11–13 minutes
1. नीलगिरी श्रेणी का ‘महेंद्रगिरी’ युद्धपोत नौसेना में शामिल
1 मई को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) ने स्वदेशी उन्नत स्टील्थ फ्रिगेट ‘महेंद्रगिरी’ को भारतीय नौसेना को सौंप दिया है। ये प्रोजेक्ट 17ए (P17A) के तहत बनने वाला छठा और आखिरी जहाज था। ‘महेंद्रगिरी’ प्रोजेक्ट 17ए का छठा और नीलगिरी श्रेणी का चौथा जहाज है। महेंद्रगिरी युद्धपोत का नामकरण ओडिशा के पूर्वी घाट की ‘महेंद्रगिरी’ पर्वत चोटी के नाम पर किया गया है। युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा तैयार किए गए और मुंबई के युद्धपोत निरीक्षण दल की देख रेख में पी-17ए जहाज स्वदेशी पोत डिजाइन, स्टील्थ, कठिन परिस्थितियों में अपना अस्तित्व बनाए रखने की क्षमता और युद्धक क्षमता में पीढीगत छलांग को दर्शाता है। ये फ्रिगेट 149 मीटर लंबा है और इसका वजन लगभग 6,670 टन है। ये 28 समुद्री मील (नॉट्स) तक की स्पीड से चल सकता है। एक बार में ये जहाज 45 दिनों तक समुद्री अभियान चलाने में सक्षम है। प्रोजेक्ट 17ए के जहाजों में संयुक्त डीजल या गैस (सीओडीओजी) प्रणोदन प्रणाली दी गई है, जिसमें डीजल इंजन और गैस टरबाइन का संयोजन होता है। इसके साथ ही नियंत्रणीय पिच प्रणोदक (सीपीपी) और अत्याधुनिक एकीकृत प्लेटफॉर्म प्रबंधन प्रणाली (आईपीएमएस) भी शामिल है, जो संचालन क्षमता को और बेहतर बनाती है।
2. नितिन गडकरी ने शुरू की नई टोल तकनीक, बिना रुके होगा भुगतान
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में नेशनल हाईवे-48 के सूरत-भरूच खंड पर स्थित चोरायासी टोल प्लाजा पर देश की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) बैरियर-रहित टोलिंग प्रणाली का शुभारंभ किया। यह नई तकनीक वाहनों को बिना रुके टोल भुगतान की सुविधा देती है। इस अत्याधुनिक प्रणाली में ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) और FASTag तकनीक का उपयोग किया गया है। इससे वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की आवश्यकता नहीं होगी और टोल संग्रह पूरी तरह स्वचालित तरीके से होगा। एमएलएफएफ प्रणाली को भारत के टोलिंग इकोसिस्टम के डिजिटलीकरण और राष्ट्रीय राजमार्गों के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और टोल संचालन अधिक पारदर्शी बनेगा। इस नई व्यवस्था से वाहनों के रुकने की आवश्यकता खत्म होने के कारण ईंधन की बचत होगी और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी। साथ ही, टोल संचालन में मानवीय हस्तक्षेप कम होने से प्रणाली अधिक कुशल और विश्वसनीय बनेगी।
3. 57वें आईएफएफआई की कमान गोवारिकर के हाथों में, नवंबर में गोवा में आयोजन
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने गोवा में आयोजित होने वाले 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के लिए प्रख्यात फिल्म निर्माता आशुतोष गोवारिकर को महोत्सव निदेशक नियुक्त किया है। यह महोत्सव नवंबर 2026 में आयोजित होगा। भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की स्थापना 1952 में हुई थी और यह एशिया के प्रमुख फिल्म समारोहों में गिना जाता है। यह महोत्सव सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ-साथ वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्टता को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। आईएफएफआई दक्षिण एशिया का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव है, जिसे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और गोवा सरकार द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाता है। यह महोत्सव दुनियाभर के फिल्मकारों, कलाकारों और दर्शकों को एक मंच पर लाता है, जहां क्लासिक फिल्मों से लेकर नई प्रतिभाओं तक का संगम देखने को मिलता है।
4. आईडीएएस अधिकारी विश्वजीत सहाय ने संभाला अहम पद
आईडीएएस अधिकारी विश्वजीत सहाय ने 1 मई 2026 को रक्षा मंत्रालय में सचिव (रक्षा वित्त) के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। भारतीय रक्षा लेखा सेवा (आईडीएएस) के 1990 बैच के अधिकारी सहाय इससे पहले रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) के पद पर कार्यरत थे। विश्वजीत सहाय को रक्षा वित्त और लोक प्रशासन में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। अपने करियर के दौरान उन्होंने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में अपर सचिव एवं वित्तीय सलाहकार, भारी उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव, रक्षा मंत्रालय में वित्त प्रबंधक (अधिग्रहण शाखा) और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में निदेशक जैसे पद शामिल हैं।
