12–15 minutes
1. पीएम मोदी 3 राज्यों के दौरे में कर्नाटक और तेलंगाना पहुंचे
पीएम मोदी 10 और 11 मई को कर्नाटक, तेलंगाना और गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरे में सबसे पहले पीएम बेंगलुरु के करीब तेलंगाना पहुंचे। हैदराबाद में उन्होंने 9,400 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी। कुछ प्रोजेक्ट का इनॉगरेशन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने बेंगलुरु में ‘द आर्ट ऑफ लिविंग’ के 45वें वर्षगांठ समारोह में भी हिस्सा लिया। इसके साथ ही पीएम मोदीराष्ट्रीय राजमार्ग-167 को गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक सड़क को चौड़ा करने से जुड़ी परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। गुडेबेल्लूर हैदराबाद-पणजी इकोनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा है। इसकी कुल परियोजना लागत 3,175 करोड़ रुपए से ज्यादा है। वे आज गुजरात के सोमनाथ पहुंचेंगे। जहां सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण उत्सव में शामिल होंगे। सोमनाथ मंदिर समारोह में हिस्सा लेने के बाद वे वडोदरा जाएंगे, जहां ‘सरदारधाम हॉस्टल’ का उद्घाटन करेंगे। यहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
2. वाइस एडमिरल संजय वात्सायन मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के अगले फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ नियुक्त
वाइस एडमिरल संजय वात्सायन को मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान का अगला फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ नियुक्त किया गया है। यह नौसेना कमान भारत के पश्चिमी समुद्री मोर्चे और अरब सागर के प्रमुख समुद्री मार्गों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है। वे वर्तमान में नौसेना में उप नौसेना प्रमुख रूप में कार्यरत हैं। तोप और मिसाइल प्रणालियों के विशेषज्ञ के तौर पर वर्ष 1988 में उन्हें भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त हुआ था। वाइस एडमिरल संजय वात्सायन को उनकी विशिष्ट सेवा के सम्मान में वर्ष 2021 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था। गौरतलब है कि पश्चिमी नौसैनिक कमान का मुख्यालय मुंबई में स्थित है। इस नौसैनिक कमान को भारतीय नौसेना की ‘स्ट्राइक फोर्स’ माना जाता है। यह कमान अरब सागर क्षेत्र में भारत की समुद्री सुरक्षा, युद्धक तैयारी और रणनीतिक अभियानों की जिम्मेदारी निभाती है।
3. भारत-अफ्रीका फोरम शिखर बैठक की मेजबानी के लिए दिल्ली तैयार
चौथी भारत-अफ्रीका फोरम शिखर बैठक 31 मई को नई दिल्ली में होगी। इसमें अफ्रीका के कई राष्ट्र प्रमुख और शासनाध्यक्ष भाग लेंगे। बैठक से पहले 28 मई को वरिष्ठ अधिकारियों और 29 मई को विदेश मंत्रियों की बैठकें होंगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शिखर सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य अर्थव्यवस्था और व्यापार, रक्षा और सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, अंतरिक्ष और उच्च प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण, कौशल विकास और जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना है। शिखर सम्मेलन के समापन पर सहयोग के एजेंडे से संबंधित एक घोषणापत्र जारी किया जाएगा । इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के भारत के दृष्टिकोण को अफ्रीका के एजेंडा 2063 के साथ जोड़ना है। शिखर सम्मेलन के साथ-साथ विचार-विमर्श सत्र और एक भारत-अफ्रीका फिल्म महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। भारत-अफ्रीका फोरम शिखर बैठक के बाद पहली जून को अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन होगा। भारत ने 2018 से अफ़्रीका में 17 नए राजनयिक मिशन खोले हैं, जिससे इसकी उपस्थिति 46 देशों तक पहुँच गई है। भारत, अफ़्रीका के