10–13 minutes
1. आतंकवाद, ड्रग तस्करी और साइबर अपराध पर सख्ती, BIMSTEC देशों ने अपनाया दिल्ली घोषणापत्र

नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में BIMSTEC गृह मंत्रियों की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में बंगाल की खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा, विश्वास और सहयोग मजबूत करने के साथ सीमा-पार आतंकवाद, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी और साइबर अपराध से मिलकर निपटने पर जोर दिया गया। सदस्य देशों ने सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए दिल्ली घोषणापत्र अपनाया और मानव तस्करी, मादक पदार्थों पर नियंत्रण, अवैध वित्तीय प्रवाह तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी पहलों को मंजूरी दी। बंगाल की खाड़ी बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल यानी BIMSTEC दक्षिण और दक्षिणपूर्व एशिया के उपक्षेत्रों के बीच महत्वपूर्ण संस्थागत कड़ी है। यह बांग्लादेश, भूटान, भारत, म्यांमार, नेपाल, श्रीलंका और थाईलैंड के बीच बहुआयामी सहयोग, सामूहिक सुरक्षा और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देता है।
2. भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना यूनिसेफ इंडिया की सेलिब्रिटी एडवोकेट बनीं

11 अक्टूबर को स्मृति मंधाना यूनिसेफ इंडिया की सेलिब्रिटी एडवोकेट नियुक्त की गईं। मंधाना लड़कियों को खेलने और आगे बढ़ने के लिए समान अवसरों की वकालत करेंगी। वह यूनिसेफ इंडिया के प्रयासों को आगे बढ़ाने में सहयोग देंगी ताकि किशोरियों को सशक्त बनाया जा सके, उनके स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा मिलें और वे अपनी पूरी क्षमता तक पहुंच सकें। मंधाना इस नई भूमिका में बच्चों और युवाओं के समान अधिकारों और अवसरों की वकालत करने के अपने पहले के कामों को आगे बढ़ाएंगी। यह नियुक्ति 11 अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर की गई, जो लड़कियों के अधिकारों, सुरक्षा, क्षमता और नेतृत्व पर प्रकाश डालती है। मंधाना पहले भारत की उप-कप्तान रह चुकी हैं। वे 18 T20I और चार ODI मैचों में टीम की कप्तानी कर चुकी हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से वह अपनी फुल-टाइम व्हाइट-बॉल कप्तानी शुरू करेंगी। यूनिसेफ संयुक्त राष्ट्र की वह संस्था है जो बच्चों के अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और समग्र विकास के लिए काम करती है। इसकी स्थापना 11 दिसंबर 1946 में हुई थी।
3. डॉ. अच्युत सामंत बने इंडियन यूनिस्पोर्ट फेडरेशन के पहले अध्यक्ष

12 अक्टूबर को ओडिशा के शिक्षाविद्, समाजसेवी डॉ. अच्युत सामंत इंडियन यूनिस्पोर्ट फेडरेशन (IUSF) के पहले अध्यक्ष चुने गए। वे कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी और कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, भुवनेश्वर, ओडिशा के स्थापक हैं। यह निर्णय नई दिल्ली में आयोजित फेडरेशन की पहली वार्षिक आम बैठक (AGM) में लिया गया। इसका प्रमुख उद्देश्य विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है। बैठक में फैसला लिया गया कि खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए छात्रों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, सरकारी और निजी दोनों विश्वविद्यालयों के लिए सदस्यता शुल्क में 50% की कटौती की गई है। देश के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों को एक मंच पर लाकर विश्वविद्यालय स्तर पर खेलों को बढ़ावा देना है। इस फेडरेशन के जरिये विश्वविद्यालयों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाया जाएगा।
4. पीएम गतिशक्ति के पांच साल पूरे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 13 अक्टूबर 2021 में शुरू की गई पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान पहल के पांच साल पूरे हो गए हैं। इस दौरान देश में एकीकृत बुनियादी ढांचा नियोजन और विकास के लिए व्यापक डिजिटल व्यवस्था तैयार की गई है। इस प्लेटफॉर्म पर 58 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों तथा सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को शामिल करते हुए 1,800 से अधिक डेटा लेयर एकीकृत की गई हैं। नेटवर्क प्लानिंग ग्रुप ने इसके सिद्धांतों के आधार पर 20.23 लाख करोड़ रुपए की 421 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का मूल्यांकन किया है। अब इस पहल का विस्तार जिला स्तर और सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं तक हो रहा है, जबकि एकीकृत परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स प्राधिकरण के जरिए मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और संचालन दक्षता को मजबूत करने की तैयारी है।
5. जनजातीय कार्य मंत्रालय और कर्मयोगी भारत ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

