11–14 minutes
1. ED के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल बढ़ा

10 अगस्त को केंद्र सरकार ने ED के डायरेक्टर राहुल नवीन का कार्यकाल एक साल के लिए और बढ़ाया। राहुल का कार्यकाल 13 अगस्त 2027 तक के लिए बढ़ाया गया है। उनका मौजूदा कार्यकाल इसी 13 अगस्त को खत्म होगा। राहुल इनकम टैक्स कैडर के 1993 बैच के इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) ऑफिसर हैं। राहुल 14 अगस्त 2024 में ED चीफ के तौर पर अपॉइंट हुए थे। 2004 से 2008 तक डायरेक्टर ऑफ इंटरनेशनल टैक्सेशन मुंबई से जुड़े मामलों में काम किया। 2015 से 17 तक कमिश्नर ट्रांसफर प्राइसिंग के तौर पर काम किया और फिर इनकम टैक्स में कमिश्नर बने। राहुल ने अपने कार्यकाल में कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच की, जिनमें पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म I-PAC, रिलायंस अनिल अंबानी ग्रुप और ऑनलाइन मनी गेमिंग कंपनियां शामिल हैं।
2. नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन 4 दिन की यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे

10 अगस्त को नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन चार दिनों की आधिकारिक यात्रा पर मॉरीशस पहुंचे। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ये यात्रा भारत द्वारा मॉरीशस के साथ द्विपक्षीय समुद्री सहयोग और रक्षा संबंधों को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। इस यात्रा के दौरान एडमिरल स्वामीनाथन मॉरीशस सरकार के टॉप नेतृत्व से बातचीत करेंगे और समुद्री सुरक्षा, रक्षा सहयोग, क्षमता निर्माण और सैन्य सहयोग जैसे पारस्परिक हित के मामलों पर चर्चा करेंगे। भारत और मॉरीशस के बीच समुद्री क्षेत्र में लंबे समय से पार्टनरशिप है। भारतीय नौसेना लगातार मॉरीशस नेशनल कोस्ट गार्ड के साथ ट्रेनिंग और ऑपरेशन से जुड़े मामलों में सहयोग करती रही है। इसमें जॉइंट एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) की निगरानी, पोर्ट का दौरा और हाइड्रोग्राफिक सर्वे जैसी गतिविधियां शामिल हैं। भारत और मॉरीशस कई देशों के मंच साझा करते हैं। सहयोग के लिए एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करते हैं। मॉरीशस, भारतीय नौसेना की अहम पहलों जैसे इंडियन ओशन नेवल सिम्पोजियम, मिलान (MILAN), इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू, गोवा मैरीटाइम कॉन्क्लेव, IOS सागर और एक्सरसाइज AIKEYME में नियमित रूप से हिस्सा लेता रहा है।
3. डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्मला ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव के रूप में कार्यभार संभाला

प्रख्यात समुद्र विज्ञानी और प्रतिष्ठित वैज्ञानिक डॉ. श्रीनिवास कुमार तुम्माला ने भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (MoES) के सचिव के रूप में आधिकारिक तौर पर कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने डॉ. एन. कलाइसेल्वी का स्थान लिया है, जो अतिरिक्त प्रभार के तहत MoES की जिम्मेदारियों को संभाल रही थीं। इससे पहले यह पद पूर्णकालिक आधार पर डॉ. एम. रविचंद्रन के पास था।
4. सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने मक्का रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए।

7 अगस्त को सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने ‘मक्का समझौता‘ किया। यह तीन देशों के बीच रक्षा समझौता है, जिसके तहत अगर इन तीनों देशों में से किसी एक पर भी हमला होता है, तो उसे तीनों पर हमला माना जाएगा। इस समझौते से पाकिस्तान को—जो इस्लामिक दुनिया की एकमात्र परमाणु शक्ति है—नाटो (NATO) के सदस्य और खाड़ी क्षेत्र की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देश के साथ औपचारिक रक्षा संबंध मिला है। सितंबर 2025 में हुए सऊदी-पाकिस्तान रणनीतिक आपसी रक्षा समझौते की तरह ही, इस समझौते का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है; केवल एक संयुक्त बयान जारी किया गया है। मक्का संयुक्त रक्षा समझौता, सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के बीच 7 अगस्त 2026 को सऊदी अरब के मक्का शहर में किया गया एक त्रिपक्षीय आपसी रक्षा समझौता है। तीनों देश इस बात पर सहमत हुए हैं कि उनमें से किसी एक पर भी सशस्त्र हमला होने पर उसे तीनों पर हमला माना जाएगा; इसका मकसद सामूहिक प्रतिरोध (deterrence) को मजबूत करना है। समझौते का पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है—केवल इसका सारांश जारी किया गया है।
5. ईरान: मोहसिन रेज़ाई को दश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में प्रतिनिधि नियुक्त किया गया

ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स-आईआरजीसी के पूर्व प्रमुख मोहसिन रेज़ाई को देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। उन्होंने मोहम्मद बाकिर ज़ोलगद्र की जगह ली है। यह पद पहले अली लारीजानी के पास था, जिनकी मार्च में अमेरिका-इजरायल के हमलों में हत्या कर दी गई थी, और उसके बाद मोहम्मद बाकिर ज़ुलकद्र इस पद पर थे।
6. TRAI ने टेलिकॉम कंपनियों को 1601 सीरीज इस्तेमाल करने का आदेश दिया

10 अगस्त को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी TRAI ने स्पैम कॉल्स और टेलीकॉम धोखाधड़ी पर रोक लगाने के लिए टेलिकॉम कंपनियों के लिए नए नियम का निर्देश जारी किया। TRAI ने गैर-BFSI सेक्टर यानी, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस और इंश्योरेंस और सरकारी संस्थानों में सर्विस और लेन-देन संबंधी कॉल्स के लिए 1601 सीरीज के नंबरों के इस्तेमाल का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को वास्तविक सेवा कॉल और संदिग्ध/फर्जी कॉल के बीच पहचान करने में मदद करना है। TRAI ने ये निर्देश स्पैम और फर्जी कॉल्स की पहचान आसान बनाने के लिए किया है। इस नियम से कस्टमर्स का भरोसा बढ़ेगा और टेलीकॉम-बेस्ड धोखाधड़ी पर रोक लग सकेगी। TRAI इससे पहले भी अनधिकृत टेलीमार्केटर्स के खिलाफ नोटिस, कम्युनिकेशन बैन और टेलीकॉम रिसोर्स के डिस्कनेक्शन जैसी कार्रवाई करता रहा है। 2025 में TRAI ने 7.31 लाख से ज्यादा नोटिस जारी किए और 1.84 लाख से ज्यादा टेलीकॉम रिसोर्स को डिस्कनेक्ट किया था।
7. तमिलनाडु में अब तमिल थाई वाजथु गीत का प्रस्ताव पारित

10 अगस्त को तमिलनाडु विधानसभा ने राज्य के सभी कार्यक्रमों में ‘तमिल थाई वाजथु‘ (राज्य गीत) का प्रस्ताव पारित किया। ये प्रस्ताव मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने विधानसभा में पेश किया। इस प्रस्ताव में अनिवार्य किया गया है कि राज्य के कार्यक्रमों की शुरुआत इसी गीत से होनी चाहिए। ये फैसला तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। ‘तमिल थाई वाजथु’ तमिल भाषा और तमिल संस्कृति की प्रशंसा में गाया जाने वाला गीत है। इसकी रचना मनोन्मनियम सुंदरनार (पी. सुंदरम पिल्लै) ने की थी। ‘तमिल थाई वाजथु’ का मतलब है कि तमिल भाषा को मां मानकर उसकी वंदना करना। 2021 में राज्य सरकार ने इसके गायन के दौरान उपस्थित लोगों के लिए खड़े रहना भी अनिवार्य किया था, हालांकि दिव्यांग व्यक्तियों को इससे छूट दी गई थी।
8. भारत ने बोलीविया को 8 मीट्रिक टन दवाएं भेजीं

10 अगस्त को भारत ने बोलीविया को 8 मीट्रिक टन (MT) जीवनरक्षक और जरूरी दवाओं की खेप भेजी है। बोलीविया साउथ अमेरिका का एक देश है। ये कदम भारत की ग्लोबल साउथ सहयोग और मानवीय सहायता की नीति को दर्शाता है। इन दवाओं की खेप भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) भारत की साउथ-को ऑपरेशन का हिस्सा है। भारत पहले भी बोलीविया को चिकित्सा सहायता दे चुका है। 2020 में भारत ने कोविड-19 महामारी के दौरान करीब 6.2 टन आवश्यक दवाएं और सुरक्षात्मक उपकरण बोलीविया भेजे थे।
9. शिवराज चौहान ने लॉन्च किया नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ICAR-IARI, पूसा में नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से देशभर के कृषि विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप और फेलोशिप राशि जारी की। NSP-DBT पहल के तहत 6,000 से अधिक विद्यार्थियों को कुल 21.35 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके खातों में भेजी गई। नई व्यवस्था के तहत कृषि विद्यार्थियों को हर महीने स्कॉलरशिप की राशि DBT के माध्यम से समय पर उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
10. मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए भारत की पहली प्रत्यायन योजना शुरू

