13 November 2026 Current Affairs -GurugGkwala

13–17 minutes


1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में यह पुरस्कार दिए गए। यह कार्यक्रम स्वच्छ भारत मिशन और शहरी स्वच्छता से जुड़ा है। यह इस सर्वेक्षण का 10वां संस्करण है। इसका आयोजन आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा किया जाता है। सर्वेक्षण की इस साल की थीम स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ है। इसमें 3,000 से अधिक ट्रेनिंग प्राप्त कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके लिए GPS आधारित निगरानी और डिजिटल वेरिफिकेशन प्रोसेस अपनाई गई। इंदौर और देपालपुर की जोड़ी को देश की सर्वश्रेष्ठ सुपर स्वच्छ जोड़ी का पुरस्कार मिला। इसमें मध्य प्रदेश के 9 शहरों जैसे इंदौर, उज्जैन, बुधनी, देपालपुर, देवास, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सागर और छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, बिल्हा सहित कई अन्य राज्यों के शहरों को सम्मानित किया गया। इस सर्वेक्षेण में कचरे को अलग करना, घर-घर कचरा इकट्‌ठा करना,सार्वजनिक स्थानों की सफाई शामिल है। इसके अलावा सर्वेक्षण के कामों में स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, सीवेज प्रबंधन, नागरिकों की भागीदारी आदि पर मूल्यांकन किया जाता है। स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा कराया जाने वाला वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण है। इस सर्वेक्षण की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी।

2. पीएम मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के मनीला के दौरे पर, 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे

फिलीपींस के राष्ट्रपति फ़र्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर (Ferdinand R. Marcos Jr.) के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर 2026 तक मनीला का दौरा करेंगे। भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी 17 नवंबर 2026 को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) में भाग लेंगे। इस वर्ष आसियान की अध्यक्षता कर रहे फिलीपींस द्वारा इन सम्मेलनों की मेजबानी की जाएगी। भारत-आसियान संबंध, भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए हमारे विज़न का एक मुख्य आधार हैं। पीएम मोदी का दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, 2027 में हमारे संवाद संबंधों के 35 वर्ष और ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के पांच वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा।

3. जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक में भारत को मिला 28वां स्थान

जलवायु परिवर्तन प्रदर्शन सूचकांक में भारत को 28वां स्थान मिला है। यह वार्षिक सूचकांक 64 देशों और यूरोपीय संघ के जलवायु परिवर्तन से निपटने के प्रयासों और प्रदर्शन का आकलन करता है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत को समग्र रूप से मध्यम श्रेणी में रखा गया है। ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन, ऊर्जा उपयोग और जलवायु नीति के मामले में भारत का प्रदर्शन मध्यम रहा है, जबकि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उसे उच्च श्रेणी मिली है। रिपोर्ट में सौर और पवन ऊर्जा, रूफटॉप सोलर संयंत्रों तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, जून 2025 तक भारत की कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता में गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत हो गई थी। भारत ने यह लक्ष्य 2030 की निर्धारित समय-सीमा से पांच वर्ष पहले हासिल कर लिया। इस सूचकांक में डेनमार्क पहले स्थान पर रहा। इसके बाद लिथुआनिया और लक्जमबर्ग क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। जर्मनवॉच और न्यूक्लाइमेट इंस्टीट्यूट की ओर से तैयार किया जाने वाला यह वार्षिक सूचकांक 64 देशों और यूरोपीय संघ के जलवायु प्रदर्शन का आकलन करता है। ये सभी मिलकर दुनिया के 90 प्रतिशत से अधिक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार हैं।

4. भारत और ब्राज़ील ने सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल विकसित करने के लिए मिलाया हाथ, नई अंतरिक्ष साझेदारी

