11–13 minutes
1. सिक्किम देश की पहली ‘पेपरलेस’ राज्य न्यायपालिका बना
भारत के मुख्य न्यायाधीश ने सिक्किम को देश की पहली ‘पेपरलेस’ (कागज़-रहित) राज्य न्यायपालिका घोषित किया है। पूरी तरह से पेपरलेस न्यायपालिका एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें सभी कानूनी प्रक्रियाएँ कागज़ के बजाय इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से पूरी की जाती हैं। इसमें डिजिटल फ़ाइलें, ई-फ़ाइलिंग, ऑनलाइन सुनवाई, डिजिटल केस ट्रैकिंग जैसे उपायों का इस्तेमाल किया जाता है। अदालतों में इस तरह का डिजिटल बदलाव ‘ई-कोर्ट्स मिशन मोड प्रोजेक्ट’ के तहत किया जा रहा है। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने 2 मई, 2026 को कहा कि देश की पहली पूरी तरह से पेपरलेस न्यायपालिका बनने की दिशा में सिक्किम का बदलाव ‘डिजिटल इंडिया’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि ई-फ़ाइलिंग प्रणालियों और डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन को अपनाने से न केवल न्यायिक प्रक्रिया तेज़ होगी, बल्कि यह प्रणाली नागरिकों के लिए अधिक पारदर्शी, कुशल और सुलभ भी बनेगी।
ई-कोर्ट मिशन मोड प्रोजेक्ट : पूरे भारत में चलाई जाने वाली एक पहल। न्यायपालिका को कंप्यूटरीकृत और डिजिटाइज़ करना, ताकि कुशल और सुलभ न्याय सेवाएँ प्रदान की जा सकें। 2007 में राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस योजना (NeGP) के तहत शुरू किया गया। भारत के सर्वोच्च न्यायालय की ई-समिति के मार्गदर्शन में न्याय विभाग नोडल इकाई है।
2. THE एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026: IISc भारत में शीर्ष पर
टाइम्स हायर एजुकेशन (THE) द्वारा जारी नवीनतम एशिया यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2026 के अनुसार,भारत में सर्वाधिक संस्थान रैंकिंग में शामिल हुए हैं, जबकि भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) भारत का सर्वोच्च रैंक प्राप्त करने वाला संस्थान बनकर उभरा है। भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु, भारत का शीर्ष रैंक प्राप्त संस्थान बना हुआ है, जिसने एशिया में 43वाँ स्थान प्राप्त किया, हालाँकि यह पिछले वर्ष के 38वें स्थान से नीचे आया है। भारत 128 रैंक प्राप्त संस्थानों के साथ एशिया में सबसे आगे है, इसके बाद जापान और चीन का स्थान है। भारत के शीर्ष प्रदर्शनकर्त्ता:
- भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc बेंगलुरु)
- सविता मेडिकल एंड टेक्निकल साइंसेज संस्थान
- भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान इंदौर
- शूलिनी यूनिवर्सिटी ऑफ बायोटेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट साइंसेज
- जामिया मिलिया इस्लामिया
एशिया के शीर्ष 5 संस्थान: चीन तालिका के शीर्ष पर अपना दबदबा बनाए हुए है।
- सिंघुआ विश्वविद्यालय (चीन)
- पेकिंग विश्वविद्यालय (चीन)
- नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर (सिंगापुर)
- नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (सिंगापुर)
- टोक्यो विश्वविद्यालय (जापान)
- हॉन्गकॉन्ग विश्वविद्यालय (हॉन्गकॉन्ग)
3. रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने नॉर्थ टेक सिम्पोजियम का उद्घाटन किया
4 मई को प्रयागराज में उत्तर प्रौद्योगिकी संगोष्ठी यानी नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 की शुरूआत हो गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नॉर्थ टेक सिम्पोजियम 2026 का उद्घाटन किया। ये सिम्पोजियम भारतीय सेना (विशेषकर उत्तरी और मध्य कमान) और सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स (SIDM) की संयुक्त रूप से आयोजित एक डिफेंस एग्जीबिशन है। इसका मुख्य उद्देश्य सशस्त्र बलों के ऑपरेशनल चैलेंज को दूर करने के लिए स्वदेशी तकनीकी इनोवेशन को प्रदर्शित करना है। इसमें कुल 284 कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जिसमें सेना, उद्योग (MSME और स्टार्टअप्स) एवं शिक्षाविद और रिसर्चर शामिल होंगे। इस प्रदर्शनी से भारतीय सेना की मारक क्षमता को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के तहत रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीकों को बढ़ावा देना है।
4. ‘पद्म डोरी’ का वैश्विक लॉन्च