राष्ट्रीय परीक्षण और अंशशोधन प्रयोगशाला प्रत्यायन बोर्ड (एनएबीएल) ने मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए भारत की अपनी तरह की पहली प्रत्यायन योजना शुरू की है। नई दिल्ली के होटल अशोक में आयोजित ‘गुणवत्ता समन्वय-बहुपक्षीय एमओयू आदान-प्रदान समारोह’ के दौरान शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य समुदायों के करीब विश्वसनीय, गुणवत्ता-आश्वासन और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खाद्य परीक्षण सेवाओं की पहुंच बढ़ाना है। भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) के संघटक बोर्ड एनएबीएल की ओर से विकसित यह प्रत्यायन योजना मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए एक मानकीकृत ढांचा उपलब्ध कराएगी। इसके माध्यम से ऐसी प्रयोगशालाएं समुदायों के करीब विश्वसनीय और गुणवत्ता-आश्वासन वाली खाद्य परीक्षण सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगी। योजना में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
11. बैंकिंग प्रणाली को आधुनिक और डिजिटल युग के अनुरूप बनाने के लिए बैंककाQर बही साक्ष्य विधेयक, 2026 संसद से पारित

संसद ने बैंककार बही साक्ष्य विधेयक-2026 पारित कर दिया है, इस विधेयक को राज्यसभा ने भी मंजूरी दे दी। लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है। इसका उद्देश्य वर्तमान बैंकिंग प्रणाली की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कानूनी ढांचे का आधुनिकीकरण करना है। विधेयक में बैंककार बही से संबंधित साक्ष्यों के लिए एक कानून बनाने और इसे समकालीन डिजिटल बैंकिंग प्रथाओं के अनुरूप बनाने का प्रावधान है। विधेयक में यह भी प्रावधान है कि बैंककार बही का इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल रिकॉर्ड साक्ष्य के रूप में स्वीकार्य, वैध और कानूनी रूप से लागू करने योग्य होगा।
12. वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारत का अभियान तीन मेडल के साथ खत्म

वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर 20 चैंपियनशिप में भारत का अभियान तीन मेडल के साथ खत्म हुआ। नेशनल सीनियर रिकॉर्ड होल्डर पूजा सिंह का प्रदर्शन महिलाओं की हाई जंप फाइनल में निराशाजनक रहा और वह सातवें स्थान पर रहीं। भारत की महिलाओं की 4×400 मीटर रिले टीम को चुनौतियों का सामना करना पड़ा और वह फाइनल में 3:45.28 के समय के साथ आखिरी स्थान पर रही। भारत ने चैंपियनशिप का समापन दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल के साथ किया, जो 2021 और 2022 के संस्करणों में जीते गए कुल मेडल की संख्या के बराबर है। आशीष यादव ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीतकर भारत को टूर्नामेंट का पहला मेडल दिलाया था। वहीं, बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की हाई जंप में एक और सिल्वर मेडल जोड़ा, जबकि शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
13. एशियाई जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में महाराजन अरुमुगपंडियन ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता

उज्बेकिस्तान के ताशकंद में एशियाई जूनियर भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारतीय भारोत्तोलक महाराजन अरुमुगपंडियन ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीत लिया है। महाराजन ने स्नैच में 128 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 157 किलोग्राम भार उठाकर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 285 किलोग्राम का भार उठाया। वियतनाम के हुआंग थाच ने 291 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
14. स्क्वैश: टीम इवेंट फाइनल में भारत और हांगकांग, चीन के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा

मुंबई की सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी में खेले गए एफ.आई.एस.यू. वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 के टीम इवेंट फाइनल में भारत और हांगकांग, चीन के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर रहा, लेकिन गेम के बेहतर अंतर के आधार पर भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
15. श्रेयस रॉयल और बोधना शिवानंदन ने ब्रिटिश शतरंज चैंपियनशिप 2026 जीती

ब्रिटिश शतरंज में भारतीय मूल के दो किशोरों ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। कोवेंट्री में आयोजित 2026 ब्रिटिश शतरंज चैंपियनशिप में, 17 साल के श्रेयस रॉयल ने ओपन टाइटल जीता, जबकि 11 साल की बोधना शिवानंदन ने महिला चैंपियनशिप जीती। इन दोनों की जीत यूके के शतरंज जगत में भारतीय मूल के युवा टैलेंट के लिए एक खास उपलब्धि है। रॉयल तीन साल की उम्र में अपने परिवार के साथ बैंगलोर से यूके चले गए थे और सिर्फ़ 15 साल की उम्र में इंग्लैंड के सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने। सिर्फ़ 11 साल की उम्र में बोधना शिवानंदन ने ब्रिटिश महिला खिताब जीतने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बनकर इतिहास रच दिया। उन्होंने आयरलैंड की 14 साल की खिलाड़ी त्रिशा कन्यामारला को एक कड़े मुकाबले वाले रैपिड-चेस प्लेऑफ़ में हराया।
16. विश्व शेर दिवस 2026

हर साल 10 अगस्त को मनाए जाने वाले ‘विश्व शेर दिवस’ पर सोमवार को देशभर में वन्यजीव संरक्षण का संदेश गूंजा। विश्व शेर दिवस का मकसद शेरों की घटती संख्या के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनके संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा देना है। एशियाई शेरों के दीर्घकालिक संरक्षण में सुधार के लिए भारत सरकार ने 2020 में प्रोजेक्ट लायन की शुरुआत की।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://www.youtube.com/@guruggkwala
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://www.guruggkwala.com
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
