7–9 minutes
1. भारत-ब्रिटेन सीईटीए 15 जुलाई से होगा लागू

भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) ने बुधवार को घोषणा करते हुए जानकारी दी कि कॉम्प्रिहेन्सिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (सीईटीए) 15 जुलाई से लागू होगा। इसके साथ ही दोनों देशों के आर्थिक संबंधों में एक नया दौर शुरू होने जा रहा है। इसी दिन सोशल सिक्योरिटी पर एग्रीमेंट, जिसे डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन (डीसीसी) कहा जाता है, वो भी लागू होगा। इससे यूके में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों को अधिक सुविधा मिलेगी और कॉम्पिटिटिवनेस प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ेगी। वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, डीसीसी के तहत मिलने वाली छूट की अवधि तीन साल से बढ़ाकर पांच साल कर दी गई है। यह यूके में अस्थायी रूप से काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इस ऐतिहासिक समझौते की नींव मई 2021 में रखी गई थी, जब दोनों देशों ने एन्हांस्ड ट्रेड पार्टनरशिप और इंडिया-यूके रोडमैप 2030 को अपनाया था। इसका उद्देश्य दोनों देशों के रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक पहुंचाना और 2030 तक आपसी व्यापार को 100 अरब डॉलर तक ले जाना था। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “15 जुलाई 2026 से सीईटीए और डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन के एक साथ लागू होने से भारत के निर्यात के लिए बड़े अवसर पैदा होंगे। हमारे 99 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर तुरंत शुल्क-मुक्त पहुंच मिलने से लंबे समय से मौजूद शुल्क संबंधी बाधाएं खत्म हो जाएंगी।” उन्होंने कहा कि इससे भारत के वस्त्र, चमड़ा, समुद्री उत्पाद, इंजीनियरिंग और प्रोसेस्ड फूड जैसे क्षेत्रों को बराबरी का अवसर मिलेगा और वे अपने उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद बिना किसी नुकसान के वैश्विक बाजार में बेच सकेंगे।
2. प्रोजेक्ट कुश (Project Kusha) : भारत की वायु रक्षा प्रणाली

रक्षा मंत्री ने हैदराबाद स्थित DRDO के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम मिसाइल कॉम्प्लेक्स में ‘उन्नत हथियार प्रणाली परिसर‘ का उद्घाटन करते हुए ‘प्रोजेक्ट कुशा‘ को भारत के सुरक्षा ढाँचे के लिये एक “गेम चेंजर” के रूप में वर्णित किया। प्रोजेक्ट कुशा, जिसे ‘एक्सटेंडेड रेंज एयर डिफेंस सिस्टम‘ (ERADS) के नाम से भी जाना जाता है, एक स्वदेशी लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। इसका विकास रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा किया जा रहा है, ताकि विभिन्न हवाई खतरों के विरुद्ध एक बहुस्तरीय वायु रक्षा प्रणाली सुनिश्चित की जा सके। इस प्रणाली के अंतर्गत तीन इंटरसेप्टर वेरिएंट्स की परिकल्पना की गई है — लगभग 150 किमी. की मारक क्षमता वाला M1, लगभग 250 किमी. क्षमता वाला M2 तथा लगभग 350–400 किमी. क्षमता वाला M3 वेरिएंट — जो बहु-स्तरीय अवरोधन क्षमता प्रदान करने में सक्षम हैं। प्रोजेक्ट कुशा को लड़ाकू विमानों, स्टील्थ प्लेटफॉर्म्स, ड्रोन, क्रूज़ मिसाइलों, सटीक-निर्देशित युद्धक सामग्रियों तथा कुछ विशिष्ट बैलिस्टिक मिसाइल खतरों का मुकाबला करने के लिये डिज़ाइन किया गया है। इस प्रणाली को भारतीय वायु सेना के ‘इंटीग्रेटेड एयर कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम’ (IACCS) के साथ एकीकृत किया जाना प्रस्तावित है, जो सैन्य और नागरिक रडार नेटवर्कों के मध्य वास्तविक समय में समन्वय स्थापित करने में सक्षम बनाएगा।
3. गुजरात की जसदान पटारी संदूक को GI टैग मिला

