13–16 minutes
1. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुयाना के राष्ट्रपति से की मुलाकात, तीन समझौतों पर हुए हस्ताक्षर
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने एंटीगुआ और बारबुडा में राष्ट्रमंडल शासनाध्यक्षों की बैठक (CHOGM) से इतर गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद इरफान अली से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और गुयाना के बीच द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की और आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। बैठक के दौरान भारत और गुयाना के बीच तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) की विनिर्माण परियोजनाओं की आपूर्ति और स्थापना, त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाओं (QIPs) के कार्यान्वयन के लिए अनुदान सहायता और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) के क्षेत्र में सहयोग शामिल हैं। तीसरे समझौते के तहत गुयाना में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) जैसी भुगतान प्रणाली के संचालन में सहयोग का प्रावधान है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुयाना की विकास प्राथमिकताओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समर्थन देने के लिए भारत की ओर से 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर की नई ऋण सुविधा (Line of Credit) देने की भी घोषणा की। भारत पहले ही गुयाना में कई विकास परियोजनाएं पूरी कर चुका है। नई ऋण सुविधा से दोनों देशों के बीच विकास साझेदारी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
2. Malabar-2026: भारत-जापान-अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया दिखाएंगे समुद्री ताकत
भारत का स्वदेशी स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस सह्याद्रि बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास ‘मलाबार-2026’ में हिस्सा लेने के लिए जापान पहुंच गया है। यह गाइडेड मिसाइलों से लैस स्टील्थ फ्रिगेट हैं व भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का हिस्सा है। गुरुवार को भारतीय नौसेना ने यह जानकारी देते हुए बताया कि आईएनएस सह्याद्रि 4 नवंबर को जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर पहुंचा है। यहां नौसैनिक अभ्यास ‘मालाबार 2026’ में भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाएं हिस्सा ले रही हैं। चारों देशों की नौसेनाएं इस अभ्यास के दौरान समुद्र में आपसी तालमेल, युद्धक संचालन की क्षमता और साझा रणनीतियों को और मजबूत करेंगी।
3. भारतीय नौसेना को स्वदेशी पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘अमिनी’ सौंपा गया
भारतीय नौसेना को पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता से लैस उथले पानी में संचालन करने वाले युद्धपोत (एएसडब्ल्यू एसडब्ल्यूसी) ‘अमिनी’ को 5 नवंबर 2026 को सौंप दिया गया। कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने इस युद्धपोत का स्वदेशी डिजाइन तैयार करने के साथ इसका निर्माण भी किया है। जीआरएसई द्वारा निर्मित इन युद्धपोतों को इंडियन रजिस्टर ऑफ शिपिंग (आईआरएस) के वर्गीकरण नियमों के अनुरूप डिजाइन और तैयार किया गया है। ये भारतीय नौसेना के उन सबसे बड़े युद्धपोतों में शामिल हैं, जिनमें वाटरजेट प्रणोदन प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। ‘अमिनी’ अत्याधुनिक हल्के टॉरपीडो, स्वदेशी रॉकेट लॉन्चर और सोनार प्रणाली से लैस है। इस युद्धपोत का नाम केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप के अमिनी द्वीप के नाम पर रखा गया है। यह पूर्ववर्ती आईएनएस अमिनी का नया स्वरूप भी है। पुराना आईएनएस अमिनी पेट्या-III श्रेणी का पनडुब्बी रोधी युद्धपोत था, जिसे वर्ष 2002 में नौसेना से सेवामुक्त कर दिया गया था।
4. भारत-अमेरिका का संयुक्त सैन्य अभ्यास टाइगर ट्रायम्फ 2026 संपन्न
भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास ‘टाइगर ट्रायम्फ 2026’ का पांचवां संस्करण 5 नवंबर को विशाखापत्तनम में समापन समारोह के साथ संपन्न हो गया। यह अभ्यास 31 अक्टूबर से 5 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें दोनों देशों के सशस्त्र बलों के जवानों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और उन्हें संचालित करने में दोनों देशों की सेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना और आपसी समझ को मजबूत करना था। इसमें संयुक्त उभयचर अभियानों पर विशेष ध्यान दिया गया।
5. वायुसेना के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने आईआईटी मद्रास और आईआईटीएम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
भारतीय वायुसेना के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट ने आई.आई.टी मद्रास और आई.आई.टी.एम प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके अंतर्गत विमान में इस्तेमाल होने वाली स्वदेशी डिजिटल संचार प्रणाली का संयुक्त रूप से संरचना और विकास किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस सहयोग के अंतर्गत संचार प्रणाली और नेटवर्किंग के लिए उन्नत एल्गोरिदम विकसित किए जाएंगे। इस पहल से आयातित प्रणालियों पर निर्भरता कम होगी और वायुसेना की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। इस प्रणाली से आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी बढ़ावा मिलेगा।
6. भारत और यूरोपीय संघ ने 93 अरब 50 करोड़ यूरो के होराइजन यूरोप प्रोग्राम पर बातचीत पूरी की
भारत और यूरोपीय संघ ने होराइजन यूरोप कार्यक्रम में भारत की भागीदारी को लेकर बातचीत सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह यूरोपीय संघ का 93 अरब 50 करोड़ यूरो का प्रमुख शोध और नवाचार कार्यक्रम है। इस समझौते के तहत भारतीय शोधकर्ताओं, कंपनियों और शोध संस्थानों को सीधे आर्थिक सहायता मिल सकेगी। भारतीय वैज्ञानिक अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का नेतृत्व और संचालन भी कर सकेंगे। इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष, जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा और औद्योगिक विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। यूरोपीय आयोग ने इस समझौते को भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। इससे दोनों पक्षों के वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और उद्योगों को मिलकर नई तकनीक विकसित करने के अवसर मिलेंगे। फिलहाल होराइजन यूरोप कार्यक्रम में ब्रिटेन, कनाडा, जापान, दक्षिण कोरिया और स्विट्जरलैंड सहित यूरोपीय संघ से बाहर के 23 देश जुड़े हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर और मंजूरी मिलने के बाद इसके अगले वर्ष जनवरी से लागू होने की उम्मीद है।
7. संस्कृति मंत्रालय ने भारतीय विरासत के डिजिटल प्रसार के लिए गूगल आर्ट्स एंड कल्चर के साथ समझौता किया
संस्कृति मंत्रालय ने आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को लोगों तक पहुंचाने के लिए गूगल आर्ट्स एंड कल्चर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत एक जीवंत धरोहर है। यह हर नागरिक की है और पूरी दुनिया से संवाद करती है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी से देश के राष्ट्रीय संग्रहालयों और निर्माणाधीन युगे युगीन भारत संग्रहालय में वर्तमान प्राचीन पांडुलिपियों और स्मारकों को संरक्षित करने तथा लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। श्री अग्रवाल ने आशा व्यक्त की कि इस पहल से अधिक से अधिक लोग भारतीय सभ्यता के इतिहास से जुड़ सकेंगे और इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सकेगा।
8. भारत की राजतरंगिणी, महाभारत और अर्थशास्त्र यूनेस्को के विश्व स्मृति क्षेत्रीय रजिस्टर में शामिल
