29 August 2025 Current Affairs -GurugGkwala

9–12 minutes


1. प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय जापान यात्रा पर टोक्यो पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टोक्यो में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। श्री मोदी जापान की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर टोक्यो पहुँचे। यह यात्रा जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर हो रही है। शिखर सम्मेलन के दौरान, दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम की समीक्षा करेंगे और पिछले 11 वर्षों में लगातार विकसित हुई विशेष रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

2. भारत, भूटान ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग पर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत और भूटान ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में तकनीकी सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। कृषि मंत्रालय के सचिव देवेश चतुर्वेदी और भूटान के कृषि सचिव थिनले नामग्याल ने थिम्पू में इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कृषि मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भारत और भूटान के बीच स्थायी साझेदारी में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ खेती और ग्रामीण समृद्धि के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह समझौता ज्ञापन कृषि अनुसंधान एवं नवाचार, पशुधन स्वास्थ्य एवं उत्पादन, कटाई-पश्चात प्रबंधन, मूल्य श्रृंखला विकास, और ज्ञान, कौशल एवं विशेषज्ञता के आदान-प्रदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक रूपरेखा के रूप में कार्य करेगा।

3. भारत ने दिनेश के पटनायक को कनाडा में नया उच्चायुक्त नियुक्त किया

भारत ने स्पेन में वर्तमान राजदूत दिनेश के. पटनायक को कनाडा में अगले उच्चायुक्त के रूप में नियुक्त करने की घोषणा की है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 1990 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्री पटनायक शीघ्र ही अपना कार्यभार संभालेंगे। कनाडा ने अनुभवी राजनयिक क्रिस्टोफर कूटर को नई दिल्ली में अपना नया उच्चायुक्त नियुक्त करने की भी घोषणा की है। अपने कार्यकाल के आरंभ में, वे भारत और नेपाल में कनाडा के उच्चायोग में प्रथम सचिव रह चुके हैं।

4. हरियाणा की महिलाओं को बड़ी सौगात : हर महीने मिलेंगे 2100 रुपए, 25 सितंबर से शुरू होगी योजना

हरियाणा सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ा एलान किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को कैबिनेट बैठक के बाद घोषणा की कि राज्य की पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इस योजना का नाम ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ रखा गया है और इसकी शुरुआत 25 सितंबर 2025 को दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर होगी। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सैनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि योजना के पहले चरण में उन परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपए से कम है। बाद में धीरे-धीरे अन्य परिवारों की महिलाओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा। योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 23 साल या उससे अधिक है। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों शामिल होंगी, लेकिन शर्त यह है कि महिला पिछले 15 साल से हरियाणा की स्थायी निवासी हो।

5. 700 से अधिक सशस्त्र बल ‘ब्राइट स्टार 2025 अभ्यास ‘ में भाग लेने के लिए तैयार

सशस्त्र बलों और मुख्यालय एकीकृत रक्षा स्टाफ के 700 से अधिक सशस्त्र बल मिस्र में 28 अगस्त से 10 सितंबर, 2025 तक बहुपक्षीय अभ्यास ‘ब्राइट स्टार 2025‘ में भाग लेने के लिए तैयार हैं। ब्राइट स्टार अभ्यास, मिस्र द्वारा अमेरिका के साथ मिलकर वर्ष 1980 से आयोजित एक बहुपक्षीय अभ्यास है और इस क्षेत्र में सबसे बड़े त्रि-सेवा बहुपक्षीय अभ्यासों में से एक है। यह अभ्यास प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित किया जाता है जिसका पिछला अभ्यास वर्ष 2023 में हुआ था, जिसमें भारत सहित कई देशों ने अपने सैनिकों के साथ भाग लिया था।

