15–18 minutes
1. राष्ट्रपति मुर्मु ने वंदे मातरम् के अपमान को अपराध बनाने वाले विधेयक को मंजूरी दी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को उस विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसमें राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन में जानबूझकर बाधा डालने या उसे रोकने को अपराध बनाया गया है। इस कानून के तहत वंदे मातरम् को वही कानूनी संरक्षण मिलेगा, जो वर्तमान में राष्ट्रगान को प्राप्त है। सरकार की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। राष्ट्रपति की मंजूरी के साथ, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026 कानून बन गया है। लोकसभा में 30 जुलाई 2026 को यह विधेयक पारित हुआ था, जबकि राज्यसभा ने इसे एक दिन पहले ही मंजूरी दे दी थी। इस कानून के तहत वंदे मातरम् को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान दर्जा प्राप्त है।
2. PM E-DRIVE योजना मार्च 2028 तक बढ़ी, ई-2-व्हीलर पर 5,000 रुपये तक प्रोत्साहन

सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और घरेलू विनिर्माण को मजबूत करने के लिए PM E-DRIVE योजना को दो साल बढ़ाकर 31 मार्च 2028 तक कर दिया है। योजना का कुल परिव्यय 11,900 करोड़ रुपये है। भारी उद्योग मंत्रालय के अनुसार, योजना का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने, चार्जिंग बुनियादी ढांचे के विकास और देश में इलेक्ट्रिक वाहन विनिर्माण तंत्र को मजबूत करना है। संशोधित प्रावधानों के तहत 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2028 तक पंजीकृत इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को खरीद पर प्रोत्साहन मिलेगा। इसके तहत 2,500 रुपये प्रति किलोवाट-घंटा की दर से प्रोत्साहन दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा 5,000 रुपये प्रति वाहन होगी। हालांकि, इस प्रोत्साहन का लाभ उन्हीं इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को मिलेगा, जिनकी अधिकतम एक्स-फैक्ट्री कीमत 1.5 लाख रुपये है। योजना के तहत अधिकतम 45,79,120 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को समर्थन दिया जाएगा। इसके लिए मंत्रालय की ओर से कुल 2,767 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता निर्धारित की गई है।
3. 2025 में दुनिया का नंबर-1 शिप रिसाइक्लिंग राष्ट्र बना भारत, वैश्विक हिस्सेदारी 35.4% पहुंची

भारत वर्ष 2025 में जहाज रिसाइक्लिंग (Ship Recycling) के क्षेत्र में दुनिया में पहले स्थान पर रहा। एक आधिकारिक फैक्टशीट के अनुसार, वैश्विक जहाज रिसाइक्लिंग में भारत की हिस्सेदारी 2024 के 30.1 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 35.4 प्रतिशत हो गई है। भारत में जहाज रिसाइक्लिंग की मात्रा भी 2024 के 1.86 मिलियन ग्रॉस टन (GT) से बढ़कर 2025 में 2.99 मिलियन GT हो गई। यह लगभग 60 प्रतिशत की वृद्धि है। फैक्टशीट के अनुसार, गुजरात का अलंग-सोसिया शिप रिसाइक्लिंग क्लस्टर भारत की जहाज रिसाइक्लिंग क्षमता की रीढ़ है। इसे दुनिया का सबसे बड़ा जहाज रिसाइक्लिंग केंद्र माना जाता है और भारत की कुल जहाज रिसाइक्लिंग गतिविधियों में इसकी हिस्सेदारी करीब 98 प्रतिशत है। अलंग-सोसिया क्लस्टर की वार्षिक रिसाइक्लिंग क्षमता करीब 60 लाख GT है। यहां प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किए बिना हर साल लगभग 3.50 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) स्टील का उत्पादन किया जाता है।
4. दीप्ति गौर मुखर्जी नई हायर एजुकेशन सेक्रेटरी बनीं