यूनेस्को के ‘मेमोरी ऑफ द वर्ल्ड’ एशिया और प्रशांत क्षेत्रीय रजिस्टर में अब भारत की कुल छह रचनाएं हो गई हैं। भारत की साहित्यिक और बौद्धिक विरासत की प्रमुख तीन कृतियों– कल्हण की ‘राजतरंगिणी’, ‘महाभारत’ और कौटिल्य के ‘अर्थशास्त्र’ को भी अब इस सूची में शामिल कर लिया गया है। इंडोनेशिया के जकार्ता में हुई 11वीं बैठक में यह फैसला लिया गया। इन तीनों पुस्तकों के शामिल होने के बाद इस सूची में भारत की कुल छह रचनाएं हो गई हैं। ‘राजतरंगिणी’ में कश्मीर के इतिहास का वर्णन है और ‘महाभारत’ में धर्म, कर्तव्य तथा मानवीय मूल्यों की बात कही गई है। वहीं, ‘अर्थशास्त्र’ में शासन व्यवस्था, कूटनीति और राज्य संचालन के बारे में बताया गया है। इसकी जानकारी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने दी। उन्होंने इन तीनों पुस्तकों को सूची में शामिल कराने के लिए नामांकन से जुड़े दस्तावेज तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
9. भारत और म्यांमा के बीच संयुक्त आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ चेन्नई में आयोजित
भारत और म्यांमा के बीच दो दिन का संयुक्त मानवीय सहायता और आपदा राहत अभ्यास ‘राहत मित्र’ 4-5 नवम्बर को चेन्नई में आयोजित किया गया। इस अभ्यास में भारतीय रक्षा बलों की आपदा राहत क्षमताओं का प्रदर्शन किया गया। भारतीय सेना ने नौसेना और वायुसेना के साथ मिलकर बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने, प्रभावित इलाकों से पानी की निकासी करने और संपर्क बहाल करने के लिए पुल बनाने की तकनीकों का प्रदर्शन किया।
10. हैदराबाद जेल में बना देश का पहला जेंडर न्यूट्रल सेल
हैदराबाद की केन्द्रीय कारागार में विभिन्न लैंगिक पहचान वाले लोगों के लिए अलग से जेंडर न्यूट्रल सेल बनाया गया है। इसका उद्देश्य इन लोगों की गरिमा का सम्मान करते हुए उनकी जरूरतों के अनुरूप रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। कारागार प्रशासन ने इस पहल की जानकारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को दी है। आयोग के विशेष निरीक्षक ने आठ अक्तूबर को कारागार का दौरा किया था। उन्हें ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और एल.जी.बी.टी.क्यू प्लस समुदाय के अधिकारों से जुड़े मामलों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दौरे के दौरान ट्रांसजेंडर व्यक्तियों के कल्याण के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और गृह मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को लागू करने पर जोर दिया गया।
11. असम में बहुविवाह करने पर सरकारी नौकरी खत्म होगी
4 नवंबर को असम की हिमंता सरकार ने असम सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1964 में संशोधन को मंजूरी दी है। नए नियम के मुताबिक बहुविवाह करने वाले सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा। साथ ही बहुविवाह करने वाले सरकारी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी और उन्हें भविष्य में किसी भी सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा। साथ ही ये लोग राज्य सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना का फायदा भी नहीं उठा पाएंगे। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी नौकरियों में एज लिमिट बढ़ाकर 45 साल की गई है। कोई भी सरकारी कर्मचारी सरकार की पूर्व अनुमति के बिना दूसरी शादी नहीं कर सकता, भले ही उसका पर्सनल लॉ इसकी अनुमति देता हो।
12. एशियन कप 2027 अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
3 नवंबर को एशियाई फुटबॉल महासंघ (AFC) ने 2027 एशियन कप प्रतियोगिता को स्थगित करने का ऐलान किया। इस टूर्नामेंट के स्थगन का मुख्य कारण मिडल ईस्ट में जारी तनाव और सुरक्षा संबंधी स्थितियां को देखते हुए किया गया है। 2027 एशियन कप का आयोजन सऊदी अरब में होना तय था, जिसमें एशिया की 24 टॉप नेशनल टीमों को हिस्सा लेना था। AFC की कार्यकारी समिति ने खिलाड़ियों, प्रशंसकों और अधिकारियों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए ये फैसला लिया। नई तारीखों के संशोधित शेड्यूल की घोषणा सुरक्षा समीक्षा के बाद की जाएगी। इस फैसले से भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम (ब्लू टाइगर्स) के अंतरराष्ट्रीय मैच कैलेंडर पर भी असर पड़ेगा। AFC अध्यक्ष शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा ने सभी सदस्य फुटबॉल संघों से इस फैसले में सहयोग देने की अपील की।
