14–18 minutes
1. पीएम मोदी ने वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की
4 जून को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज गोमेज ने नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के प्रमुखों ने भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा और एनर्जी सिक्योरिटी बढ़ाने पर बातचीत की। इस बैठक में ट्रेड और इंवेस्टमेंट के नए मौकों, फार्मास्युटिकल्स और हेल्थ केयर में सहयोग को मजबूत करने पर भी बात हुई। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। डेल्सी रोड्रिगेज भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर 3 जून को दिल्ली पहुंची हैं। डेल्सी की इस यात्रा का उद्देश्य भारत-वेनेजुएला संबंधों की समीक्षा करना और दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है। मई 2026 से भारत प्रति दिन लगभग 427,000 बैरल तेल वेनेज़ुएला से आयात कर रहा है। वर्तमान में वेनेज़ुएला भारत के लिए तेल का दूसरा सबसे बड़ा आयातक बन गया है।
2. केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और यवेट कूपर ने भारत-ब्रिटेन क्रिटिकल मिनरल्स ऑब्जर्वेटरी का शुभारंभ किया
केंद्रीय कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी और ब्रिटेन की विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास मामलों की सचिव यवेट कूपर ने नई दिल्ली में भारत-ब्रिटेन क्रिटिकल मिनरल्स ग्लोबल सप्लाई चेन ऑब्जर्वेटरी की शुरुआत की। खान मंत्रालय के अनुसार यह पहल भारत और ब्रिटेन के बीच महत्वपूर्ण खनिजों तथा आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग का एक महत्वपूर्ण कदम है। यह वेधशाला ‘टेक्समिन’ (टीटीआरपी, डीएसटी, भारत सरकार), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएसएम) धनबाद और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की एक संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य वैश्विक महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं की निगरानी और विश्लेषण के लिए एक डेटा-संचालित मंच बनाना है। इस पहल की घोषणा अक्टूबर 2025 में भारत-ब्रिटेन के प्रधानमंत्रियों की द्विपक्षीय बैठक के दौरान की गई थी और बाद में मार्च 2026 में हस्ताक्षरित एक अनुसंधान सहयोग समझौते के माध्यम से इसे औपचारिक रूप दिया गया था। सरकार क्रिटिकल मिनरल्स की रीसाइक्लिंग को बढ़ावा देने के लिए 18 करोड़ डॉलर की विशेष योजना भी लागू कर रही है। इसके अलावा देशभर में नौ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं। सरकार औद्योगिक कचरे से मूल्यवान खनिजों की पुनर्प्राप्ति तथा विदेशों में खनिज संपत्तियों के विकास जैसे कदम भी उठा रही है, ताकि देश की खनिज सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके। ब्रिटेन की विदेश और राष्ट्रमंडल मामलों की मंत्री यवेट कूपर दो दिन की आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं।
3. सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कारों की घोषणा की
सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कारों की घोषणा की। कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय ने बताया कि ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को कुल 17 पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें 10 स्वर्ण पुरस्कार, 6 रजत पुरस्कार तथा एक जूरी पुरस्कार शामिल हैं। मंत्रालय के अनुसार, ये पुरस्कार हर वर्ष ई-गवर्नेंस परियोजनाओं के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करने तथा उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के लिए दिए जाते हैं। इन पुरस्कारों का वितरण राजस्थान के जयपुर में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन के दौरान किया जाएगा। स्वर्ण पुरस्कार प्राप्त करने वाली प्रमुख परियोजनाओं में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ‘एग्री स्टैक’, उपभोक्ता मामले मंत्रालय की ‘ई-जागृति’, प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ‘महाकुंभ 2025’, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एआई-सक्षम ‘ई-संजीवनी’ प्रणाली और भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद की आईसीएमआर-माइंड्स परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा केरल उच्च न्यायालय की जिला न्यायालय केस मैनेजमेंट प्रणाली, अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र-इसरो की साइबर सुरक्षा परियोजना, शहरी विकास एवं आवास विभाग की ई-नगर पालिका साइबर सुरक्षा पहल और बैंक ऑफ बड़ौदा के एकीकृत साइबर सुरक्षा ढांचे को भी स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जत पुरस्कार पाने वाली परियोजनाओं में महाराष्ट्र के नंदुरबार जिला परिषद की ‘ई-आरोग्य धामनी’, पुणे नगर निगम की ‘पुणे 360’, महाराष्ट्र के सांगली जिले की काडेपुर ग्राम पंचायत, त्रिपुरा के पश्चिम त्रिपुरा जिले की बिजय नगर ग्राम पंचायत, उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर ट्रस्ट की एआई आधारित ‘त्रिनेत्र’ निगरानी प्रणाली और पंचायती राज मंत्रालय का ‘पंचायत उन्नति सूचकांक’ शामिल हैं।
