31 October 2026 Current Affairs -GurugGkwala

15–18 minutes


1. प्रधानमंत्री ने एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ का किया उद्घाटन, 15 नवंबर तक चलेगा आयोजन

भारत की सांस्कृतिक विविधता, समृद्ध परंपराओं और राष्ट्रीय एकता की भावना को एक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से गुजरात के एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नर्मदा जिले के एकता नगर में इस सांस्कृतिक महोत्सव का उद्घाटन किया। 15 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की लोककलाओं, क्षेत्रीय व्यंजनों, हस्तशिल्प, परंपराओं और पर्यटन स्थलों की झलक देखने को मिलेगी। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के तहत आयोजित यह महोत्सव ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेगा। शनिवार, 31 अक्टूबर को देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह 426.71 करोड़ रुपए की कुल लागत वाली 31 पर्यटन और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

2. एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया होंगे वायुसेना के नए उप प्रमुख

भारतीय वायुसेना में वरिष्ठ स्तर पर महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को 1 नवंबर, 2026 से वायुसेना का उप प्रमुख (वीसीएएस) नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत हैं। अपने करीब चार दशक लंबे सेवाकाल में उन्होंने लड़ाकू विमान उड़ाने से लेकर कई अहम कमान और स्टाफ संबंधी जिम्मेदारियां निभाई हैं। एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया वायुसेना के उप प्रमुख के रूप में एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित का स्थान लेंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आशुतोष दीक्षित 31 अक्टूबर, 2026 को वायुसेना के 29वें प्रमुख का पदभार ग्रहण करेंगे।

3. इसरो ने अगली पीढ़ी के उपग्रह एनवीएस-3 का सफल प्रक्षेपण किया

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसरो ने अपनी नई पीढ़ी के नौवहन उपग्रह एनवीएस-03 का सफल प्रक्षेपण किया है। इस प्रक्षेपण से भारत की उपग्रह आधारित नौवहन प्रणाली को और मजबूती मिलेगी। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जीएसएलवी-एफ18 रॉकेट ने सफल उड़ान भरी। यह इस रॉकेट की 20वीं उड़ान थी। प्रक्षेपण के बाद उपग्रह रॉकेट से सफलतापूर्वक अलग हुआ और उसे उसकी निर्धारित कक्षा में स्थापित कर दिया गया। एनवीएस-03 इसरो की दूसरी पीढ़ी की नौवहन उपग्रह श्रृंखला का तीसरा उपग्रह है। इसका मुख्य उद्देश्य भारत की स्वदेशी नौवहन प्रणाली ‘नाविक’ की सेवाओं को बेहतर बनाना और उनकी उपलब्धता बढ़ाना है। यह प्रणाली अमरीका की जीपीएस व्यवस्था का स्वदेशी विकल्प है। इस उपग्रह में भारत में बनाई गई परमाणु घड़ी लगाई गई है। इसके अलावा इसमें अन्य परमाणु घड़ियां भी हैं। उपग्रह में एल-5 और एस बैंड के साथ एल-1 आवृत्ति बैंड भी जोड़ा गया है। इससे नौवहन सेवाओं की क्षमता और बेहतर होगी। इन सेवाओं का उपयोग आम नागरिकों के साथ-साथ सुरक्षा और सामरिक कार्यों में भी किया जा सकेगा।

4. केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने पुन:भरण मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च किया

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर पाटिल ने राष्ट्रीय जल मिशन (एनडब्ल्यूएम) के सहयोग से बीआईएसएजी-एन द्वारा विकसित पुनःभरण मोबाइल एप्लिकेशन की शुरूआत की है। जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवन विभाग, जल शक्ति मंत्रालय द्वारा वैज्ञानिक भूजल पुनर्भरण योजना में सहयोग प्रदान किया जाएगा। यह मोबाइल एप्लिकेशन उपयोगकर्ताओं को तीन किलोमीटर तक की दूरी के भीतर संभावित कृत्रिम पुनर्भरण क्षेत्रों की पहचान करने और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर उपयुक्त पुनर्भरण संरचनाओं का पता लगाने में सक्षम बनाता है। यह वेब पोर्टल ग्राम-स्तर के कृत्रिम पुनर्भरण संरचना (एआरएस) ज़ोनिंग मानचित्रों, जीआईएस उपकरणों और विषयगत परतों तक पहुंच प्रदान करता है जो सतत भूजल प्रबंधन के लिए योजना बनाने में सहायता करता है। यह प्लेटफॉर्म वर्षा, भूजल स्तर, भूजल उत्पादन, ढलान और जल निकासी सहित भू-स्थानिक डेटासेट का उपयोग करता है ताकि संभावित पुनर्भरण क्षेत्रों की पहचान करने और उपयुक्त हस्तक्षेपों की योजना बनाने में मदद मिल सके।

