9 June 2026 Current Affairs -GurugGkwala

14–17 minutes


1. राष्ट्रपति ने रक्षा अलंकरण समारोह 2025 (चरण-I) के दौरान 7 कीर्ति चक्र (2 मरणोपरांत), 15 वीर चक्र (3 मरणोपरांत) और 29 शौर्य चक्र (1 मरणोपरांत) प्रदान किए

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने 8 जून, 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित रक्षा अलंकरण समारोह 2026 के प्रथम चरण के दौरान रक्षा बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश पुलिस के कर्मियों को 7 कीर्ति चक्र (जिनमें 2 मरणोपरांत शामिल हैं), 15 वीर चक्र (जिनमें 3 मरणोपरांत शामिल हैं) और 29 शौर्य चक्र (जिनमें 1 मरणोपरांत शामिल है) प्रदान किए। ये वीरता पुरस्कार उन कर्मियों को दिए गए जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अदम्य साहस, अद्वितीय वीरता और व्यक्तिगत सुरक्षा की पूर्ण परवाह न करते हुए वीरता का प्रदर्शन किया।

2. पश्चिम बंगाल आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई से जुड़ा, दुनिया की सबसे बड़ी स्‍वास्‍थ्‍य आश्‍वासन योजना का देशभर में विस्तार पूर्ण

सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज का लक्ष्य प्राप्त करने तथा देश के हर पात्र नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की आसान पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्‍वपूर्ण कदम उठाते हुए, पश्चिम बंगाल आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) को लागू करने वाला देश का 36वाँ राज्य/केन्‍द्र शासित प्रदेश बन गया। देश की प्रमुख स्वास्थ्य आश्वासन योजना को राष्ट्रव्यापी स्तर पर अपनाने की प्रक्रिया के पूर्ण होने के इस महत्वपूर्ण अवसर पर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) ने राज्य में एबी पीएम-जेएवाई को लागू करने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस योजना में राज्य और केंद्र सरकार मिलकर इसका खर्च वहन करते हैं। सामान्य राज्यों में केंद्र सरकार खर्च का 60% और राज्य सरकार 40% खर्च उठाते हैं। वहीं, पूर्वोत्तर और हिमालयी राज्यों में केंद्र सरकार 90% और राज्य सरकार 10% खर्च उठाती हैं। आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत 23 सितंबर 2018 को रांची, झारखंड से की गई थी। इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपए तक का कैशलेस स्वास्थ्य कवर मिलता है।

3. WTO व्यापार एवं पर्यावरण सप्ताह 2026 में भारत द्वारा जलवायु कार्रवाई का प्रदर्शन

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर, भारत ने जेनेवा में ‘WTO व्यापार एवं पर्यावरण सप्ताह‘ के दौरान “भारत की कार्बन क्रेडिट ट्रेडिंग योजना (CCTS) का प्रदर्शन और नवीकरणीय ऊर्जा में मानकीकरण” नामक कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम निम्न-कार्बन अर्थव्यवस्था, स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन और पेरिस समझौते के तहत अपने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित अंशदान (NDC) को प्राप्त करने की दिशा में भारत के प्रयासों पर केंद्रित था। भारत पुनः प्रतिपादित किया कि सतत विकास के लिये उसका दृष्टिकोण UNFCCC (जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र फ्रेमवर्क कन्वेंशन) के ‘समानता’ और ‘साझा लेकिन अलग-अलग उत्तरदायित्व और संबंधित क्षमता’ (CBDR-RC) के मूल सिद्धांतों द्वारा निर्देशित है। भारत ने पेरिस समझौते के तहत अपने प्रमुख NDC लक्ष्यों को वर्ष 2030 की समय सीमा से काफी पहले ही प्राप्त कर लिया है: मार्च 2026 तक, भारत की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता 53.21% तक पहुँच गई, जिसने वर्ष 2030 तक 50% के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पार कर लिया है। वर्ष 2005 और 2022 के बीच भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की उत्सर्जन तीव्रता में 37.38% की गिरावट आई है, जो वर्ष 2030 तक 33-35% की कमी के निर्धारित एनडीसी लक्ष्य से भी अधिक है।

4. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भव्य पोर्टल का शुभारंभ किया