10 अगस्त को केंद्र सरकार ने IAS दीप्ति गौर मुखर्जी को नया हायर एजुकेशन सेक्रेटरी अपॉइंट किया। दीप्ति गौर मुखर्जी 1993 बैच की मध्य प्रदेश कैडर की IAS अधिकारी हैं। दीप्ति अभी तक कॉरपोरेट मामलों की सेक्रेटरी के तौर पर काम कर रही थीं। वे विनीत जोशी की जगह लेंगी। विनीत जोशी को पिछले महीने पंचायती राज मंत्रालय का सेक्रेटरी अपॉइंट किया गया था। दीप्ति 2024 से अब तक कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय की सेक्रेटरी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) की CEO जैसे महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं। वह राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की सीईओ रह चुकी हैं। इस दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उनके प्रमुख कामों में शामिल रही। इसके अलावा उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के तौर पर भी काम किया है।
5. भारत में 11 नए इंटरनेशनल पोर्ट्स से एंट्री होगी

11 अगस्त को इंटरनेशनल पोर्ट्स यानी एंट्री गेट्स को मंजूरी दी है, जिससे ई-वीजा वाले विदेशी नागरिक भारत में एंट्री ले सकेंगे। गृह मंत्रालय ने बताया कि इस नोटिफिकेशन में 9 जमीनी रास्ते (लैंड पोर्ट्स) और 2 एयरपोर्ट शामिल हैं। इन एंट्री पॉइंट्स में भोपाल और तिरुपति के एयरपोर्ट और अटारी व अगरतला के रोड भी शामिल हैं। मंत्रालय के मुताबिक भारत लगभग 95 प्रतिशत ई-वीजा आवेदनों को 72 घंटे से भी कम समय में प्रोसेस कर लेता है। इन नए पोर्ट्स के जुड़ने के बाद, ई-वीजा वाले विदेशी नागरिकों की एंट्री के लिए उपलब्ध इंटरनेशनल पोर्ट्स की कुल संख्या बढ़कर 88 हो गई है। इसमें 37 एयरपोर्ट, 38 सी-पोर्ट (समुद्री बंदरगाह) और 13 लैंड पोर्ट शामिल हैं।
6. विपक्ष के विरोध के बीच लोकसभा में केरल का नाम बदलने वाला बिल पास, अब ‘केरलम’ नाम से जाना जाएगा

लोकसभा में विपक्ष के सांसदों की लगातार नारेबाजी के बीच मंगलवार को ‘केरल (नाम परिवर्तन) बिल, 2026’ को ध्वनि मत से पास कर दिया गया। इस बिल में केरल राज्य का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का प्रस्ताव है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सदन में यह बिल पेश किया, जबकि विपक्षी सांसद 20 जुलाई को नीट प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी और बयान की मांग करते हुए नारेबाजी करते रहे। गौरतलब है कि केरल विधानसभा ने 24 जून, 2024 को ‘केरल’ का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने का प्रस्ताव पास किया था। इस प्रस्ताव में कहा गया,”मलयालम भाषा में हमारे राज्य का नाम ‘केरलम’ है।” इसके बाद, केरल सरकार ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत ‘केरल’ का नाम बदलकर ‘केरलम’ करने के लिए संविधान की पहली अनुसूची में संशोधन करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।
7. अंतर्राष्ट्रीय भाषा विज्ञान ओलंपियाड में भारत ने 4 पदक जीते

10 अगस्त को अंतर्राष्ट्रीय भाषाविज्ञान ओलंपियाड 2026 में भारत ने 1 स्वर्ण और 3 कांस्य समेत कुल 4 पदक जीते। प्रतियोगिता रोमानिया के बुखारेस्ट में आयोजित हुई और श्रीलक्ष्मी वेंकटरामन ने स्वर्ण पदक जीता। आरव अनिल राव, निशांत शंकर लक्ष्मणन और अद्वय मिश्रा ने कांस्य पदक जीता। इस प्रतियोगिता में सोहम अमित पेडनेकर को विशेष सम्मान दिया गया। इस प्रतियोगिता में 40 से ज्यादा देशों के स्कूली छात्र हिस्सा लेते हैं। यह ओलंपियाड क्लास 6 से 8 वीं के बीच और क्लास 9-12 के स्कूली छात्रों के बीच होता है। तर्क और एनालिसिस एबिलिटी का उपयोग करके अपरिचित भाषाओं में पैटर्न पहचानने की उनकी क्षमता को चेक किया जाता है। पार्टिसिपेंट्स को अनजान भाषाओं पर आधारित प्रॉब्लम दी जाती हैं और उन्हें लॉजिक और रीजनिंग का इस्तेमाल करके पैटर्न ढूंढ़ना होते हैं। ये 23वां इंटरनेशनल लिंग्वस्टिक ओलंपियाड था। भारत इस ओलंपियाड में 2009 से हिस्सा ले रहा है।
8. भारत ने जिनेवा को मोर डोनेट किये