5. प्रसार भारती के इंजीनियर नोंगमैथेम नंदकुमार सिंह एबीयू ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित

प्रसार भारती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। प्रसार भारती के इंजीनियर नोंगमैथेम नंदकुमार सिंह को प्रसारण तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित एबीयू ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। श्री नंदकुमार सिंह ने डीडी प्लेआउट और डीडी स्लोमो जैसी तकनीक विकसित की हैं। डीडी प्लेआउट एक स्वदेशी सॉफ्टवेयर है, जिसका उपयोग दूरदर्शन के कई केंद्रों में कार्यक्रमों के प्रसारण के लिए किया जाता है। डीडी स्लोमो का उपयोग खेल प्रतियोगिताओं में धीमी गति से वीडियो दिखाने के लिए किया जाता है। यह पुरस्कार एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन-एबीयू द्वारा दिया जाता है। यह संगठन 66 देशों के लगभग 224 प्रसारण और मीडिया संस्थानों का प्रतिनिधित्व करता है। यह पुरस्कार श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में शुरू हुई एबीयू की 63वीं आम सभा के दौरान प्रदान किया गया। पांच दिन तक चलने वाला यह आयोजन 3 नवंबर को समाप्त होगा।

6. आयुर्वेद के लिए राष्ट्रीय AI चैलेंज लॉन्च, AIIA ने दो संस्थानों के साथ किया समझौता

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) ने आयुर्वेद के क्षेत्र में तकनीक आधारित समाधान विकसित करने को प्रोत्साहित करने के लिए राष्ट्रीय AI चैलेंज लॉन्च किया है। इसके साथ ही पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में अनुसंधान, नवाचार और व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए दो समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। ये घोषणाएं गुरुवार को AIIA के इनक्यूबेशन सेंटर AIIA-iCAINE के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर की गईं। इस मौके पर आयुर्वेद के लिए बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) सुविधा की शुरुआत भी की गई। इसके अलावा उद्यमिता और डिजाइन थिंकिंग पर कार्यशाला आयोजित हुई। ‘आयुषटेक इनोवेट: नेशनल ओपन आयुर्वेद AI चैलेंज’ का आयोजन आईआईटी बॉम्बे के टेकफेस्ट ने आयुष मंत्रालय और AIIA के सहयोग से किया है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, आईआईटी बॉम्बे के ओपन-सोर्स आयुर्वेद लार्ज लैंग्वेज मॉडल ‘आयुपराम’ (AyurParam) का इस्तेमाल करते हुए इस चुनौती का उद्देश्य आयुर्वेद के लिए भरोसेमंद, पारदर्शी, सुरक्षित और व्यावहारिक AI समाधान विकसित करने को प्रोत्साहित करना है। पहला समझौता ‘वर्ल्ड आयुर्वेद फाउंडेशन’ के साथ किया गया है। इसके तहत ‘AI in Ay – Secretariat for Artificial Intelligence in Ayurveda’ की स्थापना की जाएगी। यह मंच आयुर्वेद में AI आधारित अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा। दूसरा समझौता रिलायंस रिटेल लिमिटेड की कंपनी ‘पहाड़ी लोकल’ के साथ किया गया है। इसका उद्देश्य पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान को व्यावसायिक रूप से उपयोगी स्किनकेयर उत्पादों में बदलना है। इसके लिए उत्पादों के फॉर्मूलेशन से जुड़ी सलाह और विशेषज्ञता उपलब्ध कराई जाएगी।

7. UPI और OTP फ्रॉड से डिजिटल अरेस्ट तक, साइबर सुरक्षा के लिए सरकार की नई पहल

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत साइबरदोस्त (CyberDost-I4C) ने MyGov के सहयोग से देशव्यापी साइबर अपराध जागरूकता अभियान 2026 की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य सभी आयु वर्ग के नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अभियान के जरिए नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान करने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने, डिजिटल खातों की सुरक्षा मजबूत करने और साइबर खतरों की स्थिति में जिम्मेदारी से कार्रवाई करने के व्यावहारिक तरीके बताए जाएंगे। इसका उद्देश्य साइबर जागरूक और सुरक्षित भारत के निर्माण में योगदान देना है। अभियान के तहत इंटरैक्टिव क्विज, वास्तविक घटनाओं पर आधारित धोखाधड़ी के उदाहरण, साइबर सुरक्षा से जुड़े कार्य, रचनात्मक गतिविधियां और डिजिटल शपथ जैसी पहल शामिल की गई हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को UPI धोखाधड़ी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट घोटाले, रोमांस स्कैम, फर्जी नौकरी के प्रस्ताव, OTP धोखाधड़ी और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर खतरों की पहचान करना सिखाया जाएगा। अभियान का संदेश है- ‘चुनौती स्वीकार करें, धोखाधड़ी पहचानें और अपनी डिजिटल जिंदगी सुरक्षित करें।’ इसके जरिए नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर जागरूक भारत के निर्माण में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान की टैगलाइन है- ‘रुकें, सोचें, कार्रवाई करें और साइबरदोस्त बनें।’