सभी राज्यों में औद्योगिक विकास का अवसर प्रदान करने के लिए 100 औद्योगिक पार्क लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पार्कों की स्थापना के लिए सोमवार को वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल पर राज्य आवेदन कर सकेंगे।इस योजना के तहत वर्ष 2026-27 से 2031-32 तक छह वर्षों में लगभग 33,660 करोड़ रुपए के कुल वित्तीय प्रावधान के साथ 100 औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। योजना के पहले चरण में चुनौती-आधारित प्रतिस्पर्धी चयन प्रक्रिया के माध्यम से 50 तक औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। 31 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों में से 20 औद्योगिक पार्क चुने जाएंगे, जबकि अगले चार महीनों में प्राप्त आवेदनों में से 30 और पार्कों का चयन किया जाएगा। पार्क लगाने की मंजूरी राज्यों की तरफ से की गई पेशकश के आधार पर की जाएगी। केंद्र प्रति एकड़ एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता देगा। निजी कंपनियां भी राज्य के साथ मिलकर तो सार्वजनिक कंपनियां (पीएसयू) भी औद्योगिक पार्क लगाने के लिए आवेदन कर सकती हैं। बशर्ते कि उनके पास अपनी जमीन हो।

5. गृहमंत्री अमित शाह डिजिटल लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च करेंगे

9 जून को गृहमंत्री अमित शाह डिजिटल लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (LPMS) लॉन्च करेंगे। LPMS एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो बंदरगाहों पर माल की आवजाही के लिए स्लॉट बुकिंग, पेमेंट और ट्रैकिंग को आसान बनाएगा। LPMS से सभी लैंड पोर्ट्स के कामकाज को एक ही सिस्टम में जोड़ा जाएगा। इस स्मार्ट सिस्टम से पोर्ट पर आवाजाही डॉक्युमेंटलेस हो सकेगी। ये पहल भारत के बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को एयरपोर्ट और सीपोर्ट की तरह आधुनिक और डिजिटल बनाने के लिए है। LPMS लॉन्च का मुख्य उद्देश्य देश की बोर्ड सिक्योरिटी को और ज्यादा मजबूत और हाईटेक बनाना है। LPMS सिस्टम से व्यापार में आसानी होगी और सिक्योरिटी चेक में लगने वाला समय लगभग आधा हो जाएगा। LPMS स्मार्ट बॉर्डर मैनेजमेंट का हिस्सा है। इस सिस्टम से बिजनेस के दौरान पोर्ट पर लॉजिसटिक से जुड़ी जानकारी तुरंत मिल सकेंगी। इस सिस्टम से पेमेंट के साथ ही ट्रैकिंग और सिंगल विंडो क्लीयरेंस सहित कार्गो और पैसेंजर के लिए एंड-टू-एंड डिजिटल वर्क आसानी से किया जा सकेगा।

6. भारत-नेपाल ने क्रॉस बॉर्डर डिजिटल पेमेंट के लिए MoU किया

7 जून को भारत और नेपाल ने क्रॉस बॉर्डर डिजिटल पेमेंट को पूरी तरह लागू करने के लिए एक MoU किया। ये MoU नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल की भारत यात्रा के दौरान हुआ। इस MoU के अंतर्गत भारत के UPI (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) और नेपाल के नेशनल पेमेंट इंटरफेस (NPI) को जोड़ने पर सहमति बनी है। इस MoU के बाद नेपाली नागरिक भारत में और भारतीय नागरिक नेपाल में मोबाइल से डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे। ये फैसिलिटी पर्सनल रेमिटेंस यानी, पर्सन टू पर्सन और बाकी बॉर्डर के पार होने वाले पेमेंट्स को आसान बनाएगी। इससे पहले तक यदि कोई भारतीय नागरिक नेपाल में कोई ट्रांसेक्शन करता था, तो 1.3 और 2% के बीच चार्ज किया जाता था। जबकि, भारत में किसी भी नेपाली नागरिक के लिए जनवरी 2020 से UPI यूजर और व्यापारियों दोनों के लिए ये सर्विस मुफ्त है। इस MoU के बाद किसी भी तरह के एक्स्ट्रा चार्ज को इंटरनेशनल पेमेंट लिमिटेड (भारत) और नेपाल क्लीयरिंग हाउस लिमिटेड (नेपाल) वहन करेंगे। मार्च 2024 से भारतीय पर्यटक नेपाल में UPI-बेस्ड QR पेमेंट कर रहे थे। अब इस MoU के बाद दोनों ही मोड में पेमेंट आसान हो सकेगा। भारत ने 2023 में डिजिटल पेमेंट और रेमिटेंस के लिए MoU किया था, जिसे अब ऑपरेशनल लेवल पर लागू किया जाएगा। इसके साथ ही विदेश मंत्री एस जयशंकर ने नेपाल में भूकंप के बाद पुनर्निर्माण परियोजनाओं के हिस्से के रूप में 72 हेल्थ सेक्टर और 12 कल्चरल सेक्टर के प्रोजेक्ट्स पर भी नेपाल से समझौता किया। 2015 के भूकंप के बाद नेपाल में पुनर्निर्माण के लिए भारत प्रमुख दानदाता था। भारत ने अनुदान और लोन में 1 बिलियन डॉलर देने का वादा किया था।