16 जून को गुजरात के राजकोट जिले की प्रसिद्ध हस्तशिल्प कला ‘जसदान पटारी को हाल ही में भौगोलिक संकेतक (Geographical Indication – GI) मिला। GI टैग के बाद इस पारंपरिक शिल्प की विशिष्ट पहचान, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय कारीगरों के कौशल को संरक्षण दिया जाएगा। जसदान पटारी सागौन की लकड़ी से बना पारंपरिक संदूक होता है। इस संदूक पर पीतल, तांबा जैसी धातुओं की उभरी हुई नक्काशी की जाती है। GI टैग मिलने से उत्पाद की प्रामाणिकता और विशिष्ट भौगोलिक पहचान को कानूनी संरक्षण मिलता है।
4. केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी खाद्य भंडारण के लिए स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम का शुभारंभ करेंगे

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) 18 जून को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम का शुभारंभ करेगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी मौजूद रहेंगे। स्मार्ट वेयरहाउसिंग सिस्टम को एक एकीकृत तकनीक-आधारित समाधान के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य गोदाम प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाना और खाद्यान्न भंडारण से जुड़े कार्यों की दक्षता बढ़ाना है। इस पहल से एक आधुनिक भंडारण तंत्र विकसित होने की उम्मीद है, जो खाद्यान्न प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाएगा और लंबे समय तक देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेगा।
5. भारत में पहली बार मिस ग्रांड इंटरनेशनल 2026 आयोजित होगा

16 जून को आधिकारिक ऐलान किया गया है कि भारत पहली बार मिस ग्रांड इंटरनेशनल 2026 का आयोजन भारत में होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, ये प्रतियोगिता अक्टूबर में जयपुर, आगरा और नई दिल्ली में होंगी। मिस ग्रांड इंटरनेशनल का ये 14वां संस्करण है और भारत को आधिकारिक तौर पर 2025 के फिनाले के दौरान 2026 का मेजबान देश घोषित किया गया था। मिस ग्रांड इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व लक्षिता थिलागराज करेंगी, जिन्होंने मिस ग्रांड इंडिया 2026 का खिताब जीता है। 2025 की मिस ग्रांड इंटरनेशनल विनर फिलीपींस की एमा मेरी टिगालो थीं। इस ग्रांड इंटरनेशनल से भारत को ग्लोबली फैशन को प्रेजेंट करने, टूरिज्म को बढ़ाने और अपने कल्चर को प्रेजेंट करने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिता में दुनिया भर के देशों की ब्यूटी क्वीन हिस्सा लेंगी।
6. बिगबास्केट के CEO हरि मेनन ने इस्तीफा दिया

16 जून को ऑनलाइन ग्रॉसरी प्लेटफॉर्म बिगबास्केट के को-फाउंडर हरि मेनन ने चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) के पद से इस्तीफा दिया। हालांकि हरि CEO के पद हटने के बाद भी कंपनी के बोर्ड में बने रहेंगे। इसके साथ ही वे नए नेतृत्व और लीडरशिप टीम को मेंटर भी करते रहेंगे। हरि 1999 में फेबमार्ट (Fabmart) के को-फाउंडर रहे, जिसे बाद में आदित्य बिरला ग्रुप ने अधिग्रहित किया। बिगबास्केट को भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म्स में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2011 में हरि ने विपुल पारेख, वी एस सुधाकर, वी एस रमेश और अभिनय चौधरी के साथ मिलकर भारत के सबसे बड़े ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म बिगबास्केट को शुरू किया था। हरि मेनन की जगह अब अमित नंदा बिगबास्केट के CEO होंगे। अमित ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन में 11 साल से ज्यादा समय बिता चुके हैं।
7. फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने FIFA में पहली हैट्रिक लगाई

