26 April 2026 Current Affairs -GurugGkwala

11–14 minutes


1. अर्थशास्त्री अशोक कुमार लाहिड़ी नीति आयोग के उपाध्यक्ष नियुक्त

अर्थशास्‍त्री अशोक कुमार लाहिडी को नीति आयोग का उपाध्‍यक्ष नियुक्‍त किया गया है। वे वर्तमान उपाध्‍यक्ष सुमन के० बेरी का स्‍थान लेंगे। श्री लाहिडी के साथ सरकार ने नीति आयोग के पूर्णकालिक सदस्‍य के रूप में राजीव गौबा, के०वी० राजू,गोबरधन दास, एम० श्रीनिवास और अभय करंदीकर को नियुक्‍त किया गया है। श्री लाहिड़ी एक अनुभवी नीति निर्माता हैं और इससे पहले वे भारत के 12वें मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वे 15वें वित्त आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं और विश्व बैंक तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर रहे हैं।

2. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु में हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन निर्माण संयंत्र ‘आदित्य’ का उद्घाटन किया

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु में बीईएमएल के आत्मनिर्भर हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन निर्माण संयंत्र आदित्य का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि पहला प्रोटोटाइप अगले साल बनकर तैयार हो जाएगा और उत्पादन 2027 के आखिरी में शुरू होगा। केन्‍द्रीय मंत्री ने घोषणा की कि अगले कुछ महीनों में बेंगलुरु-मंगलुरु-मडगांव वंदे भारत सेवा शुरू हो जाएगी। बेंगलुरु और मुंबई के बीच जल्द ही एक सुपरफास्ट और एक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी शुरू होगी।

3. सर्वोच्च न्यायालय ने पूर्व न्यायाधीश हृषिकेश रॉय को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का लोकपाल किया नियुक्त

सर्वोच्च न्यायालय ने अपने पूर्व न्यायाधीश हृषिकेश रॉय को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का लोकपाल नियुक्त किया है। इससे पूर्व 20 मार्च को इस पद पर नियुक्त किये गये पूर्व न्यायाधीश अभय एस. ओका ने कहा कि इसमें न्यायिक कार्य शामिल होने के कारण लोकपाल के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखने की उन्‍होंने अनिच्छा व्यक्त की। यह मामला बिहार क्रिकेट एसोसिएशन से संबंधित मुद्दों से जुड़ा है। पिछले वर्ष अगस्त महीने में सर्वोच्च न्यायालय ने अपने पूर्व न्यायाधीश एल. नागेश्वर राव को एसोसिएशन का लोकपाल नियुक्त किया था और उन्हें एसोसिएशन के सुचारू संचालन के लिए तौर-तरीके तय करने के लिए हितधारकों के साथ बैठकें करने का निर्देश दिया था।

4. डीआरडीओ प्रमुख डॉ. समीर वी. कामत ने अहिल्यानगर में एडवांस आर्मोर्ड प्लेटफॉर्म का अनावरण किया

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन- डी आर डी ओ के अध्‍यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने महाराष्‍ट्र के अहिल्‍यानगर में डी आर डी ओ की प्रयोगशाला के प्रांगण में एडवांस आर्मोर्ड प्‍लेटफॉर्म (ट्रेक एंड व्‍हील) का अनावरण किया। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि यह प्‍लेटफॉर्म रक्षा बलों की आपात आवश्‍यकताओं को पूरा करने के लिए विकसित किया गया है। इसे स्‍वदेशी तकनीक से विकसित किया गया है। इसमें मोबिलिटी, फायर पॉवर और प्रोटेक्‍शन जैसी आवश्‍यकताएं शामिल हैं। टाटा एडवांस सिस्‍टम लिमिटेड और भारत फोर्ज लिमिटेड ने इस प्‍लेटफॉर्म का निर्माण किया है। इन प्लेटफॉर्म्स की सबसे बड़ी विशेषता इनमें लगा स्वदेशी 30 मिमी ‘क्रूलेस टर्रेट‘ है। यह टर्रेट न केवल मारक क्षमता बढ़ाता है, बल्कि सैनिकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। इसके अलावा, इन वाहनों में 7.62 मिमी पीके गन और एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल दागने की क्षमता भी मौजूद है।