पूर्वोत्तर हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम (एनईएचएचडीसी), जो पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) के अधीन एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है, ने औपचारिक रूप से ‘पद्म डोरी’ का अनावरण किया। यह एक विशिष्ट अंतर-सांस्कृतिक वस्त्र पहल है, जो पूर्वोत्तर भारत की एरी (अहिंसा) रेशम परंपराओं को मध्य प्रदेश की चंदेरी बुनाई की समृद्ध धरोहर के साथ जोड़ती है। इस पहल का औपचारिक शुभारंभ पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय के सचिव श्री संजय जाजू द्वारा किया गया, जिसके बाद एक आकर्षक फैशन शो आयोजित किया गया, जिसमें नैतिक और स्थायी उत्पादन के लिए प्रसिद्ध एरी रेशम को चंदेरी वस्त्रों के सूक्ष्म अलंकरणों और उत्कृष्ट बुनाई के साथ मिश्रित रूप में प्रदर्शित किया गया। पूर्वोत्तर भारत और मध्य प्रदेश के कारीगर इस प्रदर्शनी में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जहाँ वे लाइव प्रदर्शन प्रस्तुत कर रहे हैं तथा अपनी शिल्प परंपराओं की बारीकियां साझा कर रहे हैं। कार्यक्रम में क्षेत्रीय व्यंजनों के अनुभव को भी शामिल किया गया है, जो प्रतिभागी क्षेत्रों की सांस्कृतिक समृद्धि को प्रतिबिंबित करता है।
5. विशाखापत्तनम स्थित आंध्र विश्वविद्यालय में कोस्टल एटमॉस्फेरिक रिसर्च टेस्टबेड (सी-एआरटी) की खुली वेधशाला का उद्घाटन
भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्थान, भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) ने विशाखापत्तनम स्थित आंध्र विश्वविद्यालय (एयू) में एक कोस्टल एटमॉस्फेरिक रिसर्च टेस्टबेड (सी-एआरटी) की स्थापना की है। आंध्र विश्वविद्यालय ने अपने परिसर में एक खुली मौसम विज्ञान वेधशाला स्थापित करने हेतु भूमि आवंटित की है, जिससे निरंतर और एकीकृत अवलोकन एवं अनुसंधान संबंधी सहयोग संभव हो सकेगा। कोस्टल एटमॉस्फेरिक रिसर्च टेस्टबेड (सी-एआरटी) की खुली वेधशाला का उद्घाटन 1 मई 2026 को पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन द्वारा माननीय कुलपति प्रोफेसर जी.पी. राजा शेखर और आईआईटीएम के निदेशक डॉ. सूर्यचंद्र राव की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। यह पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) की मिशन मौसम पहल के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इसका उद्देश्य अवलोकन संबंधी नेटवर्क और मॉडल पूर्वानुमान को बढ़ाना है।
6. केरलम: सभी 140 सीटों के परिणाम घोषित, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने 102 सीटों पर जीत दर्ज की
केरलम में सभी 140 सीटों के परिणाम घोषित हो गए हैं। यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट – यूडीएफ ने 102 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है, जो सत्ता में उसकी निर्णायक वापसी का संकेत है। कांग्रेस ने 63 सीटें जीती हैं, जबकि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग-आईयूएमएल ने 22 सीटें जीत ली हैं। पूरे राज्य में गठबंधन की स्थिति मजबूत है। केरल कांग्रेस के गुटों और छोटे सहयोगी दलों सहित अन्य यूडीएफ सहयोगियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया है, जो गठबंधन के लिए व्यापक जनादेश को रेखांकित करता है। सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिष्ट पार्टी-सीपीआईएम ने 26 सीटें जीती हैं, सहयोगी भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी – सीपीआई ने 8 सीटें जीती हैं, जबकि केरल कांग्रेस को 7 सीटें मिली हैं। भारतीय जनता पार्टी को राज्य में तीन सीटें मिली हैं। चार सीटें निर्दली उम्मीदवारों ने जीती हैं।
7. तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटें जीतकर इतिहास रचा
तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कज़गम -टीवीके ने गठन के बाद हुए पहले चुनाव में 108 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है और सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने पेरम्बूर और तिरुची पूर्व दोनों सीटें जीतीं। 234 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम -डीएमके ने 59 सीटें हासिल कीं, जबकि उसके मुख्य प्रतिद्वंद्वी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम ने 47 सीटें जीतीं। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन चेन्नई के कोलाथुर में टीवीके उम्मीदवार वी. एस. बाबू से लगभग 8700 मतों के अंतर से हार गए।
8. सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट दीपक का 66वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने 4 मई 2026 को शिमला, हिमाचल प्रदेश में ‘प्रोजेक्ट दीपक‘ का 66वां स्थापना दिवस मनाया, जो पश्चिमी हिमालय के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में छह दशकों से अधिक की समर्पित सेवा का प्रतीक है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जैसे प्रमुख जिलों में कार्यरत ‘प्रोजेक्ट दीपक‘ बीआरओ की सबसे पुरानी परियोजनाओं में से एक है। यह प्रोजेक्ट ऐतिहासिक हिंदुस्तान-तिब्बत रोड के निर्माण और मनाली-लेह के महत्वपूर्ण हिस्सों को विकसित करने में अग्रणी रहा है। वर्ष 1961 में स्थापित यह परियोजना देश के सबसे दुर्गम इलाकों में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के निर्माण में सहायक रही है। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ऊँचाई वाले क्षेत्रों और सीमावर्ती सड़कों सहित 1,100 किलोमीटर से अधिक के सड़क नेटवर्क की जिम्मेदारी संभालते हुए इस परियोजना ने रक्षा तैयारियों को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है।
9. अतंर्राष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 के आयोजन से 50 दिन पहले 6,000 लोगों ने भुजंगासन कर एशिया रिकॉर्ड बनाया
मोतियों की नगरी हैदराबाद में योग महोत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य आयोजन हुआ जिसमें हजारों उत्साही लोग एकत्रित हुए। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मुख्य आयोजन से 50 दिन पहले के कार्यक्रम से जुड़ा था। आयुष मंत्रालय के अधीन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई) द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम शांत आध्यात्मिक केंद्र, कान्हा शांति वनम में हुआ। कान्हा शांति वनम में 6000 से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ भुजंगासन का अभ्यास किया जिससे एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना और यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुई क्योंकि इस आयोजन को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक साथ आसन करने वाले सबसे बड़े समूह के रूप में दर्ज किया गया। यह योग के माध्यम से प्रचारित सामूहिक भागीदारी और साझा कल्याण की भावना को दर्शाता है।
10. नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय सूर्य दिवस पर ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया
अंतर्राष्ट्रीय सूर्य दिवस, 3 मई 2026 के अवसर पर, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) ने ‘रन फॉर सन’ मैराथन का आयोजन किया – यह सौर शक्ति को समर्पित एक भेंट है, जिसने लाखों घरों और जीवनों में उजाला भर दिया है और आने वाली पीढ़ियों तक इसी प्रकार प्रकाश फैलाती रहेगी। इस कार्यक्रम में 1,50,000 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता और पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (पीएम-एसजीएमबीवाई) के अंतर्गत हुई परिवर्तनकारी प्रगति का उत्सव मनाया गया, जिसके अंतर्गत 30 लाख सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन किए गए हैं, जिनमें से अप्रैल 2026 में एक महीने में सबसे अधिक 2.7 लाख इंस्टॉलेशन पूरे हुए, जिससे देश भर में 45 लाख से अधिक घरों को रूफटॉप सोलर का लाभ मिला है।
11. मणिपुर के पूर्व मंत्री ए एस आर्थर का निधन
4 मई को मणिपुर के पूर्व मंत्री ए एस आर्थर का निधन हो गया। वे 99 साल के थे। आर्थर ने पूर्व मुख्यमंत्री रिशांग कीशिंग के कार्यकाल के दौरान1994 से 1997 तक वन और सामान्य प्रशासन मंत्री रहे। राजनीति में एक्टिव होने से पहले आर्थर ने नागालैंड विधानसभा में स्पेशल सेक्रेटरी के तौर पर काम किया। आर्थर मणिपुर की तंगकुल नागा कम्युनिटी के थे। आर्थर 1984 में उखरुल (मणिपुर) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर जीते, बाद में कांग्रेस में शामिल हुए। 1990 के दशक तक एक राजनीतिक व्यक्ति रहे। उनके परिवार में उनके बेटे अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर हैं, जो बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद हैं।
12. असम की पहली रेडियो जर्नलिस्ट लिली दास का निधन
3 मई को असम की पहली रेडियो जर्नलिस्ट लिली दास का निधन हो गया। वे 90 साल की थीं। लिली ऑल इंडिया रेडियो (AIR) की पहली असमिया महिला न्यूज रीडर थीं। लिली ने 1955 में अपने करियर की शुरुआत की थी। असमिया इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में उनका बड़ा नाम रहा। लिली अपने स्पष्ट उच्चारण, प्रभावशाली प्रस्तुति और सार्वजनिक प्रसारण में योगदान के लिए श्रोताओं के बीच वे काफी पसंद की जाती थीं। रेडियो पर अपनी लोकप्रियता के बावजूद, मलिक काफी हद तक टेलीविजन प्रस्तुतियों से दूर रहीं।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
VISI TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
