14–17 minutes
1. मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना – समुद्र मंथन को दी मंजूरी

मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय अपतटीय अन्वेषण योजना – समुद्र मंथन को मंजूरी दे दी है। इसके लिए वित्त वर्ष 2030-31 तक 84 हजार 84 करोड़ रुपये का स्वीकृत परिव्यय निर्धारित किया गया है। योजना के प्रमुख उद्देश्य
– समुद्र में तेल और गैस की खोज व उत्पादन को नई गति देना।
– बड़े पैमाने पर उच्च गुणवत्ता वाले सीस्मिक डेटा का संग्रह, प्रोसेसिंग और विश्लेषण करना।
– गहरे और अति-गहरे पानी वाले क्षेत्रों में तेजी से ड्रिलिंग करना।
– फ्रंटियर बेसिन में वैज्ञानिक ड्रिलिंग करना।
– साझा ऑफशोर उत्पादन और परिवहन अवसंरचना का विकास करना।
– एकीकृत ऑयल एंड गैस मैन्युफैक्चरिंग एवं सर्विसेज जोन की स्थापना करना।
इसके अलावा, योजना में डिजिटल प्रबंधन, क्षमता निर्माण, नई तकनीकों का अडॉप्शन, हितधारकों का समन्वय और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी शामिल किया गया है।
2. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को अगले पांच वर्ष तक जारी रखने को दी मंजूरी

मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इस योजना के लिए पांच वर्षों की अवधि में कुल 3 लाख 15 हजार करोड़ रुपये का वित्तीय आवंटन स्वीकृत किया गया है। श्री वैष्णव ने कहा कि यह मंजूरी सरकार की इस प्रतिबद्धता को दोहराती है कि किसानों की समृद्धि राष्ट्र की समृद्धि की नींव है। उन्होंने कहा कि पीएम-किसान योजना के माध्यम से, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण प्रणाली द्वारा पात्र किसान परिवारों को समय पर और पारदर्शी आय सहायता प्रदान की जा रही है। श्री वैष्णव ने बताया कि अब तक 23 किस्तों में 44 लाख 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
3. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना को दी मंजूरी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ऊर्जा भंडारण प्रणालियों सहित तैरते सौर फोटोवोल्टिक परियोजनाओं के विकास के लिए प्रधानमंत्री सूर्य सरोवर योजना (पीएम-एसएसवाई) को मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस योजना को 5 हजार 70 करोड़ रुपये के कुल परिव्यय के साथ मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत 5 हजार मेगावाट की तैरती सौर फोटोवोल्टिक परियोजनाओं का विकास किया जाएगा। इसमें ऊर्जा भंडारण प्रणालियां भी शामिल होंगी। इन प्रणालियों की न्यूनतम भंडारण क्षमता दो घंटे होगी और कुल ऊर्जा भंडारण क्षमता 10 हजार मेगावाट होगी। श्री वैष्णव ने कहा कि इसके लिए अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं होगी। इसमें वर्तमान जलाशयों, नहरों और औद्योगिक तालाबों का उपयोग होगा। योजना की अवधि 5 वर्ष होगी।
4. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने विस्तारित खेलो इंडिया योजना को मंजूरी दी

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2026-27 से 2030-31 की अवधि के लिए 36,441 करोड़ रुपये के संयुक्त परिव्यय के साथ विस्तारित खेलो इंडिया योजना और राष्ट्रीय खेल संघों को दी जाने वाली सहायता में वृद्धि को मंजूरी दी है। नई दिल्ली में सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह निर्णय युवाओं के विकास और राष्ट्र निर्माण के लिए खेलों की शक्ति का उपयोग करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। इससे प्रत्येक प्रतिभाशाली युवा को उत्कृष्टता का स्पष्ट मार्ग मिलेगा। श्री वैष्णव ने कहा कि यह योजना जमीनी स्तर से लेकर टारगेट पोडियम ओलंपिक योजना स्तर तक अखिल भारतीय प्रशिक्षण सुविधाओं के निर्माण में सहायक होगी।
5. भारत ने 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस को आमंत्रित किया

ब्रिक्स की वर्ष 2026 की अध्यक्षता कर रहे भारत ने 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस को आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सम्मेलन की तैयारियां प्रगति पर हैं और भारत, अध्यक्ष देश के रूप में इसकी मेज़बानी करेगा। इस बीच, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
6. मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने जयपुर में राष्ट्रमंडल शांति मध्यस्थता सम्मेलन-2026 का उद्घाटन किया

