15–19 minutes
1. भारत की राष्ट्रपति ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए

भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 22 सितंबर, 2026 को एकता नगर, केवड़िया, गुजरात में आयोजित समारोह में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने भारतीय सिनेमा में असाधारण योगदान के लिए दिग्गज अभिनेता, श्री अनंत नाग को वर्ष 2024 का दादासाहब फाल्के पुरस्कार भी प्रदान किया। इस समारोह में फीचर, नॉन-फीचर और लेखन श्रेणियों में वर्ष 2024 की सिनेमाई उत्कृष्टता को सम्मानित किया गया। इस समारोह में कुल बानवे पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया गया। फीचर फिल्म श्रेणी में राजनीतिक थ्रिलर ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का स्वर्ण कमल पुरस्कार मिला। निर्देशक रणदीप हुड्डा को ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला, जबकि नाग अश्विन सिंगिरेड्डी की विज्ञान कथा फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार मिला। राजकुमार पेरियासामी को तमिल फिल्म ‘अमरन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला। तेलुगु फिल्म ’35- चिन्ना कथा काडू’ को सर्वश्रेष्ठ बाल फिल्म का पुरस्कार मिला। अभिनय श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता का संयुक्त पुरस्कार दिग्गज अभिनेता ममूटी को ‘ब्रमयुगम’ और कार्तिक आर्यन को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए दिया गया। यामी गौतम को ‘आर्टिकल 370’ में उनके अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री का पुरस्कार मिला। संजय मिश्रा को ‘भक्षक’ फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला, जबकि सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार ‘महाराजा’ के लिए सचना नामिदास और ‘मिथ्या’ के लिए रोपाश्री वर्काडी को संयुक्त रूप से मिला। गैर-फीचर श्रेणी में मराठी फिल्म ‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला, जबकि निर्देशक आनंद एल राय को ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी – एकता का प्रतीक’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का पुरस्कार मिला। सिनेमा लेखन श्रेणियों में संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक के लिए स्वर्ण कमल पुरस्कार मिला।
2. मेजर नव्या शेखावत राष्ट्रपति की ADC बनने वाली भारत की पहली महिला सेना अधिकारी बनीं

राजस्थान के सीकर जिले से आने वाली नव्या शेखावत ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की एड्स-डी-कैंप (ADC) के रूप में कमान संभाली है। इस जिम्मेदारी को संभालने वाली नव्या शेखावत भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। इसके साथ ही ADC के रूप में नियुक्त होने वाली वह दूसरी महिला अधिकारी बन गई हैं। एडीसी बनने तक का यह सफर यूपीएससी से शुरू होता है। सेना में कदम रखने के लिए नव्या शेखावत ने यूपीएससी की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा पास की। इस परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने चेन्नई के ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) से प्रशिक्षण पूरा किया। इस कठिन परीक्षण को पूरा करने के बाद उन्हें आर्मी सर्विस कॉर्प्स (ASC) में नियुक्ति मिली। बता दें, नव्या शेखावत (CDS-1) 2020 की ओटीओ महिला लिस्ट में भी शामिल थीं। राष्ट्रपति कि सुरक्षा के लिए पांच ADC को तैनात किया जाता है। इसमें 3 अधिकारियों का चयन सेना, 01 अधिकारी का चयन नौसेना और 01 अधिकारी का चयन वायुसेना से किया जाता है। बता दें, तीनों सेनाओं के अधिकारिक आपसी तालमेल के साथ राष्ट्रपति की सुरक्षा और आधिकारिक प्रोटोकॉल से जुड़े काम संभालते हैं। एडीसी वे मुख्य अधिकारी होते हैं, जिन्हें राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाता है। भारतीय नौसेना की लेफ्टिनेंट कमांडर यशस्वी सोलंकी मई 2025 में राष्ट्रपति की पहली महिला ADC बनीं।
3. उप-राष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भारत मंडपम में 9वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह 2026 का उद्घाटन किया

भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में 9वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह (इंडिया इंटरनेशनल वॉटर वीक-आईआईडब्ल्यूडब्ल्यू) 2026 का उद्घाटन किया। जल शक्ति मंत्रालय की ओर से 22 से 26 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे इस पांच दिवसीय कार्यक्रम का विषय “जलवायु-अनुकूल जल प्रबंधन” (क्लाइमेट रिज़िलिएंट वॉटर मैनेजमेंट) है। नीदरलैंड्स और जर्मनी भारतीय अंतर्राष्ट्रीय जल सप्ताह में भागीदार देशों के रूप में शामिल हैं। यह आयोजन भारत और विदेश के शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स और युवाओं के साथ-साथ वैश्विक जल पक्षकारों, नीति निर्माताओं, अंतर्राष्ट्रीय संगठनों और विशेषज्ञों को एक मंच प्रदान करता है। इस सम्मेलन का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना और सतत जल प्रबंधन में वैश्विक विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को सक्षम बनाना है।
4. नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरोड्रोम विकास के लिए चैलेंज मोड का शुभारंभ किया