4. नासा ने मंगल ग्रह की परिक्रमा कर रहे अपने मेवेन अंतरिक्ष यान के मिशन के समाप्त होने की घोषणा की
नासा ने मंगल ग्रह की परिक्रमा कर रहे अपने मेवेन अंतरिक्ष यान के मिशन के समाप्त होने की घोषणा की है। लगभग छह महीने तक कोई संपर्क नहीं होने के बाद नासा ने पुष्टि की कि एक दशक से अधिक समय तक चले इस मिशन का अंत हो गया है। वर्ष 2013 में प्रक्षेपित मेवेन का उद्देश्य मंगल ग्रह के वायुमंडल का अध्ययन करना था। पिछले वर्ष दिसंबर में मंगल ग्रह के पीछे जाने के बाद यान से संपर्क टूट गया था। जांच में पता चला कि यान तेज़ी से घूमने लगा, जिससे उसकी कक्षा प्रभावित हुई और बैटरियां खत्म हो गईं। नासा की समीक्षा समिति ने निष्कर्ष निकाला है कि अंतरिक्ष यान को दोबारा सक्रिय नहीं किया जा सकता। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह अगले 50 से 100 वर्षों तक मंगल की कक्षा में बना रहेगा, जिसके बाद ग्रह की सतह से टकरा जाएगा।
5. पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्वी मेदिनीपुर के दादन पत्रबार में नए बंदरगाह विकास की घोषणा की
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दादन पत्रबार में एक नया बंदरगाह विकसित किया जाएगा। यह निर्णय अडानी समूह द्वारा ताजपुर में प्रस्तावित गहरे समुद्र की बंदरगाह परियोजना से पीछे हटने के बाद लिया गया है। कोलकाता में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंदा सोनोवाल के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि ताजपुर में आवश्यक भूमि, रेल और राजमार्ग संपर्क का अभाव है। सरकारी आकलन से यह निष्कर्ष निकला है कि वहां बंदरगाह का निर्माण व्यवहार्यिक नहीं होगा।
6. तेलंगाना ने जर्मनी के थुरिंगिया राज्य के साथ एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए
तेलंगाना ने जर्मनी के थुरिंगिया राज्य के साथ एक सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता प्रौद्योगिकी, कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप और जीव विज्ञान पर केंद्रित है। थुरिंगिया के मंत्री-प्रमुख मारियो वोग्ट ने हैदराबाद में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। वोग्ट ने तेलंगाना की आर्थिक वृद्धि की सराहना करते हुए इसे भारत में प्रगति और नवाचार का अग्रणी केंद्र बताया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने एआई के लिए उपयुक्त कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि तेलंगाना जर्मनी, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे देशों के लिए श्रमिकों को प्रशिक्षित करना चाहता है।
7. रूस ने भारत को S-400 एयर डिफेंस सिस्टम सौंपे
3 जून को भारत को रूस ने S-400 एयर डिफेंस सिस्टम का चौथा स्क्वाड्रन सौंपा। भारत ने 2018 में पांच S-400 एयर डिफेंस सिस्टम के लिए रूस के साथ 5.43 बिलियन डॉलर का एग्रीमेंट किया था। तीन S-400 स्क्वाड्रन पहले ही सर्विस में शामिल किए जा चुके हैं और अब भारत को चौथा S-400 स्क्वाड्रन मिला है। S-400 लम्बी दूरी का सबसे आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम है, जो 400 किमी की रेंज में दुश्मन के जेट्स, एयरक्राफ्टस और ड्रोन्स को टार्गेट कर सकता है। S-400 में मौजूद आर्टिफिशयिल इंटेलिजेंस सिस्टम मिसाइलों, फाइटर जेट्स, ड्रोन और क्रूज मिसाइलों का सिग्नल देगा। S-400 ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी एयरडिफेंस में अहम भूमिका निभाई थी।
8. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार लॉन्च की
केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल यात्री कार लॉन्च की। इसका निर्माण मारुति सुजुकी ने किया है। फ्लेक्स-फ्यूल ऐसे वाहन होते हैं जो पेट्रोल और एथेनॉल के विभिन्न मिश्रणों पर चल सकते हैं। ये 20 प्रतिशत एथेनॉल से लेकर 100 प्रतिशत एथेनॉल तक के ईंधन का उपयोग कर सकते हैं। मारुति सुजुकी वैगनआर भारत की पहली फ्लेक्स कार है जो E85 पेट्रोल पर चलने में सक्षम है और इसका अनावरण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और हरदीप सिंह पुरी ने किया है।
