12–14 minutes
1. गृह मंत्रालय ने आव्रजन और विदेशी (संशोधन) नियम-2026 अधिसूचित किए, विदेशियों के लिए बदले नियम
गृह मंत्रालय ने आव्रजन और विदेशी (संशोधन) नियम-2026 अधिसूचित कर दिया है। इसमें आव्रजन और विदेशी नियम, 2025 के अंतर्गत पंजीकरण की समयसीमा और अपील तंत्र में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इस संशोधन के अंतर्गत भारत आने के बाद 180 दिन पूरे होने से पहले कभी भी पंजीकरण कराया जा सकता है। इससे पहले, 180 दिन की अवधि समाप्त होने के 14 दिनों के अंदर पंजीकरण कराना अनिवार्य था। हालांकि, समयसीमा बीत जाने के बाद पंजीकरण केवल आपात या अप्रत्याशित परिस्थितियों में ही स्वीकार किया जाएगा।सरकार ने बच्चों की नागरिकता संबंधी मामलों में भी स्पष्टता बरती है। यदि भारत में रहने के दौरान किसी बच्चे को विदेशी नागरिकता मिलती है, तो माता-पिता में से किसी एक को 30 दिनों के भीतर इसकी सूचना पंजीकरण अधिकारी को देनी होगी। हालांकि, यह प्रविधान उन मामलों में लागू नहीं होगा, जहां माता-पिता में से एक भारतीय नागरिक है और बच्चे की भारतीय नागरिकता बनाए रखना चाहता है। गृह मंत्रालय ने ये बदलाव इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 30 के तहत किए हैं। संसद ने मार्च 2025 में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 पास किया था। इस कानून में पासपोर्ट एक्ट 1920, फॉरेनर्स रजिस्ट्रेशन एक्ट 1939, फॉरेनर्स एक्ट 1946 और इमिग्रेशन एक्ट 2000 समेत कई पुराने कानूनों के प्रावधान शामिल हैं। कानून के तहत यदि कोई गैर कानूनी तरीके से किसी विदेशी को देश में लाता, ठहराता या बसाता है, तो उसे 3 साल जेल या 2 से 5 लाख रुपए का जुर्माना या फिर दोनों की सजा हो सकती है।
2. काजीरंगा नेशनल पार्क ने ‘ई-शॉप लॉन्च किया
2 जून को अमेजन और GeM (गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस) ने एक MoU ‘ई-शॉप‘ लॉन्च किया। इस MoU के तहत काजीरंगा नेशनल पार्क अमेजन के जरिए अपने हैंडलूम प्रोडक्ट्स बेचेगा। काजीरंगा में ‘ई-शॉप लॉन्च करने का उद्देश्य वन संरक्षण को बढ़ाना और आजीविका से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है। काजीरंगा के लोकल कारीगर और महिला स्वयं सहायता समूह अब हाथों से बनाए (हस्तशिल्प) प्रोडक्ट्स ऑनलाइन बेचे सकेंगे। काजीरंगा ‘ई-शॉप से आने वाली आय का एक हिस्सा वन्यजीव संरक्षण और पार्क मैनेगमेंट में खर्च किया जाएगा। ये पहल डिजिटल इंडिया के तहत है और इस पहल से ई-कॉमर्स का उपयोग पर्यावरण और वन्यजीव सुरक्षा के लिए किया जा रहा है। काजीरंगा यूनेस्को विश्व धरोहर में शामिल है और एक सींग वाले गैंडों के लिए प्रसिद्ध है। काजीरंगा ‘ई-शॉप से स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाना ताकि वे जंगल पर अपनी निर्भरता कम कर सकें। काजीरंगा नेशनल पार्क असम में स्थित है और इसे ‘बिग फाइव’ जीवों के लिए जाना जाता है। अमेजन का ‘कारीगर’ प्रोग्राम इस पहल में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
3. भारत ने वायु से सतह पर मार करने वाली स्वदेशी मिसाइल रुद्रम-टू का सफल परीक्षण किया