जनजातीय कार्य मंत्रालय और कर्मयोगी भारत ने नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके अंतर्गत आईजीओटी कर्मयोगी ढांचे के अंतर्गत जनजातीय कार्य क्षमता निर्माण मंच विकसित किया जाएगा और इसका संचालन किया जाएगा। इस समझौते के माध्यम से मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत सरकारी अधिकारियों के साथ आदि कर्मयोगी स्वयंसेवकों और जमीनी स्तर पर जनजातीय विकास योजनाओं को लागू करने वाले कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने की व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। यह पहल आदि कर्मयोगी अभियान का हिस्सा है। इसके अंतर्गत जनजातीय कार्य मंत्रालय 76 हजार से अधिक आदि सेवा केंद्रों और एक लाख 54 हजार से अधिक आदि कर्मयोगी स्वयंसेवकों के नेटवर्क को संस्थागत रूप दे रहा है। इनका उद्देश्य गांवों में लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी भागीदारी बढ़ाना और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
6. केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने मंत्रिपरिषद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया

सूचना और प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने अपने पद और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लिखे पत्र में डॉ. मुरुगन ने कहा कि दिहाड़ी मजदूर के घर से केंद्रीय मंत्रिपरिषद में सेवा करने तक का सफर उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। उन्होंने कहा कि अब वह जमीनी स्तर पर लौटना चाहते हैं और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए समय देना चाहते हैं।
7. हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, राष्ट्रीय संस्कृति कोष और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए समझौता किया

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, राष्ट्रीय संस्कृति कोष और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने देश के तीन प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इन ऐतिहासिक स्थलों में कर्नाटक का हम्पी, उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल और केरलम का बेकल किला शामिल हैं। नई दिल्ली में संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता देश की अमूल्य ऐतिहासिक धरोहरों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने में सरकारी संस्थानों और कॉरपोरेट संगठनों के आपसी सहयोग के महत्व को रेखांकित करता है।
8. देश में पहली बार इलेक्ट्रिक व्हीकल से बिजली सप्लाई की तकनीक विकसित

12 अक्टूबर को IIT बॉम्बे ने देश में पहली बार इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की बैटरी से घर में बिजली सप्लाई करने की तकनीक विकसित की है। IIT कैंपस में बॉम्बे की ग्रिड इंटीग्रेशन लैब ने 3 साल तक बैटरी पर प्रयोग किए। इस दौरान दिन में इलेक्ट्रिक कार सोलर पैनल से चार्ज होती और रात में एक प्रोफेसर के घर में बिजली सप्लाई करती। इस बैटरी ने घर के सभी उपकरणों का लोड उठाया। इससे प्रोफेसर के बिजली बिल में करीब 30% की कमी भी आई। EV की बैटरी से घर में बिजली सप्लाई करने को व्हीकल टू होम और वापस ग्रिड को बिजली भेजने को व्हीकल टू ग्रिड कहते हैं। IIT बॉम्बे ने देश में पहली बार यह प्रोजेक्ट बनाया। अब केरलम में इस परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया जा रहा है। केरलम स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड ने IIT बॉम्बे के साथ जुलाई 2025 में MOU साइन किया था। इसके तहत 100 से ज्यादा EV को वी2जी तकनीक से जोड़कर उनकी बैटरी बिजली घरों में इस्तेमाल की जाएगी। इससे केरलम में बिजली की समस्या भी दूर होगी।
9. आईएमएफ ने 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान बढ़ाकर 7% किया