9. नितिन गडकरी ने लॉन्च की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिल
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नई दिल्ली में हीरो मोटोकॉर्प की पहली फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिलों के लॉन्च कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ये E20 से लेकर E85 तक के फ्यूल को सपोर्ट करती हैं। ये नई बाइक्स आम लोगों के बीच बेहद पॉपुलर 100cc सेगमेंट में पेश की गई हैं, इसलिए बड़ी संख्या में ग्राहक इस नई तकनीक का फायदा उठा सकेंगे। कंपनी ने दो फ्लेक्स-फ्यूल बाइक्स लॉन्च की हैं। पहली हीरो स्प्लेंडर प्लस फ्लेक्स फ्यूल और दूसरी हीरो HF डीलक्स फ्लेक्स फ्यूल है। इस तकनीक के इस्तेमाल से कार्बन मोनोऑक्साइड उत्सर्जन में 77 प्रतिशत तक कमी लाई जा सकती है। गडकरी ने बताया कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों को बढ़ावा देने से पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम होगी और देश को लगभग 1.44 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है।
10. भारतीय सेना के मेजर प्रभात मिश्रा को अमेरिका में मिले दो प्रतिष्ठित शैक्षणिक पुरस्कार
भारतीय सेना के मेजर प्रभात मिश्रा ने अमेरिका के प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण संस्थान में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बड़े शैक्षणिक पुरस्कार अपने नाम कर लिए हैं। यह उपलब्धि भारत और अमेरिका के मजबूत रक्षा सहयोग तथा भारतीय सैन्य अधिकारियों की बढ़ती वैश्विक पहचान को रेखांकित करती है। मेजर प्रभात मिश्रा को अमेरिका के कंसास स्थित फोर्ट लीवनवर्थ में यूएस आर्मी कमांड एंड जनरल स्टाफ कॉलेज के कमांड एंड जनरल स्टाफ ऑफिसर कोर्स के दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें निम्नलिखित दो पुरस्कार मिले:
– बिरर-ब्रूक्स अवॉर्ड फॉर आउटस्टैंडिंग मास्टर ऑफ मिलिट्री आर्ट्स एंड साइंस थीसिस
– जनरल डगलस मैकआर्थर मिलिट्री लीडरशिप राइटिंग अवॉर्ड
यह कोर्स 10 महीने का उन्नत सैन्य नेतृत्व कार्यक्रम है, जिसमें इस बैच में 951 अधिकारियों ने भाग लिया। इनमें 120 अंतरराष्ट्रीय सैन्य अधिकारी भी शामिल थे।
11. भारतीय वायुसेना ने रचा इतिहास, नवी मुंबई एयरपोर्ट पर पहली बार उतरा सुखोई-30 एमकेआई
भारतीय वायुसेना ने गुरुवार को एक नया इतिहास रच दिया। वायुसेना का अत्याधुनिक लड़ाकू विमान सुखोई-30 एमकेआई पहली बार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। विशेषज्ञों के अनुसार किसी नागरिक हवाई अड्डे पर लड़ाकू विमान की सफल लैंडिंग यह दर्शाती है कि आवश्यकता पड़ने पर उस हवाई अड्डे का उपयोग सैन्य अभियानों, आपातकालीन तैनाती और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए भी किया जा सकता है। यह भारत की नागरिक और सैन्य विमानन संरचना के बीच बढ़ते समन्वय का भी संकेत है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में इसी हवाई अड्डे के रनवे पर भारतीय वायुसेना के सी-295 परिवहन विमान ने पहली ऐतिहासिक लैंडिंग की थी। उस अवसर पर सुखोई-30 ने आसमान में फ्लाईपास्ट किया था। गौरतलब है कि सुखोई-30 एमकेआई भारत के सबसे महत्वपूर्ण लड़ाकू विमानों में से एक है। कुछ समय पहले राजस्थान के जैसलमेर में भारतीय वायुसेना ने ‘वायुशक्ति’ अभ्यास के दौरान अपनी सैन्य क्षमता का व्यापक प्रदर्शन किया था। ‘वायुशक्ति-26’ नामक इस बड़े युद्धाभ्यास में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और वायुसेना प्रमुख एपी सिंह भी मौजूद थे।
12. भारतीय मूल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने रोबोटिक सर्जरी से विश्व रिकॉर्ड बनाया
भारतीय मूल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर श्रीवास्तव ने एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने भारत में रहते हुए गुयाना के एक मरीज की रोबोटिक तकनीक से दूर बैठकर सफल हृदय सर्जरी की। यह सर्जरी भारत में विकसित सर्जिकल रोबोटिक सिस्टम की मदद से की गई। यह दुनिया की सबसे लंबी दूरी से की गई रोबोटिक हृदय सर्जरी मानी जा रही है और चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। यह टेली-सर्जरी गुयाना के जॉर्जटाउन पब्लिक हॉस्पिटल और भारत के इंदौर स्थित आई.आर.सी.ए.डी. इंडिया के बीच की गई। दोनों देशों की मेडिकल टीमों ने मिलकर इस सर्जरी को सफल बनाया। पूरी रोबोटिक सर्जरी को पूरा होने में 4 घंटे 50 मिनट लगे।
