14–17minutes
1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 105 सैन्य अधिकारियों और कर्मियों को विशिष्ट सेवा अलंकरण से किया सम्मानित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह-2026 (द्वितीय चरण) में सशस्त्र सेनाओं और भारतीय तटरक्षक बल के 105 अधिकारियों एवं कर्मियों को विशिष्ट सेवा अलंकरण प्रदान किए। इन सम्मानों में 7 सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक, 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, 12 उत्तम युद्ध सेवा पदक और 56 अति विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं। ये सम्मान शांति एवं परिचालन दोनों परिस्थितियों में असाधारण नेतृत्व, उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किए गए।
2. हरियाणा-राजस्थान के बीच यमुना जल समझौता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के समन्वयकारी प्रयासों के बीच सोमवार को राजस्थान और हरियाणा के बीच बहुप्रतीक्षित यमुना जल समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। करीब तीन दशक से लंबित यह परियोजना अब क्रियान्वयन के निर्णायक चरण में पहुंच गई है। लगभग 34,102 करोड़ रुपए की लागत वाली यह महत्वाकांक्षी परियोजना राजस्थान के जल इतिहास में महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है। यमुना जल परियोजना के तहत राजस्थान के हिस्से का 577 एमसीएम यमुना जल हरियाणा स्थित हथिनीकुंड बैराज से लगभग 295.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन के जरिए चूरू जिले के हंसियावास जलाशय तक पहुंचाया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 34,102 करोड़ रुपए है। परियोजना के तहत 3.6 मीटर व्यास की तीन भूमिगत पाइपलाइनें, निरीक्षण सड़क, कृत्रिम जलाशय और आधुनिक जल प्रबंधन प्रणाली विकसित की जाएगी। साथ ही हरियाणा में भी 10 स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है, जिससे यह परियोजना दोनों राज्यों के लिए लाभकारी होगी।
3. छोटे क्लीनिकों के लिए ‘ई सुश्रुत क्लिनिक’ लॉन्च, 299 रुपए महीने में मिलेगी डिजिटल सुविधा

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को छोटे क्लीनिकों के लिए ‘ई सुश्रुत क्लिनिक’ नामक हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च किया। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक) द्वारा विकसित इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का उद्देश्य छोटे क्लीनिकों में स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण को बढ़ावा देना और उन्हें सरकार समर्थित, किफायती तथा उपयोग में आसान डिजिटल समाधान उपलब्ध कराना है। देश के अधिकांश छोटे ओपीडी क्लीनिक अभी भी मैनुअल व्यवस्था पर निर्भर हैं। बड़े हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम महंगे और जटिल होने के कारण छोटे क्लीनिक उन्हें अपनाने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में ‘ई सुश्रुत क्लिनिक’ इस कमी को दूर करेगा और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद करेगा। यह एक क्लाउड आधारित हल्का हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम है, जिसे विशेष रूप से छोटे ओपीडी क्लीनिकों के लिए विकसित किया गया है। इसमें मरीजों का पंजीकरण, बिलिंग, एमआईएस रिपोर्टिंग, स्पीच-टू-टेक्स्ट, क्लीनिकल डिसीजन सपोर्ट सिस्टम और आयुष्मान भारत से संबंधित जानकारी खोजने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ‘ई सुश्रुत क्लिनिक’ की मूल कीमत 499 रुपए प्रति माह (पांच उपयोगकर्ताओं के लिए) निर्धारित की गई है। हालांकि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से 200 रुपए की सब्सिडी मिलने के बाद इसका प्रभावी शुल्क 299 रुपए प्रति माह रहेगा।
4. जगत प्रकाश नड्डा ने ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान’ के नए दिशानिर्देश किए जारी

