11–14 minutes
1. बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे नई दिल्ली
बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिजेनकोव चार दिन की भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार बेलारूस के विदेश मंत्री वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के साथ व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग पर भारत-बेलारूस अंतर-सरकारी आयोग की 12वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे। वह विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के साथ भी वार्ता करेंगे।
2. ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन तीन दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम ने कहा है कि भारत ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने की चुनौती के बावजूद अपनी विविधता और असीम संभावनाओं से दुनिया के सामने एक मिसाल पेश की है। प्रिंस विलियम और प्रिंसेस कैथरीन तीन दिन की आधिकारिक भारत यात्रा पर हैं। प्रिंस विलियम ने कहा कि भारत ने अपनी बिजली उत्पादन क्षमता का 50% गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित समय से 5 वर्ष पहले ही पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 50 गुना से भी अधिक बढ़ी है। अर्थशॉट पुरस्कार की शुरुआत प्रिंस विलियम ने वर्ष 2020 में की थी। यह एक वैश्विक पर्यावरण पुरस्कार है, जिसका उद्देश्य पृथ्वी के संरक्षण और पर्यावरण सुधार के लिए नए और प्रभावी समाधानों की पहचान करना तथा उन्हें बढ़ावा देना है। प्रिंस विलियम ने कहा कि पिछले छह वर्षों में भारत ने अर्थशॉट पुरस्कार में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस पुरस्कार के सबसे अधिक विजेता भारत से हैं।
3. भारत केरलम के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय के 62वें सत्र की मेजबानी करेगा
भारत केरलम के कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय- आईसीसी के 62वें सत्र और मंत्रिस्तरीय बैठक की मेजबानी करेगा। चार दिन के इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का संचालन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के नारियल विकास बोर्ड और इंडोनेशिया के जकार्ता स्थित अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर इस बैठक में शामिल होंगे। इसमें एशिया-प्रशांत क्षेत्र के विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ अंतरराष्ट्रीय संगठनों के सदस्य, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग और अन्य प्रमुख प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। वर्ष 1969 में स्थापित अंतरराष्ट्रीय नारियल समुदाय नारियल उत्पादक देशों का एक अंतर-सरकारी संगठन है।
4. भारत, अमरीका और 8 देशों ने AI आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने के लिए घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए
भारत, अमरीका और 8 अन्य देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-एआई आपूर्ति श्रृंखलाओं की सुरक्षा पर साझा प्रयासों के लिए एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। सैन फ्रांसिस्को में अमरीका के नेतृत्व वाली पैक्स सिलिका पहल के संस्थापकों की बैठक में हस्ताक्षर किए गए। यह घोषणापत्र अमरीका, ऑस्ट्रेलिया, भारत, इस्राएल, जापान, दक्षिण कोरिया, कतर, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात और ब्रिटेन की सरकारों द्वारा जारी किया गया। पैक्स सिलिका पहल का उद्देश्य सिलिकॉन और अन्य खनिजों की आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करना है। यह सेमीकंडक्टर उत्पादन के लिए आवश्यक हैं और एआई तथा अन्य उन्नत तकनीकी उद्योगों के लिए भी महत्वपूर्ण हैं।
5. भारत को अंतर्राष्ट्रीय दूरसंचार संघ परिषद का दोबारा सदस्य चुना गया
भारत को इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन काउंसिल में फिर से चुन लिया गया है। कतर की राजधानी दोहा में आयोजित इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन प्लेनिपोटेंशियरी कॉन्फ्रेंस-2026 में, भारत को अगले कार्यकाल के लिए चुना गया। डिजिटल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, मिशन ने कहा कि भारत सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर एक ऐसे डिजिटल भविष्य के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो जुड़ा हुआ, समावेशी, सुरक्षित और टिकाऊ हो। ITU सूचना और संचार प्रौद्योगिकियों (ICTs) के लिए संयुक्त राष्ट्र की एक विशेष एजेंसी है। इसमें 194 सदस्य देश और 1000 से अधिक कंपनियां, विश्वविद्यालय तथा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय संगठन शामिल हैं। जिनेवा, स्विट्जरलैंड में मुख्यालय वाली और हर महाद्वीप पर क्षेत्रीय कार्यालयों के साथ, ITU संयुक्त राष्ट्र परिवार की सबसे पुरानी एजेंसी है, जो 160 से अधिक वर्षों से लोगों को आपस में जोड़ रही है।