8. देश में 2011 के बाद अत्‍यधिक गरीबी के आकड़ों में आई कमी: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि देश में अत्‍यधिक गरीबी 2011 से 2023 के बीच 27.1 प्रतिशत से घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की गरीबी और समानता रिपोर्ट में देश की इस उपलब्धि को दुनिया में सबसे तेजी से गरीब लोगों की संख्‍या में कमी लाने वाले देशों में से एक बताया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि इस दौरान 49 करोड़ से अधिक लोग निम्न-मध्यम आय गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में रोजगार भी 2017 से 2023 के बीच 13 करोड़ 40 लाख लोगों तक बढ़ गया। उन्होंने कहा कि रोजगार में हुई इस वृद्धि में ग्रामीण महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है और ग्रामीण और शहरी दोनों परिवारों को कल्याणकारी लाभों का अनुभव हुआ है।

9. श्रीलंका के मत्स्य क्षेत्र में काम करने वाले अधिकारियों को 430 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराएगा भारत

भारत और श्रीलंका के बीच हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत भारत, श्रीलंका के मत्स्य क्षेत्र में काम करने वाले अधिकारियों को 430 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराएगा। इस समझौते पर श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा और श्रीलंका के मत्स्य मंत्रालय के सचिव डॉ. बी. के. कोलिता कमल जिनदासा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर श्रीलंका के मत्स्य मंत्री रामलिंगम चंद्रशेखर भी उपस्थित थे। समझौते के अंतर्गत भारत, श्रीलंका को 26 करोड़ 50 लाख श्रीलंकाई रुपये की अनुदान सहायता देगा। इसका उद्देश्य मत्स्य विभाग के अधिकारियों की आवाजाही और कामकाज को अधिक सुगम और प्रभावी बनाना है।

10. जापान में AMRAAM मिसाइल असेंबली प्लांट लगाएंगे अमेरिका और जापान

अमेरिका और जापान ने जापान में AMRAAM हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल के अंतिम असेंबली और निरीक्षण केंद्र की स्थापना पर सहमति जताई है। जापान ने इसे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोगी देशों के बीच मिसाइल उत्पादन की दिशा में एक महत्वपूर्ण समझौता बताया है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी ने बुधवार को फिलीपींस के सेबू में अमेरिका के युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के साथ बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। दोनों नेताओं की मुलाकात आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-Plus) से इतर हुई थी। कोइजुमी के मुताबिक, दोनों देशों ने संयुक्त रूप से विकसित SM-3 ब्लॉक IIA मिसाइल का उत्पादन बढ़ाने के लिए जरूरी तकनीकी जानकारी साझा करने पर भी सहमति जताई है। यह मिसाइल समुद्र आधारित बैलिस्टिक मिसाइल इंटरसेप्टर है। ये दोनों पहल ‘ऑपरेशन सुपरचार्ज’ का हिस्सा हैं। AMRAAM मिसाइल का निर्माण अमेरिकी कंपनी RTX की इकाई रेथियॉन करती है। इसका इस्तेमाल F-35 सहित कई लड़ाकू विमानों और जमीन आधारित वायु रक्षा प्रणालियों में किया जाता है।

11. भारत और श्रीलंका की नौसेना का शक्ति प्रदर्शन

भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टीएस) जहाज, आईएनएस तीर, आईएनएस सुजाता और आईसीजीएस सारथी सफल बंदरगाह यात्रा के समापन के बाद 29 अक्टूबर, 2026 को श्रीलंका के कोलंबो से प्रस्थान किया। कोलंबो से प्रस्थान के समय, प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन (1टीएस) के जहाजों ने एसएलएनएस नंदीमित्र के साथ एक पैसेज अभ्यास (पीएएसएसईएक्‍स) किया। इस अभ्यास से समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास को बढ़ावा मिला तथा दोनों समुद्री बलों के बीच परिचालन समन्वय और पारस्परिक कार्यक्षमता में वृद्धि हुई।

12. मनीषा भनवाला का ऐतिहासिक दांव, वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत को दिलाया पहला स्वर्ण पदक

भारतीय कुश्ती के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। महिला पहलवान मनीषा भनवाला ने कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित सीनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। महिला 59 किग्रा वर्ग के फाइनल में उन्होंने अमेरिका की एबिगेल नेट को 8-6 से हराया। मुकाबले में एक समय 0-6 से पिछड़ने के बावजूद मनीषा ने जबरदस्त वापसी की और भारत को इस चैंपियनशिप का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मनीषा विश्व कुश्ती चैंपियनशिप के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बन गई हैं। जबकि पूरे चैंपियनशिप इतिहास में वह दिग्गज पहलवान सुशील कुमार के बाद स्वर्ण पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय पहलवान बन गई हैं।

