13 May 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार 2026 प्रदान किए

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में नर्सिंग के क्षेत्र में काम करने वालों को वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार प्रदान किए। विभिन्न क्षेत्रों और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों से कुल 15 नर्सों को उनकी अनुकरणीय सेवा, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रति अटूट समर्पण और समाज के कल्याण के प्रति उत्कृष्ट स्तर की प्रतिबद्धता के सम्मान में सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 1973 में भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा समाज को नर्सिंग कर्मियों द्वारा प्रदान की गई सराहनीय सेवाओं की मान्यता के प्रतीक के रूप में की गई थी। यह पुरस्कार नर्सिंग पेशे में निष्ठा, करुणा और दृढ़ता के सम्मान में प्रदान किया जाता है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार केंद्र और राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों और स्वयंसेवी संगठनों में कार्यरत पंजीकृत नर्सों, प्रसूति सहायिकाओं, सहायक नर्स प्रसूति सहायिकाओं और महिला स्वास्थ्य परिचारिकाओं को प्रदान किए जाते हैं। प्रत्येक पुरस्कार में एक प्रशस्ति पत्र, 1,00,000 रुपये का नकद पुरस्कार और एक पदक शामिल है जो इन स्वास्थ्य योद्धाओं की अमूल्य सेवा के लिए राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है। जिन नर्सों को पुरस्कार से सम्मानित किया गया उनके नाम

2. भारत की ओर से मुंबई में किम्बर्ले प्रोसेस अंतरसत्रीय बैठक 2026 का आयोजन

मुंबई में भारत की अध्यक्षता में किम्बर्ले प्रोसेस (केपी) की अंतरसत्रीय बैठक 2026 का शुभारंभ हुआ। 11 से 14 मई, 2026 तक आयोजित इस बैठक में किम्बर्ले प्रोसेस के प्रतिभागियों, पर्यवेक्षकों और उद्योग जगत के हितधारकों के प्रतिनिधि वैश्विक स्तर पर प्राकृतिक हीरों के व्यापार से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्र हुए हैं। केपी चेयर 2026 श्री सुचिंद्र मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किम्बर्ले प्रोसेस ने शांति को बढ़ावा देने, आजीविका की रक्षा करने और उत्पादक देशों के बीच वैध हीरा व्यापार को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 2026 में इस संगठन के लिए भारत की अध्यक्षता का विषय प्राकृतिक हीरा क्षेत्र में 3सी पर केंद्रित है जिनका अर्थ है विश्वसनीयता, अनुपालन और उपभोक्ता विश्वास। इसमें रचनात्मक संवाद और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से भविष्य में विश्वसनीय रूप से प्राप्त प्राकृतिक हीरों के व्यवसाय को मजबूत करने पर बल दिया गया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा के संकल्प 55/56 (2000) के अंतर्गत स्थापित किम्बर्ले प्रोसेस प्रमाणन योजना (केपीसीएस) एक अंतरराष्ट्रीय पहल है। इसका उद्देश्य संघर्ष वाले क्षेत्रों से अवैध तरीके से प्राप्त हीरों का वैध हीरा व्यापार में प्रवेश रोकना है। अभी किम्बर्ले प्रोसेस में 60 प्रतिभागी 86 देशों का प्रतिनिधित्व करते हैं जिनमें यूरोपीय संघ और उसके सदस्य देश एकल समूह के रूप में शामिल हैं। भारत ने 1 जनवरी 2026 को किम्बर्ले प्रोसेस की अध्यक्षता ग्रहण की।

3. प्रशांत पिसे को ओमान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया

विदेश मंत्रालय में अपर सचिव प्रशांत पिसे को ओमान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है। 1995 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी श्री पिसे मस्कट में, 1993 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी गोदावर्थी वेंकट श्रीनिवास का स्थान लेंगे। श्री पिसे वर्तमान में विदेश मंत्रालय में प्रवासी नीति और कल्याण विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने फरवरी 2026 में दुबई में आयोजित अबूधाबी संवाद के आठवें मंत्री स्तरीय परामर्श के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

4. असम में लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बने हिमंता बिस्वा सरमा

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंता बिस्व सरमा ने लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री (15वें मुख्यमंत्री) के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा स्थित पशु चिकित्सा महाविद्यालय मैदान में आयोजित एक समारोह में डॉ. सरमा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। असम विधानसभा में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन-एनडीए ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी 82 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है जबकि उसके सहयोगी दल – असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट – ने 10-10 सीटें जीतीं।

5. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश भर की अदालतों के आधुनिकीकरण का खाका तैयार करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया

सर्वोच्‍च न्‍यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने देश भर के न्यायालयों के आधुनिकीकरण का खाका तैयार करने के लिए न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने की घोषणा की है। इसके लिए सरकार से 40 से 50 हजार करोड़ रुपये का आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया है। न्यायिक अवसंरचना सलाहकार समिति न्यायालयों में अवसंरचना संबंधी कमियों को दूर करेगी। समिति में न्यायमूर्ति अरविंद कुमार के अलावा कलकत्ता, पंजाब और हरियाणा उच्‍च न्‍यायालय तथा बॉम्बे उच्च न्यायालयों के न्यायमूर्ति देबांगसु बसाक, अश्वनी कुमार मिश्रा और सोमशेखर सुंदरेशन शामिल होंगे। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के महानिदेशक और सुप्रीम कोर्ट के महासचिव भी समिति के सदस्य होंगे।समिति 31 अगस्त तक प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल को विस्तृत निष्कर्ष और आवश्यक निधि का विवरण प्रस्तुत करेगी।

6. युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने लगातार सातवीं बार राष्ट्रपति पद की शपथ ली

युगांडा के राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी ने जनवरी में हुए चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अपने सातवें कार्यकाल की शपथ ली। राष्ट्रपति मुसेवेनी पिछले 40 साल से राष्ट्रपति पद पर हैं। मुसेवेनी ने कल युगांडा की राजधानी कंपाला के कोलोलो इंडिपेंडेंस ग्राउंड्स में आयोजित समारोह में हजारों लोगों के बीच पद की शपथ ली। मुसेवेनी ने 71 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल किए। वहीं, विपक्षी नेता बोबी वाइन को 25 प्रतिशत वोट मिले।

7. I4C और RBIH ने म्यूल खातों तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ियों की AI-संचालित पहचान को मजबूत करने के लिए MoU पर हस्ताक्षर किए

केन्द्रीय गृह मंत्रालय के तहत कार्यरत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और रिज़र्व बैंक इनोवेशन हब (RBIH) नेसाइबर-सक्षम वित्तीय धोखाधड़ियों से निपटने और बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम में म्यूल खातों (Mule Accounts) पर लगाम लगाने के लिए सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस MoU का उद्देश्य धोखाधड़ी-जोखिम खुफिया जानकारी साझा करने (fraud-risk intelligence sharing), विश्लेषणात्मक सहायता (analytical support) और परिचालन समन्वय (operational coordination) के क्षेत्रों में सहयोग को सुविधाजनक बनाना है, ताकि धोखाधड़ी की पहचान सक्रिय रूप से पहले ही हो सके और ऐसी धोखाधड़ी की रोकथाम के तंत्र को मजबूत किया जा सके। इस MoU के तहत, I4C और RBIH म्यूल खातों से संबंधित खुफिया जानकारी तथा संदिग्ध पहचानकर्ताओं (suspect identifiers) को I4C की Suspect Registry से साझा करने के लिए सहयोग करेंगे, ताकि बैंकों में लागू AI-संचालित धोखाधड़ी पहचान प्रणालियों जैसे MuleHunter.ai™ को और मजबूत किया जा सके। RBIH इन डेटासेट्स का उपयोग AI-संचालित धोखाधड़ी-जोखिम मूल्यांकन मॉडलों के प्रशिक्षण और सुधार के लिए करेगा, जिसमें MuleHunter.ai™ भी शामिल है। म्यूल अकाउंट (Mule Account) एक ऐसा बैंक खाता है, जिसका उपयोग धोखेबाज और अपराधी गैरकानूनी रूप से हासिल किए गए पैसे को ट्रांसफर करने या छिपाने के लिए करते हैं।

8. डिजिलॉकर एकीकरण की असाधारण पहलों के लिए पांच राज्यों को सम्मानित किया गया

राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग (एनईजीडी) सार्वजनिक सेवाओं की सुचारु और कुशल डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए देश भर में नागरिक सेवाओं के साथ डिजिलॉकर को एकीकृत करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत एनईजीडी ने विभिन्न राज्य डिजिटल सेवा प्लेटफार्मों के साथ डिजिलॉकर के एकीकरण को सुगम बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है। इस क्षेत्र में अनुकरणीय पहलों को मान्यता देते हुए डिजिलॉकर एकीकरण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच राज्यों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान 11 मई, 2026 को आयोजित ‘राज्य डेटा के लिए साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने पर राष्ट्रीय परामर्श कार्यशाला’ के दौरान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान पांच राज्‍योंगुजरात, कर्नाटक, केरलम, नागालैंड और राजस्थान– के अधिकारियों और एसईएमटी टीमों को राज्य सरकार की सेवाओं में बड़े पैमाने पर डिजिलॉकर एकीकरण और इसे अपनाने में उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