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने जयपुर में राष्ट्रमंडल शांति मध्यस्थता सम्मेलन-2026 का उद्घाटन किया। सम्मेलन का विषय “शांति, मध्यस्थता और कानून का शासन” है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यस्थता न्याय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और स्थायी शांति स्थापित करने का प्रभावी माध्यम भी है। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि शांति और कानून का शासन एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता का उद्देश्य केवल विवाद का समाधान करना नहीं, बल्कि आपसी विश्वास और रिश्तों को भी मजबूत करना है।
7. एयर मार्शल संदीप थरेजा होंगे सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं के नए महानिदेशक

केंद्र सरकार ने एयर मार्शल संदीप थरेजा (एसएम, वीएसएम एवं बार) को 31 अगस्त, 2026 की दोपहर से डायरेक्टर जनरल, सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाएं (डीजीएएफएमएस) नियुक्त किया है। वह वर्तमान में डायरेक्टर जनरल मेडिकल सर्विसेज़ (एयर) के पद पर कार्यरत हैं। एयर मार्शल थरेजा, वर्तमान डीजीएएफएमएस सर्जन वाइस एडमिरल आरती सरीन (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम) के सेवानिवृत्त होने के बाद यह जिम्मेदारी संभालेंगे।
8. भारत में AI इकोसिस्टम को मिलेगी मजबूती, टेक कंपनी IBM और सर्वम ने किया साझेदारी

दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनी आईबीएम और भारतीय एआई स्टार्टअप सर्वम ने भारत में सॉवरेन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीकों के विकास और अपनाने में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को साझेदारी का ऐलान किया। यह विशेष रूप से सरकारी एजेंसियों, सार्वजनिक क्षेत्र के संगठनों और विनियमित उद्यमों पर केंद्रित होगी। इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां नागरिक सेवाओं, शिकायत निवारण, दस्तावेज प्रसंस्करण और प्रशासनिक कार्यप्रवाह (वर्कफ्लो) जैसे उपयोग मामलों के लिए सॉवरेन एआई तकनीकों को संयुक्त रूप से पेश करेंगी और पायलट परियोजनाएं संचालित करेंगी। यह सहयोग आईबीएम के विशेष रूप से सॉवरेन आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किए गए एआई सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म ‘आईबीएम सॉवरेन कोर’ को सर्वम के ‘इंडिया-फर्स्ट’ सॉवरेन एआई स्टैक के साथ जोड़ेगा। सर्वम के इस एआई स्टैक में भारत में विकसित और प्रशिक्षित रीजनिंग मॉडल, बहुभाषी भाषा मॉडल और वॉयस एआई तकनीक शामिल हैं।
9. भारत की पहली फ्लाइट-प्रूवन सैटेलाइट बैटरी

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को भारत में स्वदेशी रूप से विकसित पहली ‘फ्लाइट हेरिटेज’ प्राप्त सैटेलाइट बैटरी की उपलब्धि पर हैदराबाद स्थित स्पेस स्टार्टअप टेकमी2स्पेस की सराहना की। कंपनी की ‘पावरबैंक-50’ बैटरी अंतरिक्ष में सफल प्रदर्शन के बाद यह प्रतिष्ठित दर्जा हासिल करने वाली देश की पहली स्वदेशी सैटेलाइट बैटरी बन गई है। यह उपलब्धि 18 जुलाई को लॉन्च किए गए स्काईरूट एयरोस्पेस के ‘विक्रम-1’ रॉकेट के पहले मिशन ‘आगमन’ के दौरान पावरबैंक-50 की सफल तैनाती के बाद हासिल हुई। इस बैटरी ने 450 किलोमीटर की ऊंचाई पर रॉकेट के ऑर्बिटल एडजस्टमेंट मॉड्यूल में स्थापित कॉसमोसर्व स्पेस के प्रायोगिक पेलोड को ऊर्जा प्रदान की और पूरे मिशन के दौरान सफलतापूर्वक कार्य किया। टेकमी2स्पेस के अनुसार, इस सफल उड़ान के बाद बैटरी को ‘फ्लाइट हेरिटेज’ का दर्जा मिला है।
10. भारतीय सेना और BPCL ने तैयार किया ‘एक्सट्रीम वेदर ग्रेड’ ईंधन, माइनस 42 डिग्री तापमान में भी नहीं जमेगा तेल

