्षण, समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में भी कई नई विकासात्मक पहलों की घोषणा की गई। साथ ही सेशेल्स ने कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (सीडीआरआई) में शामिल होने की भी घोषणा की।
4. पीएम मोदी ने 20वीं बार विदेशी संसद को किया संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को द्विपीय देश सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित किया। इस तरह पीएम ने 20वीं बार विदेशी संसद को संबोधित करने का नया कीर्तिमान स्थापित किया। पीएम मोदी ने सेशल्स की संसद को संबोधित करने का मौका देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा, “सेशेल्स के साथ भारत का 50 साल पुराना रिश्ता है। उन्होंने कहा कि सेशेल्स के दिल में भारतीयों के लिए प्यार है। सेशेल्स के साथ भारत का प्यार का रिश्ता है और दोनों देश साझेदार हैं।” विदेशी सरजमीं पर प्रधानमंत्री के संबोधन की बात करें तो 2014 में ही इसकी इबारत लिखी जा चुकी थी। 2014 में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने सबसे पहले भूटान, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और फिजी की संसदों को संबोधित किया था। अगले साल भी सिलसिला जारी रहा और 2015 में उन्होंने मॉरीशस की नेशनल असेंबली, श्रीलंका, मंगोलिया, ब्रिटेन और अफगानिस्तान की संसदों को संबोधित किया। 2016 में पीएम ने अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया और 2023 में दोबारा अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इसके साथ ही वह ऐसे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने, जिन्होंने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित किया। इन महत्वपूर्ण अवसरों के बीच उन्होंने 2018 में युगांडा, 2019 में मालदीव और 2024 में गुयाना की संसदों को भी संबोधित किया। यह कारवां 2025 में और आगे बढ़ा, जब प्रधानमंत्री मोदी ने जुलाई में अपनी यात्राओं के दौरान घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा नामीबिया की राष्ट्रीय संसदों को संबोधित किया। इसके बाद दिसंबर में उन्होंने इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया, जो अफ्रीका और ग्लोबल साउथ के साथ भारत के बढ़ते संबंधों को दर्शाता है।इस साल 25 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री मोदी ने यरुशलम की राजकीय यात्रा के दौरान इजरायल की संसद नेसेट को संबोधित कर इतिहास रचा। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। वहीं, सेशेल्स में भी ऐसा करने वाले वो भारत के पहले प्रधानमंत्री बने।
5. गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर में पीएम फैमिली केयर ट्रैकर की पायलट परियोजना का किया शुभारंभ

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के गांधीनगर में पीएम फैमिली केयर ट्रैकर की पायलट परियोजना का शुभारंभ किया। यह एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म जन्म पंजीकरण संख्या या आभा आईडी से जुड़ी एक विशिष्ट आईडी का उपयोग करके गर्भावस्था से लेकर 18 वर्ष की आयु तक लाभार्थियों के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा पर नज़र रखेगा। कार्यक्रम के दौरान, श्री शाह ने बच्चों के लिए स्वास्थ्य पासपोर्ट जारी किए। कार्यक्रम के बाद, उन्होंने गांधीनगर में पीएम ई-बस सेवा के पहले चरण के तहत इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
6. दीक्षा: भारत की डिजिटल शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाना

डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर फॉर नॉलेज शेयरिंग (दीक्षा) एक खुला मंच है जिससे देश भर के छात्र और शिक्षक अनेक भाषाओं में अच्छी गुणवत्ता वाली पाठ्यक्रम से जुड़ी डिजिटल शिक्षा सामग्री का उपयोग कर सकते हैं। यह शिक्षा मंत्रालय की ‘पीएम ई-विद्या‘ पहल का एक अहम हिस्सा है जिसका लक्ष्य ऑनलाइन माध्यमों से पढ़ाई को जारी रखना है। दीक्षा को विद्यालयी शिक्षा के लिए देश का ‘वन नेशन, वन डिजिटल प्लेटफॉर्म’ कहा जाता है। इस मंच की शुरूआत 2017 में की गई थी। यह राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा केन्द्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (सीआईईटी) के सहयोग से चलाया जाता है। दीक्षा को अलग-अलग ज़रूरतों के अनुसार कस्टमाइज़ किया जा सकता है और इसलिए इसे लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न बोर्डों ने बड़े पैमाने पर अपनाया है। यह के-12 (किंडरगार्टन से 12वीं कक्षा तक) की पूरी डिजिटल शिक्षा सामग्री उपलब्ध कराता है। इसमें बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मकता (एफएलएन) से लेकर वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षा तक सब कुछ शामिल है।
7. कोटक महिंद्रा बैंक के MD और CEO अशोक वासवानी पद से हटेंगे

कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अशोक वासवानी ने अपना कार्यकाल पूरा होने के बाद पद से हटने (पुनर्नियुक्ति न लेने) का फैसला किया है। अशोक वासवानी का तीन साल का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 को खत्म हो रहा है। 27 जून को बैंक ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से यह निर्णय लिया है और बोर्ड ने इसे स्वीकार कर लिया है। वासवानी ने 1 जनवरी 2024 को तीन साल के कार्यकाल के लिए कार्यभार संभाला था। वासवानी को अरबपति बैंकर उदय कोटक के सितंबर 2023 में इस्तीफा देने के बाद इस पद पर नियुक्त किया गया था। अशोक वासवानी को ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज में रिटेल, कंज्यूमर, कॉरपोरेट और पेमेंट्स बिजनेस का 35 साल से ज्यादा का अनुभव है। कोटक बैंक से जुड़ने से पहले वे पागाया टेक्नोलॉजीज के प्रेसिडेंट थे। उन्होंने अपने करियर में सिटीग्रुप और बार्कलेज में कई सीनियर लीडरशिप रोल निभाए हैं। अशोक वासवानी कॉमर्स ग्रेजुएट होने के साथ-साथ एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और कंपनी सेक्रेटरी (CS) भी हैं। वर्तमान में वासवानी के अलावा कोटक बैंक की सीनियर लीडरशिप में तीन फुल टाइम डायरेक्टर्स- अनूप कुमार साहा, जयदीप हंसराज और परितोष कश्यप शामिल हैं।
8. गुजरात में भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ

