10–12 minutes
1. राष्ट्रपति मुर्मु ने पांच उच्च न्यायालयों में 14 न्यायिक अधिकारियों की न्यायाधीश और अपर न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति की

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, झारखंड और कर्नाटक उच्च न्यायालयों में 14 न्यायिक अधिकारियों को न्यायाधीश और अपर न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया है। विधि और न्याय मंत्रालय ने बताया कि ये नियुक्तियां भारत के मुख्य न्यायाधीश से परामर्श के बाद की गई हैं। निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, पांच न्यायाधीशों को दिल्ली उच्च न्यायालय का अपर न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि एक-एक न्यायाधीश को जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के लिए नियुक्त किया गया है। मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को झारखंड उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, तीन न्यायाधीशों को कर्नाटक उच्च न्यायालय का अपर न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
2. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने “पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन का भविष्य” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में “पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन का भविष्य” विषय पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन के उद्घाटन सत्र के दौरान राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च किया की। दो दिवसीय सम्मेलन में विश्व भर के 17 देशों के न्यायविद, शिक्षाविद, नीति निर्माता, वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ और अन्य हितधारक, साथ ही संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठन एक साथ आ रहे हैं। यह आयोजन न्यायिक, वैज्ञानिक, नीतिगत और संस्थागत सर्वोत्तम व्यवस्थाओं पर संवाद और ज्ञान के आदान-प्रदान पर केंद्रित है, साथ ही पर्यावरण और जलवायु संबंधी गंभीर चुनौतियों पर सहयोगात्मक कार्रवाई को प्रोत्साहित करता है। इस सम्मेलन का उद्देश्य पर्यावरण कानून और संस्थानों को मजबूत करना, जलवायु न्याय और अंतरपीढ़ीगत समानता को बढ़ावा देना, टिकाऊ और लचीले शहरों को प्रोत्साहित करना, न्यायसंगत ऊर्जा परिवर्तन को सुगम बनाना और सीमा पार पर्यावरणीय चुनौतियों पर सहयोगात्मक कार्रवाई को बढ़ावा देना है। इसमें अनुसंधान, सर्वोत्तम प्रथाओं और नवोन्मेषी समाधानों को साझा करने, साझेदारी बनाने और भविष्य के सहयोग के लिए व्यावहारिक सिफारिशें और एक रोडमैप विकसित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
3. अमेरिका ने डेनमार्क और ग्रीनलैंड के साथ ‘इनफिनिट लाइफ’ समझौते की घोषणा की

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डेनमार्क और ग्रीनलैंड के साथ एक नए समझौते की घोषणा की है। उन्होंने 18 सितंबर, 2026 को यह घोषणा की और इसे “इनफिनिट लाइफ” (Infinite Life) समझौता नाम दिया। अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने बताया कि अमरीका ने ग्रीनलैंड में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाने के लिए डेनमार्क के साथ एक समझौता किया है। इसके साथ ही ग्रीनलैंड को खरीदने की ट्रंप की बार-बार की मांगों को लेकर महीनों से चल रहा तनाव खत्म हो गया है। इस समझौते के अंतर्गत ग्रीनलैंड पर डेनमार्क का अधिकार बना रहेगा। डेनमार्क ने कहा कि इस समझौते पर अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान अमरीका, डेनमार्क और ग्रीनलैंड की सरकारें हस्ताक्षर करेंगी। समझौते को लागू करने के लिए डेनमार्क और ग्रीनलैंड की संसद की मंज़ूरी की ज़रूरत होगी। डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेताओं ने कहा कि यह समझौता संप्रभुता और आत्म-निर्णय के अधिकार की रक्षा करता है, जबकि अमरीका ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज़ से एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
4. मराठी फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर की ऑफिशियल एंट्री में शामिल