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (सीसीएचएफडब्ल्यू) की 16वीं बैठक के दौरान ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान’ के नए परिचालन दिशानिर्देश जारी किए। यह पहल देश में एनीमिया उन्मूलन कार्यक्रम के आठ वर्षों की प्रगति को आगे बढ़ाते हुए जांच, इलाज, पोषण, जनभागीदारी और डिजिटल निगरानी पर आधारित अधिक व्यापक रणनीति को लागू करेगी। नए दिशानिर्देशों के साथ ‘एनीमिया मुक्त भारत’ का नाम बदलकर ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान’ कर दिया गया है। अब यह कार्यक्रम केवल आयरन सप्लीमेंट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जांच, उपचार, सही खान-पान और ‘जन चेतना’ के माध्यम से समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर देगा। नई रूपरेखा में मौजूदा 6x6x6 रणनीति का विस्तार कर 7x7x7 फ्रेमवर्क अपनाया गया है। इसके तहत कम वजन वाले नवजात शिशुओं (0-6 माह) को सातवें लाभार्थी समूह के रूप में शामिल किया गया है, ताकि एनीमिया के पीढ़ी-दर-पीढ़ी चलने वाले चक्र को शुरुआती स्तर पर ही तोड़ा जा सके। अभियान में पहले की T3 रणनीति (टेस्ट, ट्रीट, टॉक) को विस्तारित कर T4 रणनीति (टेस्ट, ट्रीट, टॉक और ट्रैक) लागू की गई है। इसके तहत बड़े पैमाने पर जांच, एनीमिया प्रबंधन प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार, पोषण संबंधी परामर्श और लाभार्थियों की रेफरल तथा फॉलो-अप के माध्यम से निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। संशोधित दिशानिर्देशों के तहत एनीमिया से संबंधित सेवाओं की डिजिटल ट्रैकिंग के लिए एकीकृत ‘एनीमिया मुक्त भारत अभियान पोर्टल’ विकसित किया गया है। गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन परीक्षण का रिकॉर्ड ‘जननी’ पोर्टल, बच्चों का रिकॉर्ड आरबीएसके और यू-विन पोर्टल के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए कई डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें आरोग्य सेतु के दूसरे चरण, आयुष्मान सारथी चैटबॉट, आयुष्मान ऐप, ई-सुश्रुत क्लिनिक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य दावा विनिमय और भारत के डिजिटल सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य मानक शामिल हैं।
5. नेशनल एम्बुलेंस सेवाओं (NAS) के नए नियम जारी

29 जून को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने राष्ट्रीय एम्बुलेंस सेवाओं (NAS) के नए नियम जारी किए। स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने 29 जून 2026 को SUMAN (सुरक्षित मातृत्व आश्वासन) रोडमैप 2030 जारी किया। यह ऐलान 16वें केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण परिषद (CCHFW) सम्मेलन में किया गया। अब दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अस्पतालों की GIS आधारित मैपिंग होगी, जिससे सबसे नजदीकी और उपयुक्त अस्पताल की पहचान हो सके। एम्बुलेंस में GPS ट्रैकिंग शुरू की जाएगी, जिससे लैस एम्बुलेंस की वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी। सभी एम्बुलेंस के लिए सरकार द्वारा निर्धारित AIS-125 (राष्ट्रीय एम्बुलेंस संहिता) मानकों का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। एम्बुलेंस सेवाओं को पूरे देश में एकल आपातकालीन प्रतिक्रिया नंबर 112 के साथ एकीकृत (integrate) किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश भर में एम्बुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता और प्रतिक्रिया समय में सुधार करना है। नए नियम के मुताबिक, डिजिटल ट्रैकिंग और सेंट्रलाइज कॉल सेंटर सिस्टम को अनिवार्य बनाया जाएगा। नए नियम के मुताबिक मरीज तक तुरंत पहुंच बनाई जा सकेगी और रिस्पॉन्स टाइम को भी तय किया जाएगा। नए नियम के मुताबिक एम्बुलेंस सर्विसेस के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेशन प्रोसेस (SOPs) लागू किया जाएगा। नए नियम के बाद एम्बुलेंस कर्मियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, सिक्योरिटी मजबूत होगी। डिजिटल टेक्नोलॉजी और रियल-टाइम ट्रैकिंग के माध्यम से सेवाओं की निगरानी को बेहतर बनाया जाएगा। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 29 मई को सुमन रोडमैप 2030 शुरू हुआ। इसका मुख्य लक्ष्य मातृ मृत्यु दर (MMR) और नवजात मृत्यु दर को कम करना है। रोडमैप 2030 के तहत गर्भवती महिलाओं को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
6. भारत और सऊदी अरब ने जल संसाधनों में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

भारत और सऊदी अरब ने जेद्दाह में आयोजित सऊदी जल सप्ताह के दौरान जल संसाधनों में सहयोग पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। सऊदी अरब में भारत के राजदूत डॉ. सुहेल खान और सऊदी अरब के पर्यावरण, जल तथा कृषि मंत्री अब्दुल रहमान अब्दुल मोहसिन अलफदली ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इससे दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत होगी। समझौता ज्ञापन का उद्देश्य जल संसाधन नियोजन, सतत जल प्रबंधन, सिंचाई प्रणालियों, क्षमता निर्माण और तकनीकी विशेषज्ञता एवं सर्वोत्तम पद्धतियों के आदान-प्रदान में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना है। अधिकारियों ने कहा कि यह समझौता बढ़ती जल चुनौतियों से निपटने के लिए दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। जेद्दाह में भारत के महावाणिज्यदूत फहद सूरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
7. सीमा सड़क संगठन की प्रोजेक्ट ब्रह्मांक ने मनाया 16वां स्थापना दिवस