13. अहमदाबाद में विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप का शुभारंभ
गुजरात के अहमदाबाद में 4 जून से 8 जून तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 का गुरुवार शाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने “योगा 365” अभियान शुरू किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपने-अपने देशों में लौटकर योग के संदेश को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने अनुभव और विश्वास के माध्यम से दुनिया भर में योग के दूत बन सकते हैं और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ सकते हैं।
14. भारतीय मुक्केबाज जैस्मीन लैंबोरिया विश्व बॉक्सिंग रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचीं
विश्व बॉक्सिंग रैंकिंग में जैस्मीन लंबोरिया ने महिलाओं की 57 किलोग्राम भार वर्ग में नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है। वहीं प्रिया घांघस 60 किलोग्राम भार वर्ग और विश्वनाथ सुरेश 50 किलोग्राम भार वर्ग में शीर्ष तीन में जगह बनाने में सफल हुए हैं।
15. भारत ने सैफ फुटबॉल महिला चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को हराकर फाइनल में जगह बनाई
भारत ने सैफ फुटबॉल महिला चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को एक-शून्य से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। गोवा के मडगांव में कल भारतीय महिला फुटबॉल टीम छह साल बाद सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची। खेल के 58वें मिनट में सनफिदा नोंगराम ने गोल दागकर विश्व रैंकिंग में 69वें स्थान की भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचा दिया। पांच बार के विजेता भारत का फाइनल में शनिवार को मौजूदा चैंपियन बांग्लादेश से मुकाबला होगा।
16. विश्व पर्यावरण दिवस
हर वर्ष 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। यह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव और प्रकृति के बीच संतुलन बनाए रखने का एक वैश्विक अभियान है। विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत वर्ष 1972 में हुई थी। उस वर्ष स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में संयुक्त राष्ट्र द्वारा मानव पर्यावरण पर पहला वैश्विक सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके बाद संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। वर्ष 1974 में पहली बार इस दिवस का आयोजन किया गया और तब से यह दुनिया के सबसे बड़े पर्यावरणीय जन-जागरूकता अभियानों में शामिल हो गया है।
17. पूर्व CBFC चेयरमैन पहलाज निहलानी का निधन
4 जून को प्रोड्यूसर और CBFC (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) के पूर्व चेयरमैन पहलाज निहलानी का निधन हो गया। वे 76 साल के थे। 1982 में पहलाज निहलानी ने अपने करियर की शुरुआत में बतौर प्रोड्यूसर पहली फिल्म ‘हथकड़ी‘ बनाई थी। इसके बाद 1985 में पहलाज की दूसरी फिल्म ‘आंधी-तूफान’ रिलीज हुई, जिसने उन्हें बॉलीवुड में एक प्रोड्यूसर के तौर पर पहचान दिलाई थी। पहलाज निहलानी ने बतौर प्रोड्यूसर ‘हथकड़ी’ (1982), शोला और शबनम’ (1992), ‘आंखें’ (1993), ‘अंदाज’ (1994), ‘तलाश’ (2003), और ‘रंगीला राजा’ (2019) जैसी फिल्में बनाईं। पहलाज निहलानी 2015 से 2017 तक CBFC के चेयरमैन थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन पर फिल्मों से हिंसक और इंटिमेट सीन बेवजह छोटे करने के आरोप भी लगे थे। जेम्स बॉन्ड सीरीज की फिल्म ‘स्पेक्टर’ से किसिंग सीन को छोटा कराने पर सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई थी।
18. इलेस्ट्रेशन आर्टिस्ट मारजेन सत्रापी का निधन
4 जून को ईरानी-फ्रेंच इलेस्ट्रेशन आर्टिस्ट मारजेन सत्रापी का निधन हो गया। वे 56 साल की थीं। मारजेन एक कार्टूनिस्ट, राजनीतिक उपन्यासकार और फिल्म डायरेक्टर थीं। उनका उपन्यास ‘पर्सेपोलिस’ दुनिया का सबसे चर्चित ग्राफिक नॉवेल माना जाता है। इस उपन्यास में 1979 की इस्लामी क्रांति के दौरान और उसके बाद ईरान में उनके बचपन के अनुभवों को बताया गया है। मारजेन ने एनिमेटेड फिल्म, पर्सेपोलिस का सह-निर्देशन भी किया। पर्सेपोलिस ने कांस फिल्म फेस्टिवल जूरी पुरस्कार भी जीता था और सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड फीचर के लिए एकेडमी अवार्ड नॉमिनेशन भी मिला।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
