10–15 minutes
1. पीएम मोदी ने अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर जारी किया 300 रुपये का विशेष सिक्का
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल के जम्बूरी मैदान में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन के दौरान लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर 300 रुपये का विशेष सिक्का जारी किया। यह सिक्का भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा जारी किया गया है और इसमें अहिल्याबाई होल्कर की उभरी हुई छवि है, जो उनकी ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देती है। इस विशेष सिक्के की अधिसूचना वित्त मंत्रालय द्वारा जारी की गई है। सिक्का जारी करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देवी अहिल्याबाई होल्कर पुरस्कार भी प्रदान किया, जो इस वर्ष छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले की डॉ. जयमति कश्यप को दिया गया। डॉ. कश्यप को यह सम्मान गोंडी भाषा को संरक्षित करने और महिलाओं को मानव तस्करी से बचाने के लिए उनके कार्यों के लिए दिया गया। गौरतलब है कि अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई, 1725 को महाराष्ट्र के चोंडी गांव में हुआ था। पति और पुत्र की असमय मृत्यु के बाद उन्होंने 1767 में इंदौर की गद्दी संभाली और लगभग तीन दशकों तक शासन किया। उनके कार्यकाल को सामाजिक सुधारों, व्यापार को बढ़ावा देने, मंदिरों के पुनर्निर्माण और अधोसंरचना विकास के लिए जाना जाता है। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किए, जिससे उन्हें “मालवा की दार्शनिक रानी” (Philosopher Queen of Malwa) कहा जाता है।
2. अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भोजन और पोषण संबंधी प्रयोग करेंगे भारतीय अंतरिक्ष-यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के गगनयात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला 8 जून को Axiom-4 (Ax-4) मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना होंगे। यह मिशन भारत के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह पहली बार होगा जब कोई ISRO गगनयात्री ISS में जाएगा और अंतरिक्ष में वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इस मिशन के दौरान शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण (माइक्रोग्रैविटी) स्थितियों में 7 महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देंगे, जिन्हें देशभर के प्रमुख अनुसंधान संस्थानों और शैक्षणिक संस्थाओं के वैज्ञानिकों द्वारा प्रस्तावित किया गया है। इन प्रयोगों में खाद्य फसलों के बीजों की वृद्धि, अंतरिक्ष में सलाद के बीजों का अंकुरण और पोषण से जुड़ी संभावनाएं, खाने योग्य माइक्रोएल्गी पर सूक्ष्म गुरुत्व और विकिरण का प्रभाव, माइक्रोग्रैविटी में मांसपेशियों की पुनरुत्पत्ति पर पोषण सप्लीमेंट का असर, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले के साथ मानवीय व्यवहार का विश्लेषण, और स्पेस में टार्डीग्रेड की जीवित रहने, पुनरुत्थान और पुनरुत्पादन की क्षमता का अध्ययन शामिल है। ये सभी प्रयोग वर्तमान में जमीन पर सुरक्षा और गुणवत्ता जांच की प्रक्रियाओं से गुजर रहे हैं ताकि मिशन के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए। इस मिशन का संचालन Axiom Space की पूर्व NASA अंतरिक्ष यात्री और मानव अंतरिक्ष उड़ान निदेशक पैगी व्हिटसन करेंगी, जो इस मिशन की कमांडर होंगी। शुभांशु शुक्ला के साथ पोलैंड के स्लावोश उज्नांस्की-विश्नेव्स्की (ESA परियोजना अंतरिक्ष यात्री) और हंगरी के तिबोर कापू (मिशन विशेषज्ञ) भी शामिल होंगे। यदि किसी कारण से शुभांशु शुक्ला उड़ान नहीं भर पाते, तो IAF ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर को बैकअप पायलट के रूप में तैयार किया गया है।
3. एसबीआई ने वित्तीय वर्ष 2025 के लिए भारत का सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का अनुमान 6.5 प्रतिशत लगाया
भारतीय स्टेट बैंक- एसबीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारत मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियादी बातों, लचीले वित्तीय क्षेत्र और सतत विकास पर ध्यान केंद्रित कर वित्तीय वर्ष 2026 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए तैयार है। एसबीआई ने वित्तीय वर्ष 2025 के लिए भारत का सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि का अनुमान 6 दशमलव 5 प्रतिशत लगाया है, जिसे चौथी तिमाही में 7 दशमलव 4 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि का समर्थन प्राप्त है। इस वृद्धि को तिमाही के दौरान पूंजी निवेश में 9 दशमलव 4 प्रतिशत की वृद्धि से मदद मिली। पूरे वर्ष के लिए, पूंजी निर्माण में 7 दशमलव 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