5. भरत खेड़ा ने एमएसएमई मंत्रालय के सचिव के रूप में संभाला कार्यभार
आईएएस अधिकारी भरत खेड़ा ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। 1995 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी खेड़ा इससे पहले उपभोक्ता मामले विभाग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत थे।
6. पूर्व जज अनुपिंदर सिंह ग्रेवाल NCLT के प्रेसिडेंट बने
30 अप्रैल को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व जज अनुपिंदर सिंह ग्रेवाल नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NLCT) के प्रेसिडेंट अपॉइंट हुए। मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स ने उनके अपॉइंटमेंट को मंजूरी दी है। जस्टिस ग्रेवाल अगले 5 साल तक या 67 साल की उम्र, जो पहले होगा तब तक अपने पद पर बने रहेंगे। जस्टिस ग्रेवाल ने 1992 में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से अपनी लॉ प्रैक्टिस शुरू की थी। 1995 में जस्टिस ग्रेवाल पंजाब के असिस्टेंट एडवोकेट जनरल बने। जस्टिस ग्रेवाल 1997 सीनियर डिप्टी एडवोकेट जनरल बने और 2002 तक इस पद पर रहे। जस्टिस ग्रेवाल 2005 में एडिशनल एडवोकेट जनरल बने। 19 सालों तक जस्टिस ग्रेवाल ने पंजाब राज्य की ओर से सिविल, कॉन्स्टीट्यूशनल, क्रिमिनल, सर्विस और जनहित याचिका जैसे मामलों पर बहस की। जस्टिस ग्रेवाल ने अलग-अलग पदों पर रहते हुए 2016 में पंजाब एंड हरियाणा के एडिशनल जज के की शपथ ली। NCLT एक अर्ध-न्यायिक निकाय (quasi-judicial body) है, जो कॉर्पोरेट विवादों, दिवाला मामलों और दिवाला और दिवालियापन संहिता (IBC) के तहत मामलों को देखता है। NCLT कंपनी लॉ सेक्शन 408 के अंतर्गत 2016 में बनाया गया था। मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स के अंतर्गत आती है। हेडक्वाटर्र नई दिल्ली में है।
7. अमरीका ने भारत को लौटाए लगभग 14 मिलियन डॉलर मूल्य के 657 पुरावशेष
अमरीका ने भारत को लगभग 14 मिलियन डॉलर मूल्य के 657 पुरावशेष लौटाए हैं। मैनहट्टन जिला अटॉर्नी एल्विन ब्रैग ने इसकी घोषणा की। न्यूयॉर्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास की महावाणिज्यदूत राजलक्ष्मी कदम की उपस्थिति में एक कार्यक्रम में इन कलाकृतियों को लौटाया गया। तस्करी नेटवर्क की कई जांचों के बाद ये कलाकृतियां बरामद की गईं। श्री ब्रैग ने कहा कि भारत में तस्करी नेटवर्क सांस्कृतिक विरासत को बड़े पैमाने पर निशाना बनाते है। 600 से अधिक कलाकृतियों की वापसी से यह बात स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि चोरी की गई कलाकृतियों को भारत वापस लाने के लिए अभी और काम करना बाकी है। उन्होंने निरंतर प्रयासों के लिए अपनी टीम को धन्यवाद दिया। लौटाई गई वस्तुओं में दो मिलियन डॉलर की कांस्य प्रतिमा ‘अवलोकितेश्वर’ शामिल है। अवलोकितेश्वर प्रतिमा 1939 में लक्ष्मण मंदिर के पास खोजी गई थी और 1952 तक रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय में रखी गई थी। यह प्रतिमा संग्रहालय से चोरी हो गई थी और 1982 में अमरीका में तस्करी कर दी गई थी। इन कलाकृतियों में वर्ष 2000 में मध्य प्रदेश के एक मंदिर से चुराई गई नृत्य करते भगवान गणेश की बलुआ पत्थर की प्रतिमा भी शामिल है।
8. मिजोरम ने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए खुआरेल मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया
मिजोरम ने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए खुआरेल मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया। यह प्रणाली आपात स्थितियों के दौरान समन्वय और सूचना प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस ऐप का औपचारिक अनावरण आपदा प्रबंधन और पुनर्वास मंत्री लालनीलावमा ने आइजोल में किया। यह ऐप नागरिकों को आपदा घटनाओं की त्वरित जानकारी देगा। यह राज्य और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों सहित अधिकारियों को अधिक कुशलता से प्रतिक्रिया देने में सक्षम बनाएगा।
9. सरकार ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2026 को अधिसूचित किया