27 जून को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में भारत टैक्सी सर्विस का शुभारंभ किया। ये भारत का पहला जीरो कमीशन राइड हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जिसमें ड्राइवर केवल मेम्बरशिप फीस देकर किराए की पूरी रकम खुद रखेंगे। पहले फेज में इसे गुजरात के 14 प्रमुख शहरों में शुरू किया गया है। भारत टैक्सी को सहकारिता मंत्रालय और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस डिवीजन (NeGD) ने मिलकर तैयार किया है, जिसकी थीम ‘सारथी ही मालिक’ रखी गई है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चालकों को बीमा लोन और पेंशन जैसी सहकारी सुविधाओं का लाभ देने की भी योजना है।
9. सैटेलाइट बेस्ड नेविगेशन से पहली बार सफल जेट लैंडिंग

27 जून को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने स्वदेशी GAGAN प्रणाली का उपयोग करते हुए पहली बार किसी जेट विमान की सफल लैंडिंग कराई। GAGAN का पूरा नाम GPS Aided GEO Augmented Navigation है। यह सिस्टम पूरी तरह भारत में निर्मित है। इस परीक्षण में IndiGo के Airbus A320 विमान का उपयोग किया गया। GAGAN सिस्टम भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने संयुक्त रूप से तैयार किया है। यह सिस्टम GPS सिग्नलों की सटीकता बढ़ाकर विमान की सुरक्षित और अधिक सटीक लैंडिंग में मदद करती है। इससे छोटे और दूरस्थ हवाई अड्डों पर सुरक्षित लैंडिंग की सुविधा मिलेगी और विमानन क्षेत्र में भारत की स्वदेशी तकनीकी आत्मनिर्भरता बढेगी।
10. मन की बात में ‘हरगिला पक्षी’ का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में असम के दुर्लभ पक्षी ‘हरगिला’ (ग्रेटर एडजुटेंट स्टॉर्क) और उसके संरक्षण की प्रेरक कहानी देशवासियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था, जब असम के कुछ इलाकों में इस पक्षी को अशुभ माना जाता था, लेकिन लोगों की सोच बदलने के प्रयासों ने आज इसे गांवों की पहचान बना दिया है। ज्ञात हो कि हरगिला दुनिया के सबसे दुर्लभ और विशाल सारस प्रजातियों में से एक है। इसका नाम संस्कृत के दो शब्दों ‘हड’ (हड्डी) और ‘गिला’ (निगलना) से मिलकर बना है, जिसका अर्थ ‘हड्डी निगलने वाला पक्षी’ है। यह मुख्य रूप से भारत के असम और कंबोडिया के कुछ हिस्सों में पाया जाता है। वैश्विक स्तर पर इस पक्षी की करीब 80 प्रतिशत आबादी अकेले असम में रहती है। हरगिला एक मांसाहारी और मृतभक्षी (स्कैवेंजर) पक्षी है। यह सड़े-गले मांस, मरे हुए जीवों और कचरे को खाकर प्राकृतिक सफाईकर्मी की भूमिका निभाता है। साथ ही, यह आर्द्रभूमि (वेटलैंड) और जलाशयों के आसपास के पारिस्थितिकी तंत्र को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
11. अंसी सोजन ने लंबी कूद में नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा

27 जून को भारतीय एथलीट अंसी सोजन ने लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज का 20 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। सोजन ने भुवनेश्वर में आयोजित इंटर-स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में यह उपलब्धि हासिल की। अंसी सोजन ने 6.85 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता। इससे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज का रिकॉर्ड 6.83 मीटर था जो 2004 के एथेंस ओलंपिक में बना था। अंसी केरल की रहने वाली हैं। उनके पिता एक ऑटो-रिक्शा चालक हैं, जो खुद अपने समय में एथलीट थे। खेल में देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ-साथ वह भारतीय नौसेना (Indian Navy) में चीफ पेटी ऑफिसर के रूप में भी कार्यरत हैं।
12. एथन वाज भारत के 96वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बने

27 जून को गोवा के एथन वाज भारत के 96वें ग्रैंडमास्टर बन गए। एथन ने यह उपलब्धि मात्र 14 साल की उम्र में हासिल की है। एथन ने बोस्निया और हर्ज़ेगोविना में आयोजित ग्रैंडमास्टर मिक्स टूर्नामेंट में अपना तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म पूरा किया।एथन लियोन मेंडोंका के बाद गोवा के दूसरे ग्रैंडमास्टर हैं। 2026 कॉमनवेल्थ चेस चैंपियनशिप में एथन ने 2 गोल्ड सहित 3 मेडल जीते थे।
13. लियोनेल मेसी फीफा विश्व कप में लगातार सात मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने

अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने फीफा विश्व कप में नया रिकॉर्ड बनाया है। वे लगातार सात मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। ग्रुप-जे के अपने अंतिम मुकाबले में अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराया। मेसी ने 80वें मिनट में फ्री-किक पर गोल किया। इसके साथ ही विश्व कप में उनके गोलों की संख्या 19 हो गई। इस विश्व कप में मेसी अब तक छह गोल के साथ सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। फ्रांस के किलियन एमबाप्पे, ब्राज़ील के विनीसियस जूनियर और नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड उनसे दो गोल पीछे हैं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