उड़ान योजना के तहत कार्यान्वयन एजेंसी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) सहित नागरिक उड्डयन मंत्रालय और भाग लेने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच कुल 21 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौता ज्ञापन विमानन अवसंरचना के विकास और कम सेवा वाले तथा बिना हवाई संपर्क वाले क्षेत्रों तक हवाई संपर्क के विस्तार के लिए केंद्र-राज्य/केंद्र शासित प्रदेश सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री ने एयरोड्रोम विकास के लिए चैलेंज मोड पोर्टल का भी शुभारंभ किया और उड़ान के अगले चरण की मार्ग बोली प्रक्रिया संबंधी योजना दस्तावेज जारी किया। चैलेंज मोड के तहत राज्य सरकारें और केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन अब समर्पित पोर्टल के माध्यम से उड़ान के अगले चरण के तहत विकास के लिए हवाई पट्टियों और हेलीपैडों को नामित कर सकेंगे। इससे राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को विमानन संपर्क की संभावनाओं वाले स्थानों की सक्रिय रूप से पहचान करने और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर विमानन अवसंरचना के निर्माण तथा उन्नयन में सुविधा होगी। उड़ान योजना को अगले दस वर्ष के लिए बढ़ाए जाने के बाद सरकार का लक्ष्य देश में 100 नए हवाई अड्डे और 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित करना है। अगले चरण में करीब 4 करोड़ यात्रियों को उड़ान योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
5. 26 सितंबर से आयोजित किया जाएगा हवाई अभ्यास तरंग शक्ति का दूसरा संस्करण

भारतीय वायु सेना के बहुराष्ट्रीय हवाई अभ्यास तरंग शक्ति का दूसरा संस्करण इस महीने की 26 तारीख से अगले महीने की 12 तारीख तक जोधपुर वायुसेना स्टेशन और आसपास के हवाई अड्डों पर आयोजित किया जाएगा। अभ्यास का उद्देश्य प्रतिभागी देशों को वास्तविक समकालीन युद्धक्षेत्र में बहुराष्ट्रीय संयुक्त हवाई अभियानों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने का अनुभव देना तथा सामरिक रूप से व्यवहार्य समाधान तलाशना है। ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात और अमरीका सहित आठ मित्र देश अपने हवाई संसाधनों के साथ अभ्यास में भाग लेंगे। वहीं, 32 देश पर्यवेक्षक के रूप में शामिल होंगे।
6. भारत लॉन्च करेगा पहला ब्लू बॉन्ड, समुद्री और जल परियोजनाओं को मिलेगा फंड

भारत में पहली ब्लू बॉन्ड जारी करने की तैयारी देश के सतत वित्त बाजार के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है। राज्य-स्वामित्व वाली समुद्री ऋणदाता सागरमाला फाइनेंस कॉरपोरेशन 28 सितंबर 2026 को इस इश्यू की शुरुआत करने जा रही है। प्रस्तावित आकार 600 करोड़ रुपये है, जबकि 500 करोड़ रुपये का ग्रीनशू विकल्प भी रखा गया है। बॉन्ड की अवधि 10 वर्ष होगी। ब्लू बॉन्ड ऐसे ऋण साधन होते हैं जिनसे जुटाई गई राशि को समुद्र, तटीय पारिस्थितिकी तंत्र, जल प्रबंधन और ब्लू इकोनॉमी से जुड़े प्रोजेक्ट्स में लगाया जाता है। इनका उपयोग तटीय ढांचे, समुद्री संरक्षण और जल से जुड़ी सार्वजनिक सुविधाओं के वित्तपोषण में किया जाता है। इस तरह यह साधन पर्यावरणीय लक्ष्यों के साथ-साथ बुनियादी ढांचे की जरूरतों को भी पूरा करता है।
7. तमिलनाडु सरकार ने 6 से 8वीं के छात्रों के लिए शुरु की कामराज नाश्ता योजना

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने राज्य भर के सरकारी स्कूलों में कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों के लिए कामराज नाश्ता योजना शुरू की। इससे 15,454 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के लगभग 15 लाख 30 हजार अतिरिक्त विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने चेन्नई में तिरुवनमियूर गांधी ग्रामम, राजकीय माध्यमिक विद्यालय में इस योजना की शुरुआत की। योजना के विस्तार के लिए वर्तमान वित्त वर्ष में 217 करोड़ 63 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि आवंटित की गई है। इसके साथ ही योजना का कुल बजट बढ़कर सात सौ 24 करोड़ रुपये हो गया है।
8. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले टेलीविजन कमर्शियल (TVC) का लॉन्च, और लखनऊ एवं देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के नए जोनल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ANTF को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री ने नए स्वरूप में तैयार NCB की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। NCB द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
9. झारखंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ मनाया जा रहा है करम उत्सव