11 अगस्त को भारत ने जिनेवा में यूनाइटेड नेशन ऑफिस (UNOG) को पांच मोर दान करने की जानकारी दी। ये मोर भारत के स्थायी प्रतिनिधि अरिंदम बागची ने UNOG की डायरेक्टर जनरल तात्याना वालोवाया को सौंपे। इन पांच मोरों में चार नीले मोर और एक सफेद पंखों वाला नर मोर शामिल है, जो संयुक्त राष्ट्र से जुड़े नीले और सफेद रंगों को दर्शाते हैं। इस दौरान देश की समृद्ध प्राकृतिक विरासत और बहुपक्षवाद के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। ये दूसरी बार है जब भारत ने UNOG को मोर भेंट किए हैं। 1981 में, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दिल्ली चिड़ियाघर से प्रजनन करने वाला एक जोड़ा भेजा था। शुरुआत में ये मोर लगभग तीन महीने तक एक सुरक्षित बाड़े में रहेंगे, जिसके बाद उन्हें एरियाना पार्क में स्वतंत्र रूप से घूमने के लिए छोड़ा जाएगा। 46 हेक्टेयर में फैला एरियाना पार्क जिनेवा के सबसे बड़े और सबसे प्रतिष्ठित पार्कों में से एक है। जिनेवा शहर ने यह पार्क पहले ‘लीग ऑफ नेशंस’ और बाद में संयुक्त राष्ट्र को उसके कार्यालयों के लिए उपलब्ध कराया था।
9. अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने चंद्र बेस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इसरो को किया आमंत्रित

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को अपने चंद्र बेस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। ये आमंत्रण आर्टेमिस समझौते के तहत दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत करता है। भारत और अमरीका ने समझौते के तहत खुले वैज्ञानिक डेटा को साझा करने पर सहयोग के लिए चर्चा को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। भारत-अमरीका नागरिक अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की नौवीं बैठक 5 और 6 अगस्त को बेंगलुरु स्थित इसरो के मुख्यालय में आयोजित की गई थी। इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और भारत में अमरीकी राजदूत सर्जियो गोर ने उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। उन्होंने द्विपक्षीय अंतरिक्ष सहयोग को और मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया।
10. मृत्युदंड समाप्त करने वाला अरब जगत का पहला देश बना लेबनान

लेबनान, मृत्युदंड समाप्त करने वाला अरब जगत का पहला देश बन गया है। लेबनान की संसद ने इस सजा को आजीवन कारावास और कठोर श्रम से बदलने की घोषणा की। हिजबुल्लाह के संसदीय गुट को छोड़कर लेबनान की 128 सदस्यीय संसद के अधिकांश सदस्यों ने मृत्युदंड समाप्त करने के पक्ष में मतदान किया।
11. पश्चिम एशिया संकट के बावजूद बेहतर स्थिति में भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था: फिच रेटिंग्स

वैश्विक रेटिंग एजेंसी फिच रेटिंग्स ने भारत की सॉवरेन रेटिंग ‘ट्रिपल बी माइनस पर यथावत् रखी है। एजेंसी ने कहा है कि यह भारत की प्रबल विकास संभावनाओं और सशक्त बाह्य वित्तीय बुनियादी स्थिति को दर्शाता है। फिच ने भारत के लिए स्थिर दृष्टिकोण भी बनाए रखा है और कहा है कि पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न ऊर्जा संकट की चुनौतियों के बावजूद भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था बेहतर स्थिति में बनी हुई है। फिच रेटिंग्स ने कहा है कि देश में व्यापक आर्थिक स्थिरता संतुलित है और नीतिगत विश्वसनीयता में सुधार जारी है, जो आगे भी प्रगति का आधार बनेगा। एजेंसी ने अनुमान व्यक्त किया है कि अगले वर्ष मार्च में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में जीडीपी वृद्धि 6.4 प्रतिशत रहेगी।
12. बांग्लादेश रेलवे के लिए कपूरथला रेल डिब्बा कारखाने ने तैयार किया 19 एलएचबी कोच का पहला रेक