4. अयोध्या में राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ के बाद अब 900 करोड़ की लागत से बनेगा ‘भरत पथ’
अयोध्या में राम पथ, भक्ति पथ और जन्मभूमि पथ के बाद अब एक और बड़े प्रोजेक्ट ‘भरत पथ’ की घोषणा की गई है, जिसकी लागत करीब 900 करोड़ रुपये है। यह नया रास्ता 20 किलोमीटर लंबा होगा और प्रयागराज हाईवे पर स्थित भरत कुंड से लेकर रानोपाली तक बनेगा। इस रास्ते के तहत पुराने मार्ग को चौड़ा और बेहतर बनाया जाएगा जिससे अयोध्या में आवागमन और सुविधाएं और मजबूत होंगी। अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल तिकरम फुंडे ने जानकारी दी कि यह योजना अभी प्रारंभिक स्तर पर है लेकिन जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। भरत पथ का उद्देश्य अयोध्या के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को बेहतर ढंग से जोड़ना है। यह सड़क भगवान राम के छोटे भाई भरत से जुड़े स्थलों को जोड़ते हुए तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को आसानी से पहुंचने का रास्ता देगी।
5. थाईलैंड की ओपल सुचाता बनीं मिस वर्ल्ड
भारत में आयोजित 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले हैदराबाद में शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता में भारत की प्रतियोगी नंदिनी गुप्ता को सफलता नहीं मिल पाई। वो अंतिम आठ प्रतिभागियों में जगह नहीं बना पाईं। थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगश्री ने प्रतियोगिता जीतकर मिस वर्ल्ड 2025 बन गईं। थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंग्सरी को मिस वर्ल्ड 2025 का ताज पहनाया गया है। बता दें कि मिस मार्टिनिक ने चौथा स्थान हासिल किया, मिस पोलैंड को इस प्रतियोगिता में तीसरा स्थान मिला और मिस इथियोपिया ने दूसरा स्थान हासिल किया है।
6. सरकार ने बैटरी शिखर सम्मेलन 2025 में बैटरी आधार परियोजना शुरू की
भारत सरकार ने बैटरी प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली में आयोजित बैटरी शिखर सम्मेलन 2025 में बैटरी आधार परियोजना शुरू की है। बैटरी शिखर सम्मेलन में केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बैटरी आधार परियोजना का शुभारंभ किया। सरकार का यह कदम इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अनियमित चार्जिंग स्टेशनों से उत्पन्न सुरक्षा खतरों पर बढ़ती चिंताओं के बीच उठाया गया है। बैटरी आधार परियोजना में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए स्थानीय रूप से निर्मित बैटरियों को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान दी जाएगी। यह बैटरी निर्माण कंपनी की पहचान, उपयोग के इतिहास और बैटरी सामग्री संरचना के बारे में जानकारी प्रदान करेगा। यह पारदर्शिता को बढ़ावा देगा, उपयोगकर्ताओं को प्रयुक्त बैटरियों को बनाए रखने या सुरक्षित रूप से निपटाने में मदद करेगा, और नकली उत्पादों की बिक्री को रोकेगा। यह नियामक मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने और बैटरी उद्योग के भीतर स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा देने में मदद करेगा।
7. श्री शैलेन्द्र नाथ गुप्ता ने रक्षा सम्पदा महानिदेशक का पद भार ग्रहण किया
श्री शैलेन्द्र नाथ गुप्ता ने 31 मई, 2025 को रक्षा सम्पदा महानिदेशक का पदभार ग्रहण कर लिया है। वे 1990 बैच के भारतीय रक्षा संपदा सेवा के अधिकारी हैं और उनके कार्यकाल के दौरान छावनी व रक्षा भूमि प्रबंधन में उनकी विशिष्टता रही है।
8. ध्रुवा (डिजिटल हब फॉर रेफरेंस एवं यूनिक वर्चुअल एड्रेस) के नीति दस्तावेज का विमोचन – डिजिटल पता डीपीआई
भारतीय डाक विभाग देश में एक मानकीकृत, जियो-कोडेड पता प्रणाली स्थापित करने के लिए एक परिवर्तनकारी पहल को आगे बढ़ा रहा है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक एवं निजी सेवाओं की नागरिक-केंद्रित डिलीवरी के लिए पता समाधान को सरल बनाना है। डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर (डीआईजीआईपीन) – राष्ट्रीय पता ग्रिड की शुरुआत, इस यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। डीआईजीआईपीन प्रणाली भू-स्थानिक शासन का एक मजबूत एवं सतत स्तंभ के रूप में कार्य करती है, जो सार्वजनिक सेवा वितरण, आपातकालीन प्रतिक्रिया और परिचालन दक्षता में सुधार की सुविधा प्रदान करती है। यह दिशात्मक गुणों के साथ एक नामकरण पैटर्न के माध्यम से पते का तार्किक स्थान निर्धारित करने की सुविधा उपलब्ध कराती है और इसे सार्वजनिक डोमेन में स्वतंत्र रूप से पहुंचने योग्य बनाने के लिए तैयार किया गया है। इस बुनियादी कार्य को आगे बढ़ाते हुए, विभाग ने अब एक व्यापक नीति दस्तावेज़ जारी किया है जिसका शीर्षक है ध्रुवा (डिजिटल हब फॉर रेफरेंस एवं यूनिक वर्चुअल एड्रेस)। यह नीति राष्ट्रीय डिजिटल पता डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) के लिए रूपरेखा प्रस्तुत करती है। ध्रुवा का दृष्टिकोण एक मानकीकृत, अंतर-संचालनीय और जियो-कोडेड डिजिटल पता प्रणाली स्थापित करना है जो पते की जानकारी को सुरक्षित, सहमति-आधारित और निर्बाध साझाकरण सुनिश्चित करती है।
