9 May 2026 Current Affairs -GurugGkwala

13–16 minutes


1. अशोक कुमार लाहिड़ी बने नीति आयोग के उपाध्यक्ष

सरकार के थिंक टैंक नीति आयोग ने शुक्रवार को बताया कि अशोक कुमार लाहिड़ी ने उपाध्यक्ष के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया है। लाहिड़ी आर्थिक नीति और सार्वजनिक वित्त के क्षेत्र में लंबा अनुभव रखते हैं। वह पहले भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार रह चुके हैं और 15वें वित्त आयोग के सदस्य के रूप में भी काम कर चुके हैं। नीति आयोग के अनुसार, शिक्षा जगत, सार्वजनिक संस्थानों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में उनके अनुभव से साक्ष्य आधारित नीतियां बनाने और आर्थिक बदलाव से जुड़े प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।

2. डीआरडीओ और भारतीय वायुसेना ने स्वदेशी ग्लाइड हथियार- तारा का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) तथा भारतीय वायुसेना ने ओडिशा के तट पर टैक्टिकल एडवांस्ड रेंज ऑग्मेंटेशन (TARA) हथियार की पहली परीक्षण उड़ान सफलतापूर्वक संचालित की। ये टेस्टिंग ओडिशा के तट पर एक जगुआर (Jaguar) फाइटर जेट से की गई। टीएआरए एक मॉड्यूलर रेंज एक्सटेंशन किट है, जो भारत की पहली स्वदेशी ग्लाइड हथियार प्रणाली है। टीएआरए अनिर्देशित वारहेड को सटीक निर्देशित हथियारों में बदल देती है। मंत्रालय ने बताया कि टीएआरए को डीआरडीओ की अन्‍य प्रयोगशालाओं के साथ हैदराबाद के इमारत अनुसंधान केंद्र द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है। इसका उद्देश्‍य जमीन आधारित लक्ष्‍यों को नष्‍ट करने के लिए कम लागत के हथियार की मारक क्षमता और सटीकता को बढ़ाना है। यह कम लागत की उन्‍नत प्रणाली का उपयोग करने के लिए पहला ग्‍लाइड हथियार है।

3. बुल्गारिया की संसद ने रूमेन रादेव को नए प्रधानमंत्री के रूप में मंजूरी दी

बुल्गारिया की संसद ने रूमेन रादेव को नए प्रधानमंत्री के रूप में मंजूरी दे दी है। यह निर्णय देश में राजनीतिक अस्थिरता समाप्त करने और आर्थिक विकास को गति देने के लिए लिया गया है। 62 वर्षीय श्री रादेव इससे पहले राष्ट्रपति के पद पर भी रह चुके हैं। श्री रादेव ने अपने दूसरे कार्यकाल के समाप्त होने से कुछ महीने पहले, इस वर्ष जनवरी में राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। बुल्गारिया की पिछली रूढ़िवादी सरकार दिसंबर में देशव्यापी भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शनों के बाद गिर गई थी।

4. TVK चीफ विजय ने तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से की मुलाकात, सरकार बनाने का दावा किया पेश

अभिनेता-राजनेता और ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (टीवीके) के प्रमुख सी जोसेफ विजय ने शुक्रवार को कई विपक्षी दलों का समर्थन हासिल करने के बाद तमिलनाडु में सरकार बनाने का औपचारिक रूप से दावा पेश किया234 सदस्यों वाली विधानसभा में उनके गठबंधन की ताकत बहुमत के आंकड़े से ऊपर पहुंच गई है। विजय ने चेन्नई के राजभवन में तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सहयोगी पार्टियों और निर्दलीय समर्थकों के समर्थन पत्र सौंपे। आपको बता दें, विधानसभा चुनावों में टीवीके 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। हालांकि, शुरुआत में पार्टी 234 सदस्यों वाले सदन में सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों के बहुमत के आंकड़े से पीछे रह गई थी। कांग्रेस पहली पार्टी थी जिसने विजय को समर्थन दिया और उसके पांच नवनिर्वाचित विधायकों ने टीवीके प्रमुख का समर्थन किया। शुक्रवार शाम भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने भी टीवीके के नेतृत्व में सरकार बनाने की कोशिश को औपचारिक रूप से अपना समर्थन देने की घोषणा की। नई विधानसभा में इन चारों पार्टियों के दो-दो विधायक हैं, जिससे विजय खेमे की कुल ताकत 120 विधायकों तक पहुंच गई है, जो साधारण बहुमत से ऊपर है।

5. सुवेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आरएन रवि से मिलकर पेश किया सरकार बनाने का दावा

भारतीय जनता दल (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कोलकाता स्थित राजभवन में राज्यपाल आरएन रवि से मुलाकात की। अधिकारी ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सुवेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी और तापस रॉय समेत कई बड़े नेता मौजूद थे। सुवेंदु अधिकारी के विधायक दल का नेता चुने जाने के साथ ही पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरे को लेकर लग रही अटकलों पर विराम लग गया। मुख्यमंत्री पद के लिए सुवेंदु अधिकारी का नाम तय हो गया है। भवानीपुर विधानसभा जैसी हॉट सीट से तृणमूल चीफ ममता बनर्जी को 15 हजार वोटों से हराने के बाद सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे प्रबल उम्मीदवार माना जा रहा था।

6. एन. रंगासामी ने पुडुचेरी में सरकार बनाने का दावा पेश किया

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार एन. रंगासामी ने उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन से मुलाकात कर पुडुचेरी में अगली सरकार बनाने का दावा पेश किया। श्री रंगासामी ने उपराज्यपाल को कई विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। एनडीए गठबंधन के विधायक और नेता भी उनके साथ थे।

7. झारखंड के हज़ारीबाग में भारत का पहला मोती पालन क्लस्टर बनेगा

झारखंड के हज़ारीबाग ज़िले को भारत का पहला पर्ल फार्मिंग क्लस्टर घोषित किया गया है, जिसका उद्देश्य जलीय कृषि-आधारित ग्रामीण आजीविका और स्थायी आय सृजन को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत हज़ारीबाग को आधिकारिक तौर पर भारत के पहले पर्ल फार्मिंग क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है, जो मत्स्य पालन क्षेत्र में एक बड़ा कदम है। इस परियोजना का उद्देश्य वैज्ञानिक तरीके से पर्ल फार्मिंग को बढ़ावा देना, ग्रामीण रोज़गार को मज़बूत करना और उत्पादन, प्रशिक्षण एवं विपणन के लिये एक व्यवस्थित पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करना है। उत्पादकता और उद्यमिता बढ़ाने के लिये महिला स्वयं सहायता समूहों सहित किसानों को पर्ल फार्मिंग की उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस पहल से उच्च-मूल्य वाली ग्रामीण आय उत्पन्न होने की उम्मीद है, क्योंकि पारंपरिक कृषि की तुलना में पर्ल फार्मिंग में लाभ की महत्त्वपूर्ण संभावनाएँ हैं।

8. NCRB ने पशु क्रूरता को अपराध में शामिल किया

8 मई को नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने पहली बार अपनी ‘क्राइम इन इंडिया 2024 रिपोर्ट में प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनीमल्स एक्ट, 1960 के तहत दर्ज अपराधों को शामिल किया है। पहले पशु क्रूरता के मामलों को ‘विशेष और स्थानीय कानूनों’ की नॉर्मल कैटेगरी में रखा जाता था, लेकिन अब इसे अलग से रिकॉर्ड किया गया है। इस रिकॉर्ड के बाद पशु सुरक्षा को बेहतर करने में मदद मिलेगी। ये डेटा भारत में जानवरों के खिलाफ हिंसा की भयावहता को बताएगा। क्रुएल्टी टू एनीमल्स एक्ट शामिल करने से पशुओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की पहचान और निगरानी की जा सकेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में पशु क्रूरता से जुड़े कुल 9,039 मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में 10,312 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10,257 पुरुष शामिल थे। इनकी कुल कीमत करीब 48.8 करोड़ रूपए आंकी गई। इनमें 44.9 प्रतिशत मामलों में चोरी हुए जानवर बरामद कर लिए गए। ये संपत्ति से जुड़े अपराधों के मामलों से ज्यादा है। पुलिस ने 96.7% मामलों में चार्जशीट दाखिल की, जिससे जांच स्तर पर भी सक्रियता दिखाई। हालांकि, साल के आखिर तक करीब 2,070 मामले यानी लगभग 22.9% मामलों की जांच लंबित रही। इस रिपोर्ट के बाद पहली बार अन्य क्राइम कैटेगरी के साथ जानवरों पर क्रूरता के मामलों का विश्लेषण हो पाएगा। प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनीमल्स एक्ट,1960 में भारत की संसद द्वारा पारित एक केंद्रीय कानून है।

9. सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर मनाया जाएगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व

सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 11 मई को आयोजित होने वाले सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेंगे। सोमनाथ मंदिर आत्मसम्मान और साहस के प्रतीक का रूप है। 75 वर्ष पहले, 11 मई, 1951 को, पुनर्निर्मित मंदिर का उद्घाटन भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने किया था।

10. एनआईएससीपीआर ने विज्ञान प्रौद्योगिकी नवाचार नीति और कूटनीति को सुदृढ़ करने के लिए आरआईएस के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार, नीति और कूटनीति के क्षेत्र में सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए, राष्ट्रीय विज्ञान संचार एवं नीति अनुसंधान संस्थान (एनआईएससीपीआर) ने 6 मई, 2026 को विकासशील देशों के लिए अनुसंधान एवं सूचना प्रणाली (आरआईएस) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह सहयोग संयुक्त अनुसंधान, नीति विश्लेषण, क्षमता निर्माण और ज्ञान साझाकरण के माध्यम से किया जाएगा। यह साझेदारी विज्ञान नीति, संचार, कूटनीति और पारंपरिक ज्ञान के क्षेत्र में कार्य को बढ़ावा देगी, साथ ही समावेशी एवं सतत विकास के लिए संयुक्त परियोजनाओं, प्रकाशनों, नीतिगत संवादों, कार्यशालाओं और जनसंपर्क गतिविधियों का संचालन करेगी।

11. चीन में दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को मौत की सजा

7 मई को चीन ने भ्रष्टाचार के मामलों में दो पूर्व रक्षा मंत्री ली शांगफू और वेई फेंगहे को मौत की सजा सुनाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों को पहले 2 साल जेल में रखा जाएगा। 2 साल बाद पुनर्विचार कर सजा को आजीवन कारावास में बदला जा सकता है। ली शांगफू को पिछले साल अचानक पद से हटाया गया था, जबकि वेई फेंगहे भी सैन्य भ्रष्टाचार जांच के दायरे में आए थे। दोनों मंत्रियों को 2024 में चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित किया गया था। चीन के पूर्व रक्षा मंत्री ली शांगफू को पिछले साल अक्टूबर में अचानक पद से हटा दिया गया था। अब पहली बार चीनी अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी जांच चल रही थी। उन पर बड़े पैमाने पर रिश्वत लेने, दूसरों को रिश्वत देने और पद का दुरुपयोग करने के आरोप लगाए गए हैं। चीन के पूर्व रक्षा मंत्री वेई फेंगहे पर रिश्वत लेने और अपने पद का गलत इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं। चीन की सैन्य अदालत ने उन्हें भ्रष्टाचार का दोषी माना है।

12. थॉमस कप 2026 चीन ने, उबर कप दक्षिण कोरिया ने जीता

बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) थॉमस और उबर कप फ़ाइनल 2026, जो थॉमस कप (पुरुषों की विश्व टीम चैंपियनशिप) का 34वाँ और उबर कप (महिलाओं की विश्व टीम चैंपियनशिप) का 31वाँ संस्करण था, 24 अप्रैल से 3 मई, 2026 तक डेनमार्क के हॉर्सेंस में आयोजित किया गया। पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की पुरुष टीम ने फ्रांस को 3-1 से हराकर थॉमस कप 2026 का खिताब जीता; यह उनका कुल मिलाकर 13वाँ खिताब था। वहीं, रिपब्लिक ऑफ कोरिया की महिला टीम ने चीन को 3-1 से हराकर उबर कप 2026 का खिताब जीता; यह उनका तीसरा खिताब था।
थॉमस कप 2026: चीन ने गोल्ड जीता, फ्रांस ने सिल्वर जीता, जबकि डेनमार्क और भारत ने सेमी-फ़ाइनल में हारने वाली टीमों के तौर पर ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किए। भारत की पुरुष टीम ने वर्ष 2022 में अपना पहला गोल्ड जीता।
उबर कप 2026: गोल्ड साउथ कोरिया ने जीता, चीन ने सिल्वर जीता, जबकि जापान और इंडोनेशिया ने सेमी-फ़ाइनल में हारने वाली टीमों के तौर पर ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किए। BWF थॉमस और उबर कप हर दो साल में होने वाली इंटरनेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप हैं (क्रमशः पुरुषों और महिलाओं के टीम इवेंट)