7. पीएम मोदी ने आर्मेनियाई संसदीय चुनावों में ‘सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी’ की जीत पर निकोल पशिनयान को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान को संसदीय चुनावों में उनकी सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी की जीत पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे भारत और आर्मेनिया के बीच मित्रता और सहयोग के ऐतिहासिक तथा मजबूत संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री पशिनयान के साथ मिलकर काम करने के इच्छुक हैं।

8. अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन इंदौर में शुरू होगा

अंतरराष्ट्रीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन मध्य प्रदेश के इंदौर में शुरू हो रहा है। इस सम्मेलन में 21 देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें ब्राजील, चीन, रूस और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।इस सम्मेलन का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में सहयोग, नवाचार और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करना है।

9. केरलम: शिगेला संक्रमण से एक बच्चे की मौत के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने निवारक उपाय और सख्त किए

केरलम में शिगेला संक्रमण से एक चार वर्षीय बच्चे की मौत के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग ने निवारक उपाय और सख्त कर दिये हैं। स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने खाद्य सुरक्षा विभाग से जांच बढ़ाने को कहा है। शिगेला संक्रमण (शिगेलोसिस), शिगेला (Shigella) नामक बैक्टीरिया के समूह के कारण होने वाली आंतों की एक अत्यधिक संक्रामक बीमारी है। यह मुख्य रूप से दूषित भोजन, पानी या संक्रमित व्यक्ति के मल के संपर्क में आने से फैलती है, जिसके परिणामस्वरूप पेट में तेज ऐंठन, बुखार और खूनी दस्त होते हैं।

10. रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर की एआई क्षेत्र में एंट्री, सहायक कंपनियों के नाम बदले

रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने सोमवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और नई प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में कदम बढ़ाने की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि उसने अपनी सहायक कंपनियों के माध्यम से एआई और तकनीक आधारित गतिविधियों को अपने कारोबार का हिस्सा बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शेयर बाजार को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि तेजी से विकसित हो रहे एआई इकोसिस्टम और उससे जुड़े तकनीकी क्षेत्रों में भागीदारी के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। कंपनी के अनुसार, कुछ सहायक कंपनियों के उद्देश्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी आधारित सेवाओं से जुड़े नए प्रावधान जोड़े गए हैं। इसी क्रम में कंपनी ने अपनी तीन सहायक कंपनियों के नए नाम भी घोषित किए हैं। इनके नाम अब रिलायंस एआई वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस एआई एपेक्स प्राइवेट लिमिटेड और रिलायंस एआई वन प्राइवेट लिमिटेड होंगे।

11. एसबीआई ने केंद्र सरकार को सौंपा 8,813 करोड़ रुपए का डिविडेंड

देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को 8,813 करोड़ रुपए का डिविडेंड चेक सौंपा है। यह चेक एसबीआई के चेयरमैन सी.एस. शेट्टी ने केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपा। यह लाभांश भुगतान एसबीआई के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन को दर्शाता है। साथ ही, इसे केंद्र सरकार की गैर-कर (नॉन-टैक्स) आय में महत्वपूर्ण योगदान के रूप में भी देखा जा रहा है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक के रूप में एसबीआई देश की बैंकिंग प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उसका यह योगदान सरकारी राजस्व को भी मजबूती प्रदान करेगा।

12. टेनिस में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने जीता अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब

टेनिस में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। उन्होंने रोलैंड गैरोस में खेले गए रोमांचक पांच सेट के फाइनल में इटली के फ्लेवियो कोबोली को हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया। विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने फिलिप-चैट्रियर कोर्ट पर खेले गए चार घंटे बीस मिनट के मुकाबले में 6-1, 4-6, 6-4, 6-7, 6-1 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ज़्वेरेव का किसी बड़े खिताब का लंबा इंतजार खत्म हुआ। इससे पहले वे 2020 में यूएस ओपन, 2024 में फ्रेंच ओपन और 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में उपविजेता रहे थे। 29 वर्षीय ज़्वेरेव 1937 में हेनर हेनकेल के बाद फ्रेंच ओपन जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। साथ ही, वे 1996 में बोरिस बेकर की ऑस्ट्रेलियन ओपन की जीत के बाद ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी भी बन गए हैं। हार के बावजूद, कोबोली अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचे और पहली बार विश्व के शीर्ष दस खिलाड़ियों में जगह बनाई।