6. दिल्ली छावनी बोर्ड ने शिक्षण एवं सहायता केंद्र पहल ‘आरंभ’ की शुरुआत की

रक्षा मंत्रालय के तत्वावधान में, दिल्ली छावनी बोर्ड द्वारा 26 अगस्त, 2025 को सिल्वर ओक स्कूल, दिल्ली छावनी में एक शिक्षण और सहायता केंद्र पहल “आरंभ” शुरू की गई है। यह पहल बाल कल्याण के समावेशी विकास पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य छावनी क्षेत्र में काम करने वाले निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करना है। प्रवासी मज़दूरों के बच्चे अक्सर अपने माता-पिता की अस्थायी जीवनशैली और स्थिर आवास या शिक्षा तक पहुंच के अभाव के कारण बुनियादी शिक्षा के अधिकारों से वंचित रह जाते हैं। इस गंभीर कमी को दूर करने के लिए, ‘आरंभ’ इन बच्चों को बुनियादी शिक्षा, जीवन कौशल और सुरक्षित स्थान प्रदान करके उनकी कक्षाओं के क्रम को स्थिर करने में मददगार साबित होगा।

7. रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने मिलमेडिकॉन-2025 का शुभारंभ किया

रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने 28 अगस्त, 2025 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में मिलमेडिकॉन-2025: “सैन्य परिचालन परिस्थितियों में शारीरिक एवं मानसिक आघात पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन” का उद्घाटन किया। इसका आयोजन चिकित्सा सेवा महानिदेशालय (सेना) द्वारा किया गया है। श्री संजय सेठ ने अपने उद्घाटन भाषण में वैश्विक साझेदारी, अत्याधुनिक अनुसंधान एवं सेवा की विरासत के प्रति गहन सम्मान के माध्यम से सैन्य चिकित्सा को आगे बढ़ाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता पर बल दिया। इस सम्मेलन में 15 से अधिक देशों के प्रतिनिधि पैनल चर्चा, पोस्टर प्रस्तुतियों और वैज्ञानिक गैलरी प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं, जिससे मिलमेडिकॉन-2025 रणनीतिक संवाद एवं चिकित्सा नवाचार के लिए वास्तव में एक अंतरराष्ट्रीय मंच बन गया है। भारतीय सशस्त्र बलों के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्ति, अंतर्राष्ट्रीय सैन्य चिकित्सा प्रतिनिधिमंडल, असैन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ और शिक्षाविद भी विचार-विमर्श में भाग ले रहे हैं।

8. शिक्षा मंत्रालय ने भारत की स्कूली शिक्षा पर एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस 2024-25 पर रिपोर्ट जारी की

शिक्षा मंत्रालय ने भारत में स्कूली शिक्षा पर एकीकृत जिला शिक्षा सूचना प्रणाली प्लस (यूडीआईएसई प्लस) 2024-25 पर एक विस्तृत रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष नीचे दिए गए हैं:
यूडीआईएसई प्लस आरंभ किये जाने के बाद से, किसी शैक्षणिक वर्ष में पहली बार, 2024-25 में शिक्षकों की कुल संख्या एक करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। शिक्षकों की संख्या में यह बढ़ोतरी छात्र-शिक्षक अनुपात में सुधार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और शिक्षकों की उपलब्धता में क्षेत्रीय असमानता दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
फाउंडेशनल (मूलभूत), प्रिपरेटरी (प्रारंभिक), मिडिल (मध्य) और सेकेंडरी (माध्यमिक) स्तरों पर छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) अब क्रमशः 10, 13, 17 और 21 है, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुशंसित 1:30 के अनुपात से काफ़ी बेहतर है। बढ़ा हुआ छात्र-शिक्षक अनुपात शिक्षकों और छात्रों के बीच अधिक व्यक्तिगत ध्यान और मज़बूत अंतःक्रिया को सुगम बनाता है, जिससे बेहतर शिक्षण अनुभव और बेहतर शैक्षणिक परिणाम प्राप्त होते हैं।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में पिछले दो वर्षों 2022-23 और 2023-24 की तुलना में प्रारंभिक, मध्य और माध्यमिक स्तरों पर स्कूल छोड़ने की दर में उल्लेखनीय कमी आई है। प्रारंभिक चरण में, यह दर पिछले वर्ष की तुलना में 3.7 प्रतिशत से घटकर 2.3 प्रतिशत, मध्य चरण में 5.2 प्रतिशत से घटकर 3.5 प्रतिशत और माध्यमिक स्तर पर 10.9 प्रतिशत से घटकर 8.2 प्रतिशत हो गई है।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 ने सभी शैक्षिक स्तरों – फाउंडेशनल (मूलभूत), प्रिपरेटरी (प्रारंभिक), मिडिल (मध्य) और सेकेंडरी (माध्मिक) – में छात्र प्रतिधारण में सकारात्मक रुझान दिखा है। पिछले वर्ष की तुलना में स्कूलों में बच्चों को बनाए रखने की दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जो फाउंडेशनल स्तर पर 98.0 प्रतिशत से बढ़कर 98.9 प्रतिशत, प्रिपरेटरी स्तर पर 85.4 प्रतिशत से 92.4 प्रतिशत, मिडिल स्तर पर 78.0 प्रतिशत से 82.8 प्रतिशत और सेकेंडरी स्तर पर 45.6 प्रतिशत से 47.2 प्रतिशत हो गई है।
शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के दौरान मध्य और माध्यमिक स्तर पर सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मध्य स्तर पर जीईआर 2023-24 में 89.5 प्रतिशत से बढ़कर अब 90.3 प्रतिशत हो गया है, जबकि माध्यमिक स्तर पर यह 66.5 प्रतिशत से बढ़कर 68.5 प्रतिशत पहुंच गया है।