झारखंड में करम पर्व पूरे पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। प्रकृति, जनजातीय संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र स्नेह का प्रतीक करम पर्व झारखंड की समृद्ध लोक और जनजातीय परंपराओं से गहराई से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर राज्यभर में विशेष सांस्कृतिक और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
10. टोरंटो फिल्म फेस्टिवल में पहली बार नागा फिल्म को अवार्ड

21 सितंबर को पहली बार, नागालैंड के फिल्ममेकर तेजा रियो की फिल्म ‘अंग‘ को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (TIFF) में ‘प्लेटफॉर्म प्राइज 2026‘ जीता। अंग उन 12 फिल्मों में से एक थी, जिन्हें इस साल के प्लेटफॉर्म प्रोग्राम के लिए चुना गया था, जो TIFF का एकमात्र कॉम्पिटिटिव सेक्शन है। अब नए नियम के तहत ये फिल्म 2027 अकेडमी अवार्ड्स की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए सीधे शामिल हो सकती है। इस प्लेटफॉर्म प्राइज में 20,000 कनाडाई डॉलर का नकद पुरस्कार और एक ट्रॉफी मिलती है। जूरी प्रेसिडेंट पाब्लो ट्रैपेरो ने ‘अंग’ की तारीफ करते हुए कहा कि इसका नजरिया नया है, फिल्ममेकिंग मजबूत है।
11. मॉरीशस में पहला आयुर्वेद इनफॉर्मेशन सेंटर शुरू हुआ

20 सितंबर को मॉरीशस में ‘आयुर्वेद इनफॉर्मेशन सेंटर‘ का भव्य उद्घाटन किया हुआ। ये सेंटर लोगों को प्राकृतिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी देगा। इसका उद्घाटन भारत के आयुष इनफॉर्मेशन सेल, भारतीय हाई कमीशन के ‘आयुर्वेद को जानिए’ कैंपेन के तहत किया गया है। इस कार्यक्रम में मॉरीशस के एजुकेशन मिनिस्टर, साइंस एंड रिसर्च मिनिस्टर डॉ. कविराज शर्मा और भारत के मॉरीशस में उच्चायुक्त अनुराग श्रीवास्तव शामिल हुए। इस आयुर्वेद सेंटर का उद्देश्य आयुर्वेद की शिक्षा, जागरूकता और शोध को बढ़ावा देना और भारत-मॉरीशस सहयोग को मजबूत करना है। मॉरीशस यूनिवर्सिटी में आयुर्वेद चेयर भी अप्रैल 2026 से स्थापित की गई थी। ये आयुर्वेद, आधुनिक स्वास्थ्य विज्ञान और तकनीक के बीच एकेडमिक और रिसर्च को बढ़ावा दे रहा है। 23 सितंबर आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा और इसका थीम ‘बेहतर कल के लिए आयुर्वेद’ है। मॉरीशस में भारतीय मूल की बड़ी आबादी रहती है और दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंध हैं।
12. असम में अल्ट्रा-सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट शुरू होगा

20 सितंबर को असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने धुबरी जिले के चापर में अदानी पावर के 3,200 मेगावाट अल्ट्रा- सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की आधारशिला रखी। धुबरी असम का एक प्रमुख सीमावर्ती जिला है जो ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर स्थित है और ये ये पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी बिजली परियोजनाओं में से एक है। 48,000 करोड़ रुपए की लागत का के ये प्रोजेक्ट्स दिसंबर 2030 तक शुरू होने की संभावना है। इसमें 800 मेगावाट की चार यूनिट शामिल होंगी। इसे पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट में आधुनिक और कम उत्सर्जन वाली सुपरक्रिटिकल तकनीक का उपयोग किया जाएगा। चपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट, असम के बिजली क्षेत्र में अदानी समूह की 63,000 करोड़ रुपए के इंवेस्टमेंट प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट से असम की बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी साथ-साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
13. भारत ऊर्जा, जल और महत्वपूर्ण खनिजों पर चार सर्वसम्मत प्रस्तावों को अपनाने में जी20 देशों के साथ शामिल