13. रेसलर काजल और नीलम ने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियन ने सिल्वर मेडल जीता

29 अक्टूबर को रेसलर काजल ढोचक ने वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियन में भारत को सिल्वर मेडल जीता। काजल वर्ल्ड चैंपियनशिप में हैवी वेट (76 KG) कैटेगरी में मेडल जीतने वाली पहली भारतीय रेसलर बन गई हैं। फाइनल में यूक्रेन की अनास्तासिया अल्पीयेवा ने काल को 8-6 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। कजाकिस्तान के अस्ताना में 26 साल की नीलम 50 KG के फाइनल में जापान की युई सुसाकी से पिन-फॉल के आधार पर हार गईं। भारत ने सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में नया रिकॉर्ड बनाया। पहली बार एक ही एडिशन में भारत की 2 महिला पहलवानों ने फाइनल तक का सफर तय किया। इससे पहले 2021 में ओस्लो में हुई चैंपियनशिप में अंशु मलिक ने सिल्वर मेडल जीता था। काजल अपने करियर का पहला सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेल रही थीं। काजल ने इससे पहले 2025 में U20 वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड मेडल जीता था। 2021 के बाद वह सीनियर विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली और रजत पदक जीतने वाली इतिहास की दूसरी भारतीय महिला पहलवान बनीं।

14. मुंबई इंडियंस ने रॉबिन उथप्पा को सौंपी बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब पांच बार जीत चुकी मुंबई इंडियंस (एमआई) ने रॉबिन उथप्पा को आईपीएल 2027 से पहले अपना बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। एमआई ने अपने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। रॉबिन उथप्पा ने भारत के लिए 46 वनडे और 13 टी20 मैच खेले हैं। उथप्पा 2007 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं।

15. राष्ट्रीय एकता दिवस

भारत की एकता और अखंडता की जब भी बात होती है, सरदार वल्लभभाई पटेल का नाम सबसे पहले याद आता है। देश को एक सूत्र में पिरोने और सैकड़ों रियासतों को भारतीय संघ में शामिल कर मजबूत राष्ट्र की नींव रखने वाले लौह पुरुष की जयंती हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। वर्ष 2026 में देश सरदार पटेल की 151वीं जयंती मना रहा है। 1947 में स्वतंत्रता के समय भारत केवल ब्रिटिश शासन से मुक्त हुआ भूभाग नहीं था, बल्कि देश के भीतर बड़ी संख्या में रियासतें भी थीं। इन रियासतों के सामने भारत या पाकिस्तान में शामिल होने अथवा अलग रहने का विकल्प था। ऐसी परिस्थितियों में देश के राजनीतिक एकीकरण का काम अत्यंत जटिल था। सरदार पटेल ने तत्कालीन गृह सचिव वी.पी. मेनन के साथ मिलकर रियासतों के भारत में विलय की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। अधिकांश रियासतों का एकीकरण बातचीत और सहमति के माध्यम से हुआ। इस प्रक्रिया ने भारत की अखंडता को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभाई।

16. विश्व मितव्ययिता दिवस

विश्व मितव्ययिता दिवस की शुरुआत वर्ष 1924 में इटली के मिलान में आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय बचत बैंक कांग्रेस से हुई थी, जिसमें 27 देशों के 350 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसी सम्मेलन में लोगों को बचत और आर्थिक अनुशासन के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया, जो आगे चलकर ‘विश्व मितव्ययिता दिवस’ के रूप में लोकप्रिय हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य नियमित बचत की आदत विकसित करना, बैंकिंग सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित समाज का निर्माण करना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह 31 अक्टूबर को मनाया जाता है, जबकि भारत में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के कारण इसे 30 अक्टूबर को मनाने की परंपरा है।

17. विश्व शहर दिवस

विश्व शहर दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 2014 में हुई थी। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रस्ताव 68/239 के माध्यम से 31 अक्टूबर को विश्व शहर दिवस घोषित किया था। इसका प्रमुख उद्देश्य तेजी से बढ़ते शहरीकरण से पैदा होने वाले अवसरों और चुनौतियों की ओर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान आकर्षित करना, विभिन्न देशों के बीच सहयोग बढ़ाना और सतत शहरी विकास को प्रोत्साहित करना है। वर्ष 2026 के विश्व शहर दिवस की थीम ‘शहरों का पुनरुद्धार: सभी के लिए पर्याप्त आवास’ (Regenerating the City: Adequate Housing for All) है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top