5. न्यायमूर्ति लिसा गिल ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली

न्यायमूर्ति लिसा गिल ने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उन्होंने न्यायमूर्ति धीरज सिंह ठाकुर के सेवानिवृत्त होने के बाद यह पद संभाला है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर ने विजयवाड़ा स्थित लोक भवन में न्यायमूर्ति गिल को पद की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अधिवक्ता और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

6. चंडीगढ़ में (24-26 अप्रैल 2026) आयोजित चिंतन शिविर में स्माइल-बेगरी सर्वे मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ

भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 24 से 26 अप्रैल 2026 तक चंडीगढ़ में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ आयोजित चिंतन शिविर के दौरान स्माइल-बेगरी सर्वे मोबाइल एप्लिकेशन का शुभारंभ किया। यह मोबाइल एप्लिकेशन स्माइल-भिक्षावृत्ति उप-योजना (भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों का व्यापक पुनर्वास) के अंतर्गत विकसित की गई है। इसका उद्देश्य वास्तविक समय डेटा संग्रह और बेहतर निगरानी के माध्यम से जमीनी स्तर पर कार्यान्वयन को मजबूत करना है। यह एप्लिकेशन कार्यान्वयन एजेंसियों और जिला अधिकारियों को सर्वेक्षण डेटा को डिजिटल रूप से एकत्रित करने में सक्षम बनाएगा, जिससे सटीकता, पारदर्शिता और समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित होगी।

7. केंद्रीय कुटीर उद्योग निगम (सीसीआईसी) ने ‘सोल थ्रेड्स’—भारत की शिल्प विरासत का उत्सव मनाने वाला हेरिटेज डिज़ाइनर कलेक्शन लॉन्च किया

वस्त्र मंत्रालय के अधीन केंद्रीय कुटीर उद्योग निगम (सीसीआईसी) ने अपनी पुनरुद्धार यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए अपने प्रथम हेरिटेज डिज़ाइनर कलेक्शन ‘सोल थ्रेड्स’ का शुभारंभ किया। यह विशेष प्रदर्शनी 24 अप्रैल से 10 मई 2026 तक नई दिल्ली के जनपथ स्थित जवाहर व्यापार भवन में स्थित सीसीआईसी के प्रमुख शोरूम में आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में भारत की उत्कृष्ट शिल्प परंपराओं का चयनित संग्रह प्रस्तुत किया गया है, जिसमें विशेष रूप से चयनित साड़ियाँ, विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए परिधान, हस्तशिल्प आभूषण तथा गृह साज-सज्जा उत्पाद शामिल हैं। इस प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन 24 अप्रैल 2026 को श्रीमती नीलम शमी राव, आईएएस, सचिव (वस्त्र) द्वारा किया गया।

8. दूसरे चरण के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स के लिये 10 हजार करोड़ के संचालन दिशानिर्देश जारी

उद्योग संवर्द्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) ने दूसरे चरण के स्टार्टअप इंडिया फंड ऑफ फंड्स के लिये 10 हजार करोड़ के संचालन दिशानिर्देश जारी किए हैं। इन दिशानिर्देशों में निधि के उपयोग, संचालन और निगरानी के लिए स्पष्ट रूप से परिभाषित तंत्रों के माध्यम से कोष के संचालन हेतु एक प्रणाली तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिक तंत्र में पूंजी प्रवाह की दक्षता में सुधार करना है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह योजना एसईबीआई में पंजीकृत प्रथम और द्वितीय श्रेणी के वैकल्पिक निवेश निधियों के प्रति प्रतिबद्धताओं के माध्यम से कार्यान्वित की जाएगी, जो डीपीआईआईटी द्वारा मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में निवेश करेंगी। मंत्रालय ने कहा कि भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक-एसआईडीबीआई प्रारंभिक कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में कार्य करेगा और एक संरचित वैकल्पिक निवेश निधि चयन एवं निगरानी प्रक्रिया के माध्यम से कार्यान्वयन करेगा।

9. पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण ने तमिलनाडु और मेघालय में जैव विविधता प्रबंधन के लिए पंचवर्षीय परियोजना शुरू की

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण ने तमिलनाडु और मेघालय में जैव विविधता प्रबंधन के लिए पंचवर्षीय परियोजना शुरू की है। 48 लाख डॉलर से अधिक अनुदान वाली यह परियोजना वर्ष 2025 से 2030 तक के लिए है। तमिलनाडु में, यह परियोजना मुदुमलाई और सत्यमंगलम बाघ अभ्यारण्यों सहित सत्यमंगलम क्षेत्र को कवर करेगी। मेघालय में, इसे गारो हिल्स क्षेत्र में लागू किया जाएगा, जिसमें नोकरेक जैवमंडल अभ्यारण्य, बालपक्रम राष्ट्रीय उद्यान और सिजू वन्यजीव अभ्यारण्य शामिल हैं। यह परियोजना पारिस्थितिकी रूप से महत्वपूर्ण दो भू-भागों पर केंद्रित होगी। मंत्रालय ने बताया कि यह पहल पेरिस समझौते के तहत देश की जलवायु संबंधी प्रतिबद्धताओं के अनुरूप भी है।

10. भारत और उज़्बेकिस्तान का 7वां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘डस्टलिक’ नमंगन में संपन्न

भारत और उज़्बेकिस्तान का सातवां संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘डस्टलिक’ उज़्बेकिस्तान के नमंगन में संपन्न हो गया है। दो सप्ताह के इस आयोजन में अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में कार्रवाई का अभ्यास किया गया। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह अभ्यास भारत और उज़्बेकिस्तान के बीच सौहार्द, आपसी विश्वास और बढ़ते रक्षा सहयोग की भावना का प्रतीक है।

11. कलवाकुंतला कविता ने ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ नाम से नई राजनीतिक पार्टी की शुरुआत की

कलवाकुंतला कविता ने ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’-(टीआरएस) नाम की राजनीतिक पार्टी का शुभारंभ किया है। मेडचल जिले के मुनिराबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि पार्टी का लक्ष्य उस सामाजिक तेलंगाना को साकार करना है जिसकी कल्पना राज्य आंदोलन के दौरान की गई थी लेकिन कभी साकार नहीं हो सकी। टीआरएस में अपनी पिछली भूमिका को लेकर श्रीमती कविता ने पिछली सरकार की विफलताओं पर गहरा खेद व्यक्त किया।

12. अंतर्राष्ट्रीय विश्व खेल संघ में शामिल हुआ फिडे

अंतर्राष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) अंतर्राष्ट्रीय विश्व खेल संघ (आईडब्‍ल्‍यूजीए) में शामिल हो गया है। जिनेवा में लुजाने के ओलंपिक संग्रहालय में वार्षिक आम बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही आईडब्‍ल्‍यूजीए के 40 सदस्य हो गए हैं। फिडे के अध्यक्ष अर्काडी ड्वोरकोविच ने कहा कि शतरंज एक वैश्विक खेल है और सभी महाद्वीपों के लाखों खिलाड़ियों को एकजुट करता है। आईडब्‍ल्‍यूजीए में फिडे का शामिल होना पारंपरिक खेल स्‍पर्धाओं के साथ-साथ बौद्धिक खेलों की बढ़ती मान्यता को दर्शाता है।

