11–13 minutes
1. संसद ने पारित किया सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026

संसद ने सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 पारित कर दिया है। राज्यसभा ने चर्चा के बाद विधेयक को लोकसभा को वापस भेज दिया। लोकसभा ने इसे सोमवार को पारित किया था। यह विधेयक सर्वोच्च न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) अधिनियम, 1956 में संशोधन करता है। इसके अंतर्गत भारत के मुख्य न्यायाधीश को छोड़कर सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की वर्तमान संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की जाएगी। इसी वर्ष मई में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की संख्या 33 से बढ़ाकर 37 करने के लिए एक अध्यादेश जारी किया था।
2. आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 6.7% किया, रेपो दर में कोई बदलाव नहीं

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को मौद्रिक नीति कमेटी (एमपीसी) के फैसलों का ऐलान करते हुए कहा कि भारत वित्त वर्ष 2027 में 6.7 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेज अर्थव्यवस्था बना रहेगा। आरबीआई द्वारा अगस्त एमपीसी में जारी किया गया विकास दर अनुमान पिछले अनुमान 6.6 प्रतिशत से 10 आधार अंक ज्यादा है। इसके साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने प्रमुख नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखने का फैसला किया। यह लगातार चौथा मौका है, जब आरबीआई एमपीसी ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। RBI ने स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी (SDF) की दर 5 प्रतिशत, जबकि मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी (MSF) और बैंक रेट को 5.5 प्रतिशत पर यथावत रखा है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि केंद्रीय बैंक वित्त वर्ष 2027-28 तक पॉलिमर करेंसी नोटों को प्रचलन में लाने का लक्ष्य लेकर काम कर रहा है। इसके लिए फिलहाल फील्ड ट्रायल जारी हैं, ताकि बड़े स्तर पर जारी करने से पहले इन नोटों की गुणवत्ता और प्रदर्शन का पूरा आकलन किया जा सके। हाल ही में वित्त मंत्रालय ने संसद को जानकारी दी थी कि सरकार ने आरबीआई के उस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके तहत 10 रुपये और 20 रुपये के पॉलिमर नोटों का फील्ड ट्रायल किया जाना है। इस पायलट परियोजना के तहत आरबीआई 10 रुपये और 20 रुपये मूल्यवर्ग के एक-एक अरब (100 करोड़) पॉलिमर नोट जारी करने की योजना बना रहा है।
3. WHO-SEARN ने भारतीय फार्माकोपिया आयोग को फार्माकोविजिलेंस उत्कृष्टता केंद्र के रूप में दी मान्यता

भारतीय फार्माकोपिया आयोग (आईपीसी) को विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय नेटवर्क (WHO-SEARN) ने फार्माकोविजिलेंस में क्षेत्रीय उत्कृष्टता केंद्र और दवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में तकनीकी केंद्र के रूप में मान्यता दी है। यह उपलब्धि दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में फार्माकोविजिलेंस, दवाओं की गुणवत्ता और नियामकीय क्षमता को मजबूत करने में भारत की भूमिका को रेखांकित करती है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत आने वाले आईपीसी ने 4-5 अगस्त 2026 को नेपाल के काठमांडू में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशिया नियामक नेटवर्क (SEARN) की 10वीं वर्षगांठ बैठक में हिस्सा लिया। SEARN विश्व स्वास्थ्य संगठन के दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्रीय कार्यालय (SEARO) द्वारा सदस्य देशों की नियामकीय प्रणालियों को मजबूत करने के लिए स्थापित सहयोगात्मक मंच है। 2016 में स्थापना के बाद से इस नेटवर्क ने ज्ञान साझा करने, नियामकीय प्रक्रियाओं में सामंजस्य, क्षमता निर्माण और नियामकीय निर्भरता तंत्र के माध्यम से राष्ट्रीय नियामक प्राधिकरणों के बीच सहयोग को बढ़ावा दिया है।
4. स्तन कैंसर के लक्षित उपचार में मददगार हो सकते हैं प्रकाश-सक्रिय नैनोरोबोट

