10–13 minutes
1. राष्ट्रपति ने फ्रंटियर नागालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी विधेयक 2026 को मंजूरी दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फ्रंटियर नागालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी-एफ.एन.टी.ए विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी है। नागालैंड विधानसभा ने इस विधेयक को तीन सितंबर, 2026 को सर्वसम्मति से पारित किया था। मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। श्री रियो ने विधेयक को मंजूरी देने के लिए राष्ट्रपति मुर्मु का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रक्रिया में समन्वय के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी धन्यवाद दिया। यह विधेयक FNTA के गठन का प्रावधान करता है, जो राज्य के पूर्वी क्षेत्र — जिसमें छह पूर्वी जिले (ट्वेनसांग, मोन, लोंगलेेंग, किफिरे, नोकलाक और शमाटोर) शामिल हैं — को विधायी, कार्यकारी और वित्तीय स्वायत्तता प्रदान करता है। यह विधेयक संविधान के अनुच्छेद 371A की भावना के अनुरूप FNTA की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है। इसके तहत नागालैंड के भीतर क्षेत्रीय स्तर पर लोकतांत्रिक और विकेंद्रीकृत स्व-शासन की व्यवस्था की गई है, जिसमें विधायी, कार्यकारी और वित्तीय स्वायत्तता शामिल है।
2. वाराणसी के भव्य एअर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य एअर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के तीसरे और अंतिम दिन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आयोजन वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ पर किया गया था। कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी उपस्थित थे। शो में, वायुसेना की शक्ति और शौर्य का शानदार प्रदर्शन किया गया। लड़ाकू विमानों– तेजस, ‘लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड’, चेतक, चिनूक और राफेल की गर्जना से आकाश गूंज उठा। परिवहन विमानों ने भी प्रदर्शनी में भाग लिया।
3. प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी में नई कपड़ा विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई कपड़ा विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। लगभग 150 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित यह इकाई उत्तर प्रदेश में अरविंद लिमिटेड की पहली विनिर्माण इकाई है। इससे 1,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जिनमें बड़ी संख्या महिलाओं की होगी। 5.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस संयंत्र का कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 65,000 वर्ग फुट है। यहां उन्नत स्वचालित सिलाई तकनीक के माध्यम से निटवियर यानी बुने हुए कपड़ों से बने परिधानों का निर्माण किया जाएगा।
4. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में आरबीआई के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह सुविधा डेटा सुरक्षा को मजबूत करेगी और भारत के डिजिटल वित्तीय बुनियादी ढांचे को और अधिक लचीला व सुरक्षित बनाएगी। ओडिशा में RBI का देश का दूसरा डेटा सेंटर (नवी मुंबई के खारघर में पहला) स्थापित हो रहा है, जो राज्य के बढ़ते तकनीकी बुनियादी ढांचे में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना साइबर सुरक्षा और उभरती हुई तकनीकों – जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग – के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण और अनुसंधान को बढ़ावा देगी। इसके साथ बना साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, एंटरप्राइज़ कंप्यूटिंग और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में विशेष प्रशिक्षण, अनुसंधान और क्षमता निर्माण के लिए एक समर्पित केंद्र के रूप में काम करेगा। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों पर भी ध्यान केंद्रित करेगा।
5. एनआईएफटीईएम-के ने भारत के पहले ‘एआई × फूड टेक हैकाथॉन’, ‘हैक द फोर्क’ का आयोजन किया

राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान, कुंडली (एनआईएफटीईएम-के) ने ‘हैक द फोर्क‘ का आयोजन किया। यह भारत का पहला ‘एआई × फूड टेक हैकाथॉन’ था। इसका मुख्य उद्देश्य वैकल्पिक प्रोटीन उद्योग की वास्तविक चुनौतियों को हल करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सदुपयोग करना था। 24 घंटे तक चले इस हैकाथॉन का उद्घाटन 24 अक्टूबर को ‘हैक द फोर्क’ की निदेशक सुश्री ऐलिस पीजी ने किया था। 25 अक्टूबर को संपन्न हुए इस कार्यक्रम में, भाग लेने वाली टीमों ने विशेषज्ञों की जूरी के सामने अपने नवीन समाधान प्रस्तुत किए। फ्रांस स्थित गैर-लाभकारी पहल ‘हैक द फोर्क’ द्वारा एनआईएफटीईएम-के के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य टिकाऊ खाद्य प्रणालियों के लिए एआई-आधारित समाधान खोजने हेतु युवा नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और तकनीक के उत्साही समर्थकों को एक साथ लाना था।
6. NCB द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के तहत 38 टीमों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में एक साथ 38 जगहों पर छापेमारी की