13. सऊदी अरब के अल-अहली फुटबॉल क्लब ने फिर से जीता एएफसी चैंपियंस लीग का खिताब

सऊदी अरब के अल-अहली फुटबॉल क्लब ने एएफसी चैंपियंस लीग का खिताब फिर जीत लिया है। जेद्दाह में खेले गए फाइनल मेंअल-अहली ने जापान की माचिदा ज़ेल्विया को 1-0 से पराजित किया। माचिदा ज़ेल्विया पहली बार फाइनल में पहुंची थी। सऊदी अंतरराष्ट्रीय स्ट्राइकर फ़िरास अल-बुराइकान के अतिरिक्त समय में किए गए गोल ने टीम को जीत दिलाई। इस जीत से अल-अहली शहर की दूसरी टीम अल-इत्तिहाद के बाद लगातार दो एशियाई खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

14. World Malaria Day

प्रत्येक वर्ष 25 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व मलेरिया दिवस केवल एक औपचारिक तिथि नहीं, बल्कि मानवता के समक्ष खड़ी इस जटिल स्वास्थ्य चुनौती के प्रति सामूहिक चेतना का सशक्त आह्वान है। मलेरिया एक ऐसा रोग जिसने सदियों से असंख्य जीवनों को प्रभावित किया है। इसकी स्थापना वर्ष 2007 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा की गई थी और इसे पहली बार 2008 में मनाया गया था। इस दिवस ने उस पुराने दिवस की जगह ली है जिसे पहले ‘अफ्रीका मलेरिया दिवस’ के नाम से जाना जाता था। 2026 की थीम है ‘मलेरिया खत्म करने का संकल्प: अब हम कर सकते हैं। अब हमें करना ही होगा।’ भारत में मलेरिया नियंत्रण की संगठित पहल वर्ष 1953 में प्रारंभ हुए ‘राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम’ (NMCP) से मानी जाती है। यह वह दौर था जब मलेरिया देश के सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल था।

15. विश्व बौद्धिक संपदा दिवस

प्रत्येक वर्ष 26 अप्रैल को मनाया जाने वाला विश्व बौद्धिक संपदा दिवस इसी सत्य का सशक्त उद्घोष है कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके भौतिक संसाधनों में नहीं, बल्कि उसके मस्तिष्कों की सृजनशीलता में निहित होती है। आज जब विश्व तीव्र गति से ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है, तब यह दिवस महज़ एक औपचारिक अवसर नहीं, बल्कि एक जागरूकता का आह्वान है। ऐसा आह्वान, जो हमें ‘उपभोक्ता’ की निष्क्रिय भूमिका से आगे बढ़ाकर ‘सर्जक’ की सक्रिय चेतना की ओर प्रेरित करता है। विश्व बौद्धिक संपदा दिवस की स्थापना विश्व बौद्धिक संपदा संगठन (WIPO) द्वारा वर्ष 2000 में की गई थी । इसका प्राथमिक लक्ष्य बौद्धिक संपदा अधिकारों के दैनिक जीवन पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जागरूकता बढ़ाना और विश्व स्तर पर अर्थव्यवस्थाओं और समाजों के विकास में रचनाकारों और नवप्रवर्तकों के योगदान का सम्मान करना है। 2026 का विषय है बौद्धिक संपदा और खेल: तैयार हो जाओ, शुरू करो, नवाचार करो।

16. विश्व पशु चिकित्सा दिवस

विश्व पशु चिकित्सा दिवस हर साल अप्रैल के आखिरी शनिवार को मनाया जाता है (2026 में 25 अप्रैल)। इस वर्ष का विषय है- पशु चिकित्सक: खाद्य और स्वास्थ्य के संरक्षक। विश्व पशु चिकित्सा दिवस मनाने का विचार साल 2000 में तब आया, जब ‘विश्व पशु चिकित्सा संघ‘ ने समाज में पशु चिकित्सकों की अहम भूमिका को उजागर किया।

VISIT TO YOUR WHATSAAP CHANNEL :https://whatsapp.com/channel/0029VbC4ngW3GJOy6IXPnk1F

VISIT TO YOUR YOUTUBE CHANNEL :https://youtube.com/@guruggkwala?si=TZD9ZVm9QJLjB9ed

VISIT TO YOUR TELEGRAM :https://t.me/guruggkwala1

THANKS TO SUPPORT GURUGGKWALA

Shopping Cart
Scroll to Top