शीर्ष पाँच निवेशकों में भी शामिल है और चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है। द्विपक्षीय व्यापार वर्तमान में लगभग 85 अरब डॉलर का है, जबकि यह महाद्वीप भारत के ऊर्जा आयात का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा है। भारत ने सात अफ़्रीकी देशों के साथ डिजिटल सहयोग फ्रेमवर्क समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं, जबकि 39 अफ़्रीकी देश पहले ही अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल हो चुके हैं। तीसरा भारत-अफ़्रीका फोरम शिखर बैठक अक्टूबर 2015 में नई दिल्ली में आयोजित की गई थी।
4. भारत और त्रिनिदाद टोबैगो के बीच पर्यटन, स्वास्थ्य व आयुर्वेद समेत 8 क्षेत्र में समझौतों पर हस्ताक्षर
भारत तथा त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच पर्यटन, स्वास्थ्य, अवसंरचना और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों में आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। विदेश मंत्री एस जयशंकर की त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा के दौरान इन समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि दोनों पक्षों के बीच त्रिनिदाद और टोबैगों के विदेश मंत्रालय और कैरीकॉम भवन में सौर ऊर्जा संयंत्रों के उपयोग, वेक्टर नियंत्रण, नेल्सन द्वीप के अवसंरचना उन्नयन और वेस्ट इंडीज विश्वविद्यालय में आयुर्वेद विभाग स्थापित करने के समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री प्रसाद-बिसेसर की उपस्थिति में डॉ. जयशंकर ने चयनित स्कूली बच्चों को दो हजार लैपटॉप का पहला बैच सौंपा और एक कृषि-प्रसंस्करण सुविधा का उद्घाटन किया। भारत ने इसके लिये पिछले वर्ष दस लाख डॉलर की मशीनरी उपलब्ध कराई थी। डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत की सीड्स पहल के अंतर्गत संचालित यह केन्द्र ट्रिनिडाड और टोबैगो के लघु और मध्यम उद्यमों को मजबूत करेगी और कृषि क्षेत्र को नई गति देगी। डॉ. जयशंकर की कैरेबियाई देशों की दो दिवसीय यात्रा संपन्न हुई।
5. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल श्री तुषार मेहता की किताबें The Bench, the Bar, and the Bizarre और The Lawful and the Awful का विमोचन किया
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल श्री तुषार मेहता की किताबें The Bench, the Bar, and the Bizarre और The Lawful and the Awful का विमोचन किया। इस अवसर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति श्री सूर्य कांत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
6. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भेरूंदा से PMGSY-IV का शुभारंभ कर म.प्र. को दी हजारों करोड़ रुपए की बड़ी सौगात
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भेरूंदा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में PMGSY-IV का शुभारंभ करते हुए राज्य को सड़क, आवास और ग्रामीण विकास की अनेक बड़ी सौगातें समर्पित कीं। इस अवसर पर म.प्र. के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी तथा केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री कमलेश पासवान सहित राज्य के मंत्री श्री करण सिंह वर्मा तथा विधायकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत पिछले 25 वर्षों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बड़े राज्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। योजना के तहत सर्वाधिक सड़क लंबाई पूर्ण करने की श्रेणी में मध्य प्रदेश (90,766 किमी) को प्रथम, राजस्थान (75,868 किमी) को द्वितीय तथा उत्तर प्रदेश (75,695 किमी) को तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। सर्वाधिक बसावटों को जोड़ने की श्रेणी में बिहार (31,287) को प्रथम, मध्य प्रदेश (17,493) को द्वितीय तथा ओडिशा (16,990) को तृतीय