6. रक्षा संपदा महानिदेशालय तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर
देश में छावनी बोर्डों में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का विस्तार करने के लिए रक्षा संपदा महानिदेशालय तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार उपस्थित थे। इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य देशभर में छावनी बोर्डों में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़ी योजनों के कार्यान्वयन के लिए दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग और समन्वय का ढ़ांचा तैयार करना है।
7. भारत और म्यांमा नौसेना अभ्यास आई.एम.नेक्स-26 का आठवां संस्करण शनिवार को विशाखपट्टणम में हुआ संपन्न
भारत और म्यांमा नौसेना अभ्यास आई.एम.नेक्स-26 का आठवां संस्करण शनिवार को विशाखपट्टणम में संपन्न हो गया। भारतीय और म्यांमार नौसेनाओं के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए यह अभ्यास बंदरगाह और समुद्र में आयोजित किया गया। समुद्री चरण में यह अभ्यास बंगाल की खाड़ी में आयोजित किया गया। इसमें भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस राणा और आईएनएस सुमेधा के साथ म्यांमा नौसेना का जहाज यूएमएस किंग सिन फ्यु शिन भी शामिल थे। जहाजों ने समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास और परिचालन अभ्यास किए। बंदरगाह चरण में पेशेवर आदान-प्रदान, क्रॉस-डेक दौरे, नौसेना कर्मियों के बीच बातचीत और खेल गतिविधियां शामिल थीं। इससे दोनों नौसेनाओं को परिचालन संबंधी ज्ञान और अनुभव साझा करने में मदद मिली।
8. भारत डाक ने बायोगैस प्रौद्योगिकी के अग्रदूत श्री राम बक्स सिंह के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया
डाक विभाग ने 13 नवंबर 2026 को बायोगैस प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भारतीय वैज्ञानिक तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ श्री राम बक्स सिंह (1925–2016) के सम्मान में एक स्मारक डाक टिकट जारी किया। यह डाक टिकट सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री श्री रामदास आठवले और दिल्ली परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कर्नल अखिलेश कुमार पांडेय ने अन्य वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों के साथ नई दिल्ली स्थित मंत्री के आवास पर संयुक्त रूप से जारी किया। श्री राम बक्स सिंह ने बायोगैस प्रौद्योगिकी के विकास और प्रचार-प्रसार में अग्रणी योगदान दिया, विशेष रूप से ग्रामीण समुदायों के लिए सतत ऊर्जा समाधान के रूप में। वर्ष 1957 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के सीतापुर में भारत के शुरुआती सफल गोबर गैस संयंत्रों में से एक का उद्घाटन किया। बाद में उन्होंने उत्तर प्रदेश के अजीतमल स्थित एशिया के पहले गोबर गैस अनुसंधान केंद्र में 16 वर्षों तक प्रभारी अधिकारी के रूप में कार्य किया और 15 से अधिक देशों में नवीकरणीय ऊर्जा संबंधी पहलों में योगदान दिया।
9. बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदला
मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिणी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल गया है। यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान शुक्रवार दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ (Akvan) नाम ईरान द्वारा सुझाया गया है। यह नाम फारसी पौराणिक कथाओं के एक राक्षस जैसे पात्र अकवान-ए दिव से जुड़ा है, जिसका उल्लेख फ़िरदौसी द्वारा लिखित महाकाव्य शाहनामे में मिलता है ।
10. नई दिल्ली में शुरू होगा दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन ‘समावेशी नीति संकल्प’
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय नई दिल्ली में दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन ‘समावेशी नीति संकल्प’ आयोजित करेगा। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना के अनुसार आयोजित किए जा रहे विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला का तीसरा सम्मेलन है। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना और केंद्र तथा राज्यों के बीच बेहतर सहयोग के माध्यम से विकास के लक्ष्यों को गति देना है।
11. युवा संगीतकारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के लिए आकाशवाणी का राइजिंग स्टार्स कार्यक्रम शुरू