भारत और ब्राज़ील अपने लंबे अंतरिक्ष सहयोग को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं। दोनों देशों की कंपनियों ने मिलकर ऐसा सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल विकसित करने पर सहमति जताई है, जो कम से कम 100 किलोग्राम पेलोड को लो अर्थ ऑर्बिट (पृथ्वी की निचली कक्षा) तक ले जाने में सक्षम होगा। यह समझौता अक्टूबर में मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) के जरिए हुआ। इस पर ब्राज़ील के माइक्रो लॉन्चर प्रोग्राम कंसोर्टियम की सदस्य कंपनी कॉन्सर्ट टेक्नोलॉजीज और भारतीय अंतरिक्ष स्टार्टअप स्काईरूट एयरोस्पेस ने हस्ताक्षर किए। यह MoU तुर्की के अंताल्या में आयोजित इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिकल कांग्रेस 2026 के दौरान हस्ताक्षरित हुआ। समारोह में ब्राज़ील के सीनेटर और अंतरिक्ष यात्री मार्कोस पोंटेस तथा ब्राज़ीलियाई अंतरिक्ष एजेंसी के अध्यक्ष मार्को एंटोनियो चैमोन भी मौजूद रहे। प्रस्तावित लॉन्च व्हीकल ब्राज़ील के माइक्रो लॉन्चर प्रोग्राम (40 किलोग्राम तक पेलोड) और स्काईरूट के बड़े विक्रम रॉकेट परिवार के बीच की खाई को पाटेगा। इसमें इक्वेटोरियल लॉन्च (भूमध्यरेखीय प्रक्षेपण) के अवसर भी शामिल होंगे। हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है। 2018 में स्थापित इस कंपनी ने 2022 में विक्रम-S के साथ पहली भारतीय निजी कंपनी के रूप में रॉकेट लॉन्च किया। दो साल के इस MoU के तहत दोनों पक्ष तकनीकी जरूरतों, व्यावसायिक अवसरों और सैटेलाइट सिस्टम तथा लो अर्थ ऑर्बिट कॉन्स्टेलेशन में संभावित सहयोग का आकलन करेंगे। निवेश, उपकरण आपूर्ति और व्यावसायीकरण के लिए अलग समझौते किए जाएंगे।

5. समुद्र में जहाजों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘सीनेव

जहाजों को अब वास्तविक समुद्री परिस्थितियों में उतारे बिना भी उनकी सुरक्षित आवाजाही और टक्कर से बचने की तकनीक का परीक्षण किया जा सकेगा। आईआईटी मद्रास के शोधकर्ताओं ने ‘सीनेव’ नाम का एक आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है। इसकी मदद से समुद्र की लहरों, मौसम, जहाजों की आवाजाही और आसपास मौजूद दूसरे जहाजों जैसी परिस्थितियों को आभासी दुनिया में हूबहू तैयार किया जा सकता है। इस प्लेटफॉर्म पर स्वचालित जहाजों की दिशा तय करने, रास्ते पर चलने और दूसरे जहाजों से टक्कर बचाने वाली तकनीकों का परीक्षण किया जा सकेगा। खास बात यह है कि शोधकर्ताओं ने इस प्लेटफॉर्म पर एआई की मदद से जहाजों को खुद रास्ता चुनने और टक्कर से बचने में सफलतापूर्वक काम करते हुए भी दिखाया है। आईआईटी मद्रास के महासागर इंजीनियरिंग विभाग ने यह प्लेटफॉर्म तैयार किया है।

6. टीडीबी-डीएसटी ने सॉवरेन स्पेस-आधारित एआई-एएलआईएनटी तारामंडल विकसित करने के लिए 64.05 करोड़ रुपये की आरडीआई सहायता के लिए एस्ट्रोम के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए

भारत की स्वदेशी अंतरिक्ष-आधारित खुफिया और उन्नत उपग्रह प्रौद्योगिकी क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी), विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी), भारत सरकार ने अनुसंधान, विकास और नवाचार (आरडीआई) फंड के तहत 64.05 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के लिए मैसर्स एस्ट्रोम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, बेंगलुरु, कर्नाटक के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। 128.11 करोड़ रुपये की कुल परियोजना लागत वाली इस परियोजना का उद्देश्य राष्ट्रीय सुरक्षा अनुप्रयोगों के लिए एक सॉवरेन अंतरिक्ष-आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस-सक्षम इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (एआई-ईएलआईएनटी) समूह विकसित करना है।

