30 May 2026 Current Affairs -GurugGkwala

16–20 minutes


1. आईजीआई हवाई अड्डे पर भारत की पहली ‘स्काईकास्ट’ प्रणाली शुरू

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की पहली एकीकृत अगली पीढ़ी की विमानन मौसम और कोहरे की निगरानी प्रणाली – स्काईकास्ट का उद्घाटन किया। यह उद्घाटन मिशन मौसम के अंतर्गत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक प्रणाली पायलटों को वास्तविक समय में मौसम की जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे कोहरे और ट्रबुलेंस के कारण होने वाली उड़ान देरी, मार्ग परिवर्तन और उड़ान रद्द होने की घटनाओं में कमी आएगी। डॉ. सिंह ने कहा कि दुनिया में अब तक केवल 18 ऐसे आधुनिक सिस्टम मौजूद हैं और भारत इसे स्थापित करने वाला दुनिया का 19वां देश बन गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे के बाद दूसरी ऐसी सुविधा जेवर हवाई अड्डे पर स्थापित की जाएगी, जिसके बाद भारत भर के अन्य हवाई अड्डों पर इसका विस्तार किया जाएगा। स्काईकास्ट सुविधा में ग्राउंड-बेस्ड फॉग एरोसोल स्पेक्ट्रोमीटर (जीएफएएस) जैसे उन्नत कोहरे की निगरानी करने वाले उपकरण भी शामिल हैं, जो कोहरे की बूंदों, एरोसोल और एरोसोल-कोहरे की परस्पर क्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हैं। इस प्रणाली में सीएल61 लिडार-आधारित सीलोमीटर भी एकीकृत है, जो कोहरे की ऊर्ध्वाधर संरचना की निरंतर निगरानी करता है। इससे कोहरे के बनने, दृश्यता में कमी और विमानन संचालन को प्रभावित करने वाली वायुमंडलीय स्थितियों को समझने में मदद मिलती है। स्काईकास्ट कोहरे, एरोसोल, ट्रबुलेंस, नमी, दृश्यता और वायुमंडलीय स्थितियों के वास्तविक समय के मापों को एक उन्नत विमानन मौसम सूचना प्रणाली में एकीकृत करता है। यह प्रणाली पायलटों, एयरलाइनों, हवाई अड्डे के संचालकों और हवाई यातायात प्रबंधन एजेंसियों को सटीक पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी सेवाएं प्रदान करेगी। स्काईकास्ट का वैज्ञानिक आधार विंटर फॉग एक्सपेरिमेंट (वाईएफईएक्स) है, जिसे पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत आईआईटीएम और आईएमडी द्वारा संयुक्त रूप से 2015 में आईजीआई हवाई अड्डे पर शुरू किया गया था।

2. भारत-वियतनाम के बीच डिजिटल भुगतान सहयोग मजबूत, आरबीआई और एसबीवी में समझौता

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और स्टेट बैंक ऑफ वियतनाम (एसबीवी) ने 5 मई, 2026 को वित्तीय नवाचार और डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सीमा-पार भुगतान संपर्कों को मजबूत करना, क्यूआर कोड-आधारित भुगतान प्रणालियों का विस्तार करना और भारत को वैश्विक फिनटेक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना है। भारतीय रिजर्व बैंक और स्टेट बैंक ऑफ वियतनाम के बीच हुआ यह समझौता वित्तीय नवाचार और डिजिटल भुगतानों के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करेगा। इसके तहत सूचना साझा करने, नियामकीय समन्वय और भुगतान प्रणाली कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे भारत और वियतनाम के बीच क्यूआर कोड-आधारित मर्चेंट भुगतानों के लिए सीमा-पार लेन-देन संभव हो सकेगा।