आकाशवाणी 30 वर्ष से कम आयु के युवा कलाकारों द्वारा प्रस्तुत विशेष संगीत कार्यक्रमों की राष्ट्रव्यापी श्रृंखला ‘आकाशवाणी राइजिंग स्टार्स’ के पहले संस्करण का शुभारंभ करेगा। इस संगीत श्रृंखला के पहले संस्करण के तहत आज से इस महीने की 30 तारीख तक देशभर के 26 केंद्रों पर संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवा और उभरते हुए संगीत कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा व्यापक दर्शकों से जुड़ने के लिए एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा। ‘आकाशवाणी राइजिंग स्टार्स’ का उद्देश्य नई पीढ़ी के कलाकारों को मंच प्रदान कर आकाशवाणी की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाना है। इस श्रृंखला के तहत शिमला, देहरादून, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, जयपुर, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोलकाता, इम्फाल, मुंबई, अहमदाबाद, नागपुर, पुडुचेरी, जम्मू और गुवाहाटी सहित आकाशवाणी के 26 केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
12. पुरुष क्रिकेट में भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी और 2031 में एकदिवसीय विश्व कप की सह-मेजबानी करेगा
क्रिकेट में, भारत वर्ष 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा और 2031 का एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से आयोजित करेंगे। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वर्ष 2035 तक होने वाले प्रमुख पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों की मंजूरी दे दी है। वर्ष 2029 की चैंपियंस ट्रॉफी 9 से 28 अक्टूबर तक खेली जाएगी। वहीं, वर्ष 2031 का एकदिवसीय विश्व कप 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। आईसीसी ने वर्ष 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंटों की तारीखों की भी घोषणा कर दी है, हालांकि इनके मेजबान देशों के नाम अभी तय नहीं किए गए हैं। इस कार्यक्रम में वर्ष 2028 से 2035 तक होने वाले टी-20 और एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप शामिल हैं। वर्ष 2028 का टी-20 विश्व कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद वर्ष 2030 का टी-20 विश्व कप इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होगा।
13. टेनिस प्लेयर मीरा एंड्रीवा ने WTA खिताब जीता
15 नवंबर को रूस की 19 साल की टेनिस खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने को WTA (विमेंस टेनिस एसोसिएशन) फाइनल्स का खिताब जीता। अमेरिका के इंडियन वेल्स में खेले गए फाइनल में उन्होंने यूक्रेन की 32 साल की एलिना स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से हराया। एंड्रीवा ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट गंवाए बिना सभी 5 मुकाबले जीते। इस जीत के साथ एंड्रीवा करियर की सर्वश्रेष्ठ वर्ल्ड नंबर-2 रैंकिंग पर पहुंच गई हैं। जीतने के बाद एंड्रीवा को 33.7 लाख डॉलर (करीब 28.4 करोड़ रुपए) की इनामी राशि और अल्ट्रावॉयलेट पर्पल रंग की मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल कार मिली। एंड्रीवा से पहले क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स जैसी दिग्गज खिलाड़ी भी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं।
14. कार्टूनिस्ट पी.वी. कृष्णन का निधन
17 नवंबर को तीखे सामाजिक-राजनीतिक व्यंग्यों के लिए मशहूर केरल के कार्टूनिस्ट पी.वी. कृष्णन का निधन हो गया वे 83 वर्ष के थे। पी.वी. कृष्णन को उनकी लोकप्रिय कार्टून सीरीज ‘साक्षी’ (गवाह) के लिए सबसे ज्यादा जाना जाता है। कृष्णन की ये सीरीज 1977 से शुरू होकर चार दशकों से भी अधिक समय तक ‘कुंकुमम’ साप्ताहिक पत्रिका में छपती रही। कृष्णन ने 1976 में राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग (PRD) में डिजाइनर के तौर पर करियर की शुरुआत की। सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद, उन्होंने अपने कार्टूनों के जरिए लगातार सवाल उठाए। उनके कार्टूनों की खासियत ये थी कि वे बहुत कम रेखाओं का इस्तेमाल करके गहरी बातें कह देते थे। जनसंपर्क विभाग में काम करने के दौरान उनके डिजाइन कई बड़े अभियानों का हिस्सा रहे, जिनमें ‘पीपल्स प्लान कैंपेन’ (जन योजना अभियान) और नशा-विरोधी अभियान शामिल रहे। कृष्णन ने सबसे यादगार कार्टूनों में से एक है ‘प्रकृतियुदे कन्ननीर’ (प्रकृति के आंसू), जिसके जरिए उन्होंने ‘साइलेंट वैली’ को बचाने के लिए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पर्यावरण से जुड़ी चिंताओं को सामने रखा।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/9-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