स्थान दिया गया। हरित प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग में गुजरात (98.42 प्रतिशत), तमिलनाडु (98.39 प्रतिशत) तथा हरियाणा (97.92 प्रतिशत) को सम्मानित किया गया। ग्रामीण सड़कों के रखरखाव में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश (654 करोड़ रुपये), बिहार (553 करोड़ रुपये) और पश्चिम बंगाल (497.62 करोड़ रुपये) को सम्मान दिया गया। वहीं, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मध्य प्रदेश को प्रथम, राजस्थान एवं तमिलनाडु को द्वितीय तथा गुजरात को तृतीय स्थान दिया गया। उत्तर-पूर्वी, पहाड़ी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की श्रेणी में सर्वाधिक सड़क लंबाई पूर्ण करने के लिए असम (32,169 किमी), हिमाचल प्रदेश (23,081 किमी) तथा उत्तराखंड (21,874 किमी) को सम्मानित किया गया। सर्वाधिक बसावटों को जोड़ने में असम (13,720), हिमाचल प्रदेश (2,556) तथा ओडिशा (2,132) को सम्मान दिया गया। हरित प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के लिए उत्तराखंड (75 प्रतिशत), असम (74 प्रतिशत) और मेघालय (71 प्रतिशत) को सम्मानित किया गया।
7. भारत ने केप टाउन में दक्षिण अफ्रीकी खगोलीय वेधशाला को आईयूसीएए का ध्वज सौंपा
दक्षिण अफ्रीका में भारत के उच्चायुक्त प्रभात कुमार ने केप टाउन स्थित रॉयल ऑब्जर्वेटरी में आयोजित एक समारोह में दक्षिण अफ्रीकी खगोलीय वेधशाला -एसएएओ को भारत के अंतर-विश्वविद्यालय खगोल विज्ञान और खगोल भौतिकी केंद्र -आईयूसीएए का ध्वज औपचारिक रूप से सौंप दिया। यह दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैज्ञानिक सहयोग को और मजबूत करने का परिचायक है। भारतीय राजदूत ने इस सप्ताह के प्रारंभ में आयोजित समारोह में एसएएओ के अनुकरणीय अनुसंधान की सराहना की और कहा कि आईयूसीएए ध्वज की स्थापना वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को भारत सरकार की प्राथमिकता का प्रतीक है। एसएएओ की प्रबंध निदेशक रोज़ालिंड स्केल्टन ने पिछले दो दशकों में एसएएलटी सुविधा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में, वे भारतीय सहयोगियों के साथ मिलकर एक नया कैमरा डिटेक्टर और नियंत्रक विकसित कर रहे हैं, जिसे आने वाले महीनों में दूरबीन पर स्थापित किए जाने की उम्मीद है।
8. नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता में भारत विश्व में तीसरे स्थान पर
भारत विश्व में नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता में तीसरे स्थान पर है। मॉर्गन स्टेनली की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत का नवीकरणीय ऊर्जा परिवर्तन बाहरी निर्भरता को कम करने में सहायक होगा, लेकिन इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि देश में सौर सेल, वेफर और पॉलीसिलिकॉन जैसे महत्वपूर्ण घटकों का स्थानीय स्तर पर उत्पादन कितनी तेजी से होता है। नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, घरेलू सौर मॉड्यूल क्षमता मार्च 2024 में 38 गीगावाट से बढ़कर मार्च 2025 में 74 गीगावाट हो गई। सौर सेल क्षमता भी 9 गीगावाट से बढ़कर 25 गीगावाट हो गई है।
9. मिजोरम के कावर्थाह उत्तर ग्राम परिषद ने ‘स्वच्छ और हरित पंचायत’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया
मिजोरम के कावर्थाह उत्तर ग्राम परिषद ने सतत ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार 2025 के “स्वच्छ और हरित पंचायत” श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। पंचायती राज मंत्रालय का यह पुरस्कार स्वच्छता, पारिस्थितिक संतुलन और सामुदायिक कल्याण में उत्कृष्टता को मान्यता देता है।
10. FI ने रेसलर विनेश फोगाट को घरेलू खेल से बैन किया