भारतीय सेना दुनिया के सबसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण इलाकों में तैनात रहती है। माइनस 50 डिग्री से लेकर प्लस 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में सेना अपने भारी हथियारों और सैन्य साजो-सामान के साथ देश की सीमाओं की रक्षा करती है। ऐसे में सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक हाई-एल्टीट्यूड क्षेत्रों में सैन्य वाहनों का ऑपरेशन होता है। लद्दाख, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश जैसे इलाकों में भारतीय सेना के टैंक, बख्तरबंद वाहन और अन्य सैन्य गाड़ियों में इस्तेमाल होने वाला सामान्य डीजल अत्यधिक कम तापमान में जमने लगता है। इसकी वजह से हर समय जंग के लिए तैयार रखने के मकसद से टैंकों और बीएमपी को रात-रातभर समय-समय पर स्टार्ट करना पड़ता था, ताकि इंजन और पूरा सिस्टम एक्टिव बनी रहे। अब इस समस्या का समाधान निकाल लिया गया है। भारतीय सेना और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने मिलकर ऐसा एक्सट्रीम वेदर ग्रेड (एक्सडब्ल्यूजी) डीजल विकसित किया है, जो -42 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी नहीं जमेगा। शुक्रवार को थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने आधिकारिक तौर पर इस एक्सट्रीम वेदर ग्रेड डीजल का फ्लैग-ऑफ किया।
11. मालदीव की भुगतान प्रणाली फवारा अब भारत के यूपीआई से जुड़ी

मॉलदीव ने अपनी त्वरित भुगतान प्रणाली फवारा को भारत के यूपीआई से जोड़ते हुए भारत में वास्तविक समय सीमा पार धन हस्तांतरण सेवा शुरू कर दी है। मॉलदीव मौद्रिक प्राधिकरण ने इसे दोनों देशों के बीच डिजिटल वित्तीय संपर्क और आर्थिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस सुविधा के अंतर्गत मॉलदीव से भारत में लाभार्थियों को धन सीधे भारतीय रुपये में यूपीआई-सक्षम खातों में भेजा जा सकेगा। शुरुआत में यह सेवा बैंक ऑफ मॉलदीव और मॉलदीव इस्लामिक बैंक के ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।
12. रेलवे ने देश में पहली बार ट्रेन के माध्यम से जीवित हृदय का सफलतापूर्वक परिवहन किया

भारतीय रेल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से जीवित हृदय (लाइव हार्ट) का सफलतापूर्वक परिवहन किया। ट्रेन संख्या 20901 मुंबई सेंट्रल-गांधीनगर कैपिटल वंदे भारत एक्सप्रेस से सूरत से अहमदाबाद तक हृदय को सुरक्षित और निर्धारित समय में पहुंचाया गया। इस हृदय का प्रत्यारोपण यू.एन. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर, अहमदाबाद में किया जाएगा।
13. दिल्ली में ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘विद्या वाहिनी’ योजना की शुरुआत करते हुए विभिन्न सरकारी स्कूलों की 9वीं कक्षा की 3,000 से अधिक छात्राओं को मुफ्त साइकिलें वितरित कीं। पूर्वी विनोद नगर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली करीब 1.40 लाख छात्राओं को चरणबद्ध तरीके से मुफ्त साइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी।
14. SVEP से ग्रामीण उद्यमिता को मिल रही नई रफ्तार, 4.32 लाख से अधिक उद्यमों को मिला सहयोग

स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (SVEP) ग्रामीण भारत में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत संचालित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, मार्गदर्शन और विपणन सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य गांवों में रोजगार के नए अवसर सृजित करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देना है। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसाय शुरू करने की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए SVEP के तहत संभावित उद्यमियों की पहचान की जाती है। उन्हें व्यवसाय संचालन और वित्तीय प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाता है, सुलभ ऋण उपलब्ध कराया जाता है और उद्यम शुरू होने के बाद भी निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। इस समग्र मॉडल से पहली बार व्यवसाय शुरू करने वाले उद्यमियों की सफलता की संभावना बढ़ी है।
15. अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की महिला पहलवानों ने दो रजत और दो कांस्य पदक जीते