13. विश्व थैलिसीमिया दिवस

प्रत्येक वर्ष 8 मई को मनाया जाने वाला विश्व थैलिसीमिया दिवस उन लाखों जिंदगियों की पीड़ा, संघर्ष और अटूट जिजीविषा का प्रतीक है, जो इस रोग के साथ जीते हुए भी आशा का दामन नहीं छोड़ते। थैलिसीमिया एक आनुवंशिक (Genetic) रक्त विकार है, जिसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में या सही संरचना वाला हीमोग्लोबिन नहीं बना पाता। हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला वह अत्यंत आवश्यक प्रोटीन है, जो पूरे शरीर में ऑक्सीजन के संचार का कार्य करता है। जब इसके निर्माण की प्रक्रिया बाधित होती है, तो शरीर में ऑक्सीजन की कमी होने लगती है और परिणामस्वरूप एनीमिया (रक्त की कमी) की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। यह रोग ऑटोसोमल रिसेसिव पद्धति से पीढ़ी-दर-पीढ़ी स्थानांतरित होता है, अर्थात यह वंशानुगत रूप से माता-पिता से संतानों में पहुंचता है। थैलिसीमिया मुख्यतः तीन रूपों में पाया जाता है-थैलिसीमिया माइनर (Carrier) : इसमें व्यक्ति सामान्य जीवन व्यतीत करता है, पर वह रोग का वाहक होता है।थैलिसीमिया मेजर: यह अत्यंत गंभीर अवस्था है, जिसमें रोगी को नियमित रूप से रक्त आधान (Blood Transfusion) की आवश्यकता होती है। थैलिसीमिया इंटरमीडिया : यह मध्यम श्रेणी है, जिसमें लक्षण अपेक्षाकृत नियंत्रित रहते हैं, पर रोग स्थायी रूप से विद्यमान रहता है। विश्व थैलिसीमिया दिवस की शुरुआत वर्ष 1994 में Thalassemia International Federation (TIF) द्वारा की गई थी। इसे TIF के संस्थापक जॉर्ज एंगलजोस ने अपने उस पुत्र की स्मृति में समर्पित किया, जिसने इस असाध्य रोग से लंबा संघर्ष करते हुए अंततः जीवन की लड़ाई हार दी।

14. पूर्व मिडफील्डर मोहन सिंह का निधन

7 मई को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) के पूर्व मिड फील्डर मोहन सिंह का निधन हो गया। मोहन सिंह ने 1970 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की। सिंह ने प्री-ओलंपिक टूर्नामेंट के दौरान 1972 में रंगून में बर्मा के खिलाफ अपना पहला सीनियर नेशनल मैच खेला था। 1972 के प्री-ओलिंपिक में सिंह ने भारत के लिए तीन कैप अर्जित किए थे। घरेलू स्तर पर, मोहन सिंह ने1972 में संतोष ट्रॉफी में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया और टीम के सफल अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, दो गोल करके बंगाल ने खिताब जीता। सिंह ने 1972 और 1975 में कलकत्ता फुटबॉल लीग खेला था। 1972 में सिंह ने IFA शील्ड, डूरंड कप, रोवर्स कप और बोर्डोलोई ट्रॉफी जीती। मोहन सिंह ने 1976 में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब का भी प्रतिनिधित्व किया, और भारतीय क्लब फुटबॉल में एक विशिष्ट करियर जारी रखा।

15. क्रिकेटर अमनप्रीत गिल का निध

6 मई को भारत के अंडर-19 में खेलने वाले प्लेयर अमनप्रीत गिल का निधन हो गया। वे 36 साल के थे। अमनप्रीत ने पंजाब के लिए 6 फर्स्ट कैटेगरी मैचों में 11 विकेट लिए। अमनप्रीत इंडियन प्रीमियर लीग के उद्घाटन सेशन में पंजाब फ्रेंचाइजी (किंग्स इलेवन पंजाब) का भी हिस्सा रहे थे। गिल ने पंजाब के सीनियर सिलेक्शन बोर्ड के मेम्बर के तौर पर भी काम किया। गिल ने 2007 में विराट कोहली कि कैप्टेनसी में अंडर-19 का हिस्सा रहे। गिल ने 2007 में भारत के लिए पांच यूथ वनडे और एक यूथ टेस्ट खेला था। गिल ने श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर थिसारा परेरा का विकेट लिया था।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Leave a Comment

Shopping Cart
Scroll to Top