12 June 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. वायुसेना ने C-295 की सफल टेस्टिंग की

10 जून को भारतीय वायुसेना ने पहली बार भारत में बने एयरबस C-295 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की वडोदरा स्थित अंतिम असेंबली लाइन से पहली सफल टेस्टिंग की। C-295 एक मीडियम टैक्टिकल मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है। इसने टेस्टिंग में सभी मानकों को पूरा किया। ये ट्विन-इंजन (दो इंजनों वाला) टर्बोप्रॉप विमान है, जो पुराने एवरो-748 की जगह लेगा। C-295 सैनिकों को लाने-ले जाने, कार्गो ट्रांसपोर्ट, मेडिकल इवैक्यूएशन और स्पेशल ऑपरेशंस के लिए डिजाइन किया गया है। C-295 एक बार में 70 सैनिक, 48 पैराट्रूपर्स या 24 मेडिकल स्ट्रेचर तक ले जा सकता है। C-295 सैनिकों तथा भारी सामान की ढुलाई, मेडिकल सामान, स्पेशल ऑपरेशन के समय काम आएगा। सितंबर 2021 में, भारत सरकार ने स्पेन की एयरबस डिफेंस एंड स्पेस के साथ ₹21,935 करोड़ के 56 विमानों का सौदा किया था। इसकी पहली खेप में भारत को 16 एयरक्राफ्ट मिले हैं। बाकी 40 एयरक्राफ्ट को वडोदरा में एक प्रोडक्शन फैसिलिटी में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड द्वारा असेंबल किए जाएंगे।

2. वैश्विक शांति सूचकांक

इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस (IEP) की रिपोर्ट के मुताबिक, इंडेक्स में शामिल 119 देशों (करीब 73%) में अब 2007 की तुलना में कम शांति है। वहीं, दुनिया के देशों में स्टेट बेस्ड कंफ्लिक्ट्स की संख्या बढ़कर 61 हो गई है, जो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सबसे अधिक है। लगातार 19वें साल आइसलैंड दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश बना हुआ है। इसके बाद न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड, स्लोवेनिया और आयरलैंड का स्थान है। वहीं, पहली बार रूस इस लिस्ट में सबसे नीचे पहुंच गया है। उसके बाद सूडान, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, यूक्रेन और इजरायल सबसे कम शांतिपूर्ण देशों में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण एशिया में शांति की स्थिति सबसे तेजी से बिगड़ी है। नेपाल 26 स्थान नीचे खिसक गया, जो इस साल किसी भी देश की सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं पाकिस्तान 152वें स्थान पर पहुंच गया। भारत की बात करें तो यह पिछले साल के अपने 115वें स्थान पर कायम है। वहीं, अमेरिका की बात करें तो यह अपने इतिहास की सबसे खराब रैंकिंग 134वें स्थान पर पहुंच गया। इसके पीछे राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक प्रदर्शनों में बढ़ोतरी को प्रमुख कारण बताया गया है।

3. श्री अश्विनी वैष्णव ने एमएनआईटी जयपुर में एडवांस क्वांटम और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस प्रयोगशालाएं स्थापित किए जाने की घोषणा की

केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी, रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, जयपुर में उन्नत क्वांटम कंप्यूटिंग और क्वांटम संचार प्रयोगशाला स्थापित किए जाने की घोषणा की। ये प्रयोगशालाएं इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की इलेक्ट्रॉनिकी और आईसीटी अकादमिक परियोजना के तहत स्थापित की जाएंगी। इसका मुख्य उद्देश्य सुरक्षित संचार विकसित करने के तंत्र क्वांटम की डिस्ट्रीब्यूशन, क्वांटम कंप्यूटिंग सिमुलेशन और क्वांटम सेंसिंग हार्डवेयर घटकों में स्वदेशी क्षमता निर्मित करना है। श्री वैष्णव ने कहा कि एमएनआईटी जयपुर के छात्रों को प्रशिक्षण में लैम रिसर्च के सेमीवर्स प्लेटफॉर्म की सुविधा मिलेगी, जो डिजिटल ट्विन आधारित सेमीकंडक्टर निर्माण और प्रशिक्षण पारितंत्र है। बाद में, श्री वैष्णव ने राजस्थान सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर और राजस्थान विधानसभा सदस्य (सिविल लाइंस जयपुर) श्री गोपाल शर्मा के साथ एमएनआईटी जयपुर में मेकर्स लैब का उद्घाटन किया। मेकर्स लैब विद्यार्थियों को सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों तकनीकों में प्रायोगिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करेगी। इसमें सेंसर, एम्बेडेड सिस्टम, कंप्यूटर उपकरण और इलेक्ट्रॉनिक प्रणाली शामिल होंगे।

