17 May 2025 Current Affairs -GurugGkwala

11–15 minutes


1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने स्‍वामी रामभद्राचार्य को 58वें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में संस्कृत के विद्वान स्‍वामी रामभद्राचार्य को 58वें ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया। स्‍वामी रामभद्राचार्य और प्रख्यात उर्दू कवि एवं गीतकार गुलजार को 2023 के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चुना गया था। इन विभूतियों को साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हालांकि, गुलजार अस्वस्थ होने के कारण पुरस्कार समारोह में शामिल नहीं हो सके।

2. डब्ल्यूएचओ ने पापुआ न्यू गिनी में जंगली पोलियोवायरस के प्रकोप की घोषणा की

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डबल्यूएचओ) ने 15 मई 2025 को आधिकारिक तौर पर दक्षिण-पश्चिम प्रशांत द्वीपीय देश पापुआ न्यू गिनी में पोलियो के प्रकोप की घोषणा की है। देश में दो बच्चों में पोलियो वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद डबल्यूएचओ ने यह घोषणा की। देश में आखिरी बार पोलियो प्रकोप 2018 में दर्ज किया गया था और 2020 के बाद से अब तक देश में पोलियो वायरस का कोई नया मामला सामने नहीं आया था। डबल्यूएचओ ने देश में सार्वभौमिक पोलियो टीकाकरण कवरेज का आह्वान किया है, जहां आधी से भी कम आबादी को पोलियो वायरस के खिलाफ टीका लगाया गया है। डबल्यूएचओ को डर है कि यह वायरस दुनिया के अन्य हिस्सों में फैल सकता है और पृथ्वी से इस बीमारी को मिटाने के लिए वैश्विक पोलियो उन्मूलन पहल (जीपीईआई) के लक्ष्य को खतरे में डाल सकता है।

3. सरकार ने अप्रैल 2025 के लिए पहली मासिक पीएलएफएस रिपोर्ट जारी की

केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने 15 मई 2025 को पहली बार मासिक आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस) रिपोर्ट जारी की। पीएलएफएस अप्रैल 2025 की रिपोर्ट में जनवरी से मार्च तिमाही 2025 के लिए देश की रोजगार और बेरोजगारी के आंकड़े शामिल है। अगली रिपोर्ट 15 जून 2025 को जारी की जाएगी। मंत्रालय पीएलएफएस रिपोर्ट को तिमाही और वार्षिक रूप से जारी करता था, लेकिन उसने इसे मासिक, त्रैमासिक और वार्षिक रूप से जारी करने का फैसला किया है। सरकार रोजगार और श्रम कल्याण के बारे में नीतियां बनाने के लिए पीएलएफएस रिपोर्ट में रोजगार और बेरोजगारी के आंकड़ों का उपयोग करती है। केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) पीएलएफएस रिपोर्ट जारी करता है। राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण (एनएसएस) द्वारा नमूना सर्वेक्षण के माध्यम से आंकड़े एकत्र किया जाता है। अप्रैल तिमाही 2025 (जनवरी से मार्च 2025) के दौरान, 89,434 घरों का सर्वेक्षण किया गया, जिनमें से 49,323 ग्रामीण क्षेत्रों में और 40,111 शहरी क्षेत्रों में थे। सर्वेक्षण किए गए लोगों की कुल संख्या 3,80,838 थी, जिनमें से 2,17,483 ग्रामीण क्षेत्रों में और 1,63,355 शहरी क्षेत्रों में थे।

4. सागरमाथा संवाद में भारत ने पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के लिए वैश्विक कार्रवाई का आह्वान किया