शोधकर्ताओं ने एक उन्नत, प्रकाश-सक्रिय बहुक्रियाशील नैनोरोबोट विकसित किया है, जो स्तन कैंसर के लक्षित उपचार में मददगार हो सकता है। यह नैनोरोबोट निकट-अवरक्त (NIR) प्रकाश की मदद से सक्रिय होकर कैंसर कोशिकाओं तक लक्षित तरीके से पहुंचने और फोटोथर्मल तथा फोटोडायनामिक थेरेपी के जरिए उन्हें नष्ट करने में सक्षम है। शोधकर्ताओं ने इसका प्रभाव कोशिकीय मॉडल और स्तन ट्यूमर वाले चूहों में प्रदर्शित किया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के स्वायत्त संस्थान, मोहाली स्थित नैनो विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (INST) के वैज्ञानिकों ने नैनोरोबोटिक्स को फोटोथेरेपी के साथ जोड़कर ऐसा चिकित्सीय प्लेटफॉर्म विकसित करने की दिशा में काम किया, जिसे बाहरी प्रकाश की मदद से सक्रिय रूप से नियंत्रित किया जा सके। डॉ. जिबन ज्योति पांडा के नेतृत्व में और डॉ. संतोष के. गुप्ता (BARC, मुंबई) के सहयोग से टीम ने अपकनवर्जन नैनोपार्टिकल (UCNP) आधारित नैनोबोट विकसित किए। टीम में प्रथम लेखक स्वप्निल श्रीवास्तव के साथ अनु बलहारा, पंकज खर्रा और ज्योति यादव शामिल रहे। ये नैनोबोट निकट-अवरक्त प्रकाश को प्रभावी ढंग से ऊष्मा में परिवर्तित कर सकते हैं और NIR प्रकाश की मौजूदगी में दिशात्मक गति प्रदर्शित करते हैं।
5. केरल ने AI-आधारित गवर्नेंस पहल शुरू की

केरल ने 4 अगस्त 2026 को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल सेवा वितरण और एकीकृत योजना प्रणालियों को राज्य प्रशासन में जोड़ने के लिए एक नई पहल शुरू की। इस कदम का उद्देश्य सरकारी प्रक्रियाओं को सरल, तेज और अधिक पारदर्शी बनाना है, ताकि फाइलों, भूमि रिकॉर्ड, सार्वजनिक संपत्तियों और विकास परियोजनाओं से जुड़े कामों में देरी कम हो सके। साथ ही, एक केंद्रीय प्रोग्राम मैनेजमेंट यूनिट और एआई-सक्षम बिजनेस प्रोसेस री-इंजीनियरिंग सेल भी बनाई गई है। इन संस्थागत बदलावों का मकसद यह है कि सरकारी कामकाज केवल डिजिटल न हो, बल्कि प्रक्रियाओं के स्तर पर भी अधिक सुव्यवस्थित हो। केरल AI गवर्नेंस सुधारों के तहत शुरू किए गए डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म
SAMPATH : सरकारी ज़मीन और इमारतों का GIS-आधारित डिजिटल रजिस्टर, जो रखरखाव की योजना बनाने के लिए AI एनालिटिक्स का इस्तेमाल करता है।
PLANSPACE 2.0 : विकास परियोजनाओं का एक इंटीग्रेटेड रजिस्टर ताकि काम दोबारा न हो (डुप्लीकेशन से बचा जा सके); यह PM गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के अनुरूप है; पूरी हो चुकी परियोजनाएं राज्य के पब्लिक एसेट रजिस्टर में चली जाएंगी।
VEGAM : ज़मीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज़ करने वाला एक फ़्रेमवर्क, जो प्री-नोटिफ़िकेशन की प्रक्रिया को 18–24 महीने से घटाकर लगभग तीन से चार महीने कर देता है।
केरल सरकारी संगठनों (पब्लिक सेक्टर निकायों और वैधानिक संस्थानों सहित) का एक व्यापक रजिस्टर भी बना रहा है, साथ ही मुकदमों के प्रबंधन के लिए टेक्नोलॉजी-आधारित फ़्रेमवर्क भी तैयार कर रहा है ताकि बार-बार होने वाले सरकारी अदालती मामलों को कम किया जा सके।
6.भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और Esri इंडिया ने GIS और GeoAI समाधान विकसित करने के लिए MoU पर हस्ताक्षर किए

भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने 3 अगस्त 2026 को बेंगलुरु में Esri इंडिया टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इसका मकसद रक्षा सेवाओं के लिए अचानक बढ़ी हुई ज़रूरतों (surge deployment) को पूरा करने में सहयोग करना है, जिसमें रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स की विशेषज्ञता को GIS, लोकेशन इंटेलिजेंस और GeoAI क्षमताओं के साथ जोड़ा जाएगा। यह MoU, BEL के डायरेक्टर (BC) और एडिशनल चार्ज डायरेक्टर (मार्केटिंग) श्री रजनीश शर्मा और Esri इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री एजेंद्र कुमार के बीच एक्सचेंज किया गया। इस दौरान श्रीमती रुचि पंत, GM (TP) और श्री अनिल कुमार सिंह, GM (SP) भी मौजूद थे। इस MoU के तहत, रक्षा क्षेत्र में अवसरों को भुनाने के लिए BEL की रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स और सिस्टम इंटीग्रेशन की विशेषज्ञता को Esri इंडिया की GIS, लोकेशन इंटेलिजेंस और GeoAI की क्षमताओं के साथ मिलाया जाएगा। दोनों संगठन मिलकर काम करेंगे ताकि भारत की रक्षा पहलों में अचानक और तेज़ी से पैदा होने वाली ज़रूरतों को पूरा करने के लिए GIS समाधान उपलब्ध कराए जा सकें और उन्हें जल्दी लागू किया जा सके। Esri इंडिया, BEL को अपने ‘Indo ArcGIS’ प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके इन-हाउस GIS और GeoAI क्षमता विकसित करने में मदद करने के लिए ट्रेनिंग सपोर्ट भी देगा।
7. अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने की सातवीं वर्षगांठ

अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने की 5 अगस्त को सातवीं वर्षगांठ है। वर्ष 2019 में 5 अगस्त के दिन संसद ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त किया था। इससे पहले, अनुच्छेद 370 में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार जम्मू-कश्मीर देश का एकमात्र ऐसा राज्य था जिसका अपना संविधान था। यह एक अस्थायी प्रावधान था जिसने राज्य को विशेष स्वायत्त दर्जा प्रदान किया था। अनुच्छेद 370 के हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में केंद्र सरकार के सभी कानून और विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू हो गई हैं। इस निर्णय से क्षेत्र में निवेश को बढावा मिला जिससे विकास की संभावनाएं बढ़ी हैं और राज्य में रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।
8. पीवी सिंधु को BWF वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में 9वीं रैंकिंग मिली

5 अगस्त को भारतीय शटलर पीवी सिंधु को वुमेन सिंगल्स में BWF वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में टॉप 9 रैंकिंग (सीडिंग) मिली। ये वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। सिंधु दो बार की ओलिंपिक मेडल विजेता हैं। वहीं, पुरुष डबल्स की जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को 5वीं रैंकिंग मिली है। सिंधु और सात्विक-चिराग के अलावा, पूर्व वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रोन्ज जीतने वाले पुरुष एकल में 14वीं रैंकिंग दी गई है। चीन के पुरुष एकल विश्व चैंपियन शी युकी और दक्षिण कोरिया की महिला एकल स्टार आन से यंग अपनी-अपनी कैटेगरी में टॉप पर हैं। BWF वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में विश्व रैंकिंग के आधार पर शीर्ष खिलाड़ियों/जोड़ियों को सीडिंग (Seeding) दी जाती है। BWF वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप रैंकिंग में शामिल खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के शुरुआती (पहले और दूसरे) दौर में टॉप खिलाड़ियों से नहीं खेलना पड़ता है।
9. WWE चैंपियन ब्रॉक लैसनर ने संन्यास लिया

5 अगस्त को 10 बार के WWE चैंपियन और ‘द बीस्ट’ नाम से मशहूर ब्रॉक लैसनर ने संन्यास का ऐलान किया है। लैसनर ने स्क्वायर सर्कल के अंदर 24 साल के शानदार करियर के बाद पेशेवर कुश्ती से संन्यास लिया है। WWE इतिहास में सबसे अच्छे और सबसे प्रभावशाली सुपरस्टारों में से एक के रूप में अपने प्रतिष्ठित करियर का समापन किया। लैसनर सात बार के WWE चैंपियन, तीन बार के यूनिवर्सल चैंपियन, दो बार के रॉयल रंबल विनर , मनी इन द बैंक विनर रहे हैं। लैसनर, किंग ऑफ द रिंग और रेसलमेनिया में द अंडरटेकर की ऐतिहासिक कभी न हारने वाली स्ट्रीक को तोड़ने वाले रेसलर रहे हैं। लैसनर ने जॉन सीना, द अंडरटेकर, रोमन रेन्स, कर्ट एंगल और उनके सबसे हालिया ओबा फेमी शामिल हैं, जिनके साथ उनकी कई टाइटैनिक झड़पें हुईं।
10. एक्टर प्रदीप रावत का निधन हुआ

4 अगस्त को एक्टर प्रदीप रावत का निधन हो गया। वे 74 साल के थे। प्रदीप ने एक्टिंग करियर की शुरुआत बीआर. चोपड़ा के टीवी शो महाभारत से की थी। वे अश्वत्थामा के रोल में नजर आए थे। प्रदीप ने इसके बाद हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में काम किया। हिंदी सिनेमा में वे लगान, सरफरोश, गजनी और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। तेलुगु फिल्म सई (Sye) से उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा और कई यादगार विलेन के किरदार निभाए। इसके अलावा उन्होंने कन्नड़ फिल्म पैरोडी, मलयालम फिल्म चाइना टाउन, बंगाली फिल्म हीरो 420 और भोजपुरी फिल्म क्रैक फाइटर में भी एक्टिंग की थी।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