4. भारत फिलिस्तीनी रिफ्यूजियों को 2.5 मिलियन डॉलर सहायता देगा

11 जून को भारत ने फिलिस्तीन के रिफ्यूजियों के लिए यूनाइटेड नेशनल एजेंसी को 2.5 मिलियन डॉलर की मदद देने का ऐलान किया। भारत ये मदद ‘यूनाइटेड नेशंस रिलीफ एंड वर्क्स एजेंसी फॉर पैलेस्टाइन रिफ्यूजीज इन द नियर ईस्ट‘ (UNRWA) को देगा। UNRWA, संयुक्त राष्ट्र की एक प्रमुख एजेंसी है, जो गाजा, वेस्ट बैंक, जॉर्डन, लेबनान और सीरिया में रह रहे लाखों फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, राहत और सामाजिक सेवाएं प्रदान करती है। इस फंडिंग से फिलिस्तीनी शरणार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, राहत और सामाजिक कल्याण जैसी जरूरतों को पूरा किया जाएगा। भारत ने इस मदद को टू-स्टेट-सॉल्यूशन का हिस्सा बताया है, यानि भारत इजराइल की सुरक्षा चिंताओं और फिलिस्तीन के लोगों की आजादी दोनों का ही समर्थन करता है। फरवरी 2026 में भारत ने यूनाइटेड नेशन (UN) के सदस्य देशों के साथ मिलकर फिलिस्तीन पर चर्चा की थी और वेस्ट बैंक में इजराइली बस्तियों के बसाए जाने पर चिंता जताई थी। 2018 में UNRWA को अपना सालाना योगदान बढ़ाने के बाद से, भारत ने करोड़ों डॉलर की सहायता दी है। UNRWA ने फिलिस्तीनियों के लिए विकास परियोजनाओं, मानवीय सहायता और चिकित्सा आपूर्ति में भी सहयोग किया है।

5. भारत में 3 विदेशी यूनिवर्सिटीज के कैंपस शुरू होंगे

10 जून को शिक्षा मंत्रालय ने तीन प्रमुख विदेशी यूनिवर्सिटीज को भारत में कैंपस शुरू करने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (LoP) जारी किए। शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की उपस्थिति में हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी और UGC प्रेसिडेंट डॉ. विनीत जोशी ने ये अनुमोदन पत्र सौंपे। इन यूनिवर्सिटी में ब्रिस्टल (University of Bristol), यॉर्क (University of York) और UNSW (University of New South Wales) शामिल हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल और यूनिवर्सिटी ऑफ यॉर्क अपने कैंपस मुंबई में स्थापित करेंगी।यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स अपना कैंपस बेंगलुरु में शुरू करेगी। इन कैंपस में इंटरनेशनल फैकल्टी और ग्लोबल सिलेबस की सुविधा होगी। यूनिवर्सिटी बिजनेस, कंप्यूटर साइंस, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंस और अन्य सेक्टर्स में सिलेबस शुरू करेंगी।

6. केंद्र सरकार, असम तथा नागालैंड की सरकारों के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हुए हस्ताक्षर

असम-नागालैंड सीमा पर कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की खोज और उत्पादन के लिए केंद्र सरकार, असम तथा नागालैंड की सरकारों के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह समझौता ज्ञापन नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। गृह मंत्री ने कहा कि यह समझौता क्षेत्र में तेल और गैस की खोज को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में तेल निष्कर्षण क्षमता, जो वर्तमान में एक हजार से एक हजार पांच सौ बैरल प्रति दिन है, इस समझौता ज्ञापन के माध्यम से दस गुना से अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

7. संस्कृति मंत्रालय ने संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की

संस्कृति मंत्रालय ने वर्ष 2024 और 2025 के लिए संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप, अकादमी रत्न, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कारों की घोषणा की है। संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद ने संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोक, जनजातीय कलाओं और कठपुतली सहित विभिन्न क्षेत्रों के के लिए चुना है। वहीं, 106 युवा कलाकारों का चयन उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए किया गया है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के अंतर्गत 25 हजार रुपये की राशि, ताम्रपत्र और अंगवस्त्रम प्रदान किया जाएगा। वहीं, अकादमी रत्न के साथ तीन लाख रुपये और अकादमी पुरस्कार के साथ एक लाख रुपये की सम्मान राशि, ताम्रपत्र तथा अंगवस्त्रम दिया जाएगा। संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप और अकादमी पुरस्कार राष्ट्रपति द्वारा एक विशेष अलंकरण समारोह में प्रदान किए जाएंगे, जबकि युवा पुरस्कार अकादमी के अध्यक्ष द्वारा विशेष समारोह में दिए जाएंगे।

8. जापान ने दुनियां के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र को दोबारा शुरू किया