रेल डिब्बा कारखाना (आरसीएफ), कपूरथला 12 अगस्त 2026 को बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री डिब्बों वाले पहले रेक के रोल-आउट के साथ एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। इन डिब्बों को बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। रेक में 3 एसी स्लीपर कार, 3 एसी चेयर कार, 11 नॉन-एसी चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं। कोचों की विद्युत प्रणाली को भी बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों के अनुरूप विशेष रूप से 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। इसके विपरीत भारतीय रेल के कोचों में सामान्यतः 750 वोल्ट प्रणाली का इस्तेमाल किया जाता है। आरसीएफ और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत वर्ष 2015-16 में हुई थी। उस समय आरसीएफ ने बांग्लादेश रेलवे को 120 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति की थी। इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में एक बार फिर राइट्स (RITES) के माध्यम से आरसीएफ को सात अलग-अलग प्रकार के 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का प्रतिष्ठित ऑर्डर दिया।
13. समुद्री सुरक्षा और निगरानी होगी मजबूत, नौसेना में शामिल हुई ‘श्रुति’

भारतीय नौसेना के बेड़े में मंगलवार को नई पीढ़ी की स्वदेशी अपतटीय गश्ती पोत ‘श्रुति’ शामिल होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। यार्ड 3037 ‘श्रुति’ का गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई), कोलकाता में जलावतरण किया गया। इस पोत को देश में ही डिजाइन और निर्मित किया जा रहा है। नई पीढ़ी की अपतटीय गश्ती पोतों की यह श्रृंखला भारतीय नौसेना की समुद्री निगरानी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। पोत का नाम ‘श्रुति’ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और वैदिक विरासत से लिया गया है। ‘श्रुति’ चारों वेदों को संदर्भित करता है। पोत के प्रतीक चिह्न में उर्सा मेजर तारामंडल और लाल एवं सफेद रंग का प्रकाशस्तंभ दर्शाया गया है। प्रकाशस्तंभ समुद्र में मार्गदर्शन और सुरक्षा का प्रतीक है, जबकि तारामंडल समुद्री दिशा-निर्धारण और नौवहन की परंपरा को दर्शाता है।
14. FIH ने हॉकी के नियमों में बदलाव किया

11 अगस्त को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने पुरुष और महिला वर्ल्ड कप 2026 में कॉमपीटीशन के नियमों और स्ट्रक्चर में बदला किया है। नए नियम के मुताबिक, अब क्वार्टर फाइनल को खत्म कर दिया गया है और दोनों क्रॉसओवर पूलों से टॉप-2 टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जाएगा। नए फॉर्मेट में टीमों के पास शुरुआत से ही गलतियां कम होंगी क्योंकि पहले पूल के परिणाम अगले चरण में भी लागू हो सकते हैं। भारत की पुरुष टीम को पूल डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है, जबकि भारतीय महिला टीम को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका का सामना करना होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत प्रत्येक प्रतियोगिता की 16 टीमों के साथ होगी, जिन्हें चार-चार टीमों के चार पूल में बांटा जाएगा। 15 से 20 अगस्त तक हर टीम अपने पूल की अन्य टीमों के खिलाफ तीन मैच खेलेगी और अंतिम रैंकिंग के आधार पर अगले चरण की टीमों का निर्धारण होगा।
15. नाइजीरिया के लागोस में राष्ट्रमण्डल अंडर – 23 तलवारबाजी चैंपियनशिप में भारत ने 17 पदक जीते