3. भारत का पहला ‘सुपर प्रेशर बैलून’ लॉन्च

28 मई को भारत का पहला सुपर प्रेशर बैलून 2026 लॉन्च हुआ। इसे रेड बैलून एयरोस्पेस ने डेवलप किया है। ये बैलून आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से भेजा गया है। ये भारत का पहला सुपर प्रेशर बैलून है। VISTA नामक बैलून प्लेटफॉर्म को ‘मिशन SANA’ नाम दिया गया है। सुपर प्रेशर बैलून का यूज एटमॉस्फेरिक (वायुमंडलीय) रिसर्च और मौसम संबंधी डेटा इकट्ठा करने के लिए किया जाएगा। ये बैलून लंबे समय तक एक ही ऊंचाई पर और समताप (Stratosphere) मंडल में रह सकता है। सुपर-प्रेशर बैलून एक हाई-एल्टीट्यूड यानी काफी ऊंचाई वाला गुब्बारा है, जिसे आंतरिक दबाव को बाहरी वायुमंडलीय दबाव से अधिक बनाए रखने के लिए डिजाइन किया गया है। सुपर-प्रेशर बैलून टेलीकम्युनिकेशन, अर्थ ऑब्जर्वेशन, डिजास्टर मैनेजमेंट, एनवायरमेंटल मॉनिटरिंग और स्ट्रैटेजिक सर्विलांस के लिए काम कर सकता है। रेड बैलून एयरोस्पेस ने बुधवार को देश का पहला स्वदेशी सुपर-प्रेशर बैलून (एसपीबी) लांच किया, जिसमें सात राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के व्यावसायिक पेलोड ले जाए गए। विजयवाड़ा के इंदिरा गांधी स्टेडियम से लांच किया गया एसपीबी (विस्टा) लगभग 25 किमी की ऊंचाई तक पहुंचा।

4. वाइस एडमिरल अजय कोचर ने नौसेना के 48वें उप-प्रमुख का पदभार संभाला

वाइस एडमिरल अजय कोचर, पीवीएसएम, एवीएसएम, एनएम ने 29 मई 2026 को भारतीय नौसेना के 48वें उप-प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया। अजय कोचर के पास गनरी और मिसाइल सिस्टम में स्पेशलाइजेशन है। वाइस एडमिरल अजय को 1 जुलाई 1988 में कमीशन मिला था। वाइस एडमिरल अजय अडमान-निकोबार में कमांडर इन चीफ रहे। अजय कमांडडेंट, नेशनल डिफेंस एकेडमी और चीफ ऑफ स्टाफ वेस्टर्न नेवल कमांड भी रहे। 2013 में अजय स्टील्थ फ्रिगेट INS त्रिकंद के कमीशनिंग कमांडिंग ऑफिसर बने। 2017 में एयरक्राफ्ट कैरियर INS विक्रमादित्य की कमान संभाली और इसके तीसरे कमांडिंग ऑफिसर बने। 2021 में वाइस एडमिरल अजय को परम विशिष्ट सेवा पदक (PVSM) से सम्मानित किया गया।

5. कैलिफ़ोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय मूल के अमरीकी छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्‍स राष्‍ट्रीय स्‍पेलिंग बी प्रतियोगिता जीती

कैलिफ़ोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय मूल के अमरीकी छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्‍स राष्‍ट्रीय स्‍पेलिंग बी प्रतियोगिता जीत ली है। उन्होंने 90 सेकंड में 35 में से 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताकर यह खिताब अपने नाम किया। आठवीं कक्षा के छात्र श्रेय पारिख ने सातवीं कक्षा के 12 वर्षीय ईशान गुप्‍ता को हराया। श्रेय पारिख 2024 में भी इस प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट रह चुके हैं। इस जीत के साथ उन्हें 50 हजार अमरीकी डॉलर, एक स्मृति पदक और स्क्रिप्स कप सहित कई पुरस्कार मिले। तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में अमरीका के 50 राज्यों सहित कई देशों के 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। स्पेलिंग बी प्रतियोगिता पहली बार 1925 में आयोजित की गई थी। बालू नटराजन 1985 में इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय मूल के छात्र बने थे। पिछले कई दशकों से भारतीय मूल के छात्रों का इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन रहा है। इस वर्ष के नौ फाइनलिस्टों में से पांच भारतीय मूल के थे।

6. छठे राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में मातृ और शिशु स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज

छठे राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने मातृ और शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा वित्तीय सुरक्षा क्षेत्र में उल्‍लेखनीय प्रगति की है। रिपोर्ट के अनुसार, 95.9% गर्भवती महिलाओं को प्रसवपूर्व देखभाल मिली है। गर्भावस्था की पहली तिमाही में जांच कराने वाली महिलाओं की संख्या 70 प्रतिशत से बढ़कर 76 दशमलव दो प्रतिशत हो गई है। सर्वेक्षण में कहा गया है कि भारत की कुल प्रजनन दर 2 बनी हुई है। 12 से 23 माह के 96 प्रतिशत से अधिक बच्चों को जरूरी टीके लगाए गए हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में होने वाले प्रसव 88 दशमलव छह प्रतिशत से बढ़कर 90 दशमलव छह प्रतिशत हो गए हैं। ये सुधार मिशन परिवार विकास और राष्ट्रीय परिवार नियोजन कार्यक्रमों का सकारात्मक प्रभाव दर्शाते हैं। सर्वेक्षण में महिलाओं की डिजिटल और आर्थिक स्थिति में भी सुधार दर्ज किया गया है। इंटरनेट इस्तेमाल करने वाली महिलाओं की संख्या लगभग दोगुनी हुई है। यह 33 दशमलव तीन प्रतिशत से बढ़कर 64 दशमलव तीन प्रतिशत हो गई है।