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने वर्तमान और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि पूर्वानुमान को आधिकारिक तौर पर बढ़ाकर सात प्रतिशत कर दिया है। बैंकॉक में आयोजित वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष बैठक में अक्टूबर 2026 की विश्व आर्थिक आउटलुक रिपोर्ट में उल्लेखनीय संशोधन हुआ है। आईएमएफ ने जुलाई के अनुमानों में मौजूदा वित्तीय वर्ष के लिए छह दशमलव चार प्रतिशत और आगामी वित्तीय वर्ष के लिए छह दशमलव सात प्रतिशत वृद्धि हुई है।
10. इंडिया पोस्ट का डिजिटल डिटॉक्स अभियान

तेजी से डिजिटल होते जा रहे इस दौर में हस्तलिखित संचार के आनंद को पुनर्जीवित करने के प्रयास में, संचार मंत्रालय के डाक विभाग ने इंडिगो के सहयोग से 12 अक्टूबर को एक अनूठा डिजिटल डिटॉक्स अभियान आयोजित किया। यह अभियान 9 से 15 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रीय डाक सप्ताह समारोह के दौरान डाक टिकट संग्रह दिवस के रूप में मनाया गया। इस पहल ने यात्रियों को अपने डिजिटल उपकरणों से कुछ समय के लिए दूर रहने, अपने विचारों को कागज पर उतारने और पत्र लेखन के माध्यम से अपने प्रियजनों से पुनः जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अभियान के तहत, चुनिंदा इंडिगो उड़ानों में यात्रा करने वाले यात्रियों को उनकी यात्रा के दौरान पोस्टकार्ड युक्त विशेष रूप से डिजाइन किए गए डिजिटल डिटॉक्स किट भेंट किए गए।
11. शेफाली वर्मा और शुभमन गिल को सितंबर 2026 के लिए आईसीसी पुरुष और महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया

भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा को महिला एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन और महत्वपूर्ण मैचों में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए सितंबर 2026 के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल को वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय श्रंखला में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रिकॉर्ड पांचवीं बार आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। यह दूसरी बार है जब शेफाली ने यह मासिक पुरस्कार जीता है। 22 वर्षीय शेफाली को पहली बार पिछले साल नवंबर में यह सफलता मिली थी। जनवरी 2023, सितंबर 2023, फरवरी 2025 और जुलाई 2025 में पुरस्कार जीतने के बाद यह गिल का पांचवां आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार है, जिससे वे सबसे अधिक पुरस्कार जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी के रूप में अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर चुके हैं।
12. आनंदकुमार वेलकुमार ने विश्व स्केट गेम्स की 500 मीटर स्प्रिंट में कांस्य पदक जीता

भारत के आनंदकुमार वेलकुमार ने पराग्वे में आयोजित विश्व स्केटिंग गेम्स 2026 में 500 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। तमिलनाडु के 23 वर्षीय स्पीड स्केटर ने 40 दशमलव आठ-पांच-छह सेकंड में पोडियम पर स्थान हासिल किया। वेलकुमार ने 2025 चैंपियनशिप में भी 500 मीटर में कांस्य और 1000 मीटर और मैराथन में स्वर्ण पदक जीता था, जिससे वे दो बार के विश्व चैंपियन बन गए थे।
13. 17 साल की माया ने तोड़ा 22 साल पुराना सानिया मिर्जा का रिकॉर्ड

11 अक्टूबर को 17 साल की भारतीय टेनिस खिलाड़ी माया राजेश्वरन रेवती ने सानिया मिर्जा का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने रविवार को पुर्तगाल के लागोस में ITF W35 टूर्नामेंट जीत लिया है। इसके साथ ही वह डब्ल्यू 35 स्तर पर सिंगल्स खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं। 17 साल 3 महीने की माया ने विमेंस सिंगल्स के फाइनल में स्पेन की सीलिया सरविनो को सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से हराया। सानिया मिर्जा ने 2004 में 17 साल 10 महीने की उम्र में खिताब जीता था। माया ने यूक्रेन की येलिजवेता कोट्लियार के साथ डबल्स खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने अपनी जोड़ी दार के साथ फाइनल में मिन लियू और कार्लोटा मोचिया को 0-6, 6-2, 10-7 से हराया।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