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और भारतीय वायु सेना (आईएएफ) ने स्वदेशी रुद्र एम-II वायु-से-सतह मिसाइल का हवाई प्लेटफॉर्म से सफल उड़ान परीक्षण किया। अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों और महत्वपूर्ण प्रक्षेप पथ पर किए गए इन परीक्षणों ने मिसाइल की सटीकता, विश्वसनीयता तथा इसकी सभी प्रमुख उपप्रणालियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रमाणित किया। प्रक्षेपित की गईं सभी मिसाइलों ने पूर्वनिर्धारित लक्ष्यों पर अत्यंत सटीकता के साथ प्रहार किया। चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) द्वारा तैनात उन्नत ट्रैकिंग एवं रेंज उपकरणों से प्राप्त उड़ान आंकड़ों ने पुष्टि हुई कि परीक्षण के सभी निर्धारित उद्देश्य सफलतापूर्वक और पूर्ण रूप से हासिल कर लिए गए। रुद्रम-II को स्वदेशी रूप से हैदराबाद स्थित इमारत अनुसंधान केंद्र द्वारा विकसित किया गया है, जो डीआरडीओ की नोडल प्रयोगशाला है। इसने रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला, उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला, शस्त्र अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान और आईटीआर जैसी अन्य सहयोगी प्रयोगशालाओं के सहयोग से यह कार्य किया है। विकास सह उत्पादन साझेदारों (डीसीपीपी) के साथ-साथ, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, क्षेत्रीय सैन्य विमानन योग्यता केंद्र, मिसाइल प्रणाली गुणवत्ता आश्वासन एजेंसी और कई अन्य उद्योगों ने भी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
4. वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज चार दिन के भारत दौरे पर
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज चार दिन के भारत दौरे पर रहेंगी। डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ कैबिनेट के प्रमुख मंत्री भी रहेंगे। डेल्सी रोड्रिग्ज अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। यह वार्ता ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा, दवा और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग के अवसरों की खोज पर केंद्रित होगी।
5. केंद्र सरकार ने लोखंडे प्रशांत सीताराम को सीबीएसई का अध्यक्ष नियुक्त किया
भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सी.बी.एस.ई. का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्री सीताराम इससे पहले गृह मंत्रालय में अपर सचिव के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने श्री राहुल सिंह का स्थान लिया है जिनका तबादला कृषि और किसान कल्याण विभाग में अपर सचिव के रूप में किया गया है। सरकार ने श्री वरूण भारद्वाज को सी.बी.एस.ई. में सचिव के रूप में नियुक्त किया है। इससे पहले उच्चतर शिक्षा विभाग में निदेशक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने श्री हिमांशु गुप्ता का स्थान लिया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है।
6. डिजिटल इंडिया भाषिनी डिवीजन, करंट एआई और कल्पा इम्पैक्ट ने बहुभाषी अत्याधुनिक एआई नवाचार को बढ़ावा देने के लिए व्योमा इनोवेशन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एम ई आई टी वाई ) के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन (डी आई सी ) के तहत डिजिटल इंडिया भाषिनी डिवीजन (डी आई बी डी ) ने करंट एआई और कल्पा इम्पैक्ट के सहयोग से वीवाईओएमए(व्योमा) इनोवेशन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। यह एक नवाचार पहल है जिसका उद्देश्य ओपन-सोर्स, बहुभाषी, वॉइस-फर्स्ट एआई समाधानों के विकास को बढ़ावा देना है जो ऑफलाइन और कम कनेक्टिविटी वाले वातावरण में काम कर सकते हैं। यह चुनौती सुनो सूत्र पर आधारित है, जो भाशिनी और करंट एआई द्वारा संयुक्त रूप से विकसित एक बहुभाषी, ध्वनि-प्रधान, ओपन-सोर्स हैंडहेल्ड एआई संदर्भ उपकरण है जिसका अनावरण 2026 में इंडियाएआई इम्पैक्ट समिट किया गया था। एक संदर्भ मंच के रूप में डिज़ाइन किया गया सुनो सूत्र बहुभाषी भाषा प्रौद्योगिकियों को ऑन-डिवाइस एआई क्षमताओं के साथ जोड़ता है जिससे क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर पर निर्भरता के बिना भारतीय भाषाओं में संवादात्मक एआई अनुभव सक्षम होते हैं।
7. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने असम के मूगा रेशम के लिए “सेनेहजोरी” मिशन का शुभारंभ किया
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री (एमडीओएनईआर) श्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने असम के माननीय मुख्यमंत्री के साथ मिलकर मिशन “सेनेहजोरी” – असम मूगा सिल्क यूएसपी का शुभारंभ किया। यह एक व्यापक क्लस्टर-आधारित पहल है। इसका उद्देश्य असम के अद्वितीय मूगा रेशम क्षेत्र को विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी, उच्च मूल्य वाले लक्जरी वस्त्र इकोसिस्टम में परिवर्तित करना है। पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय द्वारा असम सरकार, केंद्रीय रेशम बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय और अन्य केंद्रीय मंत्रालयों/संगठनों के समन्वय से संचालित यह मिशन, मेजबान पौधे की खेती और रेशमकीट के बीज उत्पादन से लेकर रीलिंग, बुनाई, ब्रांडिंग, निर्यात संवर्धन, डिजिटल ट्रेसबिलिटी और पर्यटन तक संपूर्ण मूगा रेशम मूल्य श्रृंखला को मजबूत करने का प्रयास करता है। मुगा रेशम को दुनिया का एकमात्र प्राकृतिक रूप से सुनहरा रेशम और भारत का पहला जीआई-टैग प्राप्त रेशम माना जाता है।
8. सरकार थोक मूल्य सूचकांक को उत्पादक मूल्य सूचकांक प्रणाली से बदलेगी
थोक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) के आधार वर्ष को 2011-12 से संशोधित करके 2022-23 करने और उत्पादक मूल्य सूचकांक (पीपीआई) के संकलन को सक्षम प्राधिकारी ने 25.05.2026 को आयोजित अपनी बैठक में अनुमोदित कर दिया है। इससे पहले, अनुशंसित संकलन पद्धति को मूल्य और जीवन यापन लागत सांख्यिकी पर तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) (एसपीसीएल) द्वारा अनुमोदित किया गया था। बाद में, इस पद्धति को राष्ट्रीय सांख्यिकी आयोग (एनएससी) के समक्ष भी प्रस्तुत किया गया था। आर्थिक सलाहकार कार्यालय, डीपीआईआईटी तदनुसार 15.06.2026 को दोपहर 12:00 बजे आधार वर्ष 2022-23 के साथ संशोधित उत्पादक मूल्य सूचकांक (डब्ल्यूपीआई) श्रृंखला जारी करेगा। यह आधार वर्ष 2011-12 के साथ मौजूदा डब्ल्यूपीआई श्रृंखला का स्थान लेगी। इसके अतिरिक्त, कार्यालय सात सेवाओं, जैसे बैंकिंग, प्रतिभूति लेनदेन, बीमा, पेंशन निधि प्रबंधन, रेलवे, हवाई (यात्री) और दूरसंचार के लिए उत्पादन उत्पादक मूल्य सूचकांक (ओपीपीआई), परीक्षण इनपुट उत्पादक मूल्य सूचकांक (आईपीपीआई) और सेवा उत्पादक मूल्य सूचकांक (सर्विस पीपीआई) की नई श्रृंखला भी आधार वर्ष 2022-23 के साथ जारी करेगा। सरकार ने थोक मूल्य सूचकांक (WPI) को धीरे-धीरे खत्म करने और उसकी जगह एक व्यापक उत्पादक मूल्य सूचकांक (PPI) प्रणाली लाने का फैसला किया है। यह फैसला देश के महंगाई और मूल्य निर्धारण डेटा ढांचे को आधुनिक बनाने और इसे वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप लाने के लिए लिया गया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि सरकार ने थोक मूल्य सूचकांक (WPI) के आधार वर्ष को 2011-12 से बदलकर 2022-23 करने की मंजूरी दे दी है। मूल्य वृद्धि खंडों में WPI के व्यापक उपयोग को देखते हुए, यह सूचकांक संशोधित श्रृंखला के जारी होने की तारीख से पांच वर्षों तक PPI के साथ जारी किया जाएगा, और उसके बाद इसे बंद कर दिया जाएगा।
9. एनपीसीआई इंटरनेशनल ने केएचक्यूआर के माध्यम से कंबोडिया में शुरू की यूपीआई भुगतान सुविधा