17 जून को अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर और कैप्टन लियोनेल मेसी ने FIFA वर्ल्डकप में अपना 200वां इंटरनेशनल मैच खेला। 38 वर्षीय मेसी ने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा 16 गोल किए और टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक लगाई। मेसी दुनिया के सबसे ज्यादा गोल करने वाले सबसे उम्र दराज प्लेयर में शामिल हो गए हैं और मेसी अब तक 11 इंटरनेशनल हैट्रिक लगा चुके हैं। इस हैट्रिक के साथ मेसी ने वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा 16 गोल करने वाले मिरोस्लाव क्लोज के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही मेसी 6 मेंस फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। कैनसस सिटी के एरोहेड स्टेडियम में मेसी के इस दमदार प्रदर्शन से अर्जेंटीना ने ग्रुप-जे के मुकाबले में अल्जीरिया को 3-0 से हराया। मेसी 8 बार फुटबॉल का सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार बैलन डी’ओर जीत चुके हैं।
8. विश्व मरुस्थलीकरण और सूखा रोकथाम दिवस

संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 1994 में 17 जून को ‘विश्व मरुस्थलीकरण और सूखा रोकथाम दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया। यह दिवस मरुस्थलीकरण और सूखे के प्रभावों से निपटने के लिए जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है- चारागाह: पहचान, सम्मान और पुनर्स्थापना। यह विषय चारागाहों के आर्थिक, पारिस्थितिकीय और सांस्कृतिक महत्व को अधिक मान्यता देने, संरक्षकों के प्रति सम्मान दिखाने और खराब हो चुके चारागाहों को पुनर्स्थापित करने के लिए अधिक निवेश की ज़रूरत की ओर संकेत करता है।
9. अंतर्राष्ट्रीय पिकनिक दिवस

अंतर्राष्ट्रीय पिकनिक दिवस (International Picnic Day) हर वर्ष 18 जून को दुनिया भर में मनाया जाता है। यह दिन लोगों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर परिवार, मित्रों और प्रियजनों के साथ प्रकृति के बीच समय बिताने के लिए प्रेरित करता है। आधुनिक जीवन की भागदौड़, बढ़ते तनाव और डिजिटल उपकरणों पर बढ़ती निर्भरता के दौर में यह दिवस हमें याद दिलाता है कि जीवन का वास्तविक आनंद केवल काम और जिम्मेदारियों में नहीं, बल्कि अपनों के साथ बिताए गए उन सुखद पलों में भी छिपा होता है, जो जीवनभर की यादें बन जाते हैं।
10. दलाई लामा के पुराने मित्र और पद्म श्री रॉबर्ट थर्मन का 84 वर्ष की आयु में निधन

तिब्बती बौद्ध परंपरा के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय विद्वान, लेखक और दलाई लामा के लंबे समय के मित्र प्रोफेसर रॉबर्ट ए.एफ. थर्मन का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। प्रोफेसर थर्मन को भारत सरकार द्वारा पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया था। वे भारत के सच्चे मित्र माने जाते थे। जून 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में उनसे मुलाकात की थी और बौद्ध मूल्यों तथा भारत की बौद्ध विरासत संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की थी। प्रोफेसर थर्मन ‘तिब्बत हाउस यूएस’ और ‘अमेरिकन इंस्टीट्यूट ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज’ के संस्थापक और अध्यक्ष रहे। उन्होंने तिब्बती बौद्ध धर्म पर कई महत्वपूर्ण पुस्तकें लिखीं, संपादित कीं और उनका अंग्रेजी अनुवाद किया। वे ‘विमलकीर्ति सूत्र’ जैसे प्रमुख ग्रंथों के अनुवाद के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध हैं। 1997 में उन्हें अमेरिका के 25 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में शामिल किया गया था। न्यूयॉर्क मैगजीन ने भी उन्हें धर्म क्षेत्र के प्रभावशाली लोगों में गिना था।
VISIT TO YOUR WEBSITE : http://www.guruggkwala.com
FOLLOW TO YOUR YOUTUBE CHANNEL : https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
FOLLOW TO YOUR WHATSAPP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
FOLLOW TO TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala1