13. Asian Champions Trophy: भारत ने जापान को 4-1 से रौंदकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीता
भारत ने गुरुवार को ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए मेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में जापान को 4-1 से मात देकर खिताबी हैट्रिक लगाई। भारत इस पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहा। यह भारत का छठा खिताब रहा। भारतीय टीम ने इससे पहले साल 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में भी यह टूर्नामेंट जीता था।
14. विश्व सुनामी जागरूकता दिवस
सुनामी को रोकना संभव नहीं है, क्योंकि यह समुद्र के भीतर होने वाली प्राकृतिक भूगर्भीय हलचलों से पैदा होती है। हालांकि, वैज्ञानिक निगरानी, समय पर पूर्व चेतावनी, सही जानकारी और सामुदायिक तैयारी से इससे होने वाली जनहानि और नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से हर साल 5 नवंबर को विश्व सुनामी जागरूकता दिवस मनाया जाता है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने दिसंबर 2015 में 5 नवंबर को ‘विश्व सुनामी जागरूकता दिवस’ घोषित किया। इसके पीछे जापान की एक ऐतिहासिक घटना जुड़ी है। 5 नवंबर 1854 को भूकंप के बाद सुनामी खतरे को भांपते हुए ‘हमागुची गोरी’ ने धान के ढेरों में आग लगा दी, जिससे ग्रामीण ऊंचे स्थान पर भागकर बच गए। यह घटना समय पर सतर्कता के महत्व को दर्शाती है। इस दिवस का उद्देश्य तटीय समुदायों को तैयार करना और आपदा जोखिम कम करना है। वर्ष 2026 की थीम ‘बी सुनामी रेडी : रेजिलिएंस स्टार्ट्स विद यू’ (‘सुनामी के लिए तैयार रहें : लचीलापन आपसे शुरू होता है’) है।
15. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व F1 विश्व चैंपियन एलन जोन्स का 80 वर्ष की उम्र में निधन
ऑस्ट्रेलिया के 1980 फॉर्मूला-1 विश्व चैंपियन एलन जोन्स का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने अपने जन्मदिन के तीन दिन बाद 5 नवंबर को संक्षिप्त बीमारी के बाद अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि मोटरस्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया ने उनकी पत्नी अमांडा बटर-डेविस की ओर से जारी बयान में की। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें हाल ही में कैंसर होने का पता चला था। जोन्स ने 1980 में विलियम्स टीम के साथ F1 ड्राइवर विश्व चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रचा था। वह सर जैक ब्रैबम के बाद यह खिताब जीतने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बने। अपने करियर में उन्होंने 12 ग्रां प्री रेस जीतीं और आक्रामक रेसिंग शैली के कारण मोटरस्पोर्ट की दुनिया में खास पहचान बनाई।
16. फुटबॉल स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल का निधन
3 नवंबर को स्पेन के फुटबॉल क्लब सीडी टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल का निधन हो गया। वे 30 साल के थे। जीसस एक दिन पहले स्पेन की दूसरी डिवीजन लीग में एफसी अंडोरा के खिलाफ मुकाबले के आखिरी मिनटों में उनकी टक्कर विपक्षी टीम के गोलकीपर जीसस ओवोनो से हो गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक ओवोनो का घुटना डी मिगुएल के सीने से टकराया और स्ट्राइकर मैदान पर गिर पड़े थे। टेनेरिफ और अंडोरा के बीच मुकाबला स्पेन के सांता क्रूज डी टेनेरिफ स्थित हेलियोडोरो रोड्रिगेज लोपेज स्टेडियम में खेला जा रहा था। 2023 से 2025 के बीच जीसस डी ने CD कैस्टेलॉन कैस्टेलॉन क्लब में शामिल हुए थे। 2023- 24 सीजन में जीसस डी ने 16 गोल किए और लीग के टॉप स्कोरर रहे थे। अगस्त 2024 में 27 साल की उम्र में उन्होंने प्रोफेशनल्स में डेब्यू किया था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
THNKS TO SUPPORT YOUR LOVE