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने मंगलवार को एसीएलईडीए बैंक पीएलसी के साथ साझेदारी में कंबोडिया में वहां की राष्ट्रीय क्यूआर कोड प्रणाली केएचक्यूआर के माध्यम से यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) भुगतान सुविधा शुरू की। इस सेवा की शुरुआत कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में आयोजित एक औपचारिक समारोह के दौरान की गई। इस कार्यक्रम में कंबोडिया के नेशनल बैंक (एनबीसी) की गवर्नर डॉ. चिया सेरेई और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
10. विवाहित बेटियों को परिवार की परिभाषा से बाहर रखना मनमाना और असंवैधानिक है: सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया है कि शादीशुदा बेटियों को अनुकंपा नियुक्ति से बाहर नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि परिवार की परिभाषा से शादीशुदा बेटियों को बाहर रखना साफ़ तौर पर मनमाना, गलत और संवैधानिक रूप से गलत है। जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के एक आदेश को रद्द करते हुए यह बात कही। हाई कोर्ट ने फैसला दिया था कि अनुकंपा नियुक्ति के मामले में परिवार की परिभाषा में शादीशुदा बेटी शामिल नहीं है। अनुकंपा नियुक्ति में, सरकार परिवार के किसी सदस्य को नौकरी देती है, अगर कोई कर्मचारी नौकरी के दौरान मर जाता है या मेडिकल कारणों से समय से पहले रिटायर हो जाता है। सुप्रीम कोर्ट एक महिला की अपील पर सुनवाई कर रहा था। यह महिला एक मरे हुए डीलर की शादीशुदा बेटी थी। उसने हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें अनुकंपा के आधार पर उसे ‘फेयर प्राइस शॉप’ (राशन की दुकान) का डीलर बनाने की उसकी मांग को खारिज कर दिया गया था। महिला ने 2019 के एक सरकारी आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें शादीशुदा बेटियों को परिवार की परिभाषा से बाहर रखा गया था।
11. भारतीय महिला हॉकी टीम का ऐलान: सलीमा टेटे करेंगी नेशंस कप में कप्तानी
हॉकी इंडिया ने एफआईएच हॉकी विमेंस नेशंस कप 2025-26 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम घोषित कर दी है। सलीमा टेटे टूर्नामेंट में टीम की कमान संभालेंगी। यह प्रतियोगिता 15 से 21 जून तक न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में खेली जाएगी। टीम में अनुभवी गोलकीपर सविता और बीचू देवी खारीबाम शामिल हैं। डिफेंस लाइन की अगुवाई सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी, निक्की प्रधान और ज्योति करेंगी। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर डेब्यू करने वाली लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को भी टीम में जगह मिली है।
12. विश्व साइकिल दिवस
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2018 में 3 जून को आधिकारिक रूप से “विश्व साइकिल दिवस” घोषित किया। इस पहल के पीछे समाजशास्त्री और पूर्व अंतरराष्ट्रीय साइकिल चालक प्रोफेसर लेस्ज़ेक सिबिल्स्की के नेतृत्व में चलाया गया वैश्विक अभियान था, जिसे 56 देशों का समर्थन प्राप्त हुआ। संयुक्त राष्ट्र ने अपने प्रस्ताव में स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि साइकिल एक सस्ती, विश्वसनीय, पर्यावरण-अनुकूल, बहुमुखी और टिकाऊ परिवहन प्रणाली है, जो सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। यह केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक समावेशन, लैंगिक समानता और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी माध्यम भी है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