ऊर्जा और आवास एवं शहरी मामलों के केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने अमेरिका की G20 अध्यक्षता में 14-16 सितंबर 2026 तक ह्यूस्टन, अमेरिका में आयोजित G20 एनर्जी अबंडेंस मिनिस्टीरियल मीटिंग में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। भारत घरेलू ऊर्जा उपलब्धता, बुनियादी ढांचे की मंजूरी, जल के पुर्नपयोग और महत्वपूर्ण खनिजों की सुरक्षित आपूर्ति श्रृंखलाओं से संबंधित चार सर्वसम्मत प्रस्तावों को अपनाने में जी20 के अन्य देशों के साथ शामिल हो गया है। यह प्रस्ताव अमरीका में टेक्सास के ह्यूस्टन में व्हाइट हाउस नेशनल एनर्जी डोमिनेंस काउंसिल, ऊर्जा और गृह विभाग और पर्यावरण संरक्षण एजेंसी द्वारा आयोजित तीन दिन की बैठक में पारित किए गए। बैठक में घरों के लिए, एलपीजी जैसे विकल्पों का समर्थन किया गया, जिससे विकासशील देशों को खाना पकाने के स्वच्छ ईंधन की ओर बढ़ने में मदद मिल सके। उन्होंने ऊर्जा की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के लिए सरकारी अनुमति प्रक्रियाओं को तेज और अधिक कार्यकुशल बनाने का भी आह्वान किया। इसके अलावा प्रतिभागी देशों ने कृषि, विनिर्माण और सामुदायिक क्षेत्रों में पानी की गुणवत्ता के आधार पर स्वैच्छिक जल पुनर्चक्रण पहल शुरू की।
14. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराया, एशियाई खेलों में पहले स्वर्ण पदक पर कब्जा

एशियाई खेलों में, भारतीय महिला टीम ने टी-20 क्रिकेट के फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया है। 217 रन के लक्ष्य के जवाब में श्रीलंका की टीम 16वें ओवर में मात्र 69 रन पर सिमट गई। इससे पहले भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने शानदार 79 रन की पारी खेली। इस मैच में उन्होंने 11 हजार रन पूरा कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वे विश्व की पहली महिला क्रिकेट खिलाड़ी बन गई है। मंधाना ने इस मैच में पहले चार ओवरों में तीन छक्के और चार चोक्के लगाकर भारत को जबरदस्त शुरूआत दिलाई। उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के दस हजार 868 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
15. स्मृति मंधाना इंटरनेशनल क्रिकेट में 11,000 रन पूरे करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं

भारत की स्मृति मंधाना ने महिला क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 20 सितंबर 2026 को वह महिला T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बनीं और ठीक दो दिन बाद, वह इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट में कुल 11,000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर भी बन गईं। मंधाना ने 22 सितंबर 2026 को आइची-नागोया के कोरोगि स्पोर्ट्स पार्क में श्रीलंका के खिलाफ़ भारत के एशियाई खेलों के गोल्ड-मेडल फ़ाइनल मैच के दौरान 11,000 रन का आंकड़ा छुआ। मैच शुरू होने से पहले उन्हें इस मुकाम तक पहुँचने के लिए सिर्फ़ 13 रनों की ज़रूरत थी, और उन्होंने पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल कर ली; ऐसा करने वाली वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहली महिला बनीं। उनके 11,000 रनों के कुल स्कोर में टेस्ट क्रिकेट में 788 रन, वनडे इंटरनेशनल (ODI) में 5,411 रन और T20 इंटरनेशनल (T20I) में 4,788 रन शामिल हैं।
16. विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपिनशिप के लिए मेडल प्रोग्राम और क्वालिफिकेशन के नियम घोषित

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ने ताशकंद में होने वाली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2027 के लिए मेडल प्रोग्राम और क्वालिफिकेशन के नियम घोषित कर दिए हैं। यह प्रतियोगिता 19-2027 से 27 जून 2027 तक उज्बेकिस्तान ओलंपिक सिटी स्पोर्ट स्टेडियम में आयोजित होगी। ताशकंद 2027 में नई दिल्ली 2025 विश्व चैंपियनशिप के सभी इवेंट्स शामिल रहेंगे और साथ ही 16 अतिरिक्त मेडल इवेंट्स भी जोड़े जाएंगे। इससे कुल मेडल इवेंट्स की संख्या 202 हो जाएगी जिनमें 111 पुरुषों के, 90 महिलाओं के और एक मिक्स्ड इवेंट शामिल होगा।
17. विश्व गैंडा दिवस

विश्व गैंडा दिवस प्रतिवर्ष 22 सितंबर को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य गैंडों की पांच शेष प्रजातियों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस वर्ष का विषय है- पांच शेष गैंडों की प्रजातियों को संरक्षित रखें। इसके अंतर्गत गैंडों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा, शिकार रोकने और गैंडों के सींगों के अवैध व्यापार पर नकेल कसने का आह्वान किया जा रहा है। आज जंगलों में केवल लगभग 27,000 गैंडें हैं जबकि एक शताब्दी पहले लगभग पांच लाख गैंडे थे। भारत में एक सींग वाले गैंडे पाए जाते हैं। इनकी संख्या भारत और नेपाल में लगभग 200 से बढ़कर करीब 4,000 हो गई है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