7. भारत में सबस्ट्रेट निर्माण प्रौद्योगिकी के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए

ओडिशा सरकार, अमरीकी बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी इंटेल कॉर्पोरेशन तथा उन्नत पैकेजिंग सब्सट्रेट समाधान और कांच आधारित विद्युत परिपथ बनाने वाली अग्रणी अमरीकी हाई-टेक सेमीकंडक्टर कंपनी थ्री डी जी एस इन्‍कॉरपोरेशन ने ओडिशा में एडवांस्ड पैकेजिंग ग्लास कोर सबस्ट्रेट विनिर्माण केंद्र स्थापित करने के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना-प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, इंटेल के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी लिप-बू टैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति भारत में सब्सट्रेट निर्माण प्रौद्योगिकी केंद्र स्‍थापित करने के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के साक्षी बने। इस संयंत्र में उन्नत पैकेजिंग ग्लास कोर सबस्ट्रेट्स, उच्च घनत्व वाले इंटरकनेक्ट सबस्ट्रेट्स और सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इंटेल इसमें तकनीकी ज्ञान और प्रक्रिया विशेषज्ञता सहयोग देगा। इससे भारत में क्षमता विकास, पारितंत्र विकसित करने और निर्यात-उन्मुख विनिर्माण में योगदान मिलने की संभावना है। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के तहत यह पहल घरेलू विनिर्माण, डिजाइन पारितंत्र और आपूर्ति श्रृंखला क्षमता सुदृढ़ बनाने के जारी प्रयासों पर आधारित है। इससे ओडिशा सेमीकंडक्टर विनिर्माण और डिजिटल अवसंरचना के उभरते वैश्विक केंद्रों में स्‍थापित हो जाएगा।

8. वित्तीय सेवा विभाग ने बिना दावे वाली वित्तीय परिसंपत्तियों के लिए एक साझा लैंडिंग पोर्टल लॉन्च किया

वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) ने पीएसबी एलायंस के सहयोग से विकसित बिना दावे वाली वित्तीय परिसंपत्तियों के लिए कॉमन लैंडिंग पोर्टल का शुभारंभ किया, ताकि बिना दावे वाली वित्तीय परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी तक सुगम पहुंच सुनिश्चित की जा सके। https://www.unclaimedassetsportal.in पर उपलब्ध यह पोर्टल, वित्तीय जगत में विद्यमान बिना दावे वाले बैंक जमा, बीमा दावों, शेयरों, लाभांश और म्यूचुअल फंड से संबंधित खोज सुविधाओं तक पहुंच प्रदान करने वाला एक एकीकृत मंच है। इस पोर्टल का शुभारंभ वित्तीय सेवा विभाग के सचिव श्री एम. नागराजू ने 29 मई 2026 को आयोजित सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की समीक्षा बैठक के दौरान किया था ।

9. त्रिपुरा में पूर्वोत्तर का पहला डिजिटल एफआरए (FRA) एटलस लॉन्च किया

29 मई को त्रिपुरा के राज्यपाल इंद्र सेना रेड्डी नल्लू ने पहला डिजिटल ‘वन अधिकार अधिनियम‘ (FRA) एटलस लॉन्च किया। अगरतला के प्रज्ञा भवन में आयोजित ‘जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 – बिरसा लाइव्स इन न्यू भारत वीक’ कार्यक्रम के दौरान पूर्वोत्तर का पहला डिजिटल वन अधिकार अधिनियम (FRA) लॉन्च किया। ये एटलस आदिवासी समुदायों के भूमि अधिकारों और वन अधिकारों के प्रबंधन में मदद करेगा। डिजिटल FRA एटलस को त्रिपुरा एप्लीकेशन सेंटर के सहयोग से विकसित किया गया था। ये पहल वन अधिकार अधिनियम (FRA), 2006 के जरिए डिजिटल मैपिंग और भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी (Geospatial Technology) करना है। डिजिटल FRA एटलस, वन अधिकार दावों और भूमि रिकॉर्ड की डिजिटल मैपिंग में मदद करता है।

10. विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर टीओएफईआई एप का शुभारंभ