अज़रबैजान के बाकू में चल रही अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत की महिला पहलवानों ने दो रजत और दो कांस्य पदक जीते। संध्या विश्नोई (46किग्रा कैटेगरी में) और अक्षरा (53 किलोग्राम भार वर्ग) ने अपने-अपने वर्ग में रजत पदक हासिल किए। वहीं, अवंशिका (61 किलोग्राम वर्ग) और तानिया (69 किलोग्राम वर्ग में) ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
16. ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की यामिनी मौर्य ने जूडो की महिला 57 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीता

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की यामिनी मौर्य ने जूडो की महिला 57 किलोग्राम स्पर्धा में रजत पदक जीता है। फाइनल में उन्हें इंग्लैंड की असेल्या टोपराक से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
17. ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल: तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीता

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में तेजस्विन शंकर ने इतिहास रचते हुए डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीत लिया है। इसके साथ ही वे राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलॉन में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। तेजस्विन ने दो दिन तक चली 10 स्पर्धाओं में कुल 7,976 अंक हासिल किए। यह राष्ट्रमंडल खेलों में उनका दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 2022 बर्मिंघम खेलों में ऊंची कूद में कांस्य पदक जीता था।
18. राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में भारत ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा

राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में भारत ने पहली बार दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। अस्मिता डे महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय जूडोका बनीं, जबकि हर्ष सिंह पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग के फाइनल में कनाडा की हेइडी क्वैच को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके कुछ ही देर बाद हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जोशुआ कैट्ज को हराकर भारत को जूडो में दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 128 पदकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि भारत 23 पदकों के साथ 10वें स्थान पर है। भारत के खाते में अब पांच स्वर्ण, 12 रजत और छह कांस्य पदक हैं।
19. नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक और यशवीर सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया

ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक जीता है, जबकि यशवीर सिंह ने कांस्य पदक अपने नाम किया। नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में सत्र का सर्वश्रेष्ठ 85.83 मीटर का थ्रो किया। वहीं, यशवीर ने अंतिम प्रयास में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 85.41 मीटर का प्रदर्शन कर कांस्य पदक हासिल किया।
20. विश्व स्तनपान सप्ताह 2026

हर साल 1 अगस्त से 7 अगस्त तक दुनिया भर में विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है। इस अभियान को विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, विभिन्न देशों के स्वास्थ्य मंत्रालय और कई सामाजिक संगठन मिलकर आगे बढ़ाते हैं। इसका मकसद सिर्फ मां को स्तनपान के लिए प्रेरित करना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना भी है, जहां हर महिला बिना किसी परेशानी के अपने बच्चे को स्तनपान करा सके। विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 की थीम है – “जीवन की सस्टेनेबल शुरुआत के लिए स्तनपान: जो तरीका कारगर है, उसे और मजबूत करें।”
21. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल विश्वनाथ शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया

भारतीय सेना के पूर्व सेना प्रमुख जनरल विश्वनाथ शर्मा का शुक्रवार को 96 साल की उम्र में निधन हो गया। जनरल शर्मा ने चीन के साथ 1987 के सैन्य गतिरोध के दौरान अहम भूमिका निभाई थी। 1950 में 16वीं लाइट कैवेलरी में कमीशन पाने वाले जनरल शर्मा, आजादी के बाद कमीशन पाने वाले पहले ऐसे अधिकारी थे जो सेना प्रमुख के पद तक पहुंचे थे। उन्होंने 1 मई 1988 से 30 जून 1990 तक 14वें सेना प्रमुख के तौर पर सेवाएं दीं। मेजर के तौर पर उन्होंने 1965 की लड़ाई में लाहौर सेक्टर में लड़ाई लड़ी। बाद में उन्होंने 66 आर्मर्ड रेजिमेंट की कमान संभाली और वेलिंगटन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में इंस्ट्रक्टर के तौर पर काम किया। साल 1971 की लड़ाई के दौरान, उन्होंने एक आर्मर्ड डिवीजन के कर्नल जनरल स्टाफ (ऑपरेशन्स) के तौर पर सेवाएं दीं। उनके बड़े भाई, मेजर सोमनाथ शर्मा, 1947 में बडगाम की लड़ाई में अपनी बहादुरी के लिए परमवीर चक्र पाने वाले पहले व्यक्ति थे।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