9. मंगोलिया: भारतीय पहलवानों ने उल्लानबातर ओपन 2025 में चार स्वर्ण सहित छह पदक जीते
मंगोलिया में उल्लानबातर ओपन 2025 में मई 30 को भारत ने 6 पदक जीते, जिनमें 4 स्वर्ण पदक हैं। महिलाओं के 53 किलोग्राम वर्ग में भारत की पहलवान अंतिम पंघाल ने एथलीट नतालिया मालिशेवा को 10-शून्य से हराकर स्वर्ण पदक जीता जबकि 57 किलोग्राम वर्ग में, पहली बार भाग लेने वाली नेहा सांगवान ने ओलंपियन बोलोरतुया खुरेलखू को 4-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 59 किलोग्राम वर्ग में मुस्कान ने और 72 किलोग्राम वर्ग में हर्षिता ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की विश्व चैंपियन, हर्षिता ने एशियाई चैंपियन बोलोरतुंगलाग ज़ोरिग्ट पर जीत हासिल की। पुरुषों की ग्रीको-रोमन 60 किलोग्राम स्पर्धा में सूरज ने रजत पदक जीता, जबकि नीलम ने महिलाओं की 50 किलोग्राम फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। तीसरे यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग रैंकिंग सीरीज इवेंट में भारत के पदकों की संख्या अब 12 हो गई है, जिसमें 5 स्वर्ण, 3 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं।
10. मोना अग्रवाल ने दक्षिण कोरिया में पैरा शूटिंग विश्व कप में रजत पदक जीता
भारत की मोना अग्रवाल ने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में 2025 पैरा शूटिंग विश्व कप में महिलाओं की पी2 – 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में रजत पदक जीता है। 2024 पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता मोना अग्रवाल ने 246 दशमलव 6 का स्कोर बनाया। पैरालंपिक चैंपियन अवनी लेखरा पोडियम से चूक गईं और चौथे स्थान पर रहीं, जबकि साथी भारतीय निशानेबाज आर.एस. उन्हालकर ने इस स्पर्धा में सातवां स्थान हासिल किया।
11. गुजरात के पावरलिफ्टर ललित पटेल ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित आईबीबीएफ विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीते
गुजरात के पावरलिफ्टर ललित पटेल ने थाईलैंड के पटाया में आयोजित आई बी बी एफ विश्व पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीते। मास्टर टू श्रेणी (83-93 किग्रा) में चुनौती पेश करने वाले पटेल ने प्रतियोगिता में ‘बेंच प्रेस’, ‘डेडलिफ्ट’ और ‘स्क्वाट’ स्पर्धाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया।
12. विश्व तम्बाकू निषेध दिवस
31 मई को दुनिया भर में हर साल विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन तम्बाकू का सेवन रोकने के उद्देश्य से लोगों को तम्बाकू के सेवन से होने वाले खतरों की जानकारी देने के लिए इस अवसर पर दुनियाभर में कार्यक्रम आयोजित करता है। इस वर्ष के आयोजनों का विषय है- –“अपील का पर्दाफाश: तंबाकू और निकोटीन उत्पादों पर उद्योग की चालों को उजागर करना।”
13. वरिष्ठ तमिल अभिनेता राजेश का 75 वर्ष की आयु में निधन
चेन्नई, 29 मई 2025 – तमिल फिल्मों के जाने-माने अभिनेता राजेश का गुरुवार को चेन्नई में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 75 वर्ष के थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक स्कूल टीचर के रूप में की थी। लेकिन जल्द ही उन्हें फिल्मों की दुनिया में पहचान मिली। उनकी फिल्म यात्रा की शुरुआत के. बालाचंदर द्वारा निर्देशित फिल्म “अवल ओरु थोड़रकथै” (1974) से हुई। उनकी पहली मुख्य भूमिका फिल्म “कन्नीपरुवथिले” (1979) में आई, जिसका निर्माण राजकन्नु ने किया था। करीब 50 वर्षों के फिल्मी करियर में राजेश ने 150 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया, जिनमें तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्में शामिल थीं। वे चरित्र भूमिकाओं और मुख्य नायक दोनों ही प्रकार की भूमिकाओं में सहज अभिनय के लिए पहचाने जाते थे। उनकी अंतिम फिल्म “मेरी क्रिसमस” थी, जिसमें वे विजय सेतुपति और कैटरीना कैफ के साथ नजर आए।
JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala
THNKS TO GURUGGKWALA