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलीला श्रीवास्तव ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस (31 मई) 2026 के अवसर पर कर्तव्य भवन में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान (टीओएफईआई) एप्लिकेशन के पायलट संस्करण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर तंबाकू उत्पादों के नमूने एकत्र करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (एनटीसीपी) के तहत किया गया। टीओएफईआई एक डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के स्कूलों और कॉलेजों में तंबाकू मुक्त मानदंडों के कार्यान्वयन और निगरानी को मजबूत करना है। यह एप शैक्षणिक संस्थानों द्वारा स्व-मूल्यांकन और रिपोर्टिंग, दिशा-निर्देशों के अनुपालन की निगरानी, तंबाकू नियंत्रण संबंधी संकेतकों के पालन तथा संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक जैसे कार्यों को सुविधाजनक बनाएगा। इसके साथ ही छात्रों और शिक्षकों के लिए जागरूकता एवं संवेदीकरण गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा कैंपस में तंबाकू मुक्त उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया जाएगा। राजस्थान, मेघालय और महाराष्ट्र में इस एप्लिकेशन का पायलट कार्यान्वयन किया जाएगा।

11. कर्नाटक: राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने स्वीकार किया मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने बेंगलुरु में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही, मंत्रिपरिषद को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। हालांकि, श्री सिद्धारमैया को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में वैकल्पिक व्यवस्था होने तक पद पर बने रहने के लिए कहा गया है। इस दौरान उन्हें कोई भी कार्यकारी निर्णय लेने से मना किया गया है।

12. आईआईएमसी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एकेडमी की शुरुआत की

भारतीय जनसंचार संस्थान (आई.आई.एम.सी.) ने नई दिल्ली परिसर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन मीडिया एंड एंटरटेनमेंट एकेडमी की शुरुआत की। यह अकादमी दूरदर्शन, आकाशवाणी और पत्र सूचना कार्यालय जैसे संस्थानों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम और एआई टूलकिट तैयार करेगी।

13. रेसलर विनेश फोगाट एशियन गेम्स के ट्रायल में हिस्सा ले सकेंगी

29 मई को सुप्रीम कोर्ट ने हरियाणा की ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट को एशियन गेम्स के ट्रायल की मंजूरी दे दी है। 28 मई को रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI ) ने फोगाट का ट्रायल रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी लगाई थी,जिसे जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक आराधे की बेंच ने ठुकराया। ये ट्रायल 30- 31 मई को दिल्ली में होगा। इन ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर इसी साल सितंबर में जापान में होने वाली एशियन गेम्स में खिलाड़ियों का चयन होगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने 22 मई को दिए आदेश में विनेश फोगाट को चयन ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी थी। इसी फैसले को WFI ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। WFI ने एंटी-डोपिंग नियमों के तहत संन्यास से वापसी करने वाले एथलीटों के लिए अनिवार्य छह महीने की नोटिस का हवाला देते हुए फोगाट को 26 जून, 2026 तक घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए अयोग्य घोषित किया था। इसके साथ ही WFI ने अनुशासनहीनता और एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के आरोप में कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। विनेश फोगाट ने 2024 में पेरिस ओलिंपिक में अपना आखिरी कुश्ती मैच खेला था। विनेश ने 50 किलोग्राम वेट कैटेगरी में 6 अगस्त 2024 को एक ही दिन में 3 मैच खेले थे। फाइनल खेलने से पहले वजन की जांच की गई तो उनका वजन 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके बाद उन्हें अयोग्य करार दे दिया गया। विनेश फोगाट ने 8 अगस्त 2024 को कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। 12 दिसंबर 2025 को विनेश ने संन्यास वापस लेने का ऐलान करते हुए कहा था कि वह 2028 में लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में हिस्सा लेना चाहती हैं।