18 सितंबर को मराठी फिल्म ‘गोंधल’ (Gondhal) को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री में चुना गया है। ये फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने इसकी जानकारी साझा की। इसका लेखन और निर्देशन संतोष डावखर ने किया है। ये एक थ्रिलर फिल्म है, जो ऑस्कर समारोह में ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म‘ कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। 2 घंटे के रनटाइम वाली ये मराठी फिल्म ग्रामीण महाराष्ट्र की लोक परंपरा और धार्मिक अनुष्ठान ‘गोंधल’ पर आधारित एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर है। इस बार ऑस्कर की रेस में भारत की तरफ से कुल 33 फिल्में शामिल हुई थीं, जिनमें से चयन समिति ने ‘गोंधल’ के नाम पर मुहर लगाई। 33 भारतीय फिल्मों की सूची में 14 हिन्दी फिल्में हक, 120 बहादुर, तेरा मेरा नाता, मैं वापस आऊंगा, ओह माय डॉग, बॉर्डर 2, खूंटा, धुरंधर जैसी फिल्में शामिल हैं। ऑस्कर अवार्ड अमेरिका की एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज (AMPAS) द्वारा दिया जाता है।
5. संयुक्त राष्ट्र ने अमरीका के ल्यूक लिंडबर्ग को विश्व खाद्य कार्यक्रम का नया प्रमुख नियुक्त किया

संयुक्त राष्ट्र ने अमरीका के कृषि अधिकारी ल्यूक लिंडबर्ग को विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) का नया प्रमुख नियुक्त किया है। लिंडबर्ग, सिंडी मैक्केन का स्थान लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतरेस और खाद्य तथा कृषि संगठन के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने संयुक्त रूप से उनकी नियुक्ति की घोषणा की। यह घोषणा बोर्ड की सहमति के बाद की गई। 37 वर्षीय लिंडबर्ग ऐसे समय में डब्ल्यूएफपी की जिम्मेदारी संभालेंगे, जब संगठन को जरूरतमंद लोगों के लिए खाद्य सहायता जुटाने में धन की कमी का सामना करना पड़ रहा है। डब्ल्यूएफपी के अनुसार, दुनिया में करीब 26 करोड़ 60 लाख लोग खाद्य संकट का सामना कर रहे हैं। लेकिन इस वर्ष संगठन ने धन की कमी के कारण करीब 11 करोड़ लोगों तक ही सहायता पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
6. कर्नाटक ने मरीन बायोटेक्नोलॉजी पॉलिसी 2026-2031 को मंज़ूरी दी

कर्नाटक ने समुद्री संसाधनों पर आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2026-2031 की पांच वर्षीय मरीन बायोटेक्नोलॉजी नीति को मंजूरी दी है। 18 सितंबर 2026 को स्वीकृत इस नीति का लक्ष्य राज्य की ब्लू बायोइकॉनमी का विस्तार करना, समुद्री जैव-प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमों को बढ़ावा देना और कर्नाटक तट पर संस्थागत तथा औद्योगिक ढांचा विकसित करना है। मरीन बायोटेक्नोलॉजी का उपयोग समुद्री जीवों, समुद्री आनुवंशिक संसाधनों और महासागरीय जैविक प्रक्रियाओं से उत्पाद और सेवाएं विकसित करने में होता है। वहीं ब्लू बायोइकॉनमी का अर्थ है समुद्री और तटीय संसाधनों का टिकाऊ उपयोग कर आर्थिक गतिविधियां बढ़ाना। इसमें मत्स्य पालन, समुद्री शैवाल, समुद्री जैव-सामग्री और बायोमैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्र शामिल हैं। कर्नाटक की नई नीति के तहत ब्लू बायोइकॉनमी को लगभग 2 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर 2031 तक 6 से 8 अरब अमेरिकी डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पांच वर्षों में 120 करोड़ रुपये के व्यय का प्रस्ताव है।
7. 17वें कथकली महोत्सव का उद्घाटन चेन्नई के कलाक्षेत्र फाउंडेशन में किया गया, 18 से 20 सितंबर तक होगा आयोजित

संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में कलाक्षेत्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित 17वें कथकली महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार को चेन्नई के तिरुवनमियूर स्थित भारत कलाक्षेत्र सभागार में किया गया। तीन दिवसीय उत्सव का विषय है “कथा रस संगम – कहानियों के सार का संगम”। महोत्सव का शुभारंभ सदानम अकादमी द्वारा प्रस्तुत “मंदोदरी” से हुआ। रामायण पर आधारित यह प्रस्तुति रावण के जीवन के अंतिम क्षणों और उसकी मृत्यु पर मंदोदरी की प्रतिक्रिया को दर्शाती है। शनिवार को केरल कलामंडलम अर्नेस्ट हेमिंग्वे के प्रसिद्ध उपन्यास पर आधारित कथकली प्रस्तुति “द ओल्ड मैन एंड द सी” प्रस्तुत करेगा। यह प्रस्तुति कहानी के केंद्र में स्थित मछुआरे सैंटियागो के धैर्य, दृढ़ संकल्प और संघर्ष को दर्शाती है। यह महोत्सव 20 सितंबर को मार्गी थिएटर द्वारा प्रस्तुत “रुगमंगदा चरितम” के साथ समाप्त होगा। यह प्रस्तुति राजा रुगमंगदा की भक्ति और एकादशी के पालन में उनकी आस्था की परीक्षा को दर्शाती है।
8. Asian Games 2026: आइची-नागोया में मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ एशियाई खेलों का आगाज

20वें एशियाई खेलों का शनिवार को जापान के आइची-नागोया में मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ आधिकारिक आगाज हुआ जिसके बाद इस बड़ी खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। दो घंटे तक चले उद्घाटन समारोह में जापान के सम्राट नारुहितो, महारानी मासाको, एशियाई खेलों के अध्यक्ष युवराज अकिशिनो और राजकुमारी किको के साथ एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी उपस्थित थे। पेरिस ओलंपिक 2024 की दो पदक विजेता भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत खिलाड़ियों की परेड में 501 सदस्यीय भारतीय दल की अगुवाई करेंगे। गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को समय पर समारोह की किट नहीं मिलने के कारण सहरावत को ध्वजवाहक बनाया गया है। कुछ स्पर्धाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें महिला क्रिकेट भी शामिल है जिसमें हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को मेजबान जापान को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत टेगबॉल में भी पदक की दौड़ में है जो एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया है। क्विम्सी डिसूजा शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में हार गईं और अब वह कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी।
9. युगन शक्तिवेल मुथुकुमार ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप शॉटगन 2026 में पुरुष ट्रैप में स्वर्ण पदक जीता

भारतीय शूटर युगन शक्तिवेल मुथुकुमार ने इटली के पोर्पेटो में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड कप शॉटगन 2026 में पुरुषों के ट्रैप इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है। 15 साल के इस खिलाड़ी ने इस प्रतियोगिता में भारत का पहला मेडल भी जीता। युगन ने 125 में से 114 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर रहते हुए आठ-शूटर फ़ाइनल में जगह बनाई। उन्होंने शूट-ऑफ़ जीतकर मेडल राउंड में अपनी जगह पक्की की। फ़ाइनल में, उन्होंने 30 में से 27 टारगेट पर निशाना साधा और इटली के फ्रांसेस्को टैनफोग्लियो को सिर्फ़ एक टारगेट के अंतर से हराया।
10. तवेंगवा मुकुलानी ICC के नए वाइस चैयरमेन बने

17 सितम्बर को जिम्बाब्वे क्रिकेट के प्रमुख तवेंगवा मुकुलानी को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) का नया वाइस चैयरमेन अपॉइंट किया गया। मुकुलानी का ये कार्यकाल नवंबर 2027 तक रहेगा और उन्हें सिंगापुर के इमरान ख्वाजा की जगह अपॉइंट किया गया है। वर्तमान में मुकुलानी जिम्बाब्वे क्रिकेट के चेयरमैन हैं और वे ICC के डिप्टी चेयर बनने वाले जिम्बाब्वे के पहले व्यक्ति हैं। मुकुलानी ने भारत से बैचलर्स ऑफ फार्मेसी की पढ़ाई की है। वे 2000 के दशक में क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