9 मई को भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) ने ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट पर 26 जून तक डोमेस्टिक कॉम्पिटिशन खेलने पर बैन लगा दिया है। WFI ने फोगाट को अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। WFI ने 15 पन्नों के नोटिस में लिखा कि विनेश ने संन्यास से वापसी के लिए छह महीने पहले नोटिस नहीं दिया था। WFI संविधान, यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) नियमों तथा एंटी-डोपिंग प्रावधानों का उल्लंघन हुआ। अगस्त 2024 में हुए पेरिस ओलिंपिक में ओवर वेट पाए जाने पर विनेश फोगाट को डिसक्वालीफाई किया गया था। तब उन्होंने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान किया था। विनेश 2018 में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों दोनों में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर हैं। विनेश ने 2016, 2020 और 2024 में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
11. राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस
प्रतिवर्ष 11 मई को मनाया जाने वाला राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस भारत की वैज्ञानिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता और नवाचार की प्रेरक गाथा का प्रतीक है।11 मई 1998 को राजस्थान के पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षण (Pokhran-II) भारत के इतिहास में मील का पत्थर सिद्ध हुए। 11 और 13 मई को संपन्न इन परीक्षणों ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्रों की श्रेणी में स्थापित कर दिया। यह उपलब्धि पूर्णतः स्वदेशी तकनीक और भारतीय वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम का परिणाम थी। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम और डॉ. आर. चिदंबरम जैसे महान वैज्ञानिकों के नेतृत्व में यह सिद्ध हुआ कि भारत तकनीकी दृष्टि से आत्मनिर्भर और सक्षम है। इसी दिन “त्रिशूल” मिसाइल का सफल परीक्षण तथा स्वदेशी विमान “हंसा-3” की पहली उड़ान भी भारत की बहुआयामी तकनीकी क्षमता का प्रमाण बनी। इन ऐतिहासिक उपलब्धियों के सम्मान में भारत सरकार ने 1999 से 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की।
12. विश्व ल्यूपस दिवस
विश्व ल्यूपस दिवस हर साल 10 मई को मनाया जाने वाला एक वैश्विक जागरूकता दिवस है। यह दिवसऑटोइम्यून रोग ल्यूपस के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए मनाया जाता है। ल्यूपस का कोई ज्ञात इलाज नहीं है और यह रोज़मर्रा के जीवन पर असर डालने वाली बीमारी है। इस साल की थीम है “ल्यूपस को सामने लाएं” (Make Lupus Visible), क्योंकि अक्सर ल्यूपस नज़रअंदाज़ रह जाता है, इसके लक्षणों को गलत समझा जाता है, और इसके असर को अनदेखा कर दिया जाता है। ल्यूपस एक पुरानी ऑटोइम्यून बीमारी है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से स्वस्थ ऊतकों और अंगों पर हमला कर देता है, जिससे जोड़ों, त्वचा, किडनी, दिल और फेफड़ों में बड़े पैमाने पर सूजन और नुकसान होता है।
13. पूर्व मंत्री डी. सुधाकर का निधन
10 मई को कर्नाटक के पूर्व मंत्री डी. सुधाकर का निधन हो गया। वे 65 साल के थे। उन्होंने कर्नाटक सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य किया और कर्नाटक विधानसभा में हिरियुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। डी. सुधाकर ने 2004 में चल्लकेरे निर्वाचन क्षेत्र से कर्नाटक विधान सभा (MLA) के तौर पर चुने गए। सुधाकर 2008 में हिरियुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीता और कर्नाटक विधानसभा का हिस्सा बने। सुधाकर 2008-2009 तक बी.एस. येदियुरप्पा के नेतृत्व वाली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रहे। सुधाकर में 2010 से 2011 तक कर्नाटक सरकार में युवा मामलों के मंत्री रहे। सुधाकर ने कर्नाटक सरकार में समाज कल्याण, युवा मामले और बाद में योजना और सांख्यिकी जैसे विभाग संभाले।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