9. आईएमडी द्वारा अत्यंत-स्थानीय मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने के लिए एआई-सक्षम प्रणालियां शुरु: डॉ. जितेंद्र सिंह

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत विकसित दो उन्नत मौसम पूर्वानुमान उत्पादों का शुभारंभ किया। इनका उद्देश्य देश भर में अत्यंत-स्थानीय, प्रभाव-आधारित और एआई-संचालित मौसम सेवाएं उपलब्ध कराना है। शुभारंभ किए गए दो उत्पादों में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा पहली बार “देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की आगे बढ़ने का पूर्वानुमान” के रूप में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई)- संचालित प्रणाली और एक पायलट सेवा के रूप में “उत्तर प्रदेश के लिए उच्च स्थानिक रिज़ॉल्यूशन वर्षा पूर्वानुमान” शामिल है। इन प्रणालियों को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम), पुणे और राष्ट्रीय मीडियम रेंज मौसम पूर्वानुमान केंद्र (एनसीएमआरडब्ल्यूएफ) द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया है।

10. तमिलनाडु में टीवीके के जेसीडी प्रभाकर निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुने गए

तमिलनाडु विधायक जेसीडी प्रभाकर को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। कार्यवाहक अध्यक्ष एम.वी. करुपैया ने मुख्यमंत्री जोसेफ विजय द्वारा प्रस्तावित प्रभाकर के नाम की घोषणा की, जिसका सदन में पार्टी के नेता के.ए. सेंगोत्तैयान ने समर्थन किया। थोरायूर निर्वाचन क्षेत्र से तमिलनाडु के विधायक रवि शंकर को भी सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया।

11. आईएनएस सुनयना ने बांग्लादेश नौसेना के साथ किया पासेक्स अभ्यास

आईएनएस सुनयना, जो भारतीय नौसेना की आईओएस सागर पहल के तहत तैनात है, बांग्लादेश नौसेना के साथ पेशेवर गतिविधियों, समुद्री सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से संपन्न सफल पोर्ट कॉल के बाद 10 मई 2026 को चट्टोग्राम से रवाना हो गया। जहाज वर्तमान में कोलंबो की ओर अग्रसर है। बांग्लादेश नौसेना द्वारा औपचारिक विदाई समारोह आयोजित कर जहाज को रवाना किया गया। यात्रा के दौरान आईओएस सागर के कमांडिंग ऑफिसर ने बांग्लादेश नौसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें कमांडर बटालियन फ्लीट और कमांडर चट्टोग्राम नौसेना क्षेत्र शामिल थे, से मुलाकात की। इस दौरान द्विपक्षीय समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय समुद्री उद्देश्यों को मजबूत करने पर चर्चा हुई। चट्टोग्राम से रवाना होने के बाद आईओएस सागर ने बीएनएस प्रोटोय और बांग्लादेश नौसेना के हवाई संसाधनों के साथ पैसेज एक्सरसाइज (पासेक्स) में भाग लिया। इस अभ्यास में समन्वित समुद्री गतिविधियां और उन्नत सतह युद्धाभ्यास शामिल थे, जिनका उद्देश्य दोनों नौसेनाओं के बीच अंतरसंचालनीयता और संचालन सहयोग को बढ़ाना था।

12. ICC एनुअल वनडे रैंकिंग में भारतीय टीम पहले नंबर पर आई

11 मई को ICC ने नई रैंकिंग जारी की। इस रैंकिंग में भारतीय टीम पहले नंबर पर है। टीम इंडिया के 118 रेटिंग पॉइंट्स हैं। न्यूजीलैंड 113 पॉइंट्स के साथ दूसरे और ऑस्ट्रेलिया 109 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर है। साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को पीछे छोड़कर टॉप-4 में जगह बनाई। प्रोटियाज टीम के 102 पॉइंट्स हैं, जबकि पाकिस्तान 98 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गया है। ICC के मुताबिक मई 2025 से खेले गए मैचों को 100% और उससे पहले के दो साल के मुकाबलों को 50% वेटेज दिया गया है। भारत ने मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी और टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया था। ICC वार्षिक वनडे रैंकिंग हर साल 1 मई या उसके आसपास ही जारी की जाती है। इस रैंकिंग में पिछले 2-3 सालों के आंशिक डेटा के दौरान अंतरराष्ट्रीय टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है। इस रैंकिंग में पुराने मैचों को हटाकर नए परफॉर्म्स को ज्यादा महत्व दिया जाता है। ICC रैंकिंग टीमों की मौजूदा फॉर्म और क्षमता को दर्शाती है, जिससे वर्ल्ड कप जैसे टूर्नामेंटों में सीधे क्वालीफाई भी किया जाता है।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top