सरकार ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम, 2026 को अधिसूचित कर दिया है। इसके तहत ओसीआई कार्ड पंजीकरण अब पूरी तरह डिजिटल होगा। नए नियमों में ई-ओसीआई, बायोमेट्रिक आधारित फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन और नाबालिगों के लिए दोहरे पासपोर्ट पर पाबंदी जैसे प्रावधान शामिल हैं। गृह मंत्रालय ने नागरिकता अधिनियम, 2009 में संशोधन किए हैं। इस बदलाव का उद्देश्य प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और तेज बनाना है। मंत्रालय ने कहा है कि कोई भी नाबालिग बच्चा भारतीय पासपोर्ट के साथ-साथ किसी अन्य देश का पासपोर्ट नहीं रख सकता है। अधिसूचना के अनुसार, ओसीआई कार्ड पंजीकरण के सभी आवेदन अब आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक रूप से जमा किए जाएंगे। ओसीआई छोड़ने की घोषणा करने पर व्यक्ति को अपना मूल कार्ड निकटतम भारतीय मिशन, पोस्ट या विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण अधिकारी के पास जमा करना होगा। सरकार द्वारा ओसीआई दर्जा रद्द किए जाने की स्थिति में भी कार्ड लौटाना अनिवार्य होगा। नये नियम के अनुसार ओसीआई आवेदकों को अब फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन प्रोग्राम में शामिल होने के लिए एक नए सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे, जिसमें उन्हें पंजीकरण के दौरान अपनी बायोमेट्रिक जानकारी एकत्र करने के लिए सहमति देनी होगी।
10. आर्मेनिया के सैन्य प्रमुख की भारत यात्रा, जनरल द्विवेदी से अहम वार्ता
आर्मेनिया के सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एडवर्ड अस्रयान ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से मुलाकात की। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस मुलाकात में मौजूदा भू-रणनीतिक स्थिति, भारत-आर्मेनिया रक्षा सहयोग को मजबूत करने, सैन्य भागीदारी बढ़ाने और आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
11. झारखंड के सात वर्षीय बालक ने पाल्क जलडमरूमध्य को पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक बनने का रिकॉर्ड बनाया
झारखंड के सात वर्षीय बालक ने पाल्क जलडमरूमध्य को पार करने वाले सबसे कम उम्र के तैराक बनने का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने श्रीलंका और भारत के बीच 29 किलोमीटर की दूरी को अपने आयु वर्ग के लिए रिकॉर्ड समय में पूरा किया। रांची के कक्षा 3 के छात्र ईशांक सिंह ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से तमिलनाडु के धनुष्कोडी तक की तैराकी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी की। इस उपलब्धि को यूनिवर्सल रिकॉर्ड्स फोरम ने आधिकारिक रूप से मान्यता दी गई। “मिशन समंदर” के अंतर्गत यह यात्रा शुरू हुई और इसमें ईशांक को तेज धाराओं और उबड़-खाबड़ समुद्र का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वे दोपहर तक भारतीय तट पर पहुंच गए।
12. महाराष्ट्र दिवस पर मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे परियोजना ‘मिसिंग लिंक’ का उद्घाटन
महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 13.3 किलोमीटर लंबी ‘मिसिंग लिंक’ परियोजना का उद्घाटन किया। इस नए खंड से मुंबई और पुणे के बीच की दूरी लगभग 6 किलोमीटर कम होने की उम्मीद है। इससे यात्रा का समय लगभग 20 से 30 मिनट कम हो जाएगा और व्यस्त मार्ग पर यातायात जाम कम होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे ने परियोजना के लोनावला खंड में निर्मित 22.33 मीटर चौड़ी विश्व की सबसे चौड़ी भूमिगत सुरंग के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से प्रमाण पत्र भी स्वीकार किया। इस परियोजना का कार्यान्वयन महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम द्वारा किया गया है
13. यूरोपीय संसद ने चीन के ‘एथनिक यूनिटी लॉ’ की कड़ी निंदा की
यूरोपीय संसद ने चीन के नए कानून एथनिक यूनिटी लॉ की कड़ी निंदा की है और कहा है कि यह तिब्बती लोगों की सांस्कृतिक, धार्मिक और भाषायी धरोहर को सुनियोजित ढ़ंग से मिटाने का प्रयास है। एक जुलाई से प्रभावी होने वाले कानून में सार्वजनिक स्तर पर चीन की विचारधारा और मंदारिन भाषा को अन्य भाषाओं पर प्राथमिकता देना है। इस कानून की निंदा का प्रस्ताव यूरोपीय संसद में बहुमत से इसी सप्ताह पारित किया गया। इसके पक्ष में चार सौ 39 सांसदों ने वोट दिया जबकि 52 विपक्ष में और 71 अनुपस्थित रहें।
VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F
VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed
THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA