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को काठमांडू में आयोजित पहले सागरमाथा संवाद में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा के लिए वैश्विक प्रयासों की अपील की। सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ने पांच सूत्रीय वैश्विक कार्य योजना पेश की। यह सम्मेलन “जलवायु परिवर्तन, पर्वत और मानवता का भविष्य” विषय पर आधारित था। इसमें दुनिया भर के मंत्री, वैज्ञानिक और नीति निर्माता शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमालय और अन्य पर्वतीय क्षेत्रों की रक्षा के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि ‘सागरमाथा’, जिसका अर्थ है ‘आकाश का सिर’, न केवल नेपाल की शान है, बल्कि यह हमारी साझी जिम्मेदारी की प्रतीक भी है।

5. आईआईएफटी ने दुबई में पहला विदेशी परिसर स्थापित करने की घोषणा की

भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (आईआईएफटी) ने दुबई में अपना पहला विदेशी परिसर स्थापित करने की घोषणा की है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आईआईएफटी को बधाई दी। वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह ऐतिहासिक प्रगति शिक्षा मंत्रालय से मिली मंजूरी और विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद संभव हुई है।यह एनईपी 2020 के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो भारतीय संस्थानों के अंतर्राष्ट्रीयकरण और वैश्विक शिक्षण केंद्रों के निर्माण पर जोर देता है।

6. गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में मल्टी-एजेंसी सेंटर का उद्घाटन किया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में नवनिर्मित मल्टी-एजेंसी सेंटर (MAC) का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में गृह मंत्री ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों को 19 अप्रैल को दुनिया की पांचवीं सबसे ऊंची चोटी, माउंट मकालू (8,485 मीटर) को सफलतापूर्वक फतह करने पर बधाई दी। यह पहली बार है जब किसी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) ने इस चोटी पर चढ़ाई की है।

7. आरबीआई ने नियामक मानदंडों के उल्लंघन के लिए ड्यूश बैंक एजी और यस बैंक लिमिटेड पर जुर्माना लगाया

भारतीय रिजर्व बैंक ने नियामक मानदंडों के उल्लंघन के लिए दो प्रमुख बैंकों ड्यूश बैंक एजी और यस बैंक लिमिटेड पर जुर्माना लगाया है। ड्यूश बैंक एजी पर रिजर्व बैंक के निर्देशों का पालन न करने के लिए 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रिजर्व बैंक ने बताया कि ड्यूश बैंक उधारकर्ताओं की क्रेडिट जानकारी सीआरआईएलसी प्रणाली को रिपोर्ट करने में विफल रहा है। रिजर्व बैंक ने वित्तीय विवरण प्रस्तुति से संबंधित निर्देशों का पालन करने में विफल रहने के लिए यस बैंक लिमिटेड पर भी 29 लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यस बैंक ने वर्ष 2023-24 के लिए अपने वार्षिक वित्तीय विवरणों में ग्राहकों की शिकायतों के बारे में स्‍पष्‍ट जानकारी नहीं दी।

8. ऑपरेशन सिंदूर: आकाशतीर ने किया आतंकी ठिकानों पर एआई-संचालित हमलों का नेतृत्व

ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सशस्त्र बलों ने जिस तरह से पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में स्थित आतंकी तथा सैन्य ठिकानों पर कार्रवाई की है, उसने वैश्विक ध्यान आकर्षित किया है। इस कार्रवाई के तहत 100 से अधिक आतंकवादियों को ढेर करने और पाकिस्तान के हमलों को बेअसर करने के साथ ही भारत का नया एयर डिफेंस सिस्टम आकाशतीर अब चर्चा का विषय बन चुका है। पूरी तरह ऑर्टिफिशियल इंटेलीजेंस से संचालित स्‍वदेशी रक्षा प्रणाली आकाशतीर ने वास्तविक समय में निर्धारित लक्ष्यों को रोकने के कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया है।

9. अब ‘गया जी’ के नाम से जाना जाएगा गया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे बड़ा निर्णय गया शहर का नाम बदलने को लेकर रहा। अब इस धार्मिक और ऐतिहासिक शहर को ‘गया जी’ के नाम से जाना जाएगा।‌ कैबिनेट ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में शहीद हुए जवानों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की मंजूरी दी है। यह निर्णय सरकार की शहीदों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी को दर्शाता है। वहीं राज्य सरकार ने अपने कर्मचारियों को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की घोषणा भी की है, जिससे लाखों कर्मचारियों को आर्थिक फायदा होगा। प्रखंड और अंचल कार्यालयों की सफाई व्यवस्था अब जीविका दीदियों को सौंपी जाएगी। इससे न सिर्फ स्वच्छता व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा।

10. यूएन में ‘अंतरराष्ट्रीय वेसाक दिवस’ पर विशेष पैनल का आयोजन, भारत ने की मेजबानी

न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय वेसाक दिवस के अवसर पर एक विशेष पैनल चर्चा का आयोजन किया। इस चर्चा का शीर्षक ‘गौतम बुद्ध की शिक्षाएं– आंतरिक और वैश्विक शांति का मार्ग’ था। इस कार्यक्रम में उच्च-स्तरीय राजनयिकों, विद्वानों और आध्यात्मिक नेताओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने बुद्ध की शिक्षाओं की आज के वैश्विक चुनौतियों में प्रासंगिकता को रेखांकित किया। वेसाक दुनिया भर के बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए सबसे पवित्र दिन है, जो गौतम बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और परिनिर्वाण को चिह्नित करता है। ये सभी घटनाएं मई की पूर्णिमा को हुई थीं। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1999 में प्रस्ताव 54/115 के माध्यम से वेसाक को अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मान्यता दी, ताकि बौद्ध धर्म के वैश्विक आध्यात्मिकता और शांति में योगदान को सम्मान दिया जाए।

11. भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सुपरबेट शतरंज क्लासिक टूर्नामेंट जीता

रोमानिया के बुखारेस्ट में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सुपरबेट शतरंज क्लासिक टूर्नामेंट जीत लिया है। प्रज्ञानानंद ने अलीरेजा फिरौजा और मैक्सिम वचियेर लाग्रेव के साथ टाईब्रेक के बाद जीत हासिल की। ​​नौ राउंड में तीनों खिलाड़ी साढे पांच अंक की बराबरी पर थे। इसके बाद यह प्लेऑफ़ खेला गया। पहले दो टाईब्रेक बाराबरी पर समाप्त हुए। पहला टाईब्रेक प्रज्ञानानंद और फिरौजा के बीच था, जिसके बाद वचियेर लाग्रेव और फिरौजा के बीच टाईब्रेक हुआ। प्रज्ञानानंद ने वचियेर-लाग्रेव के खिलाफ़ तीसरा टाईब्रेक जीता।विश्व चैंपियन डी गुकेश चार अंक के साथ टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहे। ग्रैंड शतरंज टूर का अगला चरण, सुपरयूनाइटेड रैपिड एंड ब्लिट्ज इवेंट पहली जुलाई से क्रोएशिया में होगा।

12. दोहा डायमंड लीग : नीरज चोपड़ा पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे, तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड

भारत के नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे। उन्‍होंने 90.23 मीटर की रिकॉर्ड दूरी तक भाला फेंकने में कामयाबी हासिल की। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.06 मीटर के साथ पहले स्‍थान पर रहे। नीरज ने तीसरे राउंड में 90.23 मीटर तक भाला फेंक कर अपने करियर में पहली बार 90 मीटर की दूरी को पार किया। जूलियन वेबर ने अंतिम प्रयास में पहला स्‍थान प्राप्‍त किया। इसके अलावा, भारत की पारुल चौधरी महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में छठे स्थान पर रहीं। उन्होंने 9 मिनट 13.39 सेकेंड के समय के साथ अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।

13. ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल बनाए गए

भारतीय सेना ने 2020 टोक्यो ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद पद पर पदोन्नत किया है। भारत सरकार के आधिकारिक दस्तावेज़ “भारत के राजपत्र” में इसकी सूचना दी गई। नीरज चोपड़ा को 2017 में भारतीय सेना की राजपुताना राइफल्स रेजिमेंट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर के रूप में ‘नायब सूबेदार‘ के पद पर नियुक्त किया गया था। बाद में उन्हें 2021 में सूबेदार के पद पर पदोन्नत किया गया। टोक्यो ओलंपिक में उनके कारनामों के बाद, उन्हें 2022 में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। अब उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल के मानद पद पर पदोन्नत किया गया है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भाला फेंक में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय सेना में नियुक्त किया गया था। नीरज चोपड़ा का जन्म हरियाणा के पानीपत के पास खंडरा गाँव में एक किसान परिवार में हुआ था। 2012 में, वह अंडर-16 राष्ट्रीय चैंपियन बने और 2014 में, उन्होंने अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय पदक जीता, रजत पदक, 2014 में बैंकॉक में आयोजित यूथ ओलंपिक क्वालीफिकेशन प्रतियोगिता में जीता था। 2016 में, उन्होंने असम के गुवाहाटी में आयोजित दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता। 2017 में भारतीय सेना में शामिल होने के बाद, नीरज चोपड़ा ‘मिशन ओलंपिक विंग’ में शामिल हो गए, जो विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों के लिए 11 स्पर्धाओं में एथलीटों को प्रशिक्षित करता है।

14. तमिलनाडु के एल आर श्रीहरि 86वें भारतीय शतरंज ग्रैंडमास्टर बने

एल.आर. श्रीहरि एशियाई व्यक्तिगत पुरुष शतरंज चैंपियनशिप 2025 में अपना तीसरा ग्रैंडमास्टर मानदंड हासिल करके भारत के 86वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए है। एल आर श्रीहरि से पहले, तमिलनाडु के पी श्यामनिखिल भारत के 85वें शतरंज ग्रैंडमास्टर थे। पी श्यामनिखिल ने 12 मई 2024 को 2024 दुबई पुलिस मास्टर्स शतरंज प्रतियोगिता में यह प्रतिष्ठित खिताब उपाधि जीता। एशियाई व्यक्तिगत पुरुष शतरंज चैंपियनशिप 6-15 मई 2025 तक अल-ऐन, संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित की गई थी।

15. वैश्विक सुगम्यता दिवस पर नई दिल्ली में भारत समावेशी शिखर सम्मेलन आयोजित

वैश्विक सुगम्यता जागरूकता दिवस के अवसर पर 15 मई 2025 को नई दिल्ली में भारत समावेशी शिखर सम्मेलन 2025 आयोजित किया गया। वैश्विक सुगम्यता दिवस हर साल मई के तीसरे गुरुवार को मनाया जाता है। भारत समावेशी शिखर सम्मेलन नई दिल्ली में भौतिक और हाइब्रिड दोनों तरीकों से आयोजित किया गया था। शिखर सम्मेलन का उद्देश्य समावेशी विकास को बढ़ावा देना तथा विकलांग/दिव्यांग लोगों के लिए डिजिटल सामग्री सुलभ कराने के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर एक कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सक्षम चैटबॉट भी जारी किया गया, जो दिव्यांग लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं तक पहुंचने में मदद करेगा।

16. राष्ट्रीय लुप्तप्राय प्रजाति दिवस

राष्ट्रीय लुप्तप्राय प्रजाति दिवस लुप्तप्राय प्रजातियों और उनके आवासों को संरक्षित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास करने का आह्वान करता है। यह दिवस हर साल मई के तीसरे शुक्रवार को दुनिया भर में मनाया जाता है और इस साल 2025 में यह 16 मई, शुक्रवार को मनाया गया, जिसका थीम है “प्रजातियों को बचाने का जश्न मनाएं”।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

1 thought on “17 May 2025 Current Affairs -GurugGkwala”

Leave a Comment