7. भारत ने वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ की : गृह मंत्रालय

केंद्र सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से मुख्य भारतीय वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी है। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले विवरण की संख्या में भी 65 से 70 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इन बदलावों का उद्देश्य वीजा व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुसंगत बनाना और भारत आने वाले विदेशी नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप ढालना है। गृह मंत्रालय ने 27 अगस्त को मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी थी। इससे पहले, अक्टूबर 2025 में भी वीजा श्रेणियों को तर्कसंगत बनाने की प्रक्रिया के तहत मुख्य श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की गई थी।

8. सुनीता विलियम्स बनीं न्यूयॉर्क वेटरन्स डे परेड की ग्रैंड मार्शल, मिला बड़ा सम्मान

भारतीय-अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और नौसेना की सेवानिवृत्त कैप्टन सुनीता विलियम्स को न्यूयॉर्क की वार्षिक वेटरन्स डे (पूर्व सैनिक दिवस) परेड में ग्रैंड मार्शल के रूप में सम्मानित किया गया। उन्होंने बुधवार (स्थानीय समय) को मैनहट्टन के फिफ्थ एवेन्यू पर करीब 20,000 लोगों की परेड का नेतृत्व किया। नासा से जुड़ने से पहले सुनीता विलियम्स टेस्ट पायलट थीं। उन्होंने अंतरिक्ष में तीन मिशनों के दौरान कुल 608 दिन बिताए। एक महिला अंतरिक्ष यात्री के रूप में उन्होंने नौ बार स्पेस वॉक का रिकॉर्ड बनाया, जिसमें कुल 62 घंटे अंतरिक्ष में बिताए। यह 107वीं वार्षिक वेटरन्स डे परेड थी, जिसमें हजारों पूर्व सैनिक, सशस्त्र बल, कानून प्रवर्तन एजेंसियां, सामुदायिक समूह, स्कूल और कई बैंड शामिल हुए। कंपनियों की झांकियों में उनके यहां काम करने वाले पूर्व सैन्य कर्मियों को भी प्रदर्शित किया गया। सुनीता विलियम्स न्यूरोएनाटॉमिस्ट दीपक पांड्या और स्लोवेनियाई मूल की उर्सुलिन पांड्या की बेटी हैं। वे 2024 में बोइंग स्टारलाइनर की पहली मानवयुक्त उड़ान पर गई थीं। मूल रूप से 8 दिन की यात्रा थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर लगभग नौ महीने तक रहना पड़ा था।

9. नित्या रमन लॉस एंजिल्स की मेयर के रूप में पदभार संभालेंगी, न्यूयॉर्क के मेयर के बाद दूसरी भारतवंशी

भारतवंशी नित्या रमन अगले महीने लॉस एंजिल्स की मेयर के रूप में पदभार संभालेंगी। उनके शपथ ग्रहण के साथ ही अमेरिका के दो सबसे बड़े शहरों की कमान भारतीय मूल के अमेरिकियों के हाथों में होगी। वह न्यूयॉर्क के मेयर जोरान ममदानी के साथ मिलकर अमेरिकी स्थानीय प्रशासन में भारतीय प्रवासियों की मौजूदगी का एक अहम पड़ाव तय करेंगी। न्यूयॉर्क में 86 लाख (8.6 मिलियन) और लॉस एंजिल्स में 39 लाख (3.9 मिलियन) को मिलाकर इन शहरों में कुल 1.25 करोड़ (12.5 मिलियन) लोग रहते हैं। ममदानी ने 1 जनवरी को अपना पद संभाला था।

10. भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार रहेगी मजबूत, FY28 में 7.5% GDP ग्रोथ का अनुमान: बैंक ऑफ अमेरिका

भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर चालू वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही (Q3) में सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, सकल मूल्य वर्धित (GVA) वृद्धि दर 8.1 प्रतिशत रह सकती है। बैंक ऑफ अमेरिका (BofA) ग्लोबल रिसर्च की गुरुवार को जारी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि दर का अनुमान 7.4 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। हालांकि, इसमें मामूली बढ़त की संभावना भी जताई गई है। वहीं, वित्त वर्ष 2027-28 में अर्थव्यवस्था के 7.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।