9. जेएंडके बैंक ने एस कृष्णन को नया अध्यक्ष नियुक्त किया

जम्मू और कश्मीर बैंक ने एस. कृष्णन को अपना नया नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने की घोषणा की है। यह नियुक्ति भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की मंज़ूरी के अधीन है। बैंक के बोर्ड ने इसे 25 अगस्त 2025 को स्वीकृत किया और यह कार्यकाल 26 मार्च 2028 तक मान्य रहेगा।

10. एशियाई निशानेबाजी: गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में स्वर्ण पदक जीत

भारत ने कज़ाकिस्तान के श्यामकेंट में चल रही 16वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल व्यक्तिगत और टीम स्पर्धाओं में ‘दोहरा स्वर्ण’ जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में, रियो डी जेनेरियो के ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अमनप्रीत सिंह ने रजत पदक जीता। दोनों ने हर्ष गुप्ता के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भी देश को जीत दिलाई और स्वर्ण पदक जीता। दिन के अन्य स्वर्ण पदक 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर टीम और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल जूनियर टीम स्पर्धाओं में जीते गए। इसके साथ ही, भारत के कुल पदकों की संख्या 82 हो गई है, जिसमें 44 स्वर्ण, 20 रजत और 18 कांस्य पदक शामिल हैं।

11. विश्व झील दिवस

झीलें हमारे ग्रह के सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों में से एक हैं। ये मीठे पानी का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं और पेयजल आपूर्ति, कृषि और उद्योग को बढ़ावा देती हैं।झीलें जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, तथा मछलियों, पौधों और वन्य जीवन की अनगिनत प्रजातियों के लिए आवास उपलब्ध कराती हैं। संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2024 में प्रस्ताव A/RES/79/142 के माध्यम से 27 अगस्त को आधिकारिक रूप से विश्व झील दिवस (World Lake Day) घोषित किया। यह वार्षिक अवसर, संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) द्वारा संचालित, वैश्विक जागरूकता बढ़ाने, कार्रवाई को प्रेरित करने और झीलों के सतत विकास व संरक्षण को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखता है।संयुक्त

12. नुआखाई पर्व

नुआखाई मुख्य रूप से पश्चिमी ओडिशा के जिलों में मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण कृषि पर्व है। इस दिन किसान नई फसल के अनाज को देवता को अर्पित कर प्रकृति और ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। अनुष्ठानों के बाद परिवार और समुदाय दोपहर में एकत्र होकर पारंपरिक नृत्य, संगीत, खेल और भोज के साथ उत्सव मनाते हैं। नुआखाई भाद्रपद शुक्ल पंचमी के दिन मनाया जाता है। ‘नुआखाई’ का शाब्दिक अर्थ है ‘नया खाना’ (नुआ = नया, खाई = खाना)। यह पर्व गणेश चतुर्थी के अगले दिन मनाया जाता है और पश्चिमी ओडिशा के संबलपुर, सुंदरगढ़, कालाहांडी, नुआपाड़ा, नबरंगपुर, बालांगीर, बरगढ़, सुबरनपुर, देवगढ़, झारसुगुड़ा सहित कई जिलों में बड़े उत्साह और धूमधाम से आयोजित किया जाता है।

JOIN TELEGRAM : https://t.me/guruggkwala

THNKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top