14. आर. प्रज्ञानंद ने नॉर्वे चेस 2026 में मैग्नस कार्लसन को हराया

28 मई को आर प्रज्ञानंद ने नॉर्वे चेस 2026 में दुनिया के नंबर-1 चेस प्लेयर मैग्नस कार्लसन को हराया। प्रज्ञानंद नॉर्वे चेस (Norway Chess) 2026 के तीसरे राउंड में जीते हैं। ये टूर्नामेंट नॉर्वे के स्टेवेंजर में आयोजित किया जा रहा था, प्रज्ञानंद ने क्लासिकल शतरंज में कार्लसन को मात दी है। प्रज्ञानंद भारत के सबसे कम उम्र के सफल ग्रैंडमास्टर्स में से एक हैं। इससे पहले प्रज्ञानंद ने नॉर्वे चेस 2024 में भी जीते थे। प्रज्ञानंद ने सबसे पहले 2013 में अंडर-8 में वर्ल्ड यूथ चेस चैंपियनशिप जीती थी। प्रज्ञानंद 2016 में 10 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल मास्टर (IAM) बने। प्रज्ञानंद 2018 में, 12 साल की उम्र में दुनिया के दूसरे सबसे कम उम्र के ग्रैंडमास्टर बने। 2019 में प्रज्ञानंद ने वर्ल्ड यूथ अंडर-18 चैंपियनशिप जीती। प्रज्ञानंद ने 2022 में 44वें चेस ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कांस्य जीता। 2022 टूर्नामेंट के दौरान प्रज्ञानंद ने रैपिड फॉर्मेट में वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन को भी हराया था। प्रज्ञानंद को 2022 में भारत का दूसरा सबसे बड़ा खेल सम्मान अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। प्रज्ञानंद ने FIDE सर्किट 2025 जीता और कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के लिए क्वालीफाई किया। वे इस रूट से क्वालीफाई करने वाले पहले भारतीय बने।

15. ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने किया दमदार प्रदर्शन

एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग-100 मीटर दौड़ में निपम ने कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली पिछले 25 वर्षों में वह पहली भारतीय महिला बनीं। वहीं, महिला ट्रिपल जम्‍प में साधना रवि ने रजत पदक जीता। नितिन गुप्ता ने पुरुष वर्ग में पांच हजार मीटर पैदल चाल का खिताब जीता।

16. ताइपे कैपिटल कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उभरते एवं उद्योग-प्रेरित कौशल क्षेत्रों में दो रजत पदक और तीन योग्यता पुरस्कार प्राप्त किया

ताइवान की राजधानी ताइपे में 26 मई से लेकर 28 मई 2026 तक आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया ने विभिन्न कौशल श्रेणियों में दो रजत पदक एवं तीन योग्यता पुरस्कार प्राप्त कर देश को गौरवान्वित किया। यूरोप, एशिया, अमेरिका और ओशिनिया के 15 देशों के कुछ बेहतरीन युवा कुशल पेशेवरों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए,भारतीय दल ने असाधारण उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया जिससे वैश्विक कौशल शक्ति के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा की पुनः पुष्टि हुई। इस दल को कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) का समर्थन प्राप्त था, जो भारत के युवाओं को वैश्विक स्तर का प्रशिक्षण, उद्योग से जुड़ाव एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानकीकरण का अवसर प्रदान करते हैं। ताइपे कैपिटल कप 2026 में टीम इंडिया की उपलब्धियां निम्न प्रकार हैं:

  • सुश्री मुस्कान – पेंटिंग एवं सजावट में रजत पदक
  • श्री अर्जुन सुमति विजयभास्कर – मोबाइल एप्लिकेशन डेवलपमेंट में रजत पदक
  • श्री मोहम्मद मफाज़ पूनाइकन्नन रबी अहमद – सॉफ्टवेयर अनुप्रयोग विकास में योग्यता पुरस्कार
  • श्री सुरेश कुमार गणेशण मीणा – डिजिटल निर्माण में योग्यता पुरस्कार
  • श्री मोहम्मद सेराज – ऑटोमोबाइल प्रौद्योगिकी में योग्यता पुरस्कार

17. CCI के पहले अध्यक्ष धनेंद्र कुमार का निधन

28 मई को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग यानी CCI के पहले अध्यक्ष और पूर्व IAS धनेंद्र कुमार का निधन हो गया। वे 80 साल के थे। धनेंद्र हरियाणा कैडर के 1968 बैच के IAS ऑफिसर थे। धनेंद्र 2009 में भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) के पहले चेयरमैन बने। धनेंद्र ने भारत के प्रतिस्पर्धा कानून को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। धनेंद्र ने CCI में कॉम्पिटिशन रेगुलेटरी फ्रेमवर्क बनाया, एंटी मोनोपॉली कॉम्पिटिशन कानून बनाए और कॉम्पिटिशन एक्ट लागू किया। धनेंद्र वर्ल्ड बैंक के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी रहे और धनेंद्र मिनिस्ट्री एंड कॉमर्स में सीनियर ऑफिसर रहे। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग, भारत सरकार के कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के तहत एक प्रमुख वैधानिक और अर्ध-न्यायिक नियामक संस्था है। CCI की स्थापना 14 अक्टूबर 2003 को प्रतिस्पर्धा अधिनियम, 2002 के तहत की गई थी।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top