नाइजीरिया के लागोस में राष्ट्रमण्डल अंडर – 23 तलवारबाजी चैंपियनशिप के पहले दिन भारत ने प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, चार रजत, और नौ कांस्य पदक सहित 17 पदक जीते। रविवार को शुरू हुई प्रतियोगिता 14 अगस्त तक चलेगी। पुरुषों की सेबर स्पर्धा में निखिल वाघ ने स्वर्ण और लक्ष्य बडसेर ने रजत पदक हासिल किया। अश्विनी आर्य और लैशराम मोराम्बा ने कांस्य पदक जीते। पुरुषों की फ़ॉइल स्पर्धा में तेजस पाटिल ने रजत और हेमाश सनासम ने कांस्य पदक प्राप्त किया। पुरुषों की एपी स्पर्धा में लोकेश वेमानी ने रजत और शौर्य अश्विनी तथा गॉडविन एंकबेस ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में, जॉयस अशिता ने फ़ॉइल स्पर्धा में स्वर्ण और कनाग-लक्ष्मी ने रजत पदक प्राप्त किया। प्राची लोहान ने एपी स्पर्धा का स्वर्ण और निवेध्या नायर तथा अनुप्रिया ने कांस्य पदक हासिल किए। सेबर स्पर्धा में जेफरलिन ने स्वर्ण और आखरी शर्मा ने रजत तथा श्रेया गुप्ता ने कांस्य पदक जीता।
16. विश्व हाथी दिवस

दुनिया के सबसे बड़े स्थलीय जीव के संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल 12 अगस्त को विश्व हाथी दिवस मनाया जाता है। यह दिन हाथियों के सामने मौजूद खतरों और उनके संरक्षण की जरूरत पर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने का अवसर देता है। हाथियों को कई बार जंगल का ‘इकोसिस्टम इंजीनियर’ कहा जाता है। वे पेड़ों और झाड़ियों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ वनस्पतियों के फैलाव में भी योगदान देते हैं। कई पेड़ों के बीज हाथियों के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचते हैं। हाथियों की आवाजाही से जंगल में रास्ते और खुले क्षेत्र बनते हैं, जिनका इस्तेमाल दूसरे वन्यजीव भी करते हैं। इस तरह हाथियों की गतिविधियां वन पारिस्थितिकी तंत्र के कई हिस्सों को प्रभावित करती हैं। भारत एशियाई हाथियों के संरक्षण के लिहाज से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण देशों में शामिल है। देश में दुनिया की 60% से अधिक जंगली एशियाई हाथी आबादी पाई जाती है। हाथी भारत का राष्ट्रीय धरोहर पशु है और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I के तहत संरक्षित है। हाथियों और उनके आवासों की सुरक्षा के लिए भारत सरकार ने 1991-92 में प्रोजेक्ट एलीफेंट शुरू किया था। 12 अगस्त 2012 को पहली बार यह दिवस आधिकारिक तौर पर कनाडाई फिल्म निर्माता पेट्रीशिया सिम्स और थाईलैंड के ‘एलिफेंट रीइंट्रोडक्शन फाउंडेशन’ द्वारा शुरू किया गया था।
17. अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस

हर साल 12 अगस्त को मनाया जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस युवा शक्ति की संभावनाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों को सामने लाने का अवसर देता है। यह दिन इस बात पर विचार करने का भी मौका है कि युवाओं को बेहतर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर देकर उन्हें देश और दुनिया के विकास में और प्रभावी भागीदार कैसे बनाया जा सकता है।
18. अदालत ने सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद को सुनाई मौत की सजा

सीरिया के पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद और कई पूर्व अधिकारियों को सीरियाई अदालत ने मानवता के खिलाफ अपराध, सुनियोजित हत्या और यातना सहित कई अपराधों के लिए मौत की सजा सुनाई है। सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि न्यायाधीश फखर अल-दीन अल-आर्यन ने असद को देश के सर्वोच्च निर्णयकर्ता के रूप में सरकारी संस्थानों को हिंसा का आदेश देने के लिए दोषी ठहराया है। असद के चचेरे भाई, अतेफ नजीब और कई अन्य पूर्व अधिकारियों को भी मौत की सजा सुनाई गई है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