11. भोपाल में पहली बार एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन

11 नवंबर को मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने टूर्नामेंट के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। यह आयोजन इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नाथू बरखेड़ा में किया जाएगा। भोपाल में 19 से 28 नवंबर 2026 तक महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एशिया की छह देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें भारत सहित चीन, जापान, साउथ कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लड लाइट की रोशनी में मुकाबले खेले जाएंगे।

12. प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 2026

9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 18 नवंबर 2026 को कर्नाटक के नागमंगला स्थित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रखी गई है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य संवर्धन, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में इसकी भूमिका को प्रोत्साहित करना है।

13. विश्व निमोनिया दिवस

निमोनिया ऐसी ही बीमारी है, जो हर साल बड़ी संख्या में बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों की जान लेती है। चिंता की बात यह है कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने इस बीमारी से बचाव और उपचार के प्रभावी साधन उपलब्ध करा दिए हैं, फिर भी जागरूकता की कमी, कुपोषण, वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य सुविधाओं तक सीमित पहुंच के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। खासकर पांच साल से कम उम्र के बच्चों के लिए निमोनिया आज भी एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती है। इसी गंभीर समस्या के प्रति दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए हर साल 12 नवंबर को विश्व निमोनिया दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम ‘ए न्यू एरा ऑफ निमोनिया कंट्रोल’ (A New Era of Pneumonia Control) है। विश्व निमोनिया दिवस की शुरुआत वर्ष 2009 में ग्लोबल कोएलिशन अगेंस्ट चाइल्डहुड निमोनिया की पहल पर हुई थी। इसका उद्देश्य बच्चों में निमोनिया से होने वाली मौतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सरकारों, स्वास्थ्य संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं को इसकी रोकथाम के लिए प्रेरित करना था।

14. लोक सेवा प्रसारण दिवस

भारत में हर साल 12 नवंबर को लोक सेवा प्रसारण दिवस मनाया जाता है। यह दिन हर साल राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा आकाशवाणी के माध्यम से दिए गए ऐतिहासिक संबोधन की याद में मनाया जाता है। लोक प्रसारण के इतिहास में 12 नवंबर का दिन महत्वपूर्ण माना जाता है। वर्ष 1947 में 12 नवंबर को महात्मा गांधी ने नई दिल्ली में प्रसारण भवन में अपना पहला और एकमात्र दौरा किया था और उन्होंने कुरुक्षेत्र में रह रहे उन लोगों को संबोधित किया, जो बंटवारे के दौरान विस्थापित हुए थे। इसके बाद, वर्ष 2000 से 12 नवंबर को लोक सेवा प्रसारण दिवस के रूप में मनाया जाने लगा।

15. मशहूर सोशल एक्टिविस्ट संजीत बंकर रॉय का निधन

वे प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक थे। उनका निधन 81 वर्ष की उम्र में हुआ। संजीत तिलोनिया गांव, अजमेर जिला, राजस्थान के रहने वाले हैं। उनका जन्म 30 जून 1945 में हुआ। उन्होंने 1972 में तिलोनिया में सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर की स्थापना की थी। इसे अब बेयरफुट कॉलेज के नाम से जाना जाता है। उन्होंने ग्रामीण भारत और दुनिया भर की कम पढ़ी-लिखी ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा इंजीनियर, शिक्षक और स्वास्थ्यकर्मी बनने के लिए प्रशिक्षित किया। उनके द्वारा किए गए कार्यों के लिए उन्हें सौलर मामा के नाम से भी जाना जाता है। उन्हें वर्ष 1986 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वर्ष 2010 में टाइम मैगजीन ने संजीत को दुनिया की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शामिल किया था। संजीत रॉय ने प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ दून स्कूल में पढ़ाई की थी। वे 1962 से 1967 के बीच दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में पढ़े। उन्होंने 1965 में नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप जीती और तीन बार स्क्वैश वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत को रिप्रेजेंट किया।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/9-september-2026-current-affairs-guruggkwala/

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top