मोदी सरकार ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ा प्रहार किया। NCB द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट‘ के तहत 38 टीमों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में एक साथ 38 जगहों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई नशीले पदार्थों के खिलाफ मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति और जब्ती-केंद्रित कार्रवाई से आगे बढ़कर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति के अनुरूप है। तीनों राज्यों में केंद्रीय एजेंसियों और राज्य पुलिस बलों ने अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ एवं वित्तीय सिंडिकेट के खिलाफ बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाया। ‘नारकोटिक्स कंट्रोल विजन डॉक्यूमेंट (2026-2029)’ के अनुरूप, ऑपरेशन ट्राइडेंट केवल नशीले पदार्थों को जब्त करने के बजाय, पूरे नेटवर्क को तोड़ने और उनके वित्तीय स्रोतों को नष्ट करने की नई रणनीति पर केन्द्रित है, जिससे अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोहों को जड़ से खत्म किया जा सके।
7. UNEP उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट 2026

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने अपनी प्रमुख उत्सर्जन अंतराल रिपोर्ट (EGR) 2026 का 17वाँ संस्करण जारी किया है, जिसका शीर्षक “द पॉइंट ऑफ रिटर्न: 1.5°C के अतिक्रमण के बाद पुनः सीमा के भीतर आने के लिये तत्काल उत्सर्जन कटौती आवश्यक” है। रिपोर्ट में कहा गया है कि “नो ऑर लिमिटेड” अतिक्रमण के साथ वैश्विक तापन को 1.5°C तक सीमित करने का अवसर समाप्त हो चुका है। यह रिपोर्ट COP31 (UNFCCC के पक्षकारों का 31वाँ सम्मेलन) (अंताल्या, तुर्किये, नवंबर 2026) से ठीक पहले जारी की गई है। UNEP के न्यूनतम तापमान अतिक्रमण वाले परिदृश्य में अनुमान लगाया गया है कि चरम तापन को 1.7–1.8°C तक सीमित करने की 66% संभावना और वर्ष 2100 तक इसे पुनः 1.5°C तक लाने की 50% संभावना है, बशर्ते कठोर उत्सर्जन कटौती तत्काल शुरू की जाए। तत्काल शमन के बिना, वर्तमान स्तर पर उत्सर्जन के प्रत्येक पाँच वर्ष से लगभग 200 GtCO₂ अतिरिक्त उत्सर्जित होगा, जिससे चरम तापन में लगभग 0.1°C की वृद्धि होगी। इस मार्ग के लिये इस सदी में लगभग 320 GtCO₂ कार्बन डाइऑक्साइड निष्कासन की भी आवश्यकता होगी, जिसकी बड़े पैमाने पर व्यवहार्यता अभी भी अनिश्चित है। चीन और अमेरिका के बाद तीसरा सबसे बड़ा कुल उत्सर्जक (लगभग 4.5 गीगाटन CO₂e) होने के बावजूद भारत का प्रति व्यक्ति उत्सर्जन (लगभग 3.1 टन CO₂e) विश्व औसत (6.4 टन CO₂e) के आधे से भी कम है, जो साझा किंतु विभेदित उत्तरदायित्व एवं संबंधित क्षमताओं (CBDR-RC) के सिद्धांत को रेखांकित करता है।
8. रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल बढ़ा

24 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। सिंह अब 31 अक्टूबर 2027 तक या अगले आदेश तक जो भी पहले हो, इस पद पर बने रहेंगे। उनका वर्तमान कार्यकाल 31 अक्टूबर को समाप्त होने वाला था। राजेश कुमार सिंह ने 1 नवंबर 2024 को 40वें रक्षा सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था। मोदी सरकार में किसी रक्षा सचिव का ये दूसरा सबसे लंबा कार्यकाल होगा। वे करीब 1095 दिन तक इस पद पर रहेंगे। केरल कैडर के 1989 बैच के IAS अधिकारी राजेश कुमार सिंह को रक्षा क्षेत्र में ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बढ़ावा देने और DRDO में सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए एक साल का एक्सटेंशन दिया गया है। राजेश 1989 बैच के केरल कैडर के IAS हैं। वे पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में संयुक्त सचिव समेत अलग-अलग मंत्रालय में रहे हैं।
9. लियोनेल मेसी को ‘प्रिंसेस ऑफ ऑस्टुरियस अवॉर्ड’ मिला