13. आईसीसी ने आगामी महिला टी-20 विश्व कप के लिए कमेंटेटर्स की सूची जारी की

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले आगामी महिला टी-20 विश्व कप के लिए कमेंटेटर्स की सूची जारी कर दी है। इस बार कमेंट्री टीम में कई दिग्गज महिला खिलाड़ियों के नाम शामिल हैं, जिनमें भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज, अंजुम चोपड़ा और वेदा कृष्णमूर्ति के नाम प्रमुख हैं। इनके साथ दिनेश कार्तिक और जतीन सप्रू भी कमेंट्री पैनल का हिस्सा होंगे। महिला टी-20 विश्व कप का 10वां संस्करण शुक्रवार से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। जबकि फाइनल मैच 5 जुलाई को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा। कुल 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी और पूरे टूर्नामेंट में 33 मैच खेले जाएंगे।

14. विश्व महासागर दिवस

महासागर केवल जल का विशाल भंडार नहीं हैं, बल्कि वे पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन, आर्थिक विकास और मानव अस्तित्व के प्रमुख आधार भी हैं। पृथ्वी की सतह का लगभग 71% भाग महासागरों से ढका हुआ है और ये मानव जीवन, जैव विविधता तथा वैश्विक जलवायु प्रणाली के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। हर वर्ष 8 जून को विश्व महासागर दिवस (World Oceans Day) मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य महासागरों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनके संरक्षण के लिए वैश्विक प्रयासों को मजबूत करना है। विश्व महासागर दिवस की अवधारणा पहली बार वर्ष 1992 में ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आयोजित पृथ्वी शिखर सम्मेलन (Earth Summit) के दौरान प्रस्तुत की गई थी। बाद में संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2008 में आधिकारिक रूप से 8 जून को विश्व महासागर दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की। तब से यह दिवस दुनिया भर में विभिन्न कार्यक्रमों, अभियानों और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से मनाया जाता है।

15. आकाशवाणी के गौरवशाली 90 वर्ष पूरे

आकाशवाणी के 8 जून को गौरवशाली 90 वर्ष पूरे हुए। वर्ष 1936 में 8 जून के ही दिन इंडिया स्‍टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस को ऑल इंडिया रेडियो नाम दिया गया था। यह दिवस देश के सांस्‍कृतिक, सूचना और प्रसारण इतिहास में विशिष्ट अवसर के रूप में अंकित है। आज़ादी के बाद ऑल इंडिया रेडियो का तेज़ी से विस्‍तार हुआ और 1956 में इसे आकाशवाणी नाम दिया गया। इस अवसर पर नई दिल्ली के रंग भवन में स्पेक्ट्रम नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें पंजाबी लोक गीत और राजस्थान का कालबेलिया लोक नृत्य प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वर्तमान में आकाशवाणी के 591 केन्‍द्र कार्यरत हैं, जिनसे 23 भाषाओं और 146 बोलियों में कार्यक्रमों का प्रसारण होता है। इनकी पहुंच देश की 98 प्रतिशत आबादी तक है। आकाशवाणी का विदेश सेवा विभाग, भारतवंशियों को एकजुट करते हुए, विश्‍व के 100 से अधिक देशों में भारत की आवाज़ पहुंचा रहा है। बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय के आदर्श पर आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग रेडिया प्रसारण के सर्वोच्‍च मानकों का अनुपालन करते हुए चौबीसों घंटे सभी प्रमुख भाषाओं और बोलियों में समाचारों और समाचार कार्यक्रमों का प्रसारण करता है।

16. ब्रिटिश एक्टर एंथनी हेड का निधन

7 जून को ब्रिटिश एक्टर एंथनी हेड का निधन हो गया। वे 72 साल के थे। एंथनी ‘बफी द वैम्पायर स्लेयर‘ और ‘टेड लासो’ जैसे अपने किरदारों के लिए जाने जाते थे। एंथनी ने सारा मिशेल गेलर के साथ ‘बफी’ के सभी सात सीजन में रूपर्ट जाइल्स का किरदार निभाया है। एंथनी स्केच कॉमेडी सीरीज ‘लिटिल ब्रिटेन‘ में पीएम की भूमिका निभाई थी, जो उनका एक मशहूर किरदार माना जाता है। एंथनी ने द आयरन लेडी में भी काम किया है। एंथनी ने इस फिल्म में सर जेफरी होव‘ का किरदार निभाया था। ये फिल्म पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर की जीवनी पर आधारित है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top