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की प्रोजेक्ट ब्रह्मांक ने 29 जून 2026 को अरुणाचल प्रदेश के राणाघाट में अपना 16वां स्थापना दिवस मनाया। यह अवसर पूर्वोत्तर क्षेत्र में रणनीतिक अवसंरचना और संपर्क सुविधाओं के विकास के लिए परियोजना की 15 वर्षों की सेवा का प्रतीक रहा। प्रोजेक्ट ब्रह्मांक अरुणाचल प्रदेश के सियांग, पूर्वी सियांग, पश्चिमी सियांग, ऊपरी सियांग और शि-योमी जिलों के साथ-साथ असम के धेमाजी जिले के कुछ हिस्सों में रणनीतिक सड़क अवसंरचना के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी निभा रही है। इस परियोजना को 811 किलोमीटर सड़कों तथा लगभग 86 पुलों के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें छोटी पुलियों से लेकर बड़े स्टील और मेहराबदार पुल शामिल हैं। प्रमुख इंजीनियरिंग उपलब्धियों में सियोम नाले पर निर्मित 100 मीटर लंबा स्टील मेहराबदार पुल और अलोंग-यिंगकिओंग मार्ग पर सिमांग नाले पर बना 165 मीटर लंबा पीएससी पुल शामिल हैं।
8. 5 बार के शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद को SJFI मेडल मिला

पांच बार के वर्ल्ड चेस चैंपियन विश्वनाथन आनंद को 24 जून 2026 को ‘स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया‘ (SJFI) मेडल से सम्मानित किया गया। यह भारतीय खेलों में साथियों से मिलने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है। यह समारोह मशहूर मद्रास क्रिकेट क्लब में आयोजित किया गया था, जिसे तमिलनाडु स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के साथ मिलकर आयोजित किया गया था। भारत के पूर्व क्रिकेट कप्तान और मुख्य चयनकर्ता के. श्रीकांत ने 56 वर्षीय ग्रैंडमास्टर को यह मेडल सौंपा। आनंद अभी FIDE (चेस की वैश्विक गवर्निंग बॉडी) के डिप्टी प्रेसिडेंट के तौर पर काम कर रहे हैं। SJFI, स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है। इसकी स्थापना 1976 में हुई थी। इसे पाने वालों को एक गोल्ड मेडल, एक प्रशस्ति-पत्र और एक स्मृति-चिह्न दिया जाता है। FIDE के डिप्टी प्रेसिडेंट आनंद उन सम्मानित लोगों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिनमें सुनील गावस्कर, विजय अमृतराज, प्रकाश पादुकोण, पी.टी. उषा और मिल्खा सिंह (मरणोपरांत) शामिल हैं।
9. दीप्ति शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली प्लेयर बनी

28 जून को दीप्ति शर्मा ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया। दीप्ति के अब तीनों फॉर्मेट मिलाकर 356 इंटरनेशनल विकेट हो गए हैं। दीप्ति ने टेस्ट में 22, वनडे में 166 और टी-20 इंटरनेशनल में 168 विकेट हासिल किए हैं। दीप्ति ने झूलन गोस्वामी के 355 विकेट के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इस उपलब्धि के साथ दीप्ति शर्मा महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति ने 31 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T-20 इंटरनेशनल (T20I)से डेब्यू किया। 2018 में बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया ने दीप्ति को जगमोहन डालमिया ट्रॉफी से सम्मानित किया। 2025 में दीप्ति महिला ODI वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुनी गईं। दिसंबर 2025 में महिला T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं थीं।
10. क्रिकेटर बेन स्टोक्स ने संन्यास का ऐलान किया

28 जून को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। बेन का न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहा तीसरा टेस्ट आखिरी मैच होगा। 15 साल के करियर में बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए कई यादगार पारियां खेली। स्टोक्स ने 2019 वर्ल्ड कप फाइनल हो, 2019 का ऐतिहासिक एशेज टेस्ट बनाया। इंग्लैंड 2019 ODI में स्टोक्स ने विश्व कप जिताने में निर्णायक भूमिका निभाई थी और स्टोक्स 2022 में T20 वर्ल्ड कप के विनर रहे। टेस्ट क्रिकेट में 7,000 से ज्यादा रन और 250 से ज्यादा विकेट लेने वाले चुनिंदा ऑलराउंडरों में शामिल। स्टोक्स ने टेस्ट डेब्यू 2013-14 में एशेज सीरीज में किया था और वे अप्रैल 2022 से इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान रहे हैं।
11. फाइनल में हारे किदांबी श्रीकांत, बीडब्ल्यूएफ खिताब का इंतजार बरकरार: यूएस ओपन बैडमिंटन

दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत का बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर के खिताब का इंतजार और बढ़ गया। यूएस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में श्रीकांत को चीनी ताइपे के सु ली-यांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। श्रीकांत ने 2017 फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने के बाद कोई बीडब्ल्यूएफ टूर खिताब नहीं जीता है।
12. मेंस वॉलीबॉल कप में भारत ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया

गांधीनगर में खेले गए एवीसी मेंस वॉलीबॉल कप में भारत ने रविवार को ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस प्रदर्शन की बदौलत भारत एफआईवीबी वर्ल्ड रैंकिंग में 18 स्थान ऊपर चढ़कर 42वें पायदान पर पहुंच गया। सोमवार को केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने घरेलू मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाली राष्ट्रीय टीम को सम्मानित किया। कप्तान जेरोम विनिथ चार्ल्स की अगुवाई और सर्बिया के ड्रैगन मिहाइलोविच की कोचिंग वाली भारतीय टीम ने कॉन्टिनेंटल चैंपियनशिप में अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। भारत पूल स्टेज में अजेय रहा और ब्रॉन्ज मेडल प्लेऑफ में बहरीन को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार पोडियम में जगह बनाई। एशियाई वॉलीबॉल परिसंघ -एवीसी पुरुष वॉलीबॉल कप टूर्नामेंट, एशिया की प्रमुख वार्षिक महाद्वीपीय पुरुष वॉलीबॉल प्रतियोगिता है। भारत ने पहली बार इसके 2026 संस्करण की मेजबानी की, जिससे देश के खेल कैलेंडर में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया।
13. राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस भारत के महान सांख्यिकीविद् प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस की जयंती के अवसर पर हर वर्ष 29 जून को देशभर में मनाया जाता है। राष्ट्रीय नीतियों के निर्माण, आर्थिक योजना, सामाजिक विकास और सुशासन में सांख्यिकी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से भारत सरकार ने वर्ष 2007 से इस दिवस को मनाने की शुरुआत की थी। आज के डिजिटल और डेटा-आधारित दौर में सांख्यिकी केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि सटीक निर्णय लेने और विकास की दिशा तय करने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस का जन्म 29 जून 1893 को कोलकाता में हुआ था। उन्हें भारत में आधुनिक सांख्यिकी का जनक माना जाता है। उन्होंने भारतीय सांख्यिकी संस्थान (आईएसआई) की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश में सांख्यिकीय अनुसंधान को नई दिशा दी। उनके द्वारा विकसित ‘महालनोबिस दूरी’ (Mahalanobis Distance) आज भी दुनिया भर में डेटा विश्लेषण, मशीन लर्निंग और वैज्ञानिक अनुसंधान में व्यापक रूप से उपयोग की जाती है। भारत की दूसरी पंचवर्षीय योजना के निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
14. विश्व सोशल मीडिया दिवस

प्रत्येक वर्ष 30 जून को विश्व सोशल मीडिया दिवस (World Social Media Day) मनाया जाता है। इसकी शुरुआत वर्ष 2010 में वैश्विक डिजिटल मीडिया मंच Mashable द्वारा की गई थी। इस दिवस का उद्देश्य केवल सोशल मीडिया की लोकप्रियता का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि यह समझना भी है कि इसने समाज, लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था, संस्कृति और मानवीय संबंधों की संरचना को किस प्रकार गहराई से प्रभावित किया है। इक्कीसवीं सदी में सोशल मीडिया केवल संचार का माध्यम नहीं रहा, बल्कि यह विचारों के आदान-प्रदान, जनमत निर्माण, सामाजिक आंदोलनों, राजनीतिक विमर्श, व्यापार, शिक्षा, मनोरंजन और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का सबसे सशक्त वैश्विक मंच बन चुका है। इसने समय और दूरी की पारंपरिक सीमाओं को लगभग अप्रासंगिक बना दिया है तथा पूरी दुनिया को एक सजीव ‘वैश्विक ग्राम’ (Global Village) में परिवर्तित कर दिया है, जहां किसी भी घटना की प्रतिध्वनि कुछ ही क्षणों में पृथ्वी के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंच जाती है।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