24 अक्टूबर को दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी को स्पेन का सबसे प्रतिष्ठित खेल सम्मान प्रिंसेस ऑफ ऑस्टुरियस अवॉर्ड दिया गया। मेसी को स्पेन की राजकुमारी लियोनोर ने ये अवॉर्ड दिया। लियोनोर स्पेन के सिंहासन की अगली उत्तराधिकारी हैं और उन्हीं के नाम पर ये पुरस्कार दिए जाते हैं। मेसी को पुरस्कार के साथ पार्चमेंट पर लिखा औपचारिक प्रमाणपत्र दिया गया। लियोनोर ने उनके अनूठे करियर की तारीफ की। 39 वर्षीय मेसी को जून में इस पुरस्कार के लिए चुना गया था। जूरी ने उन्हें शानदार करियर और वंचित बच्चों के स्वास्थ्य-शिक्षा में मदद के लिए ये अवार्ड दिया गया है। इसके साथ ही ब्रिटिश लेखक जूलियन बार्न्स, अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री क्रिस्टीना कोच और पंक स्टार पैटी स्मिथ समेत अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार मिला। मेसी ने आठ बॉलोन डी’ओर खिताब, एक वर्ल्ड कप और क्लब लेवल पर दर्जनों ट्रॉफियां जीती हैं। मेसी अर्जेंटीना के सबसे ज्यादा गोल करने वाले, सबसे ज्यादा असिस्ट देने वाले और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं।
10. अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस

कला केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि समाज के इतिहास, संस्कृति, विचारों और सामूहिक स्मृतियों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। कलाकार अपनी रचनाओं के जरिए अपने समय और समाज की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं तथा मानवीय संवेदनाओं और कल्पनाओं को नया आयाम देते हैं। इसी रचनात्मक योगदान और साधना को सम्मान देने के लिए प्रत्येक वर्ष 25 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस (International Artists Day) मनाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस की शुरुआत वर्ष 2004 में कनाडाई चित्रकार क्रिस मैकक्लर ने की थी। इसका उद्देश्य कलाकारों के योगदान को पहचान दिलाना और समाज में कला के प्रति सम्मान बढ़ाना है। 25 अक्टूबर विश्व प्रसिद्ध स्पेनिश चित्रकार पाब्लो पिकासो की जयंती भी है। उनका जन्म 25 अक्टूबर, 1881 को हुआ था। अपनी विशिष्ट शैली और प्रयोगधर्मिता से उन्होंने आधुनिक चित्रकला को नई दिशा दी।
11. पद्म श्री शेफ दामोदरन (दामु) का निधन

25 अक्टूबर को मशहूर तमिल शेफ और टीवी स्टार दामोदरन कोठंडारमन का 72 साल की उम्र में निधन हो गया। दामोदरन ‘शेफ दामू‘ के नाम से जाने जाते थे, उन्हें 2025 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। शेफ दामु कैटरिंग के क्षेत्र में हजारों लोगों के लिए एक मिसाल थे। उन्होंने 25 से ज्यादा किताबें लिखीं और पारंपरिक तमिल व्यंजनों को दुनिया भर में मशहूर किया। शेफ दामू ने चेन्नई के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट से पढ़ाई करने के बाद, तमिलनाडु पर्यटन विकास निगम (TTDC) में मैनेजमेंट ट्रेनी के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में 2004 में दामू ने मद्रास यूनिवर्सिटी से होटल मैनेजमेंट और कैटरिंग टेक्नोलॉजी में PhD की डिग्री हासिल की। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय शेफ थे। इसके साथ ही उन्होंने होटल मैनेजमेंट इंस्टीटयूट्स में पढ़ाया और उनको लीड भी किया और कुकबुक लिखीं। 2008 से 2011 के बीच तमिलनाडु की स्कूली मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) योजना को बेहतर बनाने में मदद की थी और 1,40,000 कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी थी। दामू ने 2010 में लगातार 24 घंटे से ज्यादा समय तक कुकिंग करके 617 पकवान बनाए थे, जिसके लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://guruggkwala.com/9-september-2026-current-affairs-guruggkwala/
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