जापान ने दुनिया के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र काशीवाजाकी-करीवा में एक रिएक्टर को फिर से शुरू कर दिया है। यह कदम वैश्विक तेल संकट के बीच बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है। यह संयंत्र जापान के उन कई परमाणु संयंत्रों में शामिल है, जहां प्रयुक्त ईंधन के कूलिंग पूल लगभग भरने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। उद्योग से जुड़े अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कुछ संयंत्रों में अगले पांच वर्षों में क्षमता पूरी हो सकती है। वर्ष 2011 में फुकुशिमा परमाणु दुर्घटना के बाद जापान के 54 में से केवल 15 रिएक्टर ही फिर से शुरू किए जा सके हैं। उस समय आए भीषण भूकंप और सुनामी के कारण तीन रिएक्टरों में मेल्टडाउन हुआ था और लगभग 1 लाख 60 हजार लोग विस्थापित हुए थे।

9. FIFA मेंस वर्ल्ड कप शुरू हुआ

11 जून से 23वां FIFA मेंस वर्ल्ड कप शुरू हुआ। इसका ओपनिंग मैच मेक्सिको सिटी में खेला गया। पहला मैच मेक्सिको और साउथ अफ्रीका टीम के बीच खेला गया। FIFA वर्ल्ड कप 11 जून से 20 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेला जाएगा। FIFA के अब तक के इतिहास, यानी 96 साल में पहली बार तीन देश वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे हैं। 16 शहरों में 48 टीमों के बीच कुल 104 मैच खेले जाएंगे। FIFA वर्ल्ड कप जीतने वाली चैंपियन टीम को 429 करोड़ रुपए मिलेंगे। 2022 FIFA वर्ल्ड कप अर्जेंटीना ने जीता था। लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो सहित दुनिया के 1,248 फुटबॉलर्स वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहे हैं। वर्ल्ड कप में इस साल 4 नए देश काबो वर्डी, क्यूरासाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान पहली बार हिस्सा ले रहे हैं। FIFA की शुरुआत 1930 में उरुग्वे में हुई थी। मेजबान उरुग्वे ने पहला वर्ल्ड कप जीता था। इस साल पहली बार भारत में भी FIFA वर्ल्ड कप टेलिकास्ट किया जा रहा है।

10. विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप शुरू

12 जून को 10वां विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा और इसका फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा। इस बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं और इसमें 24 दिनों में 33 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत का पहला मैच 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान के साथ होगा। 2024 में विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप न्यूजीलैंड ने जीता था। ऑस्ट्रेलिया टीम अब तक सबसे ज्यादा 6 बार विमेंस टी-20 चैंपियन रही चुकी है।

11. टाइम मैगजीन ने टॉप 100 स्पोर्ट्स पर्सन लिस्ट जारी की

10 जून को ‘टाइममैगजीन ने पहली बार स्पोर्ट्स की 100 सबसे प्रभावशाली हस्तियों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना शामिल हैं। मैगजीन के कवर पेज पर चार बार के NBA (बास्केटवॉल) चैम्पियन लेब्रन जेम्स को जगह मिली है। इसके साथ ही लिस्ट में अर्जेंटीना के फुटबॉलर लियोनल मेसी, क्रिस्टियानो रोनाल्डो और एर्लिंग हालेंड जैसे फुटबॉलर्स शामिल हैं। बास्केटबॉल प्लेयर लेब्रोन जेम्स, बेसबॉल प्लेयर शोही ओटानी और वुमन बास्केटबॉल प्लेयर केटलिन क्लार्क समेत कार्लोस अलकराज भी इसमें शामिल हैं।

12. विश्व बाल श्रम निषेध दिवस

बाल श्रम केवल श्रम का प्रश्न नहीं है; यह मानवाधिकार, सामाजिक न्याय, आर्थिक विकास और नैतिक उत्तरदायित्व का प्रश्न है। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने वर्ष 2002 से प्रत्येक वर्ष 12 जून को विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की, ताकि विश्व समुदाय इस गंभीर समस्या के प्रति जागरूक हो और इसके उन्मूलन के लिए ठोस कदम उठा सके। आज आवश्यकता केवल बाल श्रम की निंदा करने की नहीं, बल्कि उसके कारणों, प्रभावों, कानूनी पहलुओं और समाधान की गहन पड़ताल करने की है। भारतीय संविधान बच्चों की सुरक्षा और विकास को विशेष महत्व देता है। अनुच्छेद 21A : 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा का अधिकार। अनुच्छेद 23 : बंधुआ मजदूरी और मानव तस्करी पर प्रतिबंध। अनुच्छेद 24 : 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को खतरनाक उद्योगों में नियोजित करने पर रोक। अनुच्छेद 39 (ई) एवं (एफ) : बच्चों के स्वास्थ्य और विकास की रक्षा का निर्देश।इसके अतिरिक्त बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016), शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 तथा किशोर न्याय अधिनियम बच्चों के अधिकारों की रक्षा के महत्वपूर्ण कानूनी साधन हैं।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top